Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

संकल्प से समाधान अभियान 31 मार्च तक चार चरणों में चलेगा शासन की 106 योजनाओं का पात्र व्यक्ति को मिलेगा लाभ कलेक्टर ने अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश

मंडला, 13 जनवरी 2026

राज्य शासन द्वारा आम जनता की समस्याओं के समाधान और प्रत्येक पात्र व्यक्ति को विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने प्रदेश भर में 12 जनवरी से 31 मार्च तक चार चरणों में संकल्प से समाधान अभियान चलाया जा रहा है। मंगलवार को कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने अभियान की रूपरेखा एवं तैयारियों की समीक्षा करते हुए सफलतापूर्वक क्रियान्वयन के सफल संचालन के संबंध में संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिये।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने बताया कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में यह अभियान चार चरणों में आयोजित होगा। प्रथम चरण में 12 जनवरी से 15 फरवरी तक शहरी क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड और ग्रामीण क्षेत्र की सभी पंचायतों में निर्धारित तिथि के अनुसार कैम्प लगाकर आमजनता के आवेदन प्राप्त किये जायेंगे। सभी ग्राम पंचायतों एवं वार्डों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिये गये हैं। प्राप्त सभी आवेदनों को नोडल अधिकारी के माध्यम से पोर्टल पर दर्ज कराना सुनिश्चित करें।

अभियान के दूसरे चरण में 16 फरवरी से 16 मार्च तक ग्राम पंचायत क्लस्टर और नगरीय निकायों में शिविर लगाकर आमजनता के आवेदन पत्रों के निराकरण की जानकारी दी जायेगी। निराकरण की जानकारी पोर्टल पर दर्ज की जायेगी। अभियान का तीसरा चरण 16 मार्च से 26 मार्च तक चलेगा। इसमें ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकाय वार्डों में शिविर लगाकर समस्याओं का मौके पर निराकरण किया जायेगा। चौथे चरण में 26 मार्च से 31 मार्च तक जिला स्तर पर प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में शिविर लगाकर योजनाओं के लिए पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किये जायेंगे। संकल्प से समाधान अभियान में शासन की 106 प्रकार की योजनाओं की जानकारी और पात्र हितग्राहियों को हितलाभ के लिए चयन किया जायेगा। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए समस्त आवश्यक तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करें, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। बैठक में अपर कलेक्टर श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

Related posts

पुलिस अधीक्षक ने मध्य रात्रि में किया औचक निरीक्षण

Reva India News

संकल्प 100 दिवसीय विशेष जागरूकता शिविर सम्पन्न हुआ

Reva India News

जिले में 1659.3 मि.मी. वर्षा दर्ज

Reva India News

Leave a Comment