Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार 4 सितम्बर 2021

जिले की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर करने के लिए व्यवस्था बनाऐं – श्री सिंह

प्रभारी मंत्री ने बैठक में दिए निर्देश

 

मण्डला 4 सितम्बर 2021

प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा मंडला जिले के प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह का 3 सितम्बर को मंडला आगमन हुआ था। अपने 2 दिवसीय दौरे के दौरान प्रभारी मंत्री ने 4 सितम्बर को योजना भवन में विभिन्न विभागों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने जिले की शिक्षा व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सहायक आयुक्त तथा शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि जिले की शिक्षा व्यवस्था को बेहतर करने के लिए व्यवस्था बनाएं। उन्होंने जिले के प्राईमरी, माध्यमिक, हाईस्कूल तथा हायरसेकंडरी स्कूलों की जानकारी लेते हुए इनमें उपलब्ध संसाधन तथा शिक्षकों की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। श्री सिंह ने जिले के सभी स्तर के स्कूलों में खाली पदों की जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि शिक्षकविहीन स्कूलों में तत्काल शिक्षकों की व्यवस्था करें। इसी प्रकार अतिथि शिक्षकों के माध्यम से शिक्षक उपलब्धता सुनिश्चित करें। प्रभारी मंत्री ने निर्देशित किया कि स्कूलों में शिक्षकों की कमी न रहे। उन्होंने जिले के सभी स्तर के स्कूलों के लिए आवश्यक शिक्षकों की जानकारी शासन स्तर को भेजने के निर्देश दिए।

श्री सिंह ने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को निर्देशित किया कि जिले में शिक्षा व्यवस्था तथा शिक्षकों की उपलब्धता से संबंधित सामान्य प्रशासन विभाग के दिशा-निर्देशों का अध्ययन करें तथा नियमानुसार शिक्षा सहित अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह ने ईईपीआईयू से निर्माणाधीन स्कूल भवन, बाऊँड्रीवॉल, छात्रावास आदि कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग से जुड़े निर्माण कार्य प्राथमिकता से पूरा करें। उन्होंने पीडब्ल्यूडी विभाग की समीक्षा करते हुए निर्माणाधीन सड़कें, ग्वारा हवाईपट्टी, पुल-पुलिया निर्माण तथा एमआरडीसी की सड़कों के बारे में जरूरी निर्देश दिए।

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह ने जलाशयों की जानकारी लेते हुए वर्तमान जल स्तर के बारे में चर्चा की। उन्होंने सीएमओ नगरपालिका से जिले के सभी नगरीय निकायों में प्रधानमंत्री आवास के तहत् लक्ष्य के विरूद्ध पूर्ण तथा अपूर्ण आवासों की जानकारी ली। उन्होंने सड़क चौंड़ीकरण, दुकान निर्माण कार्य के बारे में भी जरूरी निर्देश दिए। श्री सिंह ने नगरपालिका को निर्देशित किया कि आवारा पशुओं पर प्रभावी कार्यवाही करें। उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत् घरेलू कनेक्शन, टेंडर प्रक्रिया के बारे में पूछा। उन्होंने कहा कि पेयजल उपलब्धता से संबंधित पूर्ण हुए कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करें तथा शुभारंभ के दौरान जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करें।

 

कोविड व्यवस्थाओं की हुई समीक्षा

 

प्रभारी मंत्री ने जिले में वर्तमान कोविड संक्रमण, कोविड मृत्यु, वैक्सीनेशन तथा कोविड से मृत्यु वाले परिजनों को दी जाने वाली सहायताओं के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को कोविड कल्याण, अनुग्रह सहायता, अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करें। इसी प्रकार वैक्सीनेशन को लगातार बढ़ाते हुए शीघ्र प्रथम डोज के वैक्सीनेशन के लक्ष्य को शतप्रतिशत प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि द्वितीय डोज के लिए पात्र हितग्राहियों को टीकाकरण समय पर सुनिश्चित करें। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिले में कोविड वैक्सीनेशन के लिए बनाई गई रणनीति के बारे में विस्तृत जानकारी दी। बैठक में उन्होंने अन्य विभागों की व्यवस्थाओं सहित महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी।

 

ग्रामीण विकास के मुद्दों पर हुई चर्चा

 

