Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

महा संगम युवा रोजगार मेला जनजातीय अंचल के युवाओं के लिए मील का पत्थर – मंत्री श्रीमती उइके युवाओं के सपनों को मिली नई उड़ान आरडी कॉलेज में महा युवा संगम रोजगार मेला का हुआ भव्य शुभारंभ 40 से अधिक कम्पनियाँ पहुँची मेले में

मंडला, 20 जनवरी 2026

जिले के युवाओं के लिए ऐतिहासिक अवसर लेकर आए महा युवा संगम रोजगार मेला का शुभारंभ मंगलवार को आरडी कॉलेज मंडला में गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पीएचई मंत्री श्रीमती सम्पतिया उइके द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने आरडी कॉलेज परिसर में सर्वप्रथम वीरांगना रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया तथा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, श्री जयदत्त झा, व्यापारिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि के रूप में श्री रितेश अग्रवाल, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना, एडिशनल एसपी श्री शिवकुमार वर्मा, एमपीआईडीसी जबलपुर श्री अनिल राठौर, एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम, डिप्टी कलेक्टर श्री सचिन जैन एवं श्री संस्कार बावरिया, जीएमडीआईसी अतिरिक्त प्रभार मंडला श्री दिनेश कुमार मर्सकोले, सहायक संचालक श्री बलराम यादव, आईटीआई प्राचार्य श्रीमती मनीषा भूरिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी, विभागीय अमला और बड़ी संख्या में युवा मौजूद थे।

एक ही छत के नीचे रोजगार के हजारों अवसर

40 से अधिक कंपनियों के स्टालों पर पहुंचीं मंत्री, युवाओं से किया संवाद

 

मंत्री श्रीमती उइके ने रोजगार मेले में लगे 40 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों के स्टालों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने कंपनियों के प्रतिनिधियों एवं युवाओं से सीधे संवाद कर भर्ती प्रक्रिया, कार्यक्षेत्र और भविष्य की संभावनाओं की जानकारी ली। युवाओं का उत्साह और आत्मविश्वास देखकर मंत्री ने उनकी सराहना की तथा उन्हें आगे बढ़ते रहने के लिए प्रेरित किया।

कलेक्टर के प्रयासों से 4000 से अधिक युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर

 

अपने संबोधन में मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की जीवाईएएन (GYAN) की संकल्पना को साकार करने के लिए जिले में निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप सरकार युवाओं के सपनों को पूरा करने के लिए पूरी तरह संकल्पित है और उन्हें रोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई पूरी होने के बाद युवाओं के मन में यह चिंता रहती है कि अब आगे क्या करेंगे ? ऐसे में इस तरह के रोजगार मेले बेरोजगार युवाओं के लिए उम्मीद की किरण बनकर सामने आते हैं। उन्होंने बताया कि कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के अथक प्रयासों और दूरदर्शी नेतृत्व से जिले में चार हजार से अधिक युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर एक ही मंच पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। मंडला जैसे जनजातीय जिले के लिए यह रोजगार मेला मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि वे कभी यह न सोचें कि उन्हें छोटी नौकरी मिल रही है, बल्कि अनुभव के साथ आगे बढ़ने का सतत प्रयास करते रहें। उन्होंने जिला प्रशासन और अन्य राज्यों से आई कंपनियों के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आज युवाओं को एक ही छत के नीचे रोजगार उपलब्ध कराना बड़ी उपलब्धि है और यह प्रशासन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इस अवसर पर सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने भी आरडी कॉलेज परिसर पहुंचकर रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और परिसर में लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने रोजगार मेले में भाग लेने वाले युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह आयोजन जिले के युवाओं के लिए रोजगार एवं करियर निर्माण का एक महत्वपूर्ण अवसर है। आज रोजगार मेले में आई विभिन्न कंपनियों की रिक्वायरमेंट के अनुसार भर्तियां की जानी हैं, जिससे युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि जिन युवाओं का प्लेसमेंट हो रहा है, उन्हें और उनके परिवारजनों को बधाई।

