Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

15 अगस्त के आयोजन संबंधी बैठक संपन्न

मण्डला 10 अगस्त 2020

कलेक्टर हर्षिका सिंह की अध्यक्षता में 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के आयोजन संबंधी बैठक आयोजित की गई। बैठक में एडीएम मीना मसराम, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय मुख्य समारोह महात्मा गांधी स्टेडियम ग्राउंड मंडला में आयोजित किया जाएगा। एसडीएम मंडला एवं सीएमओ नगरपालिका मुख्य समारोह के आयोजन के लिए आयोजन स्थल में जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।   उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में ध्वजारोहण कर अपने कार्यालय के स्टॉफ सहित मुख्य कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित होंगे। श्रीमती सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि ध्वजारोहण के दौरान ध्वजसंहिता का कड़ाई से पालन करें तथा राष्ट्रध्वज के सम्मान के लिए निर्धारित सभी जरूरी दिशा-निर्देशों का पालन करें। कलेक्टर ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान कोविड प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करें। उन्होंने सीएमएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह को कार्यक्रम स्थल में मॉस्क, सेनेटाईजर सहित जरूरी स्टॉफ की ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान के लिए भी निर्देशित किया। श्रीमती सिंह ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों के नाम 10 अगस्त तक एडीएम कार्यालय में भेजें। इसी प्रकार आजादी की 75वी वर्षगांठ पर, पंचायतों तथा वार्डों को शतप्रतिशत कोविड वैक्सीनेशन कराने का लक्ष्य रखें। अंकुर कार्यक्रम के तहत् सभी नागरिक अपने स्तर पर एक पौधा रोपकर उसे पोर्टल पर अपलोड करें।

 

 

स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन के लिए दिशा-निर्देश

 

15 अगस्त 2021 को स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया जाना है। इस वर्ष नोवल कोरोना वायरस (कोविड-19) संक्रमण के कारण कार्यक्रमों की रूपरेखा के अनुसार राज्य स्तर, जिला, जनपद पंचायत, पंचायत मुख्यालयों पर कार्यक्रम निम्नानुसार होंगे। राज्य स्तर पर माननीय मुख्यमंत्री जी द्वारा प्रातः 9 बजे के पूर्व शौर्य स्मारक में पुष्प अर्पित किए जाएंगे। तत्पश्चात प्रातः 9 बजे माननीय मुख्यमंत्री जी मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में ध्वजारोहण करेंगे एवं प्रदेश की जनता को संबोधित करेंगे। पुलिस, एस.ए.एफ., सी.आई.एस.एफ, जेल गार्ड, होम गार्ड, की संयुक्त परेड आयोजित की जाएगी। संयुक्त परेड द्वारा माननीय मुख्यमंत्री जी को ’गार्ड आफ ऑनर’ दिया जाएगा।

जिला स्तर पर माननीय विधान सभा अध्यक्ष या मंत्री द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा, जिसकी जिलेवार सूची सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी की जाएगी। प्रतिवर्ष अनुसार राष्ट्र गान एवं पुलिस, होमगार्ड्स, एसएएफ इत्यादि द्वारा परेड का आयोजन किया जाएगा। मुख्य अतिथि द्वारा माननीय मुख्यमंत्री जी के संदेश का वाचन किया जाएगा। संदेश के अलावा कोई वाचन नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा सुनिश्चित की जाए। जिला पंचायत कार्यालय में जिला पंचायत अध्यक्ष, प्रशासनिक समिति के प्रधान द्वारा औपचारिक रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा कार्यक्रम में राष्ट्र गान गाया जाएगा। जनपद पंचायत कार्यालय में जनपद पंचायत अध्यक्ष, प्रशासनिक समिति के प्रधान द्वारा औपचारिक रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा कार्यक्रम में राष्ट्रगान गाया जाएगा।

ग्राम पंचायत कार्यालय में सरपंच, प्रशासनिक समिति के प्रधान द्वारा औपचारिक रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा कार्यक्रम में राष्ट्रगान गाया जाएगा। ऐसे जिला पंचायत, जनपद पंचायत, ग्राम पंचायत जहां निर्वाचित अध्यक्ष, प्रशासनिक समिति के प्रधान उपलब्ध नहीं होने की दशा में कार्यालय प्रमुख द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। नगर निगम, नगर पालिका, नगर परिषद कार्यालय में महापौर, अध्यक्ष (जहां निर्वाचित महापौर और अध्यक्ष कार्यरत हैं) द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। शेष नगरीय निकायों में आयुक्त/मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। जिले से संबंधित सभी माननीय संसद सदस्य, विधायकगण, महापौर, पार्षद एवं अन्य नागरिकों को सम्मान पूर्वक आमंत्रित किया जाए।

सभी शासकीय कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाए। कार्यालय प्रमुख द्वारा प्रातः 8 बजे अपने विभाग के अधिकारी/कर्मचारी को एकत्रित कर कार्यालय भवन पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे तथा इस अवसर पर राष्ट्र गान गाया जाएगा। समस्त शिक्षण संस्थाओं में पूर्व वर्षों की भांति प्रातः 8 बजे या इसके पूर्व ध्वजारोहण व राष्ट्रगान का सामूहिक गान किया जाए। स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में स्कूली बच्चों को शामिल नहीं किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर प्राथमिक चिकित्सा की आवश्यक व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। कार्यक्रम स्थल पर हैण्ड सेनेटाइजर, मॉस्क एवं सामाजिक दूरी आदि का विशेष ध्यान रखा जाए। विभिन्न समाचार पत्रों में स्वतंत्रता दिवस पर जारी किए जाने वाले विज्ञापनों को स्वतंत्रता संग्राम के संदेशों पर केन्द्रित किया जाएगा एवं विज्ञापनों को इस प्रकार नियोजित किया जाए कि 15 अगस्त 2021 को प्रदेश के समाचार पत्रों में शहीदों जिसमें मध्यप्रदेश के शहीद भी शामिल हो, के सम्बन्ध में संदेश प्रसारित हो।

स्वतंत्रता दिवस 2021 के अवसर पर प्रदेश में स्थित मुख्य सार्वजनिक भवनों एवं राष्ट्रीय महत्व की इमारतों में दिनांक 14 एवं 15 अगस्त 2021 रात में प्रकाश की व्यवस्था की जाए। इस संबंध में होने वाला व्यय संबंधित प्रशासकीय विभाग अपने विभागीय बजट से करेगें। कोविड-19 को दृष्टिगत रखते हुए समस्त कलेक्टरों के द्वारा या उनके द्वारा नामित प्रतिनिधि द्वारा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल में शहीद हुए सैनिकों के परिवारों एवं प्रदेश के लोकतंत्र सेनानियों को घर जाकर शाल, श्रीफल से सम्मानित किया जाए। नोवल कोरोना वायरस (कोविड-19) संकमण के संबंध में जारी भारत सरकार, गृह मंत्रालय और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा कोविड-19 से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों एवं राज्य शासन द्वारा समय-समय पर जारी किए गए निर्देशों का कडाई से पालन सुनिश्चित किया जाए

Related posts

4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत

Reva India News

आपकी पूंजी आपका अधिकार अंतर्गत बैंकर्स एवं विभागीय अधिकारियों की बैठक आयोजित

Reva India News

कस्टम हायरिंग सेंटर भैंसवाही में वाटरशेड महोत्सव आयोजित

Reva India News

Leave a Comment