कलेक्टर ने की राजस्व प्रकरणों की समीक्षा
मण्डला 1 सितम्बर 2021
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले के राजस्व प्रकरणों की एवं लंबित शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम, 300 दिवस से अधिक की लंबित शिकायतें तथा सीएम हेल्पलाइन में लगाई गई राजस्व विभाग की शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी राजस्व अधिकारी 300 दिवस से अधिक की शिकायतों का प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित करेंगे। इसी प्रकार समाधान कार्यक्रम से संबंधित राजस्व विभागों की शिकायत को भी आगामी 2 से 3 दिनों में मिशन मोड पर निराकृत करें। श्रीमती सिंह ने तहसीलवार प्रकरणों की समीक्षा करते हुए संबंधित तहसीलदारों से प्रकरणवार जानकारी मांगी। उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का निराकरण राजस्व अधिकारी प्रतिदिन करना सुनिश्चित करेंगे तथा प्रतिदिन कलेक्टर कार्यालय को रिपोर्ट भी करेंगे।
श्रीमती सिंह ने कहा कि स्थल मुआयना से संबंधित प्रकरण में जिम्मेदार अधिकारी स्थल पर अनिवार्य रूप से जाएं तथा वस्तुस्थिति के आधार पर कार्यवाही सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने मंडला,निवास,बिछिया, नैनपुर के राजस्व प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने फसल नुकसान की जानकारी का गलत प्रतिवेदन प्रस्तुत करने पर संबंधित पटवारी को निलंबित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक प्रकोप से संबंधित प्रकरणों का निराकरण सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र में वैक्सीनेशन की गति बढ़ाने लोगों से संपर्क करें, जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें। इसी प्रकार आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य भी नियमित रूप से जारी रखें।
1 से 30 सितम्बर तक संचालित होगा पोषण माह अभियान
राज्यसभा सांसद ने किया पोषण माह का शुभारंभ
राज्यसभा सांसद श्रीमती संपतिया उईके ने 1 सितम्बर से प्रारंभ हुए पोषण माह अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंडला विधायक देवसिंह सैयाम, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शैलेष मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्वेता तड़वे, परियोजना अधिकारी अनूप नामदेव, विभिन्न धर्मों के धर्मगुरू, सुकन्या समृद्धि योजना की हितग्राही बालिकाएं तथा संबंधित उपस्थित थे। शुभारंभ उद्बोधन में राज्यसभा सांसद श्रीमती संपतिया उईके ने कहा कि महिला बाल विकास विभाग द्वारा जिले में कुपोषण को दूर करने के लिए सराहनीय कार्य किया जा रहा है। इसी प्रकार विभाग ने कोविड काल में भी बेहतर कार्य किया है। श्रीमती उईके ने कहा कि 1 सितम्बर से प्रारंभ हुए पोषण माह के अंतर्गत हम सभी को अपने आस-पास के कुपोषित बच्चों, गर्भवती माताओं को पोषण आहार के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए उन्हें स्वस्थ जीवन के लिए जागरूक बनाना है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरूओं तथा समाजसेवियों के माध्यम से हम सभी को जिले से कुपोषण को कम करने के लिए कार्य करना है। राज्यसभा सांसद ने उपस्थितजनों को सुकन्या समृद्धि योजना का लाभ लेने की अपील की है। श्रीमती उईके ने कोसमघाट गांव की 100 बालिकाओं को सुकन्या समृद्धि योजना का लाभ दिलाने के लिए गोद लिया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक मंडला ने कहा कि पोषण माह के माध्यम से हम सभी को अपने आसपास मौजूद पोषक पौधों एवं सामग्री की जानकारी प्राप्त होती है। उन्होंने भवनविहीन आंगनवाड़ी केन्द्रों को जल्द भवन