मंडला, 2 नवम्बर 2026
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने जिला योजना भवन में आयोजित समय सीमा की बैठक में जिले में पराली प्रबंधन, आगामी वृहद रोजगार मेला, जनविश्वास शिविर, टीएल पत्रक एवं सीएम हेल्पलाइन की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने पराली प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि पराली जलाने से पर्यावरण एवं मिट्टी की उर्वरता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसे रोकने के लिए किसानों को जागरूक करने के साथ-साथ पराली के उचित प्रबंधन हेतु आधुनिक कृषि यंत्रों के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने सभी अनुभागीय अधिकारियों (राजस्व) को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पराली प्रबंधन की गतिविधियों की सतत निगरानी करें तथा कृषि विभाग के समन्वय से किसानों को हैप्पी सीडर, सुपर सीडर सहित अन्य कृषि यंत्रों के उपयोग के लिए प्रेरित करें। इन यंत्रों की उपलब्धता एवं उपयोग के संबंध में किसानों को आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि पराली का उचित प्रबंधन सुनिश्चित हो सके।

कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि आगामी 28 नवंबर को जिले में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए सभी संबंधित विभाग अपने-अपने स्तर पर अभी से आवश्यक तैयारियां प्रारंभ करें। उन्होंने निर्देश दिए कि रोजगार मेले को प्रभावी एवं परिणाममूलक बनाने के लिए विभिन्न विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें तथा अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास करें। रोजगार मेले में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता के साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके लिए युवाओं की शैक्षणिक योग्यता एवं कौशल के अनुरूप रोजगार प्रदाता कंपनियों और संस्थानों से समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि रोजगार मेले का बेहतर क्रियान्वयन हो, जिससे जिले के अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सार्थक प्रयास किए जा सकें
।
कलेक्टर ने आगामी 6 नवंबर को नैनपुर में आयोजित होने वाले जनविश्वास शिविर की तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर में आम नागरिकों की समस्याओं का निराकरण तथा शासकीय योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए सभी विभाग अपने विभागीय स्तर की तैयारियां पूर्ण रखें तथा शिविर में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें। शिविर के साथ ही कृषक संवाद भी आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को विशेष ध्यान देकर शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 500 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को लिखित में जवाब प्रस्तुत करना होगा। शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी नियमित रूप से शिकायतों की समीक्षा करें और समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें।

बैठक के दौरान डीएफओ श्री एमएस मौर्य, श्रीमती प्रिता एमएस, सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, एडीएम श्रीमती सोनल सिडाम, एसडीएम श्री शैलेन्द्र चौधरी, डिप्टी कलेक्टर श्री राजेश कौशिक, श्रीमती क्षमा सराफ, श्रीमती रेखा देशमुख, श्री सचिन जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

