मंडला, 25 सितम्बर 2026
जिले के ग्राम पदमी निवासी प्रथम सिंह ठाकुर ने मेहनत, लगन और सरकारी योजना के सहयोग से स्वरोजगार के क्षेत्र में सफलता की मिसाल कायम की है। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के माध्यम से वित्तीय सहायता प्राप्त कर उन्होंने अपने ग्राम में हॉट चिप्स निर्माण की आधुनिक इकाई स्थापित की।
प्रथम सिंह ठाकुर की हॉट चिप्स इकाई की कुल लागत 10 लाख 11 हजार 706 रुपये है, जिसमें योजना के तहत उन्हें 3 लाख 54 हजार 97 रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ। योजना से जुड़ने से पहले वे अपनी पढ़ाई पूरी कर रहे थे और भविष्य के लिए रोजगार के बेहतर अवसर की तलाश में थे। योजना के माध्यम से मिले वित्तीय सहयोग और मार्गदर्शन से उन्होंने स्वयं का व्यवसाय शुरू करने का निर्णय लिया।

व्यवसाय शुरू होने के बाद उनकी आर्थिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव आया है। वर्तमान में हॉट चिप्स इकाई से उन्हें लगभग 70 हजार रुपये प्रतिमाह की कुल आय प्राप्त हो रही है। सभी खर्चों को निकालने के बाद वे लगभग 50 हजार रुपये प्रतिमाह शुद्ध आय अर्जित कर रहे हैं।
प्रथम सिंह ठाकुर की सफलता यह दर्शाती है कि उचित मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर युवा स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। उनकी उद्यमिता अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्त्रोत बन रही है।
