Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 13 जुलाई 2026

 

वर्षाकाल के दौरान नौका संचालन व फिशिंग पर रहे पूर्ण प्रतिबंध – डीएम

लापरवाही पर नगरपालिका इंजीनियर को नोटिस

डायरिया के प्रत्येक प्रकरण की सतत ट्रेकिंग के निर्देश

समय-सीमा की बैठक आयोजित

 

मंडला, 13 जुलाई 2026

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने कहा कि वर्षाकाल में साहस्त्रधारा एवं अन्य जलाशयों में जलस्तर बढ़ने के कारण नौका संचालन एवं फिशिंग जैसी गतिविधियाँ पूर्णतः प्रतिबंधित रहें। उन्होंने सभी नौकाओं की फिटनेस जाँच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बढ़े जलस्तर के बावजूद नियमविरूद्ध नौका संचालन होने पर नगर पालिका के इंजीनियर श्री जयप्रकाश डहरिया को लापरवाही बरतने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ लोगों के जीवन के लिए नुकसानदायक हो सकती हैं। इसलिए यह सुनिश्चित किया जाए कि जिले में वर्षाकाल तक फिशिंग एवं नौका संचालन न हो। कलेक्टर श्री धोटे जिला योजना भवन में आयोजित टीएल बैठक को संबोधित कर रहे थे।

बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि 500 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों पर प्रति शिकायत 1000 रुपये का दंड लगाया जाएगा। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व एवं नगरीय आवास विभाग को लंबित प्रकरणों के निराकरण पर फोकस करने के निर्देश दिए। बैठक में भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार तथा मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के अंतर्गत श्रमिक पंजीयन बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही मानधन योजना के अंतर्गत भी श्रमिक पंजीयन बढ़ाने को कहा।

 

डायरिया के प्रत्येक प्रकरण की सतत ट्रेकिंग के निर्देश

 

कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में एंटी वेनम एवं दवाओं की उपलब्धता संबंधी जानकारी प्रदर्शित कराना सुनिश्चित करें। डायरिया के मामलों की सतत निगरानी के लिए जिला अस्पताल में केस ट्रैकिंग की व्यवस्था रखने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सभी विकासखंडों के बीएमओ प्रतिदिन एसडीएम को डायरिया मरीजों की जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर संक्रमण के प्रसार को रोका जा सके।

 

बैठक में 16 जुलाई को जिले के प्रभारी मंत्री श्री दिलीप जायसवाल के प्रस्तावित सांदीपनि विद्यालय अंजनिया भ्रमण एवं उसी दिन आयोजित होने वाले एनीमिया मुक्त मंडला अभियान के शुभारंभ की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। इसके साथ ही कलेक्टर श्री धोटे ने प्राचीन पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण कार्य की समीक्षा करते हुए बताया कि अब तक 2882 पांडुलिपियों का डिजिटलीकरण किया जा चुका है। उन्होंने इस कार्य में और गति लाते हुए संख्या बढ़ाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

इस दौरान बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, एडीएम श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर श्री हुनेन्द्र घोरमारे, एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम, डिप्टी कलेक्टर श्री संस्कार बावरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

नशामुक्त मंडला के लिए जन भागीदारी सबसे बड़ी ताकत – कलेक्टर

अगले 3 वर्षों में ड्रग फ्री मंडला बनाने का लक्ष्य – एसपी

एनकॉर्ड की बैठक आयोजित

 

मंडला, 13 जुलाई 2026

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे की अध्यक्षता में जिला योजना भवन में नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले को नशामुक्त बनाने के लिए जनजागरूकता अभियान, विभागीय समन्वय एवं कार्ययोजना की समीक्षा की गई। इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि नशामुक्ति अभियान को जन अभियान बनाना आवश्यक है, हमें इसकी शुरुआत अपने घर और परिवार से करनी होगी। उन्होंने उद्योग विभाग, आरटीओ, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को समन्वय बनाकर व्यापक जनजागरूकता गतिविधियाँ संचालित करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक श्री राजेश रघुवंशी ने कहा कि जिले को आगामी तीन वर्षों में नशामुक्त बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए सभी विभागों, स्वयंसेवी संगठनों और आमजन के सहयोग से सतत जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिससे समाज में नशे के प्रति जागरूकता बढ़े और लोग इससे दूर रहने के लिए प्रेरित हों। बैठक में उनके द्वारा बताया गया कि 15 जुलाई से 30 जुलाई तक जिले में नशे से दूरी है जरूरी 2.0 जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत पंचायतों एवं विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा नशामुक्त गांव की अवधारणा को बढ़ावा दिया जाएगा।

बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में एनसीओआरडी के तहत 82 प्रकरणों पर कार्रवाई की गई है तथा एनडीपीएस अधिनियम के तहत 3 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। साथ ही कुल 111 आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त 138 स्वयंसेवक नशामुक्ति अभियान से जुड़े हैं। बैठक में नशामुक्त मित्र तैयार करने एवं विभिन्न स्तरों पर जनजागरूकता गतिविधियां बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

इस दौरान बैठक में एडीएम श्री राजेन्द्र कुमार सिंह, एडिशनल एसपी श्री शिवकुमार वर्मा, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, संयुक्त कलेक्टर श्री हुनेन्द्र घोरमारे, एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम, डिप्टी कलेक्टर श्री संस्कार बावरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

संतुलित मात्रा में उर्वरकों के उपयोग की सलाह,

ई-टोकन प्रणाली से करें अग्रिम बुकिंग

 

मंडला, 13 जुलाई 2026

किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग ने जिले के किसानों से खरीफ फसलों में संतुलित मात्रा में उर्वरकों का उपयोग करने तथा आवश्यकता अनुसार ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से अग्रिम बुकिंग कराने की अपील की है। विभाग के अनुसार जिले में खरीफ सीजन के दौरान लगभग 2.40 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में धान, मक्का, अरहर, मूंग एवं उड़द जैसी प्रमुख फसलों की बुवाई की जा चुकी है।

उपसंचालक कृषि श्री अश्विनी झारिया ने बताया कि किसानों को प्रति हेक्टेयर लगभग 5 बैग यूरिया, 2 बैग डीएपी अथवा एनपीके तथा 1 बैग एमओपी उपलब्ध कराया जा रहा है। यदि किसी किसान को आगामी सीजन के लिए अतिरिक्त उर्वरक की आवश्यकता हो तो वह ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से अग्रिम बुकिंग कर सकता है।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले के सभी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) ई-टोकन बुकिंग के लिए शासन द्वारा निर्धारित 15 रुपये प्रति ई-टोकन का ही शुल्क ले सकते हैं। इसके अतिरिक्त किसी भी प्रकार का अतिरिक्त शुल्क लेना शासन के नियमों के विरुद्ध है। किसानों से अपील की गई है कि यदि कहीं अधिक राशि की मांग की जाए तो इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को दें। कृषि विभाग ने यह भी बताया कि इफको द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी का उपयोग प्रति एकड़ एक लीटर की अनुशंसित मात्रा में किया जा सकता है। यूरिया अथवा डीएपी की कमी होने की स्थिति में इनका उपयोग फोलियर स्प्रे के रूप में भी किया जा सकता है।

 

 

 

 

 

 

 

कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए नवोदय चयन परीक्षा के आवेदन प्रारंभ

 

मंडला, 13 जुलाई 2026

पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, पदमी द्वारा शैक्षणिक सत्र 2027-28 में कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली परीक्षा हेतु ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। विद्यालय प्राचार्य ने जिले के सभी शासकीय एवं मान्यता प्राप्त अशासकीय विद्यालयों के पात्र विद्यार्थियों से समय-सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की है।

प्राचार्य श्री एसके राय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार चयन परीक्षा में वही विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं, जो वर्तमान में जिले के किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 5वीं में अध्ययनरत हैं तथा जिनकी जन्मतिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 (दोनों तिथियां सम्मिलित) के बीच है।

चयन परीक्षा जिले के सभी विकासखंडों में निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी नवोदय विद्यालय समिति के आधिकारिक पोर्टल https://navodaya.gov.in के माध्यम से निःशुल्क ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस चयन परीक्षा के माध्यम से जिले के लगभग 80 विद्यार्थियों का कक्षा 6वीं से 12वीं तक निःशुल्क आवासीय शिक्षा के लिए चयन किया जाएगा। प्रवेश प्रक्रिया एवं परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी नवोदय विद्यालय समिति के आधिकारिक पोर्टल https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs/index/registration पर उपलब्ध है।

 

 

 

 

 

 

 

14 जुलाई से शुरू होगा दस्तक सह स्टॉप डायरिया अभियान,

31 अगस्त तक घर-घर पहुंचेंगी स्वास्थ्य टीमें

 