बैठक में प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने जिला पंचायत सीईओ से ग्रामीण विकास के कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास, कृषि कार्य, पशुधन, स्व-सहायता समूह, गौशालाओं, अपशिष्ट प्रबंधन, खाद-बीज उपलब्धता, कृषि सब्सिडी पर विस्तृत जानकारी लेते हुए जरूरी निर्देश दिए। बैठक में राज्यसभा सांसद संपतिया उईके, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती मरावी, विधायक मंडला देवसिंह सैयाम, विधायक बिछिया नारायण पट्टा, कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शैलेष मिश्रा, सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, भीष्म द्विवेदी, जिला पंचायत सदस्य, जनप्रतिनिधि तथा संबंधित उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

प्रभारी मंत्री ने पात्र हितग्राहियों को किया हितलाभ वितरण

 

प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण तथा मंडला जिले के प्रभारी मंत्री श्री बिसाहूलाल सिंह ने योजना भवन में विभिन्न योजनाओं के तहत् लाभान्वित होने वाले हितग्राहियों को मंच से हितलाभ वितरण किया। उन्होंने आदिवासी विकास विभाग, महिला बाल विकास विभाग, आजीविका मिशन, नगरीय निकायों के हितग्राहियों को लाभ प्रदान किया। श्री सिंह ने मनरेगा के तहत् जनपद पंचायत मंडला के ग्राम पंचायत झालापानी के हितग्राही अमृतया तथा सुंदरलाल को मत्स्य बीज वितरण, ग्राम पंचायत सिंगारपुर के ग्राम सिलपुरी के चैनसिंह तथा सोनूलाल को पड़तभूमि विकास कार्य, मोहगांव जनपद के अंतर्गत ग्राम पंचायत गिठार मलपहरी की श्यामलता बाई, मुंगवानी के संतूलाल तथा हरिचरण को पशु शेड निर्माण के लिए प्रमाण पत्र वितरण किया।

इसी प्रकारी प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने आजीविका मिशन के तहत् चटुआमार के माँ नर्मदा स्व-सहायता समूह, मालीमोहगांव के नर्मदा स्व-सहायता समूह तथा कटरा के लक्ष्मी स्व-सहायता समूह की दीदियों को 1-1 लाख रूपए का बैंक ऋण पत्रक वितरित किए। प्रभारी मंत्री द्वारा वनाधिकार हकपत्र मोहगांव जनपद के हर्राटीकुर के केसरी धुर्वे, शंभूसिंह मार्को, रामभरोस, दयाराम तथा चेतसिंह धुर्वे को प्रदान किया गया। इसी प्रकार पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत विभिन्न हितग्राहियों को 10 हजार से लेकर 1 लाख 65 हजार रूपए तक की हितलाभ राशि प्रदान की गई।

 

 

 

 

 

 

 

31 सितम्बर तक जिले में वैक्सीनेशन के प्रथम डोज का शतप्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करने निर्देश जारी

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सीईओ जिला पंचायत, अपर कलेक्टर, समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, सीईओ जनपद, बीएमओ, नगरपालिका अधिकारी तथा समस्त जिला प्रमुखों को 31 सितम्बर तक जिले में कोविड वैक्सीनेशन के प्रथम डोज का शतप्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। जारी निर्देशों के तहत् उन्होंने कहा है कि अभी तक लगभग 41 प्रतिशत (3.36 लाख) व्यक्ति कोविड-19 वेक्सीन के प्रथम डोज से वंचित है। शासन के निर्देशानुसार सितम्बर माह में उक्त 3.36 लाख वंचित व्यक्तियों को प्रथम डोज लगाया जाना हैं। उक्त संबंध में निम्नानुसार निर्देश प्रसारित किए जाते हैं जिले में सप्ताह के सभी 7 दिवस (रविवार सहित) कोविड वेक्सीनेशन का कार्य गांव टोले से लेकर जिला स्तर पर संपादित किया जाये।

 

सीईओ जनपद पंचायतों को 4 श्रेणियों में बांटे

 

कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि प्रत्येक मु०कार्य०अधि0 जनपद पंचायत अपने क्षेत्र की पंचायतों को चार श्रेणी में वर्गीकृत करेंगे। ये 4 श्रेणियां 25 प्रतिशत तक वेक्सीनेशन वाली पंचायतें, 26 से 50 प्रतिशत तक वेक्सीनेशन वाली पंचायतें, 51 से 75 प्रतिशत तक वेक्सीनेशन वाली पंचायतें तथा 76 से 100 प्रतिशत तक वेक्सीनेशन वाली पंचायतें रहेगी। उक्त वर्गीकरण के अनुसार मु0 कार्य अधिकारी जनपद पंचायत आगामी 4 से 5 सितम्बर 2021 तक ऐसी सभी पंचायतों का अनिवार्यतः चिन्हांकन करेंगे। जहां 50 प्रतिशत से कम वेक्सीनेशन किया गया है। जनपदों, वि०ख० में उपलब्ध डोज के अनुरूप माईक्रोप्लान तैयार किया जाये जिसमें यह ध्यान रखा जाये कि संबंधित पंचायत में वंचित समस्त व्यक्यिों का शतप्रतिशत वेक्सीनेशन किया जाये। संबंधित क्षेत्र में न्यूनतम 5 वेक्सीनेटर की ड्यूटी लगाई जायेगी जिसमें 1 वेक्सीनेटर स्थायी कैंप में रहे तथा शेष वेक्सीनेटर मोबाईल वेक्सीनेटर के रूप में उस क्षेत्र के दूरस्थ मंजरे टोले में शतत् भ्रमण कर वंचित लोगों का चिन्हांकन कर वेक्सीनेशन का कार्य करेंगें। जिले में समस्त एसडीएम, मु०कार्य०अधिकारी जनपद, सीएमओ, बीएमओ उक्त निर्देश का अपने-अपने क्षेत्रों में अक्षरशः पालन करेंगे। आगामी 8 एवं 9 सितम्बर, 15-16 सितम्बर, 22-23 सितम्बर तथा 26-27 सितम्बर को जिले में जिला स्तरीय महावैक्सीनेशन अभियान का आयोजन किया जायेगा। सभी एसडीएम, तहसीलदार, मु०कार्य०अधि जनपद, सीएमओ, बीएमओ यह सुनिश्चित करें कि किसी भी सप्ताह में किसी भी ब्लॉक में न्यूनतम 10000 (दस हजार) से कम वेक्सीनेशन न हो।

 

न्यूनतम वेक्सीनेशन वाले विकासखण्डों के लिए निर्देश

 

कलेक्टर ने जिले के न्यूनतम वैक्सीनेशन वाले 3 विकासखण्ड मवई, घुघरी, मोहगांव हेतु निर्देश जारी किए हैं। इन जनपदों की सभी पंचायतों में वेक्सीनेशन का कार्य प्रत्येक दिवस संपादित किया जायेगा। जिला टीकाकरण अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि प्रतिदिन 3000 से 5000 डोज इन जनपदों में उपलब्ध कराएं। सीएमएचओ एवं जिला टीकाकरण अधिकारी राज्य स्तर से समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक वाइल्स प्राप्त करें। लगभम 1500-2000 बाइल्स प्रतिदिन प्राप्ति हेतु संपर्क करेंगे। कार्यपालन यंत्री पीआईयू को मवई क्षेत्र का, जिला महिला बाल विकास अधिकारी को मोहगांव क्षेत्र का नोडल अधिकारी तथा सहायक आयुक्त आदिवासी जनजातीय कार्य विभाग को घुघरी क्षेत्र का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

 

प्रगति की प्रतिदिन की मानीटरिंग हेतु सहायक कलेक्टर नोडल

 

कलेक्टर ने तीनो वि०ख० में प्रगति की प्रतिदिन की मानीटरिंग हेतु सहायक कलेक्टर को संपूर्ण क्षेत्रों का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। सीएमएचओ, जिला टीकाकरण अधिकारी एवं बीसीसीएम श्री दर्पण यह सुनिश्चित करेंगे कि प्रतिदिन सभी वि०ख० में 15000 से 20000 डोज उपलब्ध कराएं। तथा साथ में इंजेक्शन आदि की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे। पीओ मनरेगा प्रत्येक दिवस पंचायतों में वर्गीकृत श्रेणी के आधार पर निर्धारित लक्ष्य के अनुसार शतप्रतिशत वेक्सीनेशन वाली पंचायतों की जानकारी संधारित कराएंगे। जिले के समस्त जिला अधिकारी अपने अधीनस्थ मैदानी अमले को उक्त कार्य हेतु ड्यूटी निर्धारित कर शतप्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति हेतु कार्य करेंगे। जिले के समस्त नोडल अधिकारी अपने क्लस्टरों में 15 सितम्बर तक शतप्रतिशत वेक्सीनेशन कराएंगे जिसके लिए वे पूर्णतः जिम्मेदार होंगे इस हेतु स्वास्थ्य विभाग से सामंजस्य स्थापित कर लक्ष्य प्राप्ति में हर संभव सहयोग करें। 5 सितम्बर को 12 बजे सभी क्लस्टर की पंचायतों में क्राइसिस मैनेजमेंट की बैठक आहूत कर पंचायत को शतप्रतिशत वेक्सीनेट कराने हेतु कार्ययोजना तैयार कर पंचायतवार लक्ष्य निर्धारित करेंगे।