एवं आवश्यक भूमि दिलाने का सुझाव दिया। इसी प्रकार जिला पंचायत उपाध्यक्ष शैलेष मिश्रा ने कहा कि कुपोषण को दूर करने में हम सभी की सहभागिता आवश्यक है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कुपोषण को दूर करने तथा बच्चे एवं महिलाओं के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने प्रशंसनीय कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम के प्रारंभ में अनूप नामदेव ने पोषण माह अभियान के उद्देश्य एवं माह भर चलने वाली गतिविधियों की जानकारी दी। राज्यसभा सांसद ने सुकन्या समृद्धि योजना का लाभ ले रही बालिकाओं को सम्मानित किया। अतिथियों द्वारा पोषण माह अभियान के तहत् शपथ दिलाई गई साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषक सब्जियां, पोषक खाद्यान्न की जानकारी पर आधारित लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया गया। कार्यक्रम का संचालन अखिलेश उपाध्याय ने किया।
कलेक्टर ने किया ईव्हीएम वेयरहाऊस का मासिक निरीक्षण
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में स्थापित ईव्हीएम वेयरहाऊस का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी मीना मसराम, प्राचार्य पॉलीटेक्निक आरके परोहा, निर्वाचन शाखा से सीके तिवारी आदि उपस्थित रहे।
खाद्य विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न
सीएम हेल्पलाईन एवं समाधान प्रकरणों के संबंध में खाद्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि पात्रतापर्ची से संबंधित शिकायतों का निराकरण गंभीरता के साथ करें। पात्र व्यक्तियों को खाद्यान्न का लाभ देना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी जेएसओ से निकायवार सीएम हेल्पलाईन एवं समाधान प्रकरणों की जानकारी ली। श्रीमती सिंह ने सभी जीएसओ को निर्देशित किया कि पीडीएस का वितरण प्रतिशत बढ़ाएं। इसी प्रकार प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अंतर्गत खाद्यान्न वितरण लगातार सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने आगामी 7 सितम्बर को आयोजित किए जाने वाले अन्न उत्सव की तैयारियों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अन्न उत्सव की तैयारियां समय पूर्व सुनिश्चित करें। उन्होंने अन्न उत्सव के दौरान खाद्यान्न तथा बैग उपलब्धता की जानकारी ली।
श्रीमती सिंह ने उज्ज्वला योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि नए पात्र हितग्राहियों का चिन्हांकन जारी रखें। पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें योजना का लाभ देना सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी जीएसओ को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र की एजेंसियों एवं मैदानी अमले के साथ प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की जानकारी प्रसारित करें। इसी प्रकार अलग-अलग स्थानों पर कैम्प का आयोजन करें। ग्रामीण स्तर पर मुनादी करते हुए उज्ज्वला योजना की आवश्यक जानकारी प्रसारित करना सुनिश्चित करें। बैठक में जिला आपूर्ति अधिकारी सहित संबंधित उपस्थित थे।
सहायक कलेक्टर अग्रिम आनंदम विभाग के लिए जिले के नोडल
कलेक्टर कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार को राज्य आनंद संस्थान अध्यात्म विभाग मंडला का कार्य जिले में संपादित करने हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने उक्त संबंध में आदेश जारी कर दिये हैं।
आजीविका मिशन द्वारा 2 से रोजगार कैम्प लगाए जाएंगे
