मंडला, 20 नवम्बर 2026
जनविश्वास अभियान के सफल क्रियान्वयन के उद्देश्य से कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने आज जिला स्तरीय, ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों-कर्मचारियों एवं ग्राम पंचायतों के अमले की संयुक्त बैठक आयोजित कर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में कलेक्टर श्री धोटे ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासन की सभी हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित रूप से प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही त्वरित एवं प्रभावी निराकरण किया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि जनविश्वास अभियान का मुख्य उद्देश्य शासकीय सेवाओं को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनसुलभ बनाना है। उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को पूर्ण संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने विभागवार लंबित सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की भी समीक्षा की और शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण एवं त्वरित निराकरण करने के लिए अधिकारियों को पाबंद किया।
आवास योजना और ई-केवाईसी शत-प्रतिशत पूर्ण करने पर जोर
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री धोटे ने पंचायतवार कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा के तहत लेबर बजट तथा हितग्राहियों की ई-केवाईसी का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बिछिया श्री कुलदीप पटेल सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