जिला टीकाकरण अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि निर्धारित माईकोप्लान के अनुसार समय पर संबंधित वि०ख० एवं पंचायतों में डोज उपलब्ध हो जाएं। 6 सितम्बर को विशेषकर एसडीएम मण्डला, नैनपुर, बिछिया, निवास तथा तहसीलदार नारायणगंज, घुघरी तथा ना०तह0 बीजाडांडी, मोहगांव मवई अपने क्षेत्रों में शतप्रतिशत वेक्सीनेशन हेतु संबंधित वि०ख० स्तरीय एवं तहसील स्तरीय अधिकारी कर्मचारियों की बैठक आयोजित करें जिसमें शतप्रतिशत वेक्सीनेशन हेतु कार्ययोजना तैयार कर लक्ष्य प्राप्ति करें। सीएमएचओ अपने सभी बीएमओ एवं एएनएम से सीधे संवाद कर शतप्रतिशत वेक्सीनेशन हेतु कार्य कराएंगे। समस्त मुख्य नगरपालिका अधिकारी नगरीय निकायों में वेक्सीनेशन से वंचित घरों का चिन्हांकन कर घर-घर वेक्सीनेशन का कार्य संपादित कराएंगे। तथा सभी वार्डों में 10 सितम्बर तक शतप्रतिशत वेक्सीनेशन हो। इस आशय का प्रमाण पत्र सभी सीएमओ पीओ डूडा को प्रेषित करेंगे अन्यथा की स्थिति में संबंधित के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की जायेगी। इसी प्रकार समस्त मु०कार्य अधिकारी जनपद एवं बीएमओ 20 सितम्बर तक अपने क्षेत्र में शतप्रतिशत वेक्सीनेशन का प्रमाण पत्र मु०कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को प्रेषित करेंगे। अन्यथा की स्थिति में संबंधित के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित की जायेगी। उपरोक्त संपूर्ण महाअभियान हेतु ग्रामीण क्षेत्र के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं शहरी क्षेत्रों के लिए अपर कलेक्टर नोडल अधिकारी रहेंगें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

आयुष आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत् औषधीय पौधों का वितरण

 

3 सितम्बर को आयुष विभाग म.प्र. शासन द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत ’आयुष आपके द्वार’ कार्यक्रम में शासकीय उद्यान मंडला से हाउस होल्डर को औषधि पौधों का निःशुल्क वितरण कार्यक्रम कलेक्टर मण्डला एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मण्डला के निर्देशानुसार शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती संपतिया उइके, विशिष्ट अतिथि मंडला विधायक देव सिंह सैयाम एवं अन्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती मरावी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शैलेष मिश्रा द्वारा भगवान धन्वंतरि की पूजा के पश्चात् औषधीय पौधों का वितरण प्रारंभ किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन जिला आयुष अधिकारी मण्डला डॉ. नरेन्द्र कुमार पटेल, सहायक संचालक उद्यान नेतराम शरणागत एवं वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी चन्द्रगुप्त नामदेव के साथ-साथ आयुष विभाग के चिकित्सकगण डॉ. जितेन्द्र पन्द्रे, डॉ. सीमा भवेदी, डॉ. तेज सिंह ताराम, डॉ. सुशील शिववंशी, डॉ. श्रीनारायण कुररिया, डॉ. सचिन रावत, डॉ. मनोज परस्ते, डॉ. कविता ठाकुर, डॉ. शेर सिंह कुड़ापे, डॉ. ऋचा धुर्वे, डॉ. नीता भलावी, डॉ. संगीता उइके, डॉ. गोविंद मरावी एवं अन्य आयुष स्टॉफ नंद लाल नंदा, संपत वरकड़े, उग्रसेन परते, प्रफुल्ल पटेल, अमितोष पटेल, देव सिंह मरावी, भानू उइके, नीतू परस्ते, रश्मि श्रीवास, रंजना मसराम, विमला बघेल, अशोक बैरागी, अंकित झारिया आदि की उपस्थिति में लगभग तीन सौ हितग्राहियों को पन्द्रह सौ पौधों का सफलता पूर्वक वितरण किया गया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जिले की गौंडी पैंटिंग आधारित साड़ियाँ एवं वस्त्र अब अमेजन पर उपलब्ध

