Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

एथलेटिक्स प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने जमकर दिखाया उत्साह जिला मास्टर्स एथलेटिक्स संघ का आयोजन

मंडला। रविवार को स्थानीय महात्मा गांधी मैदान में मंडला जिला मास्टर्स एथलेटिक्स संघ द्वारा एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। संघ की जिलाध्यक्ष सुश्री मिनी सिंह इंटरनेशनल गोल्ड मेडलिस्ट, उपाध्यक्ष जमुना उइके, सचिव नेकेश्वर पटैल, कोषाध्यक्ष मिली सिंह ने बताया कि कार्यक्रम की शुरूआत नगरपालिका अध्यक्ष पूर्णिमा अमित शुक्ला द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ की गई। कार्यक्रम का समापन देर शाम किया गया।
उम्र को पीछे छोड़ खूब दौड़े खिलाड़ी
संघ की जिलाध्यक्ष सुश्री मिनी सिंह ने बताया कि अब तक आमतौर युवाओं के लिए प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता रहा है। लेकिन जिन्होंने अपना जीवन खेल को समर्पित किया और उम्रदराज होने के बाद भी खेल से दूर नहीं हुए हैं ऐसे लोगों के लिए जिला मास्टर्स एथलेटिक्स संघ द्वारा प्रतियोगिता का आयोजन करने का निश्चय किया गया था।
महात्मा गांधी मैदान में मंडला सहित जबलपुर, सिवनी सहित कई अन्य जिलों से बड़ी संख्या में खिलाड़ी शामिल हुए थे। प्रतियोगिता में कई 60 से 80-90 वर्ष तक के महिला, पुरूष खिलाड़ी शामिल थे, जिन्होंने दौड़, गोला फेंक, लंबी कूद, 5000 मीटर तक की पैदल चाल, तेज दौड़ जैसे प्रतियोगिताओं में बढ़चढ़कर भाग लिया। कई उम्र दराज हो चुके खिलाड़ियों को तेज दौड़ते हुए देखकर एक बार के लिए तो युवा भी दांतों तले अंगुलियां चबाने को मजबूर हो गए थे।
विभिन्न प्रतिभाओं के धनी हैं खिलाड़ी
इस प्रतियोगिता में शामिल हुए खिलाड़ियों में गजब की जिंदादिली देखने को मिल रही थी। जबलपुर से आए 74 वर्षीय भगतराम सिंह ने बताया कि उन्होंने 5000 मीटर की वाकिंग प्रतियोगिता में भाग लिया और तीसरा स्थान प्राप्त किया। वे स्वयं को फिट रखने के लिए रोजाना 8 से 10 किमी तक पैदल चलते हैं। वे वर्ष 2018 में हुई एथलेटिक्स प्रतियोगिता में वे शामिल हो चुके हैं।
इसी तरह सिवनी जिले से आए 83 वर्षीय छिद्दी लाल श्रीवास ने बताया कि उन्होंने मंडला में आयोजित हुई इस प्रतियोगिता में गोला फेंक में भाग लिया है जिसमें उन्हें पहला स्थान मिला। श्री श्रीवास ने बताया कि वे रोजाना करीब 10 किमी साइकिल चलाकर अपने शरीर को स्वस्थ रखते हैं। इसी के चलते पिछले करीब 10 सालों में उन्हें किसी भी डाॅक्टर की जरूरत नहीं पड़ी है। श्री श्रीवास ने बताया कि वर्ष 2019 में दिल्ली में आयोजित होने वाली एथलेटिक्स प्रतियोगिता में उन्हें 100 मीटर की दौड़ और गोला फेंक में पहला स्थान मिला था।
खेल के साथ अभिनय में भी पाया मुकाम
जबलपुर से आई विनीता मालवीय मंडला एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गोला फेंक में पहले स्थान पर रही। विनीता ने बताया कि वे व्यायाम, योग के द्वारा अपने शरीर को फिट और स्वस्थ बनाए रखती हैं। खेल के साथ अभिनय में भी उनकी रूचि रही है। इनके अच्छे अभिनय को देखते हुए राजनीति, सत्याग्रह, आरक्षण जैसी बड़े बैनर की फिल्मों में काम करने का अवसर मिला है। वर्तमान में वेब सीरीज में भी काम कर रही हैं जिसकी सूटिंग मुम्बई सहित देश के कई अलग-अलग हिस्सों में चल रही है।
हुआ समापन
कार्यक्रम का समापन रविवार की शाम को ही किया गया। विभिन्न प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र, कप देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल की तैनात महात्मा गांधी मैदान में की गई थी। इसी के साथ तेज धूप, गर्मी के बीच खिलाड़ियों के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए एथलेटिक्स संघ द्वारा जिला अस्पताल के सहयोग से एंबुलेंस और डाॅक्टर की व्यवस्था भी रखी गई थी। संपूर्ण आयोजन कोरोना की गाईड लाइन का पालन करते हुए आयोजित किए गए।

 

 

Related posts

टंटया मामा आर्थिक कल्याण योजना हेतु आवेदक संपर्क करें

Reva India News

बकाया संपत्तिकर एवं जलकर पर छूट अधिभार प्राप्त करें

Reva India News

28 को गृह प्रवेश कार्यक्रम तथा 29 को रोजगार मेला तथा स्वच्छता सर्वेक्षण कलेक्टर ने ली तैयारियों के संबंध में बैठक  

Reva India News

Leave a Comment