जिला परियोजना प्रबंधक म.प्र. डे राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन से प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन जिला मण्डला अतंर्गत विकाखण्ड स्तर पर म.प्र.राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन विकासखण्ड नारायणगंज द्वारा 1 सितम्बर को रोजगार केम्प आयोजित किया गया। एसआईएस कम्पनी अनुपपुर 46 एवं ट्राईफेड संस्था में 37 के युवक का प्राथमिक चयन किया गया। केम्प हेतु विकासखण्ड स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रचार किया गया एवं एसआईएस कम्पनी के द्वारा प्राथमिक चयन के साथ-साथ नियुक्ति पत्र भी प्रदान किया गया जिसमें प्रदान संस्था का सहयोग एवं समन्वय से सफल रोजगार मेला सम्पन हुआ। रोजगार कैम्प में विकासखण्ड प्रबंधक श्री श्रुतिसागर उपध्याय, राकेश झारिया, मजलता पड़वार, सरस्वती नीखर, प्रदान संस्था के कर्मचारी एवं एसआईएस कम्पनी से दिनेश शर्मा उपस्थिति रहे। आगामी रोजगार केम्प 2 सितम्बर को कार्यालय ग्रामीण आजीविका मिशन जनपद पंचायत घुघरी, 3 सितम्बर को मोहगांव, 6 सितम्बर को बिछिया एवं 7 सितम्बर को ग्रामीण आजीविका मिशन बीआरसी भवन मंडला में आयोजित किये जायेंगे।
माह के प्रथम मंगलवार को हेलो आशा फोन इन कार्यक्रम का प्रसारण
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. श्रीनाथ सिंह ने जानकारी दी कि माह के प्रथम मंगलवार को हेलो आशा फोन इन कार्यक्रम का प्रसारण आकाशवाणी भोपाल से विभाग द्वारा निंरतर चलाया जा रहा है। राष्ट्रीय मातृ स्वास्थ विषय पर 7 सितम्बर मंगलवार को दोपहर 1:15 से 2:15 बजे तक आकाशवाणी भोपाल से प्रसारित किया जायेगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने समस्त जन समुदाय से अपील की है की इसका लाभ अधिक से अधिक लोग उठाएं एवं जानकारी प्राप्त करें। कार्यक्रम प्रसारण के दौरान श्रोता आकाशवाणी के फोन नंबर 0755-2660902-2660903 पर सवाल पूछ कर अपनी शंका समाधान कर सकते हैं।
‘‘लक्ष्य‘‘ योजनान्तर्गत कक्षा 12वीं के छात्रों का फिजीकल टेस्ट सम्पन्न
स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा संचालित ‘‘लक्ष्य‘‘ योजनान्तर्गत पैरामिलिट्री एवं पुलिस फोर्स में भर्ती हेतु इच्छुक कक्षा 12वीं में अध्ययनरत बालक एवं बालिकाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया जाना है। इस हेतु जिले के विकासखण्ड मुख्यालय में संचालित विद्यालयों से बालक एवं बालिकाओं के आवेदन प्राप्त किये गये। विकासखण्ड स्तर से प्राप्त आवेदन के आधार पर मण्डला, नैनपुर, बीजाडांडी, मोहगांव एवं नारायणगंज विकासखण्ड मुख्यालय में आवेदित 293 बालक एवं 280 बालिकाओं को फिजीकल टेस्ट में सम्मिलित कराने हेतु प्राचार्यो को निर्देशित किया गया था। 31 अगस्त 2021 को शिक्षा विभाग, खेलकूद विभाग, पुलिस विभाग के सहयोग से विद्यार्थियों का फिजीकल टेस्ट दौड़, लम्बी कूद एवं ऊंची कूद का परीक्षण किया गया। फिजीकल टेस्ट में उत्तीर्ण बालक, बालिकाओं की लिखित परीक्षा का आयोजन 2 सितम्बर 2021 को विकासखण्ड स्तरीय उत्कृष्ट, कन्या विद्यालय में किया जायेगा। लिखित परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले 40 से 50 बालक-बालिकाओं को विकासखण्ड स्तरीय उत्कृष्ट, कन्या विद्यालय में पैरामिलिट्री एण्ड पुलिस फोर्स भर्ती हेतु प्रशिक्षण प्रदान किया जायेगा।
प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह का मंडला आगमन 3 सितम्बर को
