मण्डला 12 अक्टूबर 2020
कलेक्टर हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में कृषि विभाग के अंतर्गत आत्मा विभाग की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने कहा कि कृषि में नवाचार के लिए शासन से जारी राशि का उपयोग नियमानुसार करें। उन्होंने अलग-अलग मदों के लिए शासन से जारी राशि की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने आगामी रबी सीजन में प्रदर्शन एवं अन्य उपयोग के लिए प्राप्त राशि के उपयोग के लिए बनाई जा रही कार्ययोजना पर चर्चा की। श्रीमती सिंह ने विकासखंडवार प्रदर्शन के लिए जारी राशि और कार्ययोजना के बारे में पूछा। उन्होंने हरा चारा, मशरूम कल्टीवेशन के लिए कृषि विज्ञान केन्द्र में प्रशिक्षण आयोजित करने की बात कही। उन्होंने आत्मा परियोजना के लक्ष्य की संपूर्ण जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने नैनपुर क्षेत्र में अधिकतम मात्रा में रासायनिक खाद के अधिकतम उपयोग को देखते हुए इसे कम करते हुए ऑर्गेनिक खेती करने संबंधी कार्ययोजना बनाने की बात कही। बैठक में जिला पंचायत सीईओ तन्वी हुड्डा, उपसंचालक कृषि एसएस मरावी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
