Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला,24 जुलाई 2026

25 जुलाई को कलेक्ट्रेट सभागार में होगी राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग की समीक्षा बैठक

 

मंडला, 24 जुलाई 2026

राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री भगत सिंह नेताम 25 जुलाई को मंडला प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे प्रातः 11 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में अनुसूचित जनजाति विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक लेंगे।

कलेक्टर कार्यालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार जिले के सभी कार्यालय प्रमुखों को बैठक में भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा संचालित अनुसूचित जनजाति कल्याणकारी योजनाओं की अद्यतन जानकारी के साथ स्वयं उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

डायरिया रोको अभियान: मंडला में जल गुणवत्ता परीक्षण कार्यशाला आयोजित

ग्राम स्तर पर मिलेगा सुरक्षित पेयजल का प्रशिक्षण

 

मंडला, 24 जुलाई 2026

डायरिया रोको अभियान के अंतर्गत लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, खंड मंडला द्वारा जनपद पंचायत सभाकक्ष में जल गुणवत्ता परीक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने और ग्राम स्तर पर जल स्त्रोतों की नियमित जांच के लिए जनप्रतिनिधियों एवं मैदानी अमले को प्रशिक्षित करना था।

कार्यशाला में फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से जल गुणवत्ता जांच की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को जल के नमूने लेने, विभिन्न मानकों की जांच करने तथा परीक्षण परिणामों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही दूषित जल से फैलने वाले जलजनित रोगों, विशेषकर डायरिया की रोकथाम एवं स्वच्छ पेयजल के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण में ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव एवं रोजगार सहायकों ने सक्रिय सहभागिता की। उन्हें ग्राम स्तर पर जल गुणवत्ता परीक्षण को नियमित रूप से संचालित करने तथा ग्रामीण समुदाय को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर प्रतिभागियों को फील्ड टेस्ट किट, सोडियम हाइपोक्लोराइड, रिफिल पैक एवं बैक्टो वायल्स वितरित किए गए तथा इनके सुरक्षित उपयोग एवं रख-रखाव की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री विनोद मरावी, पंचायत इंस्पेक्टर श्री राजाराम मरावी, सहायक यंत्री श्री विनेश उइके, जिला सलाहकार श्री एस.एस. श्रीवास्तव, पीसीओ श्री हेमराज नंदा, श्री वीरेंद्र मांडवे, श्री गजराज मरावी, श्री रामनाथ मरकाम, श्री राजू मरावी, श्री अजय जाधव एवं श्री रामकुमार सरवटे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यशाला में श्री उमा गणेश लोधी ने प्रशिक्षण प्रदान करते हुए फील्ड टेस्ट किट से जल गुणवत्ता परीक्षण की विभिन्न प्रक्रियाओं का प्रदर्शन किया और प्रतिभागियों को आवश्यक तकनीकी जानकारी दी। कार्यशाला के माध्यम से ग्राम पंचायत स्तर पर जल गुणवत्ता की नियमित निगरानी को सुदृढ़ करने, सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा जलजनित रोगों की रोकथाम में जनभागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया गया।

 

 

 

 

 

 

मंडला जिले में 24 जुलाई को औसतन 3.4 मिमी वर्षा दर्ज,

अब तक 430.3 मिमी बारिश

 

मंडला, 24 जुलाई 2026

शुक्रवार 24 जुलाई को मंडला जिले में औसतन 3.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। वहीं 1 जून से 24 जुलाई 2026 तक जिले में कुल 430.3 मिमी औसत वर्षा रिकॉर्ड की गई है। पिछले वर्ष इसी अवधि में जिले में 1004.2 मिमी वर्षा दर्ज हुई थी।

तहसीलवार वर्षा के अनुसार मंडला में 2.4 मिमी, नैनपुर में 2.0 मिमी, निवास में 1.4 मिमी, घुघरी में 8.6 मिमी तथा नारायणगंज में 6.1 मिमी वर्षा दर्ज की गई। जबकि बिछिया तहसील में शुक्रवार को वर्षा दर्ज नहीं हुई।

