Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार 30 अगस्त 2021

प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह का मंडला आगमन 3 सितम्बर को

 

मण्डला 30 अगस्त 2021

प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा मंडला जिले के प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह का 3 सितम्बर को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री बिसाहूलाल सिंह 3 सितम्बर को प्रातः 11 बजे अनूपपुर से मंडला के लिए प्रस्थान कर सायं 4 बजे मंडला पहुंचेंगे एवं पार्टी पदाधिकारियों एवं समस्त मोर्चाओं के अध्यक्ष एवं पदाधिकारियों के साथ बैठक लेंगे एवं रात्रि विश्राम करेंगे। प्रभारी मंत्री 4 सितम्बर को प्रातः 11 बजे कलेक्ट्रेट कार्यालय में विभिन्न विभागों के विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। वे दोपहर 3 बजे मंडला से अनूपपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

 

जिले में अब तक 716.2 मिमी. औसत वर्षा दर्ज

 

जिले में इस वर्ष एक जून से 30 अगस्त के दौरान 716.2 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 1112.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 396.2 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 अगस्त को मंडला में 17.4, नैनपुर में 27.3, बिछिया में 4.1, निवास में 5.8, घुघरी में 18.2, नारायणगंज में 59.7 मिमी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार 30 अगस्त को जिले में 22 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण एवं संशोधन से संबंधित बैठक 31 को

 

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी म.प्र. भोपाल के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण कार्यक्रम 2022 के अंतर्गत प्रारूप प्रकाशन के पूर्व मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण करने के निर्देश दिये गये हैं। आयोग के उक्त निर्देशों के पालन में मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण, संशोधन के संबंध में 31 अगस्त को दोपहर 12 बजे कार्यालय कलेक्टर सभाकक्ष (गोल मेज) में बैठक आहुत की गई है।

 

 

 

 

रोजगार मेला का आयोजन 31 अगस्त को

 

जिला रोजगार अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार इच्छुक बेरोजगार युवक-युवतियाँ (उम्र 18-35 वर्ष एवं योग्यता-कक्षा 8वीं से स्नातक एवं आई.टी.आई उत्तीर्ण) को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 31 अगस्त को कैम्पस ड्राईव का आयोजन जिला रोजगार कार्यालय मंडला के परिसर में दोपहर 12 बजे से सायं 4 बजे तक किया गया है। मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कम्पनियों के द्वारा रोजगार के अवसर प्रदान किये जायेंगे। इच्छुक आवेदक रोजगार मेले में अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, दो फोटोग्राफ एवं अन्य दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए कोई मार्ग व्यय देय नहीं होगा।

 

 

 

 

ऑनलाईन छात्रवृत्ति आवेदन भरने की अंतिम तिथि 31 अगस्त

 

सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण ने बताया कि समस्त शासकीय, अशासकीय संस्थाओं के संस्था प्रमुख एवं विद्यार्थियों को सूचित किया जाता है, कि पिछड़ा वर्ग पोस्टमैट्रिक छात्रवृत्ति हेतु संचालित मध्यप्रदेश छात्रवृत्ति पोर्टल 2.0 शैक्षणिक सत्र 2020-21 पर विद्यार्थियों द्वारा ऑनलाईन छात्रवृत्ति आवेदन भरने की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2021 निर्धारित की गयी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी समयावधि में छात्रवृत्ति आवेदन भरना सुनिश्चित करें।

 

 

 

 

 

पशुमालिकों पर होगी कार्यवाही

 

