मंडला 14 नवंबर, बाल दिवस के अवसर पर कान्हा टाइगर रिजर्व में बच्चों के उत्साह, रचनात्मकता एवं सर्वांगीण विकास को समर्पित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रातः कान्हा प्रबंधन द्वारा संचालित भूरसिंह विद्यालय, मुक्की में स्कूली बच्चों द्वारा वन्यजीवों की थीम पर आकर्षक फैंसी ड्रेस प्रस्तुति दी गई। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने विभिन्न वन्यजीवों के रूप धारण कर उनके महत्व एवं संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
इसके पश्चात कान्हा टाइगर रिजर्व के मोतीनाला बफर परिक्षेत्र अंतर्गत इको विकास समिति खुर्सीपार में नवनिर्मित ‘कान्हा बाल उद्यान’ का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मध्यप्रदेश वन विभाग की प्रधान मुख्य वन संरक्षक डॉ. समिता राजोरा, सेवानिवृत्त भारतीय वन सेवा अधिकारी श्री संजय मोहन, श्री हेमंत कुमार, क्षेत्र संचालक कान्हा टाइगर रिजर्व श्री रविंद्र मणि त्रिपाठी, उप संचालक श्री प्रकाश कुमार वर्मा, भारतीय वन्यजीव संस्थान के वन्यजीव वैज्ञानिक श्री प्रशांत महाजन सहित कान्हा टाइगर रिजर्व के सहायक संचालक सिझोरा एवं मलाजखंड, परिक्षेत्र अधिकारी सिझोरा, गढ़ी एवं मोतीनाला तथा अन्य वन अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
ग्राम सरपंच एवं पंचायत प्रतिनिधियों, इको विकास समितियों के अध्यक्षों, समिति सदस्यों एवं बच्चों की उपस्थिति में प्रधान मुख्य वन संरक्षक डॉ. समिता राजोरा द्वारा फीता काटकर ‘कान्हा बाल उद्यान’ का लोकार्पण किया गया तथा इसे बच्चों को समर्पित किया गया। इस बाल उद्यान का निर्माण इको विकास समिति खुर्सीपार द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को सुरक्षित वातावरण में खेलने, मनोरंजन करने एवं विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से कराया गया है।
इस अवसर पर इको विकास समिति द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण पहल की गई। ग्रामीण बच्चों को विद्यालय में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समिति द्वारा डेस्क एवं बेंच प्रदान किए गए, जिन्हें कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंधन को सौंपा गया। इसके अतिरिक्त बच्चों को जूते, मोजे, पानी की बोतल, टिफिन बॉक्स एवं लेखन सामग्री का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान मुख्य वन संरक्षक डॉ. समिता राजोरा ने बाल उद्यान निर्माण की अभिनव पहल के लिए इको विकास समिति खुर्सीपार के सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा एवं खेलकूद की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में समिति द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस दौरान वन एवं वन्यजीव संरक्षण में स्थानीय समुदायों की भूमिका, ‘बाघिन दीदी’ कार्यक्रम की संकल्पना, वन्यजीव संरक्षण में महिलाओं की भागीदारी एवं महत्व तथा मानव-वन्यजीव द्वंद्व को कम करने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम में ग्रामीणों द्वारा पारंपरिक लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिसने आयोजन को स्थानीय संस्कृति एवं सामुदायिक सहभागिता से जोड़ते हुए विशेष बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में क्षेत्र संचालक श्री रविंद्र मणि त्रिपाठी द्वारा इको विकास समिति खुर्सीपार के सदस्यों एवं ग्रामीणों का वन एवं वन्यजीव संरक्षण में निरंतर सहयोग एवं सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया गया।
बाल दिवस के अवसर पर आयोजित ये दोनों कार्यक्रम कान्हा टाइगर रिजर्व प्रबंधन की उस प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं, जिसके अंतर्गत वन एवं वन्यजीव संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय समुदायों के बच्चों की शिक्षा, रचनात्मकता, सुरक्षित वातावरण एवं बेहतर भविष्य के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