1 जून से 24 जुलाई तक की संचयी वर्षा में मंडला तहसील में 544.6 मिमी, घुघरी में 536.1 मिमी, नैनपुर में 495.6 मिमी, बिछिया में 483.4 मिमी, निवास में 304.2 मिमी तथा नारायणगंज में 186.0 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

 

 

 

 

 

बीजाडांडी के जैविक संसाधन केंद्रों का निरीक्षण

 

मंडला, 24 जुलाई 2026

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशानुसार उपसंचालक सह परियोजना संचालक आत्मा श्री अश्विनी झारिया ने विकासखंड बीजाडांडी के ग्राम लावरमुड़िया एवं धनवाही स्थित जैविक संसाधन केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान केंद्रों में तैयार किए जा रहे प्राकृतिक खेती के विभिन्न जैविक आदानों और उपलब्ध संसाधनों का निरीक्षण कर उनके संचालन की समीक्षा की गई। भ्रमण के दौरान कृषि सखी गीता तेकाम, हीराकली वरकड़े, प्रभा देवी एवं रजनी मरावी ने केंद्रों में तैयार किए जा रहे जैविक उत्पादों तथा उनकी निर्माण प्रक्रिया की जानकारी दी। वहीं बीटीएम मोहित गोल्हानी ने बताया कि बीजाडांडी विकासखंड में लावर, धनवाही, मानिकसरा और विजयपुर में कुल चार जैविक संसाधन केंद्र संचालित हैं, जहां प्राकृतिक खेती के लिए विभिन्न जैविक आदानों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विकासखंड में प्राकृतिक खेती के सात क्लस्टर विकसित किए गए हैं, जिनसे 875 किसान जुड़े हैं। आत्मा योजना के तहत खरीफ फसल में नवाचार के रूप में किसानों को हरी खाद (सनई) का बीज वितरित किया गया है, जिससे धान की खेती में यूरिया और डीएपी जैसे रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम होगी। इसके अलावा किसानों द्वारा अरहर की उन्नत किस्म जीआरजी-152 का कतार पद्धति से प्रदर्शन भी किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान श्री अश्विनी झारिया ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि जैविक संसाधन केंद्रों में तैयार जीवामृत, घनजीवामृत, बीजामृत, नीमास्त्र, ब्रह्मास्त्र सहित अन्य जैविक आदानों का उपयोग कृषि विभाग, आत्मा योजना एवं अन्य विभागों द्वारा संचालित प्राकृतिक खेती कार्यक्रमों और प्रदर्शन में किया जाए। इससे केंद्रों को अतिरिक्त आय का स्त्रोत मिलेगा और उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता भी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि जैविक संसाधन केंद्रों को प्राकृतिक खेती के प्रचार-प्रसार का प्रभावी माध्यम बनाया जाए तथा किसानों को जैविक आदानों के निर्माण एवं उपयोग का नियमित प्रशिक्षण दिया जाए। साथ ही अधिक से अधिक किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ते हुए ग्राम स्तर तक इसके विस्तार के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं। इस अवसर पर कृषि विभाग एवं आत्मा परियोजना के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे और विकासखंड में संचालित प्राकृतिक खेती एवं जैविक संसाधन केंद्रों की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।

 

 

 

 

 

 

 

मोहगांव एवं घुघरी में बीएलबीसी बैठक संपन्न

 

मंडला, 24 जुलाई 2026

जिले के मोहगांव एवं घुघरी विकासखंडों में ब्लॉक स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक आयोजित कर केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न स्वरोजगार, ऋण एवं वित्तीय समावेशन योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठकों की अध्यक्षता अग्रणी जिला प्रबंधक मंडला श्री सुजय कुमार ने की।

जनपद पंचायत मोहगांव के सभाकक्ष में आयोजित बैठक में विकासखंड के सभी बैंक शाखा प्रबंधक, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बैंक सखियाँ उपस्थित रहीं। बैठक में अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना एवं टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना, तथा अनुसूचित जाति वर्ग के लिए संत रविदास स्वरोजगार योजना एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना के अंतर्गत अधिकाधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने पर विशेष जोर दिया गया।

