Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार 5 सितम्बर2021

शिक्षक दिवस पर अखिलेश उपाध्याय राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित

 

मण्डला 5 सितम्बर 2021

5 सितम्बर शिक्षक दिवस के अवसर पर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मण्डला में पदस्थ शिक्षक अखिलेश उपाध्याय को राज्य शिक्षा मंत्री स्कूल शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) सामान्य प्रशासन विभाग इन्दर सिंह परमार, प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा विभाग म.प्र. रश्मि अरूण शमी, आयुक्त लोक शिक्षा संचालनालय म.प्र. अनुभा श्रीवास्तव, संचालक राज्य शिक्षा केन्द्र धनराज एस. की वर्चुअल उपस्थिति में प्रदान किया गया। एनआईसी कक्ष मण्डला में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एस.एस. मरावी, जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता बर्वे, सहायक संचालक एमएस सेन्द्राम, प्राचार्य डाईट के.एस. सूर्याम, डीपीसी हिरेन्द्र वर्मा, एपीसी मुकेश पाण्डेय ने भोपाल से प्राप्त प्रशस्ति पत्र अखिलेश उपाध्याय को प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर सम्बधित करते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता है और इतिहास के पन्नों में राष्ट्र निर्माता में शिक्षकों की भूमिका स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। सम्मान प्राप्त शिक्षकों को उन्होंने बधाई दी।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा एवं आयुक्त लोक शिक्षण ने भी सम्मानित शिक्षकों को सम्बोधित किया। अखिलेश उपाध्याय द्वारा शिक्षा क्षेत्र में किये गये कार्याें के निर्वहन एवं नवाचारों के विषय में जानकारी प्रदान की। भोपाल से संचालित सम्मान कार्यक्रम में एलईडी स्क्रीन पर अखिलेश उपाध्याय प्रोफाईल को प्रदर्शित किया गया एवं मंत्री स्कूल शिक्षा विभाग ने चर्चा कर उन्हें बधाई दी। अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने कहा कि इस वर्ष जिले के दो शिक्षकों को राष्ट्रपति एवं राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान के लिए चयनित होना गौरव का विषय है। जिला शिक्षा अधिकारी ने अखिलेश उपाध्याय की कर्तव्यं निष्ठा एवं प्रशासनिक समन्वय के लिए बधाई दी। इस अवसर पर सम्मान प्राप्त शिक्षक परिजन भी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

जिले में अब तक 743.3 मिमी. औसत वर्षा दर्ज

 

जिले में इस वर्ष एक जून से 5 सितम्बर के दौरान 743.3 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 1152.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 409.1 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 सितम्बर को जिले के विकासखण्ड मंडला में 1.8, नैनपुर में 44.1, बिछिया में 16.1 मि.मी., घुघरी में 4.1 एवं नारायणगंज में 40.1 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 17.7 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई।

 

 

 

 

 

7 को आयोजित होगा अन्न उत्सव

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 सितम्बर को जिले की प्रत्येक उचित मूल्य दुकानों पर अन्न उत्सव का आयोजन किया जाना है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, सहायक आयुक्त सहकारिता, तहसीलदार और नायब तहसीलदार, सीईओ जनपद, सीएमओ नगरीय निकाय एवं सहायक तथा कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रत्येक दुकान में सतर्कता समिति, क्राईसिस मैनेजमेंट समिति के सदस्य एवं स्थानीय प्रबुद्धजनों को सम्मिलित करते हुए अन्न उत्सव कार्यक्रम का आयोजन करना सुनिश्चित करें।

 

 

 

 

 

 

बालिकाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने में सहायक है सुकन्या समृद्धि योजना

 

डाक विभाग द्वारा जिले की बालिकाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशन में मंडला डाक संभाग द्वारा बालिका शक्ति अभियान प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के तहत् 10 वर्ष तक की समस्त बालिकाओं के डाकघरों में सुकन्या समृद्धि योजना के खाते खोलकर जिले को संपूर्ण सुकन्या समृद्धि जिला बनाने का संकल्प लिया गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सभी अभिभावकों से आग्रह किया है कि वे 0 से 10 वर्ष तक की बालिकाओं के सुकन्या समृद्धि योजना के तहत् खाते खोलकर बालिका को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने में सहयोग करें।

अधीक्षक डाकघर ने बताया कि सुकन्या समृद्धि योजना के तहत् 0 से 10 वर्ष तक की समस्त बालिकाओं का खाता न्यूनतम 250 रूपए की राशि से खोला जा सकता है। खाता खोलने पर 21 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर परिपक्वयता व बालिका की आयु 18 वर्ष पूर्ण होने के बाद 50 प्रतिशत राशि निकाली जा सकती है। योजना के तहत् वर्तमान में 7.6 प्रतिशत का आकर्षक ब्याज प्रदान किया जाता है। इस योजना के तहत् खुलने वाले खातों को आयकर कानून की धारा 80 सी के तहत् छूट प्रदान की जाती है। खाता खोलने के लिए बालिका का जन्म प्रमाण पत्र, माता-पिता का फोटो पहचान पत्र, एड्रेस प्रूफ तथा बच्चे और माता-पिता की 2 फोटो आवश्यक है।

 

 

 

 

 

 

 

मवेशी के कांजीहाउस में बंद होने पर पशुमालिकों पर होगी कार्यवाही

 

