Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

साढ़े सात किलोमीटर पैदल चलकर टोले पहुंचे एसडीएम आदिवासी परिवारों से रूबरू होकर जानी समस्याएँ, विकास कार्यों को मिली गति

मंडला, 25 मई 2026

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन में प्रशासनिक अमला लगातार दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुँचकर आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। इसी क्रम में घुघरी तहसील अंतर्गत बम्हनी पंचायत के पटनी एवं कुल्लू टोला में एसडीएम श्री सचिन जैन अपनी टीम के साथ पहुँचे। दुर्गम पहाड़ी मार्ग होने के कारण टीम ने लगभग साढ़े सात किलोमीटर पैदल चलकर ग्रामीणों तक पहुँच बनाई।

जब प्रशासनिक अधिकारी कठिन पहाड़ी रास्तों को पार कर टोले पहुँचे तो ग्रामीणों, विशेषकर बुजुर्गों और महिलाओं के चेहरे पर आश्चर्य और आत्मीयता साफ दिखाई दी। कई ग्रामीण भावुक होकर बोले कि पहली बार कोई अधिकारी उनके बीच आकर उनकी समस्याएँ सुन रहा है। अधिकारियों ने भी ग्रामीणों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी जरूरतों और परेशानियों को गंभीरता से सुना।

टोले में लगभग 110 परिवार निवासरत हैं, जिनमें गोंड एवं बैगा जनजाति के परिवार शामिल हैं। ग्रामीणों ने पेयजल, आवागमन, शिक्षा तथा बिजली जैसी मूलभूत आवश्यकताओं से संबंधित विषय प्रशासन के समक्ष रखे। बरसात के दौरान पहाड़ी नाले में पानी बढ़ने से आवागमन प्रभावित होने की जानकारी भी ग्रामीणों ने दी।ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि बरसात के समय स्वास्थ्य संबंधी परेशानी आने पर काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। बच्चों की पढ़ाई और दैनिक जरूरतों पर भी इसका असर पड़ता है। इन बातों को सुनकर अधिकारियों ने संबंधित विभागों को प्राथमिकता के साथ कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

एसडीएम श्री सचिन जैन ने मौके पर ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाहियाँ प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान सहित अन्य योजनाओं के माध्यम से टोले तक विद्युत सुविधा पहुँचाने के प्रयास किए जाएंगे। साथ ही क्षतिग्रस्त स्कूल भवन की मरम्मत, सड़क एवं पुल निर्माण के प्रस्ताव तथा मिनी आंगनबाड़ी की स्वीकृति संबंधी कार्यवाही भी प्राथमिकता से की जाएगी।

पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा पहाड़ी जल स्रोतों के संरक्षण हेतु चेकडेम निर्माण की संभावना पर भी चर्चा हुई। राजस्व विभाग को आबादी क्षेत्र का सर्वे कर आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

ग्रामीणों ने प्रशासनिक टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अधिकारियों के इस आत्मीय प्रयास से उन्हें भरोसा हुआ है कि उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में अब सकारात्मक पहल होगी। लौटते समय ग्रामीणों ने तालियाँ बजाकर पूरी टीम का स्वागत और धन्यवाद किया।

एसडीएम श्री जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पटनी एवं कुल्लू टोला के विकास से संबंधित कार्यों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। इस दौरान तहसीलदार, जनपद पंचायत के सीईओ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts

जिला किसान अध्यक्ष अखिलेश ठाकुर ने की पत्रकार वार्ता

Reva India News

रबी उपार्जन के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 5 मार्च

Reva India News

माँ नर्मदा जन्मोत्सव पर की गई विशेष पंच चौकी महा आरती आतिशबाजी के साथ किया गया, 101 लीटर दूध से दुग्ध अभिषेक

Reva India News

Leave a Comment