Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

कलेक्टर ने निभाया जनसुनवाई में किया वादा मवई के दूरस्थ बैगा टोला पहुँचकर चौपाल में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं अब गांव में ही वाहन के माध्यम से मिलेगा राशन शौचालय निर्माण, बिजली, पानी और हितग्राहीमूलक योजनाओं के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

मंडला, 23 मई 2026

जनसुनवाई में ग्रामीणों से किया वादा निभाते हुए कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे शुक्रवार को मवई जनपद पंचायत के दूरस्थ ग्राम पंचायत इन्द्री के बैगा टोला पहुंचे। कलेक्टर श्री धोटे ने पूरे प्रशासनिक अमले के साथ गाँव में चौपाल लगाकर ग्रामीणों से आत्मीय चर्चा की और उनकी मूलभूत समस्याओं को जाना। विदित है कि पिछली जनसुनवाई में इन्द्री के ग्रामीण जिला मुख्यालय पहुंचे थे, तब कलेक्टर श्री धोटे ने उन्हें स्वयं गांव आकर समस्याएं सुनने का भरोसा दिलाया था।

गुरुवार को लगेगा विशेष शिविर, समस्याओं का होगा त्वरित निराकरण

 

चौपाल में कलेक्टर श्री धोटे ने ग्रामीणों की सहभागिता से गांव की प्रमुख समस्याओं को चिन्हित किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी गुरुवार को ग्राम में एक विशेष शिविर का आयोजन किया जाए। इस शिविर में आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड, जॉब कार्ड और पात्रता पर्ची जैसी हितग्राहीमूलक समस्याओं का पात्रता के अनुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

राशन की समस्या का समाधान, बिजली-पानी के लिए 7 दिन की समय-सीमा

 

ग्रामीणों द्वारा राशन दुकान से राशन लाने में होने वाली दिक्कतों से अवगत कराने पर कलेक्टर श्री धोटे ने भरोसा दिलाया कि अब गांव में ही वाहन के माध्यम से राशन पहुंचाया जाएगा। विद्युत संबंधी समस्याओं पर कलेक्टर श्री धोटे ने विद्युत वितरण कंपनी को 7 कार्यदिवसों के भीतर समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएचई विभाग को निर्देशित किया गया कि आगामी 7 दिनों में नवीन उत्खनन कर हैंडपम्प लगाना सुनिश्चित करें।

महिला आत्मनिर्भरता, शिक्षा और स्वरोजगार पर जोर

 

कलेक्टर श्री धोटे ने ग्रामीण महिलाओं से चर्चा करते हुए विभागीय योजनाओं के माध्यम से उन्हें सिलाई-कढ़ाई आदि कार्यों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की बात कही। उन्होंने ग्रामीणों से बच्चों को नियमित स्कूल भेजने तथा शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने की अपील की। इसके साथ ही युवाओं से चर्चा के दौरान उन्होंने स्वरोजगार अपनाने और उन्नत खेती करने पर विशेष जोर दिया।

कलेक्टर श्री धोटे ने जनपद पंचायत सीईओ को निर्देश दिए कि क्षेत्र के सभी छूटे हुए परिवारों को सूची में जोड़ते हुए 30 जून तक शौचालय निर्माण का कार्य अनिवार्य रूप से पूर्ण कराया जाए।

ग्रामीणों द्वारा सड़क की महत्वपूर्ण समस्या से अवगत कराया गया, जिस पर कलेक्टर श्री धोटे ने संबंधित अधिकारियों को रोड का परीक्षण और बारिश के बाद रोड बनाने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर जनपद पंचायत सदस्य श्री अंतू राठौर, सहायक कलेक्टर श्री शेलेंद्र चौधरी, तहसीलदार मवई, सीईओ जनपद पंचायत मवई, सरपंच श्रीमती ललती सरोते सहित पटवारी, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक एवं अन्य मैदानी अमला उपस्थित रहा। कलेक्टर श्री धोटे को अपने बीच पाकर ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा गया और उन्होंने इस संवेदनशीलता के लिए जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

Related posts

5.1जिले में अब तक 60 मिमी. औसत वर्षा दर्ज

Reva India News

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर निर्मला शाला ने रिक्शा चालक को दिया अनोखा उपहार कराया ध्वजारोहण 40 वर्षो से दे रहे सेवा

Reva India News

आर्थिक सहायता स्वीकृत

Reva India News

Leave a Comment