उद्यानिकी विभाग द्वारा पीएमएफएमई योजना के तहत खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना एवं 35 प्रतिशत अनुदान की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक प्रकरण तैयार कर बैंकों के माध्यम से स्वीकृत कराने पर चर्चा की गई। पशुपालन विभाग की आचार्य विद्यासागर योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना, 10$1 बकरी पालन योजना तथा पशुपालकों के किसान क्रेडिट कार्ड की भी समीक्षा की गई।

बैठक में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना की जानकारी देते हुए पात्र युवाओं को योजना का लाभ दिलाने के लिए बैंकों से समन्वय बढ़ाने का आग्रह किया गया। वहीं कृषि विभाग एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक सहित सभी बैंकों को किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से शत-प्रतिशत जोड़ने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं अटल पेंशन योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को सैचुरेशन मोड में जोड़ने, वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने तथा सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में सायं 4 बजे जनपद पंचायत घुघरी में भी बीएलबीसी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपरोक्त सभी योजनाओं की समीक्षा करते हुए बैंक शाखा प्रबंधकों एवं विभागीय अधिकारियों ने पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए समन्वित प्रयास करने का संकल्प व्यक्त किया।

 

 

 

 

 

 

हायर सेकेंडरी स्कूल खुर्सीपार में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित

 

मंडला, 24 जुलाई 2026

भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देशानुसार एवं सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के वित्तीय साक्षरता केंद्र मंडला द्वारा हायर सेकेंडरी स्कूल खुर्सीपार में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वित्तीय साक्षरता केंद्र, मंडला के अधिकारी श्री कृष्णकांत अवस्थी ने विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, उच्च शिक्षा ऋण सहित बैंकों की विभिन्न जमा एवं ऋण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बचत की आदत विकसित करने और बैंकिंग सेवाओं का सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान श्री अवस्थी ने साइबर अपराध के बढ़ते मामलों पर भी जागरूक करते हुए विभिन्न प्रकार के साइबर फ्रॉड, उनसे बचाव के उपाय तथा किसी भी साइबर ठगी की घटना होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की सलाह दी। विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में रुचिपूर्वक सहभागिता करते हुए वित्तीय प्रबंधन एवं सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य श्री शिवशंकर पांडे, मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक शाखा महाराजपुर की शाखा प्रबंधक श्रीमती ऋतु राय तथा आरसेटी के फैकल्टी श्री राजीव शर्मा उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

प्रोजेक्ट संकल्प के तहत अब ओएमआर और ऐप आधारित होंगे साप्ताहिक टेस्ट

शासकीय हाई स्कूल बिंझिया में आयोजित किया गया विशेष प्रशिक्षण

 

मंडला, 24 जुलाई 2026

जिला प्रशासन मंडला की अभिनव पहल प्रोजेक्ट संकल्प के अंतर्गत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए साप्ताहिक टेस्ट अब ओएमआर शीट एवं मोबाइल ऐप आधारित डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली से आयोजित किए जाएंगे। इस नई व्यवस्था के प्रभावी संचालन के लिए जिले के 80 हायर सेकेंडरी विद्यालयों के नोडल अधिकारियों को शासकीय हाई स्कूल बिंझिया में विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण में अधिकारियों को ओएमआर आधारित परीक्षा संचालन, उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैनिंग, मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल मूल्यांकन तथा विद्यालय एवं जिला स्तरीय रैंकिंग तैयार करने की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों और नोडल अधिकारियों ने इस तकनीक आधारित व्यवस्था का स्वागत करते हुए इसे अधिक तेज, सटीक और पारदर्शी बताया।

जिला प्रशासन के अनुसार, शनिवार से आयोजित होने वाले जेईई, नीट, क्लैट, सीयूईटी तथा शिक्षा गुणवत्ता आधारित साप्ताहिक टेस्ट इसी नई प्रणाली के माध्यम से संपन्न होंगे। टेस्ट समाप्त होते ही विद्यार्थियों की विद्यालय एवं जिला स्तर की रैंक जारी की जा सकेगी, जिससे उनकी प्रगति का त्वरित मूल्यांकन कर आवश्यक शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। यह पहल ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण तैयारी उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