 

जिले में स्थापित 20 रेशम केन्द्र एवं 08 टसर पीपीसी केन्द्र से उपलब्ध कोकून को रेशम धागाकरण इकाई देवदरा में रेशम धागा तैयार कर स्थानीय बुनकरों से मलबरी, टसर रेशम वस्त्रों को तैयार किया गया है। कलेक्टर हर्षिका सिंह के विशेष प्रयास पर मण्डला जिले के स्थानीय कलाकारों के लिए रोजगार सृजित करने एवं स्थानीय कला को बढ़ावा देते हुए मण्डला जिले के रेशमी वस्त्रों को स्थानीय कलाकारों द्वारा रेशमी साड़ियाँ, दुपट्टे, स्टॉल, रूमाल इत्यादि वस्त्र तैयार कर उन रेशम वस्त्रों पर गोण्डी कला की पैंटिंग की जा रही है, जिससे सिल्क वस्त्रों पर गोण्डी पेंटिंग आकर्षक में उभर रही है। सिल्क साड़ी पर गोण्डी पेंटिंग कार्य बहुत सुंदर व रेशमी वस्त्रों को और आकर्षक बना रहा है एवं मण्डला के स्थानीय कलाकारों के लिए रोजगार भी सृजित हो रहा है।

इन रेशम वस्त्रों को कान्हा सिल्क एम्पोरियम ग्राम-देवदरा, जिला मण्डला एवं कला दीर्घा मण्डला में विक्रय हेतु रखा गया है। इसके साथ ही ई-मार्केटिंग पोर्टल www.amazon.com, आई-टोकरी एवं प्राकृत कान्हा सिल्क शोरूम में भी मण्डला की गोण्डी पेंटिग युक्त रेशम वस्त्र प्राकृत ब्राण्ड में क्रय करने हेतु उपलब्ध है। स्थानीय कलाकारों द्वारा अपने हाथों से तैयार गोण्डी पेंटिग युक्त रेशमी वस्त्रों की ऑनलाईन प्लेटफार्म सहित बड़ी दुकानों पर मांग बढ़ रही है।

 

 

 

 

 

 

जिले में अब तक 725.6 मिमी. औसत वर्षा दर्ज

 

जिले में इस वर्ष एक जून से 4 सितम्बर के दौरान 725.6 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 1133.6 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 408 मिलीमीटर कम वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 4 सितम्बर को जिले के विकासखण्ड बिछिया में 2.6 मि.मी., निवास में 9.8 एवं नारायणगंज में 21 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 5.5 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई।

 

 

 

 

 

 

 

शिक्षक दिवस के अवसर पर जिले के शिक्षकों को राष्ट्रपति एवं राज्यीय सम्मान

 

5 सितम्बर शिक्षक दिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष अध्ययन-अध्यापन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर सम्मानित किया जाता है। इस वर्ष मंडला जिले के शिक्षक शक्ति पटैल राष्ट्रपति सम्मांन के लिए तथा शिक्षक अखिलेश उपाध्याय को राज्यीय सम्मान के लिए चयनित किया गया है। शिक्षक शक्ति पटैल ग्राम मांद, जिला मंडला के रहने वाले हैं। इनकी रूचि नवाचारों के माध्यम से छात्रों, समाज व राष्ट्र विकास के लिए कार्य करना तथा कविता लेखन में भी है। इन्होंने कोरोनाकाल में बच्चों की पढ़ाई को ऑनलाईन जारी रखने की दिशा में कार्य किया।

इसी प्रकार राज्य स्तर सम्मान प्राप्त करने वाले शिक्षक अखिलेश उपाध्याय शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय मंडला में शिक्षक हैं। श्री उपाध्याय ने शासन की शैक्षणिक योजनाओं के क्रियान्वयन में सराहनीय कार्य किए एवं वैक्सीनेशन जागरूकता अभियान से जुड़कर अंकुर अभियान के लिए जागरूकता व शैक्षणिक पाठ्यक्रम संबंधी वीडियोज बनाकर छात्रों को उपलब्ध कराना एवं वृहद शासकीय कार्यक्रमों में मंच संचालन भी किए।

 

Related posts

कलेक्टर ने की चैक देकर मीना की आर्थिक सहायता

Reva India News

26 जनवरी गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक कलेक्टर ने विभागीय अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन समय पर करने के दिए निर्देश

Reva India News

नैनपुर के मार्कफेड गोदाम का औचक निरीक्षण किया गया

Reva India News

Leave a Comment