मंडला 4 मई 2025
रामनगर में आदि उत्सव का भव्य शुभारंभ रविवार 4 मई को माँ नर्मदा के तट पर हुआ। सातवे आदि उत्सव के शुभारंभ अवसर पर देशभर से आए अतिथियों ने उत्सव की शोभा बढ़ाई। शुभारंभ दिवस पर मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ शासन श्री विष्णुदेव साय, केन्द्रीय जनजातीय मंत्री श्री जुएल ओराम, राष्ट्रीय अनुसूचित जनजातीय आयोग के अध्यक्ष श्री अंतर सिंह आर्य, मध्यप्रदेश शासन की लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री श्रीमती संपतिया उइके, उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री समाज कल्याण अनु.जा. एवं जन. कल्याण श्री संजीव गौंड़, सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते, लोकसभा सांसद कांकेर श्री भोजराज नाग, विधायक बिछिया श्री नारायण सिंह पट्टा, विधायक निवास श्री चैनसिंह वरकड़े, विधायक लखनादौन श्री योगेन्द्र सिंह बाबा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय कुशराम, जिला पंचायत अध्यक्ष डिंडौरी श्री रूद्रेश परस्ते, पूर्व विधायक श्री रामप्यारे कुलस्ते, श्री शिवराज शाह, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री प्रफुल्ल मिश्रा, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा, सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांश कूमट, प्रदेश एवं अन्य प्रांतों से आए गौंड़ राजाओं के वंशज, अधिकारी, कर्मचारी तथा ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

दो दिवसीय इस उत्सव के प्रथम दिवस में लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए महा आरोग्य शिविर तथा निःशक्तजन के कल्याण के लिए एमिल्को के सहयोग से दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदाय करने हेतु दिव्यांग शिविर का आयोजन किया गया। उत्सव के दौरान लगातार सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित हुए अतिथियों द्वारा महा आरोग्य शिविर, दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग प्रदाय करने हेतु एमिल्को के सहयोग से लगाए गए सहायक उपकरण वितरण शिविर तथा मिलेट फेस्टिवल का अवलोकन किया गया। आदिवासी गुदुम दल, आदिवासी नृत्य एवं अन्य आदिवासी लोक संस्कृति के सांस्कृतिक आयोजनों ने लोगों का मन मोह लिया। दोपहर बाद उत्सव में संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया। उत्सव के दौरान शासन के विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं के स्टॉल प्रदर्शित किए गए, इसके अलावा कृषि विभाग एवं राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से फूड स्टॉल लगाए गए। आदि उत्सव के प्रथम दिवस पर जिले एवं जिले के बाहर से आदिवासी परंपरा एवं पूजा पद्धतियों को संभालने वाले पंडा तथा भुमका भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। सोमवार 5 मई को आदि उत्सव के दूसरे एवं अंतिम दिन मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह/निकाह का आयोजन किया जा रहा है जिसमें 600 से अधिक जोड़ों का विवाह संस्कार संपन्न कराया जायेगा। सामूहिक विवाह/निकाह कार्यक्रम के साथ आदि उत्सव का समापन होगा।

