Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

कलेक्टर ने बढ़ाया दिव्यांग छात्रा का हौसला करौंदा टोला में द्रौपदी धुर्वे के घर पहुँचे कलेक्टर, उच्च शिक्षा में नहीं आने देंगे कोई बाधा

मंडला, 23 मई 2026

जहाँ हौसले बुलंद हों, वहाँ शारीरिक अक्षमता भी सफलता की राह नहीं रोक सकती  इस प्रेरणादायक सत्य को ग्राम करौंदा टोला (भीमडोंगरी) की प्रतिभाशाली दिव्यांग छात्रा द्रौपदी धुर्वे ने साकार कर दिखाया है। द्रौपदी ने पैरों से लिखकर कक्षा 12वीं की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है।

द्रौपदी की इस असाधारण उपलब्धि से प्रभावित होकर कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे स्वयं उनके निवास पहुँचे। उन्होंने छात्रा एवं उसके परिजनों से आत्मीय चर्चा कर द्रौपदी के साहस, आत्मविश्वास और संघर्षशीलता की सराहना की तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कलेक्टर श्री धोटे ने द्रौपदी को आगे भी निरंतर शिक्षा जारी रखने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि जिला प्रशासन उसकी उच्च शिक्षा और करियर निर्माण में हरसंभव सहयोग करेगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि आर्थिक या अन्य किसी भी कारण से उसकी पढ़ाई प्रभावित नहीं होने दी जाएगी।

परिवार की समस्याएँ सुनीं, दिए आवश्यक निर्देश

 

भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री धोटे ने द्रौपदी के पिता से परिवार की स्थिति और उपलब्ध शासकीय सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने आवास, राशन कार्ड एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की जमीनी स्थिति समझी तथा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के उद्देश्य से मुर्गी पालन जैसे स्वरोजगार से जुड़ने की सलाह भी दी गई।

 

योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से दिलाने के निर्देश

 

कलेक्टर श्री धोटे ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि द्रौपदी धुर्वे का परिवार शासन की किसी भी जनकल्याणकारी योजना से वंचित न रहे। उन्होंने पात्रता अनुसार सभी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जनपद पंचायत सदस्य श्री अंतू राठौर, सहायक कलेक्टर श्री शैलेंद्र चौधरी, तहसीलदार मवई, सीईओ जनपद पंचायत मवई सहित संबंधित अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related posts

कोरोना संक्रमण से बचने आगामी त्यौहारों में विशेष सावधानी आवश्यक – श्री कुलस्ते जिला स्तरीय संकट प्रबंधन समिति की बैठक संपन्न

Reva India News

मच्छर से फैलने वाली बीमारियों के प्रति जागरूक रहें ’राष्ट्रीय डेंगू दिवस’ पर एडवाइजरी जारी

Reva India News

4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत

Reva India News

Leave a Comment