Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

विश्व पर्यावरण दिवस पर मवई के ग्राम दाढ़ी में होगा रात्रि चौपाल एवं जनसंवाद ग्रामीणों से सीधे संवाद कर सुनी जाएंगी समस्याएं, विभिन्न विभाग लगाएंगे शिविर एवं स्टॉल

मंडला, 4 जून 2026

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को विकासखंड मवई की ग्राम पंचायत दाढ़ी में विशेष रात्रि चौपाल एवं जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे एवं जिला पंचायत सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करना, उनकी समस्याओं का मौके पर निराकरण करना, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम में जिला स्तरीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों की सहभागिता रहेगी। रात्रि चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं, शिकायतें एवं सुझाव सुने जाएंगे तथा उनके त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा शिविर एवं प्रदर्शनी स्टॉल लगाकर शासन की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित करने की प्रक्रिया भी संचालित की जाएगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला मुख्यालय मंडला से अधिकारियों का दल बस से 5 जून को दोपहर 3 बजे ग्राम दाढ़ी के लिए रवाना होगा। इसके उपरांत क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों एवं योजनाओं का निरीक्षण किया जाएगा। शाम 6 बजे से रात्रि 8:30 बजे तक रात्रि चौपाल एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें ग्रामीणों के साथ खुली चर्चा की जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण, जल संवर्धन, स्वच्छता, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा सतत विकास जैसे विषयों पर भी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा।

रात्रि विश्राम के पश्चात 6 जून की सुबह योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके बाद प्रातः 7 बजे खेलकूद एवं युवा संवाद कार्यक्रम होगा, जिसमें युवाओं को शासन की विभिन्न योजनाओं, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों तथा खेल गतिविधियों से जोड़ने पर चर्चा की जाएगी। प्रातः 9 बजे ग्रामीणों के साथ विकास संबंधी विषयों पर चर्चा एवं विचार-विमर्श किया जाएगा।

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने सभी संबंधित विभागों को कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने तथा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम शासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत बनाने का प्रभावी माध्यम हैं। ग्राम दाढ़ी में आयोजित यह रात्रि चौपाल न केवल ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान का मंच बनेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, जनभागीदारी और ग्रामीण विकास को भी नई गति प्रदान करेगी।

Related posts

मतगणना को निर्विघ्न एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने नोडल अधिकारी नियुक्त

Reva India News

जीवन मेे श्रीयंत्र का स्थान है सर्वोपरि – नीलू महाराज .अन्नपूर्णा महोत्सव का हुआ समापन  

Reva India News

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने टपक पद्धति से सब्जी की खेती का अवलोकन किया

Reva India News

Leave a Comment