मंडला, 20 नवम्बर 2026
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ के अंतर्गत कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने शुक्रवार को मवई विकासखंड का विस्तृत दौरा कर विभिन्न शासकीय संस्थानों एवं विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन छात्रावास, आंगनवाड़ी केंद्र, प्राथमिक शाला, उचित मूल्य दुकान तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भ्रमण के क्रम में सर्वप्रथम कलेक्टर श्री धोटे ने ग्राम बर्रई में निर्माणाधीन छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का अवलोकन करते हुए कार्य एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण में उच्च गुणवत्ता युक्त सामग्री का ही उपयोग सुनिश्चित किया जाए और कार्य को समय-सीमा में पूर्ण करें।
शासकीय उचित मूल्य दुकान घुटास के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने वहां उपस्थित हितग्राहियों से सीधा संवाद कर खाद्यान्न की गुणवत्ता और निर्धारित मात्रा के वितरण के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने दुकान की स्टॉक पंजी एवं वितरण पंजी का बारीकी से अवलोकन किया और संचालक को शासन के नियमानुसार पारदर्शी वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ओपीडी, दवा वितरण कक्ष, उमंग काउंसलिंग सेंटर, ई-वैक्सीन कक्ष तथा पैथोलॉजी लैब की व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने कहा कि इस स्वास्थ्य केंद्र पर आसपास के अनेक ग्रामों की बड़ी आबादी निर्भर है, अतः यहां पदस्थ सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की नियमित और समय पर उपस्थिति अत्यंत आवश्यक है। इसके पश्चात कलेक्टर ने प्राथमिक शाला पटपरा (बर्रई) पहुंचकर विद्यालय परिसर और कक्षाओं का अवलोकन किया। तत्पश्चात उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र पटपरा (बर्रई) का निरीक्षण कर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से बच्चों को दिए जाने वाले नाश्ते, गर्म भोजन, टीकाकरण और नियमित वजन की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय पर और सुचारू रूप से संचालित की जाएं।
भ्रमण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, एसडीएम बिछिया श्री कुलदीप पटेल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.जे. मोहन्ती सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