मुख्य नगरपालिका अधिकारी नगर पालिका परिषद से प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पालिका मण्डला के द्वारा जिले के पशुमालिकों से अपील की गई है कि अपने-अपने पशुओं को घर पर बांधकर अपने नियंत्रण में रखें। जिले के पशु मालिकों से अपील की गई है कि दो बार किसी भी मवेशी के कांजीहाउस में बंद होने पर पशु मालिक के खिलाफ म.प्र. न.पा.अधि. 1961 की धारा 233 के तहत न्यूसेंस की कार्यवाही की जायेगी जिसकी समस्त जिम्मेदारी पशु मालिक की होगी। शहर के मुख्य मार्गों से आवारा मवेशियों को रात्रि में सफाई कर्मचारियों के द्वारा पकड़कर (हाकागैंग) के माध्यम से कांजी हाउस में बंद किया जायेगा। साथ ही दिन में सफाई कर्मचारियों का दल शहर के मुख्य मार्ग से मवेशियों को काऊ कैचर में पकड़कर शहर के बाहर छोड़ा जायेगा।

 

 

 

 

मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया से बचाव के लिए जानकारी

 

मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों से बचाव के लिए मच्छरों की वृद्धि रोकने अपने घर व आस-पास पानी इकट्ठा नहीं होने दें। कबाड़ या पात्रों में बारिश का भरा पानी सप्ताह में एक बार अवश्य खाली करें व मच्छरों से बचाव करें। सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें। पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें। मच्छर भगाने वाले साधन जैसे- क्रीम, क्वाइल, रिपेलेन्ट इत्यादि का उपयोग करें। टायर, कबाड़, सामान ढंक्कर रखें तथा इनमें पानी इकट्ठा नहीं होने दें। बुखार आने पर तत्काल स्वास्थ्य केन्द्र में जांच करायें। जैसा कि विदित है कि वर्षाकाल में जगह-जगह पानी इकट्ठा हो जाता है तथा घर व आसपास पानी कन्टेनर व कबाड़ सामान, टायर, टंकी, मटके, गमले, कूलर इत्यादि में जमा पानी में मच्छर अंडे देकर वृद्धि करते हैं जिनके काटने से मलेरिया डेंगू चिकुनगुनिया बीमारी फैलने की संभावना होती है।

ऐसे जलपात्रों में भरा पानी सप्ताह में एक बार अवश्य खाली करें जिससे इनमें पनप रहे मच्छर के लार्वा नष्ट हो जाएं तथा मच्छरों की वृद्धि रुक जाए। मच्छर से फैलने वाली बीमारी मलेरिया में सामान्यतः बुखार, कमजोरी हाथ पैर में दर्द, उल्टी आना जैसे लक्षण हो सकते हैं तथा डेंगू, चिकुनगुनिया बीमारी संक्रमित व्यक्ति में सामान्यतः बुखार सिर व आखों में दर्द, हाथ पैर में दर्द, उल्टी आना, शरीर पर चकत्ते आना जैसे लक्षण हो सकते हैं। ऐसे में मरीज को तत्काल नजदीकि स्वास्थ्य केन्द्र में खून जांच व स्वास्थ्य परीक्षण कराना चाहिए तथा चिकित्सकीय परामर्श से दवा का पूर्ण सेवन करना चाहिये।

 

 

 

आकाशीय बिजली से बचाव के लिए एडवाईजरी

 

बरसात के दिनों में आकाशीय बिजली अक्सर जानलेवा साबित होती है। खेतों में काम करने वाले, पेड़ों के नीचे पनाह लेने वाले, तालाब में नहाते समय बिजली चमकने पर इसकी आगोश में आने की संभावना अधिक रहती है। आकाशीय बिजली से बचाव के कुछ उपाय ऐसे हैं जिससे  बचा जा सकता है। राज्य सरकार के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा लोगों को सतर्क रहने के लिए दिशा-निर्देश जारी किया गया है।

आकाशीय बिजली कड़कने पर यदि घर के भीतर हों तो बिजली से संचालित उपकरणों से दूर रहें, तार वाले टेलीफोन का उपयोग नहीं करना चाहिए। खिड़कियां व दरवाजे बंद कर दें,बरामदे और छत से दूर रहें। इसके अलावा ऐसी वस्तुएं जो बिजली के सुचालक हैं उनसे भी दूर रहना चाहिए। धातु से बने पाइप, नल, फव्वारा, वाश बेसिन आदि के संपर्क से दूर रहना चाहिए।

