Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 20 जून 2026

12वीं के बाद ही बनता है करियर, 11वीं से शुरू करें तैयारी – कलेक्टर

हायर सेकेंडरी में स्मार्ट क्लास से चलेंगी जेईई-नीट की फ्री कोचिंग

 

मंडला, 20 जून 2026

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने कहा कि विद्यार्थियों के करियर की असली दिशा 12वीं के बाद तय होती है, इसलिए 10वीं के बाद ही मेधावी बच्चों को चिन्हित कर उनमें प्रतियोगिता का भाव विकसित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि रूटीन पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का स्वरूप अलग-अलग होता है। कलेक्टर श्री धोटे जिला योजना भवन में आयोजित हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

 

गुणवत्तायुक्त शिक्षा और बेहतर गाइडेंस पर जोर

 

कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि हमारा उद्देश्य 10वीं-12वीं में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ 12वीं के बाद चिन्हित मेधावी बच्चों को देश के अच्छे संस्थानों में प्रवेश दिलाना है। इसके लिए विद्यार्थियों को करियर के लिए उचित और प्रभावी मार्गदर्शन देना होगा। उन्होंने सभी प्राचार्यों को निर्देश दिए कि वे अपने विद्यालय में 11वीं और 12वीं के होनहार विद्यार्थियों का चिन्हांकन करें। 11वीं के बच्चों के लिए दो वर्षीय और 12वीं के बच्चों के लिए वर्षीय पाठ्यक्रम तैयार किया गया है।

 

जुलाई से शुरू होंगी वीडियो क्लासेस, साप्ताहिक टेस्ट भी

 

बैठक में एपीसी शिक्षा श्री मुकेश पाण्डेय ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निजी ऑनलाइन कोचिंग संस्थान से करार किया गया है। सभी हायर सेकेंडरी स्कूलों की स्मार्ट क्लास में वीडियो क्लासेस चलाई जाएंगी। ये कक्षाएं स्कूल शुरू होने से एक घंटा पहले और नियमित कक्षाओं के बाद एक घंटे तक संचालित होंगी। हर सप्ताह टेस्ट आयोजित कर बच्चों की समझ का आंकलन किया जाएगा। यह व्यवस्था जुलाई से शुरू होकर नवंबर-दिसंबर तक चलेगी। जेईई और नीट परीक्षाओं के बाद कक्षाएं बंद कर दी जाएंगी, ताकि विद्यार्थियों को प्री-बोर्ड और बोर्ड परीक्षा की तैयारी का पूरा समय मिल सके।

कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि शिक्षक बच्चों में आत्मविश्वास जगाएं और प्रतियोगी माहौल बनाएं। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मुन्नी वरकड़े, डीपीसी श्री कुलदीप कठल, मंडल संयोजक जनजातीय कार्य श्री विष्णु सिंगौर, बोर्ड परीक्षा प्रभारी श्री महेन्द्र श्रीवास सहित जिले के सभी हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्य मौजूद रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

28-30 जून तक चलेगा पल्स पोलियो अभियान, रविवार को बूथों पर पिलाई जाएगी खुराक

अभियान की सफलता के लिए सभी विभागों का समन्वय जरूरी – कलेक्टर

 

मंडला, 20 जून 2026

जिले में 28 से 30 जून तक पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा। पहले दिन रविवार 28 जून को बूथों पर 0-5 साल तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। छूटे हुए बच्चों को 29-30 जून को घर-घर जाकर दवा दी जाएगी। कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने शनिवार को जिला योजना भवन में हुई जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए यह जानकारी दी।

 

आपसी समन्वय से ही मिलेगी सफलता

 

कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि अभियान की सफलता के लिए स्वास्थ्य विभाग को पंचायत, महिला-बाल विकास, शिक्षा, जनजातीय कार्य, नगरीय प्रशासन, आयुष और खेल विभाग के साथ बेहतर समन्वय बनाना होगा। उन्होंने निर्देश दिए कि 28 जून रविवार को अधिक से अधिक बच्चों को बूथ पर ही खुराक पिलाना सुनिश्चित करें। अगले दो दिन डोर-टू-डोर टीम एक भी बच्चा न छूटे, यह तय करें।

 

प्रचार पर विशेष जोर

 

कलेक्टर श्री धोटे ने अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। कहा कि आंगनबाड़ी और प्राथमिक स्कूलों में बच्चों की रैली निकाली जाए। बच्चों की होमवर्क कॉपी में अभियान की तारीख लिखवाएं ताकि अभिभावक जागरूक हों। नगरीय क्षेत्रों में कचरा गाड़ियों के जरिए भी अनाउंसमेंट कराया जाए।

 

2015 से पोलियो मुक्त है भारत

 

सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने बताया कि भारत 2015 से पोलियो मुक्त घोषित है, लेकिन पड़ोसी देशों में वायरस मौजूद होने के कारण समय-समय पर ऐसे अभियान चलाए जाते हैं। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मुन्नी वरकड़े, सीएमओ श्री गजानन नाफड़े, डीपीएम एनएचएम, सभी बीएमओ, सीडीपीओ और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

जल गुणवत्ता परीक्षण एवं जल उपचार पर प्रशिक्षण, 47 ग्राम पंचायतों को मिली फील्ड टेस्ट किट

 

मंडला, 20 जून 2026

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, खंड मंडला द्वारा जनपद पंचायत घुघरी में जल गुणवत्ता परीक्षण एवं जल उपचार विषयक एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विकासखंड की 47 ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिव शामिल हुए।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से पेयजल की गुणवत्ता जाँचने की विधि, जलजनित रोगों की रोकथाम तथा जल उपचार संबंधी तकनीकी जानकारी दी गई। साथ ही जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न जल संरचनाओं के निर्माण एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जनजागरूकता गतिविधियों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की ओर से श्रीमती उमा गणेश लोधी ने प्रशिक्षण देते हुए जल गुणवत्ता निगरानी और सुरक्षित पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के उपायों पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने नियमित जल परीक्षण एवं जल स्त्रोतों के संरक्षण की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम के समापन पर खंड पंचायत अधिकारी श्री बी.आर. मरावी ने सभी 47 ग्राम पंचायतों को फील्ड टेस्ट किट एवं जर्मेक्स का वितरण किया। अधिकारियों ने पंचायत प्रतिनिधियों से प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का प्रभावी उपयोग करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने और जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बिनैका का निरीक्षण, विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश

 

मंडला, 20 जून 2026

जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मुन्नी वरकड़े द्वारा विकासखंड अंतर्गत शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल बिनैका एवं नव निर्माणाधीन प्रयोगशाला कक्षों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम पाई गई, जिस पर संस्था प्राचार्य को विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए गृह संपर्क अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए विद्यालय में शत-प्रतिशत नामांकन, अपार आईडी निर्माण, छात्रवृत्ति स्वीकृति, बेसलाइन टेस्ट एवं ब्रिज कोर्स के संचालन की प्रगति की जानकारी ली गई। साथ ही विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिल एवं पाठ्य पुस्तकों के वितरण कार्य में तेजी लाने तथा संबंधित जानकारी समय पर पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त पात्र छात्राओं को स्कूटी वितरण योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक दस्तावेज शीघ्र उपलब्ध कराने तथा सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन प्रयोगशाला कक्षों की प्रगति का भी अवलोकन किया गया तथा कार्य को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

आचार्य विद्यासागर गौसंवर्धन योजना से पशुपालकों को मिलेगा आर्थिक संबल

 

मंडला, 20 जून 2026

मध्यप्रदेश शासन द्वारा पशुपालकों एवं किसान भाइयों के लिए संचालित ’’आचार्य विद्यासागर गौसंवर्धन योजना’’ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और डेयरी व्यवसाय को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है। योजना के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को गौपालन एवं डेयरी इकाइयों की स्थापना के लिए बैंक ऋण तथा अनुदान का लाभ प्रदान किया जा रहा है।

योजना के तहत न्यूनतम 5 पशुओं के पालन के लिए 1 एकड़ भूमि रखने वाले हितग्राही पात्र होंगे। परियोजना लागत का 75 प्रतिशत तक बैंक ऋण उपलब्ध कराया जाएगा, जिस पर मात्र 5 प्रतिशत ब्याज दर लागू होगी। प्राप्त ऋण के ब्याज का भुगतान विभाग द्वारा 7 वर्षों तक किया जाएगा, जिससे पशुपालकों पर आर्थिक बोझ कम होगा।

योजना में सामान्य वर्ग के हितग्राहियों को परियोजना लागत का 25 प्रतिशत, अधिकतम 1.50 लाख रुपये तक मार्जिन मनी सहायता प्रदान की जाएगी। वहीं अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को 33 प्रतिशत, अधिकतम 2 लाख रुपये तक की सहायता उपलब्ध होगी।

पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने जिले के किसानों और पशुपालकों से योजना का अधिकाधिक लाभ लेने की अपील की है। योजना संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए निकटतम पशु चिकित्सा अधिकारी, पशु औषधालय के प्रभारी अथवा उपसंचालक, पशु चिकित्सा विभाग से संपर्क किया जा सकता है।

Related posts

लोकगीत, नुक्कड़ नाटक संदेश दे दिया गया कोरोना से बचाव पर हुआ जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

Reva India News

सहायक संचालक मत्स्य को सीएम हेल्पलाईन के शतप्रतिशत निराकरण के लिए प्रशस्ति पत्र

Reva India News

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 6 जून 2022

Reva India News

Leave a Comment