Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

कलेक्टर ने किया जिला अस्पताल का निरीक्षण मरीजों और परिजनों से सीधे संवाद कर कलेक्टर ने परखी अस्पताल की व्यवस्थाएँ

मंडला, 10 मई 2026

जिला चिकित्सालय की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर एवं सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने रविवार को जिला चिकित्सालय का पुनः औचक निरीक्षण किया। उल्लेखनीय है कि लगभग एक माह पूर्व भी कलेक्टर श्री धोटे द्वारा जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए थे। रविवार को किए गए निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य पूर्व में दिए गए निर्देशों के पालन एवं व्यवस्थाओं में आए सुधार की स्थिति का प्रत्यक्ष अवलोकन करना रहा।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री धोटे सर्वप्रथम पीडियाट्रिक वार्ड पहुँचे, जहाँ उन्होंने भर्ती बच्चों की माताओं से आत्मीय संवाद किया। मदर्स डे के अवसर पर उन्होंने उपस्थित सभी माताओं को शुभकामनाएँ दीं तथा नवजात शिशुओं के जन्म पर माताओं एवं परिवारजनों को बधाई देते हुए उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने माताओं को फल वितरित किए।

कलेक्टर श्री धोटे ने वार्ड में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता, समय पर भोजन वितरण, पर्याप्त मात्रा में भोजन उपलब्धता, अस्पताल स्टाफ के व्यवहार, चिकित्सकीय परामर्श एवं साफ-सफाई की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मरीजों एवं परिजनों से कहा कि अस्पताल में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे निःसंकोच संबंधित अधिकारियों को अवगत कराएं, ताकि त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

इसके पश्चात उन्होंने एएनसी वार्ड तथा पोस्ट लेबर रूम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री धोटे ने व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा करते हुए स्वच्छता, मरीजों की सुविधा, बेड व्यवस्था एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता का जायजा लिया। उन्होंने भर्ती महिलाओं एवं उनके परिजनों से भी चर्चा कर अस्पताल की व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री धोटे ने देखा कि अस्पताल में भर्ती मरीजों के साथ आने वाले परिजनों के भोजन करने के लिए समुचित स्थान उपलब्ध नहीं है। इस पर उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि परिजनों के बैठने एवं भोजन करने के लिए उपयुक्त स्थान का चयन कर आवश्यक व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित की जाए, जिससे मरीजों के साथ आने वाले लोगों को भी सुविधा मिल सके।

इस अवसर पर सिविल सर्जन द्वारा जानकारी दी गई कि जिला चिकित्सालय में मैटरनिटी विंग के विस्तार के लिए भवन के ऊपरी तल पर अतिरिक्त व्यवस्था विकसित की जा रही है। इसके पूर्ण होने के बाद अस्पताल में पर्याप्त स्थान उपलब्ध होगा तथा गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं को बेहतर सुविधाएँ प्रदान की जा सकेंगी।

कलेक्टर श्री धोटे ने अस्पताल परिसर में मरीजों एवं परिजनों की सुविधा के लिए आवश्यक सूचना प्रणाली को और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों के नाम एवं मोबाइल नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किए जाएँ तथा विभिन्न वार्डों एवं सुविधाओं तक पहुँच के लिए आवश्यक साइनेज लगाए जाएँ, ताकि अस्पताल आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. सीएस धुर्वे, सहायक प्रबंधक श्री अजय सैयाम, संबंधित चिकित्सक, अस्पताल प्रबंधन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts

कलेक्टर ने दिलाई सुशासन की शपथ

Reva India News

संचालनालय वित्तीय प्रबंधन सूचना प्रणाली का पुनगर्ठन कर 47 नवीन पदों के सृजन एवं प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट के गठन का अनुमोदन लोकतंत्र सैनानियों के संबंध में की गई घोषणा को दी अनुमति मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद के निर्णय

Reva India News

जनगणना कार्य निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शिता के साथ पूर्ण करें – कलेक्टर जिला जनगणना समन्वय समिति की बैठक संपन्न

Reva India News

Leave a Comment