इसी तरह जब आप घर के बाहर हैं तब वृक्ष  जो बिजली को आकर्षित करते हैं। बिजली चमकते समय वृक्ष के नीचे न खड़े रहें, ऊंची इमारतों वाले क्षेत्र में आश्रय न लें, समूह में खड़े होने के बजाय अलग-अलग हो जाएं। किसी मकान में आश्रय लेना बेहतर है। सफर के दौरान अपने वाहन में ही रहें। मजबूत छत वाले वाहन में रहें, खुली छत वाले वाहन की सवारी न करें, बाहर रहने पर धातु से बने वस्तुओं का उपयोग न करें। बाइक, बिजली या टेलीफोन का खंभा तार की बाड़ और मशीन आदि से दूर रहें। तालाब और जलाशयों से दूर रहें यदि आप पानी के भीतर हैं, अथवा किसी नाव में हैं तो तुरंत बाहर आ जाएं। सिर के बाल खड़े हो जाएं तो समझिए बिजली गिरेगी। यदि आकाशीय बिजली चमक रही है और आपके सिर के बाल खड़े हो जाएं व त्वचा में झुनझुनी होने लगे तो फौरन नीचे झुककर कान बंद कर लें। क्योंकि यह इस बात का सूचक है कि आपके आस-पास बिजली गिरने वाली है।

 

आकाशीय बिजली गिरने पर क्या करें-

 

बिजली का झटका लगने पर जरूरत के अनुसार व्यक्ति को सीपीआर, कार्डियो पल्मोनरी रेसिटेंशन यानि कृत्रिम सांस देनी चाहिए। तत्काल प्राथमिक चिकित्सा देने की व्यवस्था करनी चाहिए।

 

 

 

 

 

पोषण अभियान अंतर्गत सितंबर माह में राष्ट्रीय पोषण का होगा आयोजन

 

पोषण अभियान प्रधानमंत्री की सुपोषित भारत (कुपोषण मुक्त भारत) की परिकल्पना को लक्षित करते हुए विभिन्न विभागों के समन्यय से संचालित किया जाने वाला अभियान है। आंगनवाड़ी केंद्रों द्वारा दी जाने वाली सेवाओं में सुधार एवं पोषण आहार के संचालन हेतु जन आंदोलन एवं सामुदायिक सहभागिता इसके मुख्य घटक है। इस लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए प्रतिवर्ष सितंबर माह में विभिन्न विभागों के समन्वय से पोषण माह का आयोजन किया जाता है। चौथा राष्ट्रीय पोषण माह सितंबर 2021 में आयोजित किया जाएगा। पोषण माह के दौरान महिला बाल विकास विभाग विभिन्न गतिविधियों के आयोजन हेतु नोडल विभाग की भूमिका के रूप में कार्य करेगा। इस वर्ष पोषण माह की थीम – ’कुपोषण छोड़ पोषण की ओर – थामे क्षेत्रीय भोजन की डोर’ है।

पोषण माह के आयोजन में कोविड-19 के दिशा-निर्देश, मॉस्क का उपयोग, उचित दूरी. हाथों की बार-बार सफाई एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुये कार्यक्रमों का आयोजन किया जाये।

 

Related posts

कार्यों में मानक स्तर एवं समय सीमा का ध्यान रखें – डॉ. सिडाना कलेक्टर ने किया सड़क चौड़ीकरण, रेवांचल पार्क एवं गोकुलधाम तालाब के सौन्दर्यीकरण तथा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट आदि कार्यों का निरीक्षण

Reva India News

जिला पंचायत सीईओ तन्वी हुड्डा ने सुनी समस्याएं

Reva India News

मध्यप्रदेश राज्य जैवविविधता क्विज प्रथम चरण कार्यक्रम सम्पन्न

Reva India News

Leave a Comment