मंडला, 2 नवम्बर 2026
स्वामित्व योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और ग्रामीणों को उनकी रजिस्ट्री दिलाने के लिए मंडला जिले में राजस्व अमला लगातार मैदानी स्तर पर जुटा हुआ है। दुर्गम ग्रामीण क्षेत्रों, सीमित संसाधनों और कई स्थानों पर नेटवर्क की समस्या जैसी चुनौतियों के बावजूद पटवारी गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर हितग्राहियों के स्वामित्व पंजीयन एवं रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

इस कार्य के दौरान राजस्व अमला केवल कार्यालयों तक सीमित न रहकर सीधे ग्रामीणों के बीच पहुंच रहा है। ग्राम पोंडी एवं पंचायत राता, ग्राम सोढ़ा मॉल, ग्राम कटंगसिवनी, ग्राम खैरानी सहित जिले के विभिन्न ग्रामों में आयोजित स्वामित्व रजिस्ट्री कैंप में पटवारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर हितग्राहियों के पंजीयन का कार्य किया जा रहा है। कई स्थानों पर नेटवर्क की उपलब्धता नहीं होने के कारण तकनीकी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, इसके बावजूद ग्रामीणों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इस उद्देश्य से कर्मचारी गांवों में ही पहुंचकर कार्य संपादित कर रहे हैं।

स्वामित्व योजना में मंडला जिले की प्रगति
मंडला जिले में स्वामित्व योजना के अंतर्गत अभी तक कुल 1,035 ग्रामों के 66,971 प्लॉट एवं 73,415 हितग्राही शामिल हैं। इनमें से 26,609 प्रकरणों में कार्य पूर्ण किया जा चुका है, जो कुल लक्ष्य का 39.73 प्रतिशत है।
स्वामित्व योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को उनकी आबादी भूमि की रजिस्ट्री उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है। यह दस्तावेज न केवल संपत्ति पर उनके अधिकार को कानूनी पहचान देता है, बल्कि भविष्य में विभिन्न आर्थिक एवं शासकीय सुविधाओं का लाभ लेने में भी सहायक बन सकता है।
ग्रामीणों को रजिस्ट्री का दस्तावेज उपलब्ध कराने के इस महत्वपूर्ण कार्य में राजस्व अमले का मैदानी परिश्रम और प्रतिबद्धता सराहनीय है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और तकनीकी बाधाओं के बीच भी गांवों तक पहुंचकर कार्य करना प्रशासन की जनहित के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