सांसद श्री कुलस्ते ने जिला प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा इस तरह का वृहद रोजगार मेला आयोजित करना अत्यंत सराहनीय कार्य है। ऐसे आयोजनों से युवाओं को सही दिशा, मार्गदर्शन और रोजगार के अवसर मिलते हैं।उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की स्किल इंडिया और न्यू इंडिया की परिकल्पना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह रोजगार मेला युवाओं को कौशल विकास एवं आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करेगा तथा देश निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा ने महा युवा संगम रोजगार मेला 2026 के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन को बधाई देते हुए कहा कि यह रोजगार मेला युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में रोजगार के साथ-साथ कौशल विकास और आत्मविश्वास भी बेहद जरूरी है, और यह आयोजन युवाओं को सही दिशा देने का कार्य कर रहा है।

संभाग स्तर पर आयोजित होने वाला पहला वृहद एवं ऐतिहासिक रोजगार मेला – कलेक्टर

 

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने कहा कि महा युवा संगम रोजगार मेला 2026 संभाग स्तर पर आयोजित होने वाला पहला इतना वृहद एवं ऐतिहासिक रोजगार मेला है। उन्होंने बताया कि इस मेले में जिले की औद्योगिक इकाइयों के साथ-साथ अन्य राज्यों छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, दिल्ली, गुजरात एवं उत्तरप्रदेश से भी प्रतिष्ठित कंपनियां भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने पहुंची हैं, जिससे युवाओं को एक ही स्थान पर विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के विकल्प उपलब्ध हो रहे हैं।

कलेक्टर ने जानकारी देते हुए कहा कि मनेरी औद्योगिक इकाई में लगभग 400 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। इससे स्थानीय युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे और उन्हें नौकरी के लिए अन्य शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा।

एक माह पहले से शुरू थी तैयारी

 

कलेक्टर श्री मिश्रा ने बताया कि इस रोजगार मेले की तैयारी एक माह पूर्व से प्रारंभ कर दी गई थी। युवाओं की सुविधा और बेहतर चयन प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, साक्षात्कार व्यवस्था, तथा युवाओं को सक्षम बनाने के लिए मॉक इंटरव्यू, सीवी/रिज्यूम निर्माण जैसी गतिविधियों पर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने कहा कि इस व्यापक पहल का उद्देश्य सिर्फ रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि युवाओं को प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना भी है।

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की मंशानुसार अब युवा स्वरोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बन सकेंगे। उन्होंने कहा आज जो युवा रोजगार के इच्छुक हैं, वही कल रोजगार देने वाले बनेंगे। इतने बड़े स्तर पर यह आयोजन किसी एक विभाग के माध्यम से नहीं, बल्कि सभी विभागों के आपसी सहयोग, समन्वय और टीमवर्क से संभव हो सका है। उन्होंने इस सफल आयोजन में योगदान देने वाले सभी अधिकारियों-कर्मचारियों, संबंधित विभागों एवं संस्थाओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मंत्री एवं अतिथियों द्वारा मंच से चयनित युवाओं को ऑफर लेटर एवं पीएम स्वनिधि योजना से लाभान्वित हितग्राही को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम का संचालन श्री अखिलेश उपाध्याय द्वारा किया गया। समाचार लिखे जाने तक रोजगार मेले में भर्ती प्रक्रिया जारी रही। अंतिम डेटा आना अभी शेष है।

Related posts

पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी भारत की प्रेरणा है…वैभव पवार .आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान एवं सेवा पखवाड़ा के तहत पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मजयंती पर संगोष्ठी….

Reva India News

आयकर रिटर्न के लिए दस्तावेज जमा करें

Reva India News

’’आरोग्यम् मंडला’’ जन स्वास्थ्य शिविर का आयोजन 7 सितंबर को होगा

Reva India News

Leave a Comment