मंडला, 13 जुलाई 2026

जिले में दस्तक सह स्टॉप डायरिया अभियान का प्रथम चरण 14 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक संचालित होगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहंती ने बताया कि अभियान के दौरान एएनएम, आशा एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की संयुक्त टीमें घर-घर जाकर 5 वर्ष तक के बच्चों की स्वास्थ्य जांच करेंगी तथा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएंगी।

अभियान के तहत बच्चों को दस्त की रोकथाम के लिए 2 ओआरएस पैकेट एवं 14 जिंक टैबलेट वितरित किए जाएंगे। साथ ही 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन-ए तथा 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को आयरन-फोलिक एसिड (आईएफए) अनुपूरण दिया जाएगा। गंभीर कुपोषित एवं बीमार बच्चों की पहचान कर आवश्यकतानुसार उच्च स्वास्थ्य संस्थानों में रेफर किया जाएगा।

जिला टीकाकरण अधिकारी ने बताया कि अभियान 33 कार्य दिवसों में वीएचएनडी एवं अन्य निर्धारित दिवसों पर संचालित होगा। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

 

 

 

 

 

 

नगरीय क्षेत्र में 49 जर्जर भवन चिन्हित

नगर पालिका ने ध्वस्त किया रानी दुर्गावती वार्ड का एक भवन

 

मंडला, 14 जुलाई 2026

आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नगर पालिका परिषद, मंडला द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान कराए गए सर्वेक्षण के आधार पर नगर क्षेत्र में 49 जर्जर एवं जोखिमपूर्ण भवनों की पहचान की गई है। इन भवनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

कलेक्टर एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) के निर्देशानुसार चिन्हित भवनों के स्वामियों को नोटिस जारी कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में रानी दुर्गावती वार्ड क्रमांक 6 स्थित श्री आदित्य साहू के जर्जर भवन को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था के साथ नगर पालिका की टीम द्वारा हटाने की कार्रवाई की गई।

नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई जर्जर अथवा खतरनाक भवन दिखाई दे, तो उसकी जानकारी तत्काल नगर पालिका एवं संबंधित भवन स्वामी को दें तथा प्रशासन का सहयोग करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने में सहयोग करें।

 

 

 

 

 

13 जुलाई से शुरू हुआ दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान का तृतीय चरण

 

उत्पादन बढ़ाने, पशु स्वास्थ्य एवं नस्ल सुधार के लिए 958 गांवों में चलेगा अभियान

 

मंडला, 14 जुलाई 2026

पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा जिले में शासन की महत्वाकांक्षी दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान के तृतीय चरण का शुभारंभ 13 जुलाई से किया गया है। कलेक्टर मंडला की अध्यक्षता में संचालित इस अभियान का उद्देश्य पशुपालकों को आधुनिक पशुपालन, संतुलित पशु पोषण, पशु स्वास्थ्य प्रबंधन एवं नस्ल सुधार संबंधी जानकारी प्रदान कर दुग्ध उत्पादन और गुणवत्ता में वृद्धि करना है।

उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिले के 218 सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारियों, गो-मैत्री एवं गौसेवकों द्वारा ऐसे पशुपालकों से संपर्क किया जाएगा, जिनके पास 3 से 4 गाय अथवा भैंस हैं। अभियान के दौरान पशुपालन को लाभकारी व्यवसाय बनाने के लिए आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन दिया जाएगा। जिले के 958 गांवों में पहुंचकर लक्षित पशुपालकों को अभियान से जोड़ा जाएगा। यह विशेष संपर्क अभियान 13 जुलाई से 18 जुलाई 2026 तक संचालित होगा।

अभियान के दौरान एकत्रित सभी जानकारियां मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज की जाएंगी। साथ ही पशुपालकों को गोरस ऐप की जानकारी देकर उनके मोबाइल में ऐप इंस्टॉल कराया जाएगा तथा उसके उपयोग का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

अभियान के प्रथम दिवस उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डॉ. ए.एस. तिवारी एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. सुमित कुमार पटेल ने संचालित पशु चिकित्सा इकाई के माध्यम से पशुपालकों से संवाद कर उन्हें वैज्ञानिक पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उपायों की जानकारी प्रदान की।

Related posts

25 जनवरी को मतदाता जागरूकता के अंतर्गत विभिन्न प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र का वितरण किया जावेगा

Reva India News

उड़ान फाउण्डेशन ने किया लोकार्पण

Reva India News

सफलता की कहानी दो वर्षीय बालक दिव्यांश मरावी को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम से मिला लाभ

Reva India News

Leave a Comment