मण्डला 22 दिसम्बर 2020
छात्रों की शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने के लिए कलेक्टर हर्षिका सिंह द्वारा जिले में प्रोजेक्ट नई उड़ान का संचालन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत शिक्षकों की शिक्षण गुणवत्ता में उन्नयन हेतु शिक्षकों के ऑनलाइन मासिक प्रशिक्षण दिनांक 7 दिसंबर से 22 दिसंबर तक आयोजित किए गए। जिले के हाईस्कूल और हायर सेकंडरी विद्यालयों में अध्यापन करने वाले शिक्षकों को सामान्य शैक्षणिक और विषय विशिष्ट सामग्री पर प्रशिक्षण प्रदान किए गए। जिला शिक्षा अधिकारी निर्मला पटले एवं अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक मुकेश पाण्डेय से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रत्येक प्रशिक्षण में विषय शिक्षकों को शिक्षण की तकनीकों से परिचित कराया गया। इन प्रशिक्षणों में शिक्षकों को अध्यापन में आ रही विषय व शिक्षण संबंधी समस्याओं का चिन्हांकन कर उनका समाधान किया गया। प्रथम दिवस अंग्रेजी और हिन्दी विषय का प्रशिक्षण आयोजित किया गया जिनमें क्रमशः 69 और 97 शिक्षक उपस्थित रहे। अंग्रेजी विषय में मास्टर ट्रेनर शिवशंकर पांडेय, अखिलेश उपाध्याय और चौन सिंह कुशरो ने शिक्षकों को पाठ्यक्रम अनुरूप व्याकरण और प्रश्नाभ्यास सिखाने की तकनीकों को समझाया। हिन्दी विषय के मास्टर ट्रेनर शक्ति पटेल ने हिन्दी साहित्य के इतिहास एवं समास के बारे में शिक्षकों को समझाया। इससे संबंधित पैडागौजी को भी उन्होने समझाया। राजनीति विज्ञान का प्रशिक्षण अशोक चन्द्रौल और दिनेश खंडवाहे ने दिया जिसमें 24 शिक्षक उपस्थित रहे। इसी प्रकार डॉ. कमलेश हरदहा और प्रमोद शुक्ल ने संस्कृत, देवेंद्र चौरसिया और राकेश चौरसिया ने गणित, महेंद्र चौधरी और लखन लाल शुक्ला ने सामाजिक विज्ञान, सोमशंकर पाण्डेय और नवीन चौरसिया ने विज्ञान, सुभाष चंद्र चतुर्वेदी, संतोष कुमार साहू और राकेश चौरसिया ने भौतिकी, अभित गुप्ता और सोमशंकर पांडेय ने रसायन, सुनीता बैरागी और डॉ. शेषमणी गौतम ने जीवविज्ञान, राजेन्द्र शुक्ला और असीत लोध ने लेखाशास्त्र एवं व्यवसाय अध्ययन, योगेश श्रीवास्तव और संतोष तांडिया ने भूगोल, जयनारायण मिश्रा और विभा मिश्रा ने अर्थशास्त्र, महेंद्र चौधरी और कमल मरावी ने इतिहास का प्रशिक्षण दिया। आईसीटी नोडल शक्ति पटेल से प्राप्त जानकारी के अनुसार संस्कृत में 72, गणित में 82, सामाजिक विज्ञान में 96, विज्ञान में 101, भौतिकी में 21, रसायन में 28, जीवविज्ञान में, लेखाशास्त्र एवं व्यवसाय अध्ययन में 19 भूगोल में 22, अर्थशास्त्र में 27और इतिहास में 28 शिक्षक उपस्थित रहे। सम्पूर्ण प्रशिक्षण में तकनीकी सहयोग इकबाल खान, सुमित कुशवाहा एवं अंकुश चौरसिया ने दिया।
बोर्ड परीक्षा की तैयारियो को लेकर दिए गए निर्देश
21 दिसंबर को स्कूल ओपनिंग एवं शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने के उदेश्य से जिले के विद्यालय के प्राचार्यों और शिक्षकों की व्हीसी आयोजित की गई। जिला शिक्षा अधिकारी निर्मला पटले ने सभी प्राचार्यों और शिक्षकों को स्कूल ओपनिंग से संबंधित गाइडलाइन को विस्तार से बताया। उन्होने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी को लेकर आवश्यक शिक्षण कार्य कराया जावे। प्रतिदिन कम से कम 5 विद्यालयों को ऑनलाइन मॉनिटरिंग करने संबंधी प्रक्रिया को भी उन्होने प्राचार्यों और शिक्षकों से साझा किया। एपीसी (रमसा) मुकेश पांडेय ने कक्षाओं के पाठ्यक्रम और परीक्षा परिणाम बढ़ाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। व्हीसी में 180 प्राचार्य एवं 272 शिक्षक उपस्थित रहे।
