Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला,मंडला, 28 जुलाई 2026

जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनी 98 लोगों की समस्याएं

 

मंडला, 28 जुलाई 2026

जिला योजना भवन में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और आवेदन के निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री धोटे ने जनसुनवाई में पहुंचे प्रत्येक आवेदक की समस्या का न्यायोचित समाधान करने की बात कही।

कलेक्टर ने जनसुनवाई में मौके पर मौजूद संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में दूरस्थ तहसीलों से आए 98 आवेदकों की समस्याओं को लेकर कलेक्टर श्री धोटे ने संबंधित क्षेत्र के अधिकारियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से चर्चा की और उन्हें शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए निर्देशित किया।

जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, अपर कलेक्टर श्री हुनेन्द्र घोरमारे, एसडीएम मण्डला श्रीमती सोनल सिडाम, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती क्षमा सराफ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

मंडला जिले में 37.3 मिमी औसत वर्षा दर्ज

नारायणगंज में सर्वाधिक 70.7 मिमी बारिश

 

मंडला, 28 जुलाई 2026

जिले में मंगलवार को औसतन 37.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई। राजस्व विभाग द्वारा जारी वर्षा प्रतिवेदन के अनुसार नारायणगंज तहसील में सर्वाधिक 70.7 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

तहसीलवार वर्षा के अनुसार मंडला में 26.6 मिमी, नैनपुर में 22.0 मिमी, बिछिया में 28.4 मिमी, निवास में 33.0 मिमी, घुघरी में 43.1 मिमी तथा नारायणगंज में 70.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

रिपोर्ट के अनुसार 1 जून से 28 जुलाई 2026 तक जिले में 476.1 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 1081.5 मिमी वर्षा हुई थी। इस प्रकार इस वर्ष अब तक वर्षा पिछले वर्ष की तुलना में काफी कम रही है।

जिले की विभिन्न तहसीलों में 1 जून से अब तक संचयी वर्षा में घुघरी में 588.9 मिमी, मंडला में 583.4 मिमी, नैनपुर में 524.0 मिमी, बिछिया में 521.6 मिमी, निवास में 345.4 मिमी तथा नारायणगंज में 262.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

निवास में बीएलबीसी बैठक: शासकीय योजनाओं के प्रकरणों की सघन समीक्षा

 

मंडला, 28 जुलाई 2026

जनपद पंचायत निवास के सभाकक्ष में ब्लॉक स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अग्रणी जिला प्रबंधक श्री सुजय कुमार ने की। बैठक में विकासखंड के सभी बैंक शाखा प्रबंधकों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा वित्तीय साक्षरता केंद्र के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उद्यानिकी विभाग ने पीएमएफएमई योजना के अंतर्गत खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना तथा 35 प्रतिशत अनुदान की जानकारी दी। योजना के अधिक से अधिक प्रकरण तैयार कर बैंकों के माध्यम से स्वीकृत कराने पर चर्चा की गई।

बैठक में पशुपालन विभाग की आचार्य विद्यासागर योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना तथा पशुपालकों के किसान क्रेडिट कार्ड की भी समीक्षा की गई। वहीं जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र ने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के माध्यम से अधिकाधिक युवाओं को लाभ दिलाने के लिए बैंकों से समन्वय बढ़ाने का आग्रह किया।

कृषि विभाग एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक सहित सभी बैंकों को किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से शत-प्रतिशत जोड़ने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के अंतर्गत सभी पात्र हितग्राहियों को सैचुरेशन मोड में जोड़ने पर विशेष बल दिया गया।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। अंत में सभी बैंक शाखा प्रबंधकों एवं विभागीय अधिकारियों ने शासन की ऋण एवं वित्तीय समावेशन योजनाओं के लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

 

 

 

 

 

 

 

रोजगार युवा संगम मेले में 29 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन, 4 को अप्रेंटिसशिप का अवसर

 

मंडला, 28 जुलाई 2026,

जिला प्रशासन मंडला के निर्देशन में जिला रोजगार कार्यालय, आईटीआई मंडला एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र मंडला के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को नगर पालिका मंडला के टाऊनहॉल में रोजगार युवा संगम मेले का आयोजन किया गया। मेले में स्थानीय एवं निजी क्षेत्र की 6 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लेकर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा ने मां सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया। उन्होंने उपस्थित युवाओं का मार्गदर्शन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा रोजगार मेले का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

रोजगार मेले में 64 युवाओं का पंजीयन किया गया। विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा साक्षात्कार के बाद 29 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक चयन किया गया, जबकि 4 अभ्यर्थियों का अप्रेंटिसशिप के लिए चयन हुआ। कार्यक्रम में आईटीआई मंडला की ओर से युवाओं को कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार संबंधी जानकारी प्रदान की गई। मंच संचालन प्रशिक्षण अधिकारी वैशाली कामड़े ने किया। इस अवसर पर आईटीआई की प्राचार्य सुश्री मनीषा भूरिया, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र की प्रबंधक सुश्री शैफाली अग्रवाल, आईटीआई प्लेसमेंट ऑफिसर श्री आनंद मरावी, जिला रोजगार कार्यालय के श्री डी.के. साहू सहित रोजगार कार्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

 

 

 

 

 

 

 

 

मोतियाबिंद से जूझ रहे दीपांशु को मिली नई रोशनी

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत निःशुल्क उपचार से लौटी मुस्कान

 

मंडला, 28 जुलाई 2026

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.डी. जे. मोहंती ने बताया कि 10 वर्षीय दीपांशु यादव, निवासी ग्राम खापा रैयत, तहसील नैनपुर, जिला मंडला, जन्मजात मोतियाबिंद से पीड़ित था। दृष्टि संबंधी समस्या के कारण उसे देखने और पढ़ाई करने में काफी कठिनाई होती थी, जिससे उसके स्वास्थ्य एवं शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उसका महंगा उपचार कराना संभव नहीं था।

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जिला चिकित्सालय मंडला की टीम ने समय पर बच्चे की पहचान कर उसे दादा वीरेंद्रपुरी आई इंस्टीट्यूट, जबलपुर रेफर किया। आरबीएसके के माध्यम से बच्चे की सभी आवश्यक जांचें एवं उपचार पूरी तरह निःशुल्क कराए गए।

विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा दीपांषु के जन्मजात मोतियाबिंद का सफल ऑपरेशन किया गया। सर्जरी के बाद उसकी दृष्टि में लगातार सुधार हुआ। अब वह सामान्य रूप से देख पा रहा है, पढ़ाई कर रहा है तथा उसकी दैनिक गतिविधियां भी पहले की तुलना में बेहतर हो गई हैं। वह तेजी से पूर्णतः स्वस्थ होने की ओर अग्रसर है।

दीपांशु के माता-पिता ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सिविल सर्जन जिला चिकित्सालय मंडला तथा आरबीएसके टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकारी स्वास्थ्य योजना के कारण उनके बच्चे को समय पर बेहतर उपचार मिल सका।

Related posts

अग्रणी शाखा प्रबंधक को सीएम हेल्पलाईन के निराकरण में 99.11 वेटेज स्कोर के लिए मिला प्रशस्ति पत्र

Reva India News

1 से 5 मार्च तक चलाया जाएगा पौधरोपण महाभियान

Reva India News

अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण कर जिले की रैंकिंग को बेहतर बनाएं – अपर कलेक्टर

Reva India News

Leave a Comment