फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई गई प्रतियाँ
स्टैंडिंग कमेटी की बैठक संपन्न
मंडला, 30 जुलाई 2026
फोटोयुक्त मतदाता सूची पुनरीक्षण-2026 के अंतर्गत अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची के संबंध में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ स्टैंडिंग कमेटी की बैठक कलेक्ट्रेट के गोलमेज सभाकक्ष में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री राहुल नामदेव धोटे की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री हुनेन्द्र घोरमारे, एसडीएम मंडला श्रीमती सोनल सिडाम सहित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में बताया गया कि 27 जुलाई को ग्राम पंचायतों तथा संबंधित नगरीय निकायों के वार्डों सहित अन्य निर्धारित स्थानों पर फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची का सार्वजनिक प्रकाशन किया जा चुका है। यह सूची 1 जनवरी 2026 की स्थिति के आधार पर तैयार की गई है, जिसमें नगरीय निकायों एवं ग्राम पंचायतों के मतदाताओं का अद्यतन विवरण शामिल है।
जिले के पांच नगरीय निकायों में कुल 84 वार्ड हैं। यहां कुल 78,033 मतदाता दर्ज किए गए हैं, जिनमें 37,964 पुरुष, 40,064 महिला तथा 5 अन्य मतदाता शामिल हैं। इसी प्रकार जिले की 490 ग्राम पंचायतों में कुल 7,76,522 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 3,80,120 पुरुष, 3,96,386 महिला तथा 16 अन्य मतदाता शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि मतदाता सूची का यह अंतिम प्रकाशन आगामी स्थानीय निर्वाचन की तैयारियों की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
निर्वाचन अधिकारियों ने मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए राजनीतिक दलों से निर्वाचन कार्यों में निरंतर सहयोग बनाए रखने का आग्रह किया। बैठक के अंत में मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को पांचों नगरीय निकायों की अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची का एक-एक सेट निःशुल्क उपलब्ध कराया गया।
डीईओ ने किया विद्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण
शिक्षा गुणवत्ता और प्रोजेक्ट संकल्प की समीक्षा
मंडला, 30 जुलाई 2026
जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मुन्नी वरकड़े द्वारा बिछिया विकासखंड अंतर्गत शासकीय हाईस्कूल कोको तथा मवई विकासखंड के शासकीय हाईस्कूल धनगांव, शासकीय उत्कृष्ट हायर सेकेंडरी स्कूल मवई, शासकीय मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल मवई एवं कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास मवई का आकस्मिक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान शिक्षा की गुणवत्ता, शत-प्रतिशत नामांकन, विद्यार्थियों की उपस्थिति, साइकिल एवं पाठ्यपुस्तक वितरण तथा अपार आईडी जनरेट करने की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने सभी विद्यालयों को इन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रोजेक्ट संकल्प के अंतर्गत शासकीय मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल मवई में आयोजित मूल्यांकन की उत्तर पुस्तिकाओं का अवलोकन किया गया। वहीं शासकीय उत्कृष्ट हायर सेकेंडरी स्कूल मवई में प्रोजेक्ट संकल्प के तहत जीव विज्ञान विषय से संबंधित शैक्षणिक वीडियो का प्रदर्शन करते हुए विद्यार्थियों को अध्ययन कराया जाता पाया गया। प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन कर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया गया।
हाट-बाजारों में वित्तीय साक्षरता के प्रति किया जागरूक
ग्रामीणों को साइबर सुरक्षा का संदेश
मंडला, 30 जुलाई 2026
भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देशानुसार एवं सेंट्रल बैंक मंडला के सहयोग से समर्पित संस्था मंडला द्वारा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक वित्तीय साक्षरता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत संस्था के प्रतिनिधि गांव-गांव और हाट-बाजारों में पहुँचकर ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल लेनदेन और वित्तीय सुरक्षा के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
यह अभियान समर्पित संस्था सीएफएल मंडला की क्षेत्रीय अधिकारी श्रीमती लक्ष्मी पटेल के मार्गदर्शन में संचालित हो रहा है। कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन में ब्लॉक काउंसलर श्री नरेश गायकवाल (मवई), श्री सुनील मोंगरे (नारायणगंज), श्री जोन्सन जॉय (बीजाडांडी) तथा श्री मनीष सिंगोर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को डिजिटल बैंकिंग के सुरक्षित उपयोग, साइबर एवं बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव, बचत की आदत विकसित करने तथा विभिन्न बैंकिंग एवं सरकारी वित्तीय योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।
मंडला में मेडिकल स्टोर्स का सघन निरीक्षण
दो दुकानें अस्थायी रूप से बंद, एक को नोटिस
मंडला, 30 जुलाई 2026
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के मार्गदर्शन में औषधि निरीक्षक सुश्री वैष्णवी तलवारे द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित मेडिकल स्टोर्स का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर्स में औषधियों के भंडारण एवं विक्रय व्यवस्था, आवश्यक अभिलेखों के संधारण, अनुज्ञप्ति की शर्तों तथा लागू औषधि संबंधी प्रावधानों के पालन की जांच की गई।
जांच के दौरान मेसर्स न्यू ठाकुर मेडिकल स्टोर एवं मेसर्स मां मेडिकल स्टोर में पंजीकृत फार्मासिस्ट अनुपस्थित पाए गए। इस पर दोनों प्रतिष्ठानों में औषधियों के क्रय-विक्रय कार्य को तत्काल प्रभाव से रोकते हुए पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपस्थिति सुनिश्चित होने तक दुकानें बंद करा दी गईं।
वहीं मेसर्स आस्था मेडिकल स्टोर में निरीक्षण के दौरान पाई गई अनियमितताओं के संबंध में संबंधित अनुज्ञापन प्राधिकारी द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। अनुज्ञप्तिधारी को सात दिवस के भीतर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा जिन अन्य मेडिकल स्टोर्स में विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं पाई गईं, उनके निरीक्षण प्रतिवेदन नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई के लिए औषधि अनुज्ञापन प्राधिकारी को भेजे जाएंगे।
डायरिया रोको अभियान के तहत जल गुणवत्ता परीक्षण कार्यशाला आयोजित
मंडला, 30 जुलाई 2026
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, खंड मंडला द्वारा डायरिया रोको अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत सभाकक्ष, नारायणगंज में जल गुणवत्ता परीक्षण संबंधी प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम जनपद पंचायत नारायणगंज की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती दीप्ति यादव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यशाला में 50 ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव एवं रोजगार सहायकों को जल गुणवत्ता परीक्षण की विभिन्न विधियों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को जल के रंग, गंध एवं स्वाद की जांच, एच-2-एस वॉयल्स से जीवाणु परीक्षण तथा फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से पीएच, क्लोराइड, फ्लोराइड, आयरन, क्लोरीन, नाइट्रेट, अमोनिया, अल्कालिनिटी, टर्बिडिटी एवं हार्डनेस सहित 10 प्रमुख रासायनिक तत्वों की जांच की प्रक्रिया समझाई गई। इस दौरान जल उपचार का प्रदर्शन भी किया गया। विशेषज्ञों ने सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने, जल स्त्रोतों की नियमित जांच तथा स्वच्छता बनाए रखने पर जोर देते हुए जलजनित रोगों की रोकथाम के उपायों की जानकारी दी। कार्यक्रम में पंचायत इंस्पेक्टर श्री के.के. पटेल, उपयंत्री श्री मुकेश दोहरे, समन्वयक क्षमता निर्माण एवं प्रशिक्षण श्री उमागणेश लोधी, हैंडपंप टेक्नीशियन श्री दीपक नागेश्वर सहित ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