नगर पालिका मण्डला ने जिले के पशुमालिकों से अपील की है कि अपने-अपने पशुओं को घर पर बांधकर अपने नियंत्रण में रखें। दो बार किसी भी मवेशी के कांजीहाउस में बंद होने पर पशु मालिक के खिलाफ म.प्र. न.पा.अधि. 1961 की धारा 233 के तहत न्यूसेंस की कार्यवाही की जायेगी जिसकी समस्त जिम्मेदारी पशु मालिक की होगी। शहर के मुख्य मार्गों से आवारा मवेशियों को रात्रि में सफाई कर्मचारियों के द्वारा पकड़कर (हाकागैंग) के माध्यम से कांजी हाउस में बंद किया जायेगा। साथ ही दिन में सफाई कर्मचारियों का दल शहर के मुख्य मार्ग से मवेशियों को काऊ कैचर में पकड़कर शहर के बाहर छोड़ा जायेगा।

 

 

 

 

 

मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया से बचाव के लिए जानकारी

 

मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों से बचाव के लिए मच्छरों की वृद्धि रोकने अपने घर व आस-पास पानी इकट्ठा नहीं होने दें। कबाड़ या पात्रों में बारिश का भरा पानी सप्ताह में एक बार अवश्य खाली करें व मच्छरों से बचाव करें। सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें। पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें। मच्छर भगाने वाले साधन जैसे- क्रीम, क्वाइल, रिपेलेन्ट इत्यादि का उपयोग करें। टायर, कबाड़, सामान ढंक्कर रखें तथा इनमें पानी इकट्ठा नहीं होने दें। बुखार आने पर तत्काल स्वास्थ्य केन्द्र में जांच करायें। जैसा कि विदित है कि वर्षाकाल में जगह-जगह पानी इकट्ठा हो जाता है तथा घर व आसपास पानी कन्टेनर व कबाड़ सामान, टायर, टंकी, मटके, गमले, कूलर इत्यादि में जमा पानी में मच्छर अंडे देकर वृद्धि करते हैं जिनके काटने से मलेरिया डेंगू चिकुनगुनिया बीमारी फैलने की संभावना होती है।

ऐसे जलपात्रों में भरा पानी सप्ताह में एक बार अवश्य खाली करें जिससे इनमें पनप रहे मच्छर के लार्वा नष्ट हो जाएं तथा मच्छरों की वृद्धि रुक जाए। मच्छर से फैलने वाली बीमारी मलेरिया में सामान्यतः बुखार, कमजोरी हाथ पैर में दर्द, उल्टी आना जैसे लक्षण हो सकते हैं तथा डेंगू, चिकुनगुनिया बीमारी संक्रमित व्यक्ति में सामान्यतः बुखार सिर व आखों में दर्द, हाथ पैर में दर्द, उल्टी आना, शरीर पर चकत्ते आना जैसे लक्षण हो सकते हैं। ऐसे में मरीज को तत्काल नजदीकि स्वास्थ्य केन्द्र में खून जांच व स्वास्थ्य परीक्षण कराना चाहिए तथा चिकित्सकीय परामर्श से दवा का पूर्ण सेवन करना चाहिये।

 

 

 

खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्यमंत्री श्री पटेल आज मनेरी में करेंगे प्रसंस्करण ईकाई का उद्घाटन

 

केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्यमंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल का आज मंडला आगमन हो रहा है। श्री पटेल 6 सितंबर को जबलपुर से रवाना होंकर प्रातः 10:50 बजे मनेरी पहुंचेंगे। राज्यमंत्री यहाँ सीईएफपीपीसी योजनांतर्गत विभूति मार्ट प्राइवेट लिमिटेड ईकाई का उद्घाटन करेंगे। केंद्रीय उद्योग राजमंत्री श्री पटेल दोपहर 12 बजे जबलपुर के लिए वापस होंगे।

 

 

 

 

परिवहन और यातायात विभाग की संयुक्त कार्यवाही

दो ऑटो जब्त, 15 वाहनों पर चलानी कार्यवाही

 

जिला परिवहन अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 सितम्बर को आरटीओ और यातायात पुलिस की संयुक्त कार्यवाही की गई। विगत् कई दिनों से लगातार परिवहन विभाग और यातायात पुलिस संयुक्त रूप से दोपहिया और चार पहिया वाहनों की चालानी कार्यवाही कर रही है। डिंडोरी रोड रामनगर चौराहा पर 50 से अधिक वाहनों की चैकिंग की गई एवं दो वाहनों को जब्त किया गया। इसी प्रकार 15 दोपहिया और चार पहिया वाहनों पर चलानी कार्यवाही कर 5500 रुपए जुर्माना वसूल किया गया। जिला परिवहन अधिकारी विमलेश गुप्ता ने बताया कि इस तरह की आकस्मिक चैकिंग लगातार चलती रहेगी। यातायात सूबेदार योगेश राजपूत ने वाहन चालकों से अपील की है कि यातायात के नियमों का पालन कर सुरक्षित यात्रा करें। संयुक्त कार्यवाही में परिवहन विभाग के आर.एस. टेकाम, जय प्रकाश उपाध्याय, राहुल उइके यातायात से सहायक उपनिरीक्षक नंदकिशोर मिश्रा, प्रधान आरक्षक हैमचंद बरमैया, सचिन यादव, महादेव टेकाम, लिंबाजी आरक्षक मृदुल, विकास शामिल रहे।

 

Related posts

बोर्ड परीक्षा के मेधावी छात्रों का सम्मान समारोह आज  

Reva India News

पढ़ाई को तपस्या के रूप में स्वीकार करें – डॉ. सिडाना कलेक्टर ने किया प्रोजेक्ट ज्ञानार्जन की कक्षाओं के लिये चयनित विद्यार्थी तथा पालकों से संवाद  

Reva India News

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 25 फरवरी 2026

Reva India News

Leave a Comment