मंडला, 09 सितंबर 2026
कान्हा टाइगर रिजर्व में विभागीय हाथियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने एवं उनके द्वारा कान्हा प्रबंधन को वन एवं वन्यजीव संरक्षण एवं अनुश्रवण मे वर्ष भर नियमित रूप से प्रदाय किये जाने वाले सहयोग के प्रति आभार प्रदर्शन के उद्देश्य से 15 सितंबर से 20 सितंबर 2026 तक परिक्षेत्र सुपखार में हाथियों के पुनर्यौवन (रिजुविनेशन) कैंप का आयोजन किया जा रहा है।
कान्हा राष्ट्रीय उद्यान में वर्तमान में 16 विभागीय हाथी हैं, जिनमें 9 नर, 6 मादा तथा एक नवजात हाथी बच्चा शामिल है। इन हाथियों का उपयोग वन्यजीव संरक्षण, गश्ती, वन्यजीव अनुश्रवण, वन्यजीव ट्रांसलोकेशन तथा विशेष रूप से मानसून के दौरान गश्ती जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में किया जाता है।
इस पुनर्यौवन कैंप का उद्देश्य हाथियों को नियमित कार्य से अलग वातावरण में पर्याप्त आराम, बेहतर आहार, स्वास्थ्य परीक्षण एवं आपसी सामाजिक व्यवहार के लिए अनुकूल अवसर उपलब्ध कराना है। कैंप के दौरान सभी हाथियों को एक साथ रहने, खाने तथा विभिन्न गतिविधियों में शामिल होने का अवसर मिलेगा, जो उनके मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है।
कैंप के दौरान हाथियों को विशेष आहार दिया जाएगा तथा वन्यजीव चिकित्सक द्वारा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। हाथियों की मालिश एवं सेवा के साथ-साथ उनके रक्त, फीकल एवं मूत्र के नमूने लेकर आवश्यक परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। सभी हाथियों का शारीरिक माप भी निर्धारित प्रपत्र में दर्ज किया जाएगा।
दैनिक गतिविधियों में हाथियों को प्रातः जंगल से लाकर नहलाना, शरीर एवं पैरों की मालिश करना, दोपहर में महावत एवं चाराकटरों के साथ परिचय एवं खेल गतिविधियां तथा शाम को भोजन कराकर पुनः जंगल में छोड़ा जाना शामिल है।
कैंप में हाथियों के साथ कार्य करने वाले महावत एवं चाराकटरों के प्रशिक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। वरिष्ठ महावतों द्वारा अन्य महावतों एवं चाराकटरों को हाथियों के रखरखाव तथा उन्हें दिए जाने वाले निर्देशों के संबंध में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे हाथियों के बेहतर प्रबंधन तथा आपात परिस्थितियों में प्रभावी नियंत्रण में सहायता मिलेगी।
कान्हा टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा हाथियों के संरक्षण एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार के पुनर्यौवन कैंप का आयोजन लगातार 16 वर्षों से किया जा रहा है।