 

 

 

 

 

 

शासकीय हाई स्कूल किंद्री एवं गाजीपुर का आकस्मिक निरीक्षण

 

मंडला, 24 जुलाई 2026

जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती मुन्नी वरकड़े द्वारा शासकीय हाई स्कूल किंद्री एवं शासकीय हाई स्कूल गाजीपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था तथा शासन की विभिन्न छात्रहितैषी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। इस दौरान विद्यालयों में नामांकन की स्थिति, पाठ्यपुस्तकों का वितरण, साइकिल वितरण, छात्रवृत्ति वितरण, विद्यार्थियों की प्रोफाइल अपडेट करने तथा अपार आईडी निर्माण एवं अद्यतन की प्रगति का अवलोकन किया गया। संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय स्टाफ को सभी लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा विद्यार्थियों को शासन की योजनाओं का समयबद्ध लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने एवं विभागीय कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया गया।

 

 

 

 

 

 

 

 

बूझो, जानो फिर देखो अपना प्रदेश: एमपी टूरिज्म क्विज 2026 के लिए 25 जुलाई पंजीयन का अंतिम अवसर

7 अगस्त को होगा ज्ञान, पर्यटन और रोमांच का महाकुंभ, विजेता टीमों को मिलेगा एमपी टूर पैकेज

 

मंडला, 24 जुलाई 2026

मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड एवं जिला प्रशासन मंडला के संयुक्त तत्वावधान में एमपी टूरिज्म क्विज 2026 का जिला स्तरीय आयोजन 7 अगस्त 2026 को आयोजित किया जाएगा। जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए 25 जुलाई ऑनलाइन पंजीयन की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। जिला प्रशासन ने सभी शेष विद्यालयों से आज ही पंजीयन प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है।

कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने जिले के सभी उच्च माध्यमिक विद्यालयों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों को मध्यप्रदेश के इतिहास, संस्कृति, पर्यटन, जैव विविधता एवं समृद्ध विरासत से परिचित कराने का उत्कृष्ट अवसर है।

प्रतियोगिता में प्रत्येक विद्यालय से 3 विद्यार्थियों की एक टीम भाग लेगी। पहला चरण प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक लिखित परीक्षा के रूप में आयोजित होगा। इसके बाद चयनित 6 सर्वश्रेष्ठ टीमें दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक मल्टीमीडिया क्विज राउंड में भाग लेंगी। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों के लिए ब्रेकफास्ट एवं लंच की भी व्यवस्था रहेगी। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 6 विजेता टीमों को मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से विशेष एमपी टूर पैकेज प्रदान किया जाएगा, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने का अवसर मिलेगा। मल्टीमीडिया क्विज राउंड का संचालन क्विज मास्टर अखिलेश उपाध्याय द्वारा किया जाएगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

28 जुलाई को मंडला में युवा-संगम रोजगार मेला

 

मंडला, 24 जुलाई 2026

रोजगार के इच्छुक बेरोजगार युवक-युवतियों को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 28 जुलाई को युवा-संगम रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला नगरपालिका मंडला के हॉल में प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक आयोजित होगा।

जिला रोजगार कार्यालय मंडला, आईटीआई मंडला एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र मंडला के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां विभिन्न पदों पर भर्ती करेंगी। रोजगार मेले में 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे युवक-युवतियां भाग ले सकते हैं, जिन्होंने कक्षा 8वीं से स्नातक अथवा आईटीआई तक की शैक्षणिक योग्यता प्राप्त की हो।

Related posts

सीईओ जिला पंचायत ने किया बीजाडांडी क्षेत्र का भ्रमण

Reva India News

मुख्यमंत्री राशन आपके ग्राम योजना’ के तहत आवेदक उपस्थित रहे

Reva India News

बहादुर बहनों का साहस और संघर्ष प्रेरणास्पद : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

Reva India News

Leave a Comment