मंडला, 5 जून 2026
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को लेकर जिला प्रशासन द्वारा माहिष्मती घाट पर विशेष योग अभ्यास सत्र चलाया जा रहा है। शुक्रवार 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर योग अभ्यास सत्र में प्रतिदिन की भाँति हिस्सा लेने पहुंचे कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे, अपर कलेक्टर श्री राजेंद्र कुमार सिंह और सीईओ श्री शाश्वत सिंह मीना ने गमलों में औषधीय पौधों का रोपण भी किया। विदित है कि आयुष विभाग द्वारा 1 जून से जिला प्रशासन के सभी विभाग प्रमुखों के लिए विशेष योग अभ्यास सत्र का आयोजन किया जा रहा है। योग सत्र में अनुलोम-विलोम, ज्ञान मुद्रा, ध्यान मुद्रा, वज्रासन, शवासन, नाड़ी शोधन, नाड़ी विभाजन, सूर्य नमस्कार सहित अन्य महत्वपूर्ण योग क्रियाओं का अभ्यास कराया जा रहा है।

जिला आयुष अधिकारी डॉ. गायत्री अहाके ने बताया कि यह योग अभ्यास सत्र 21 जून, विश्व योग दिवस तक प्रतिदिन आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को तनावमुक्त रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों और कर्मचारियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन सत्रों में भाग लेकर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का लाभ लें।

