Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

कृषि में नवाचार से बढ़ेगी आय, मंडला बनेगा मॉडल जिला: कलेक्टर श्री धोटे 500 किसानों को काली हल्दी क्लस्टर से जोड़ने की तैयारी, ऑर्गेनिक सर्टिफिकेशन और कृषि नवाचार प्रतियोगिता की घोषणा

मंडला, 17 जून 2026

जिले के किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर कृषि को लाभकारी व्यवसाय बनाने की दिशा में जिला प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने कलेक्ट्रेट के गोलमेज कक्ष में जिले के उन्नत एवं प्रगतिशील किसानों के साथ उच्च स्तरीय बैठक कर कृषि क्षेत्र में नवाचार, तकनीकी विस्तार और बाजार आधारित खेती को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए।

बैठक में मछली पालन, प्राकृतिक (जीरो बजट) खेती, सब्जी एवं फल उत्पादन, दुग्ध व्यवसाय तथा हल्दी की आधुनिक खेती से जुड़े सफल कृषकों ने अपने अनुभव साझा किए। कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि किसानों की लागत कम करना और उनकी आमदनी बढ़ाना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पारंपरिक खेती के साथ हाई-वैल्यू एग्रीकल्चर, प्राकृतिक खेती और उद्यानिकी आधारित फसलों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

 

ऑर्गेनिक सर्टिफिकेशन और काली हल्दी खेती पर विशेष फोकस

 

कलेक्टर श्री धोटे ने सभी उन्नत किसानों का ऑर्गेनिक सर्टिफिकेशन कराने के निर्देश देते हुए कहा कि इससे किसानों के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेहतर पहचान तथा अधिक मूल्य मिलेगा। उन्होंने उद्यानिकी विभाग को काली हल्दी उत्पादन के लिए विशेष क्लस्टर विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। योजना के तहत कम से कम 500 किसानों को इस उच्च मूल्य वाली फसल से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे उनकी आय में गुणात्मक वृद्धि सुनिश्चित हो सके।

 

कृषि नवाचारों को मिलेगा राष्ट्रीय पर्वों पर सम्मान

 

कृषि क्षेत्र में नवाचार और उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए जिला प्रशासन कृषि नवाचार प्रतियोगिता आयोजित करेगा। प्रतियोगिता के लिए विशेष मूल्यांकन दल गठित किया जाएगा तथा चयनित किसानों को 15 अगस्त और 26 जनवरी के मुख्य शासकीय समारोह में सम्मानित किया जाएगा। कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि ऐसे प्रयास अन्य किसानों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगे।

 

व्हाट्सऐप ग्रुप बनेगा किसानों का डिजिटल ज्ञान मंच

 

उन्नत किसानों और कृषि विभाग के बीच सतत संवाद सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तरीय व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया जाएगा। इसके माध्यम से किसानों को मौसम पूर्वानुमान, कीट एवं रोग प्रबंधन, उन्नत कृषि तकनीकों तथा सफल खेती के अनुभवों की जानकारी समय-समय पर उपलब्ध कराई जाएगी।

 

ग्राम सर्री में विशेष कृषि कैंप, जिलेभर में तकनीकी सेमिनार

 

किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान और आधुनिक तकनीकों के प्रसार के लिए ग्राम सर्री में विशेष कृषि शिविर आयोजित किया जाएगा। साथ ही जिलेभर में तकनीकी सेमिनारों का आयोजन कर विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा किसानों को वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे उत्पादन और आय दोनों में वृद्धि हो सके।

बैठक में उप संचालक कृषि श्री अश्वनी झारिया, उप संचालक पशुपालन श्री यू.एस. तिवारी, सहायक संचालक उद्यानिकी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं जिले के प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।

Related posts

दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रहा, झूलापुल से सूरजकुंड तक का मार्ग  विगत पांच दिन के अंदर दो बड़े एक्सीडेंट, संबंधित कुंभकर्णी निंद्रा में

Reva India News

जिला प्रबंधक लोकसेवा सीएम हेल्पलाईन के निराकरण में 100 वेटेज स्कोर के लिए प्रशस्ति पत्र से सम्मानित  

Reva India News

नैनपुर के सात बीएलओ ने 100 प्रतिशत गणना पत्रक कार्य पूर्ण किया कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने दी शुभकामनाएँ

Reva India News

Leave a Comment