प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा मंडला जिले के प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह का 3 सितम्बर को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री बिसाहूलाल सिंह 3 सितम्बर को प्रातः 11 बजे अनूपपुर से मंडला के लिए प्रस्थान कर सायं 4 बजे मंडला पहुंचेंगे एवं पार्टी पदाधिकारियों एवं समस्त मोर्चाओं के अध्यक्ष तथा पदाधिकारियों के साथ बैठक लेंगे एवं रात्रि विश्राम करेंगे। प्रभारी मंत्री 4 सितम्बर को प्रातः 11 बजे कलेक्ट्रेट कार्यालय में विभिन्न विभागों के विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। वे दोपहर 3 बजे मंडला से अनूपपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
वन मंत्री डॉ. कुँवर विजय शाह का मंडला आगमन 3 सितम्बर को
मध्यप्रदेश शासन के वन मंत्री डॉ. कुँवर विजय शाह का 3 सितम्बर को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डॉ. शाह 3 सितम्बर को 5 बजे जबलपुर से कान्हा के लिए रवाना होंगे एवं 8 बजे कान्हा पहुँचकर रात्रि विश्राम करेंगे। इसके पश्चात वन मंत्री 4 सितम्बर को स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। डॉ. शाह 5 सितम्बर को 9 बजे कान्हा से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
किसान समृद्धि अभियान 4 सितम्बर से
देश के अन्नदाता किसानों के सम्मान में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की सभी शाखाओं में 4 सितंबर से 20 सितंबर 2021 तक किसान समृद्धि अभियान चलाया जा रहा है। किसानोन्मुख इस अभियान में जिले की सभी शाखाओं द्वारा अलग-अलग तिथि में शाखा स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमे बैंक से जुड़े कृषक ग्राहकों को विभिन्न प्रकार के ऋण की सुविधा उपलब्ध करवायी जाएगी। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के विभिन्न शाखाओं द्वारा इस कृषक उन्मुख अभियान के दौरान कृषकों के आर्थिक सहयोग हेतु किसान क्रेडिट कार्ड, पशुपालन ऋण, ट्रैक्टर ऋण, थ्रेसर ऋण, वेयर हाउस, कोल्ड स्टोर, एग्रिकल्चर इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड के तहत ऋण, पीएमएफ़एमई के तहत ऋण, कृषक उत्पादक संगठन ऋण एवं अन्य कृषि उपकरण हेतु ऋण के साथ साथ स्व-सहायता समूह ऋण की सुविधाएं भी उपलब्ध कराया जाएगा। जिले के किसान इस विशेष अभियान में नजदीकी शाखाओं से संपर्क कर कृषि उन्नति के अपने सपने को साकार कर सकते हैं। क्षेत्रीय प्रबंधक महावीर प्रसाद मीना ने बताया कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा किसानों के उन्नति की यह अनोखी पहल खासकर ग्रामीण व अर्धशहरी शाखाओं में विशेष रूप से अभियान चलाकर की जा रही है जहां किसानों के लिए कृषि ऋण के अतिरिक्त गृह ऋण व वाहन ऋण भी सस्ते दर पर उपलब्ध कराया जाएगा।
अग्रणी जिला प्रबंधक अमित कुमार केशरी ने बताया कि किसानों के सम्मान व आर्थिक सहयोग हेतु जिले के सभी बैंक शाखाओ में चौपाल के आयोजन के साथ साथ 9 सितम्बर 2021 को घुघरी में एवं 10 सितम्बर 2021 को मंडला में मेगा कैम्प का आयोजन किया जाएगा जिसमे किसानों को समाज में उनके अहम योगदान हेतु जिला प्रशासन, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, नाबार्ड, कृषि विकास से जुड़े विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों व गणमान्य व्यक्ति द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
जिले में अब तक 718.7 मिमी. औसत वर्षा दर्ज
जिले में इस वर्ष एक जून से 1 सितम्बर के दौरान 718.7 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 1112.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 393.7 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 1 सितम्बर को मंडला में 1.8, बिछिया में 9.6, घुघरी में 3.5 मिमी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार 1 सितम्बर को जिले में 2.4 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।
