कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से कराएं पालन – हर्षिका सिंह
समय-सीमा बैठक में कलेक्टर के निर्देश
मण्डला 2 दिसम्बर 2021
समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि कोविड के बढ़ते संक्रमण को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण रखें। सभी एसडीएम एवं तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराएं। लगातार अभियान चलाते हुए मॉस्क न लगाने वाले व्यक्तियों के विरूद्ध चालानी कार्यवाही करें। बैठक में सभी विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी-कर्मचारी अनिवार्य रूप से मॉस्क लगाएं। अपने परिवार तथा आस-पड़ोस के लोगों को भी मॉस्क लगाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने मॉस्क न लगाने वाले शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। बगैर मॉस्क लगाए व्यक्तियों को शासकीय कार्यालयों में प्रवेश न दें। कलेक्टर ने कहा कि पुलिस, राजस्व तथा स्थानीय निकायों के अधिकारी अगले 15 दिनों तक सम्मिलित रूप से पैदल मार्च निकालते हुए लोगों को कोविड गाईडलाईन का पालन करने के लिए प्रेरित करें। मॉस्क न लगाने वाले व्यक्तियों का कम से कम 200 रूपए का चालान करें।

सामाजिक संगठनों का सहयोग लें
बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि कोविड अनुकूल व्यवहार के पालन कराने के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों का सहयोग प्राप्त करें। विभिन्न सामाजिक एवं व्यापारिक संगठन, स्वयंसेवी संगठन, स्व-सहायता समूह के सदस्य आदि के माध्यम से लोगों को जागरूक करते हुए उन्हें मॉस्क लगाने तथा सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने के लिए प्रेरित करें। नगरीय तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान संचालित करें तथा गाईडलाईन का पालन नहीं करने वाले व्यापारियों के विरूद्ध कार्यवाही करें।
बिना मॉस्क के विद्यार्थी मिलने पर शिक्षक होंगे जिम्मेदार
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि कोविड के बढ़ते संक्रमण को ध्यान में रखते हुए बच्चों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि स्कूल तथा कॉलेज में पढ़ने वाले विद्यार्थी अनिवार्य रूप से मॉस्क लगाएं। एसडीएम तथा तहसीलदार इन संस्थाओं का आकस्मिक निरीक्षण करें। बिना मॉस्क के विद्यार्थी मिलने पर संबंधित शिक्षकों के साथ-साथ जिला तथा विकासखण्ड स्तर के अधिकारियांे पर भी कार्यवाही प्रस्तावित करें। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केन्द्रों में आने वाले बच्चों में भी मॉस्क की आदत डालें। कलेक्टर ने इन संस्थाओं में सोशल डिस्टेसिंग का पालन कराने तथा विद्यार्थियों से बार-बार हाथ धुलाने के भी निर्देश दिए।
बाहर से आने वालों का अनिवार्य रूप से टेस्ट कराएं
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि कान्हा सहित अन्य स्थलों पर आने वाले विदेशी पर्यटकों तथा अन्य राज्यों अथवा संवेदनशील जिलों से आने वाले नागरिकों का अनिवार्य रूप से आरटीपीसीआर कराएं तथा रिपोर्ट आने तक उन्हें आईसोलेट रखें। उन्होंने जनसामान्य से भी आग्रह किया है कि वे बाहर से आने वाले व्यक्तियों की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें।
वैक्सीनेशन के लिए चलाएं सघन अभियान
कोविड वैक्सीनेशन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सघन अभियान संचालित करते हुए प्रथम एवं द्वितीय डोज से वंचित लोगों का टीकाकरण करें। लोगों को बताएं कि टीकाकरण ही कोविड संक्रमण से बचने का एकमात्र उपाय है। कलेक्टर ने कहा कि घुघरी, मवई तथा बीजाडांडी विकासखण्ड में जहां पर लोग प्रथम डोज से वंचित हैं। ऐसे क्षेत्रों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सहयोग प्राप्त करते हुए टीकाकरण शिविर लगाएं। प्रत्येक पात्र व्यक्ति का अनिवार्य रूप से वैक्सीनेशन करें। वैक्सीनेशन के कोई भी साईडइफेक्ट नहीं है। इसी प्रकार 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नवीन मतदाताओं की भी सूची बीएमओ से साझा करें तथा उन लोगों का वैक्सीनेशन करें, जिन्होंने अब तक पात्रतानुसार प्रथम अथवा द्वितीय डोज नहीं लगवाई है।
स्वास्थ्य केन्द्रों में सभी तैयारियाँ पूर्ण रखें
स्वास्थ्य केन्द्रों में उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि जिला चिकित्सालय सहित सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में कोविड-19 से संबंधित सभी तैयारियाँ पूर्ण रखें। जिला चिकित्सालय में आईसीयू बेड तथा वार्ड तैयार रखें। विभिन्न उपकरणों तथा दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। जो दवाईयाँ कम हैं उनके लिए नियमानुसार खरीदी की कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि मंडला तथा नैनपुर के ऑक्सीजन प्लांट की सतत मॉनिटरिंग करें। ये प्लांट किसी भी स्थिति में बंद नहीं रहना चाहिए। स्वास्थ्य केन्द्रों में उपलब्ध ऑक्सीजन कसंनट्रेटर की टेस्टिंग करते हुए उन्हें भी तैयार रखें। कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय में फायरसेफ्टी के संबंध में नगर निगम जबलपुर से टीम बुलाकर जाँच कराने तथा जिले में चल रहीं एम्बूलेंसों के दस्तावेज तथा उपलब्ध सुविधाओं की जांच कराने के भी निर्देश दिए।
प्रोटोकॉल के उल्लंघन पर लॉन मालिक होंगे जिम्मेदार
कलेक्टर ने कहा कि वैवाहिक तथा अन्य कार्यक्रमों में कोविड गाईडलाईन का पालन कराना संबंधित रिसोर्ट अथवा लॉन मालिक की जिम्मेदारी है। मेरिज लॉन के बाहर सूचना अंकित कराएं। बगैर मॉस्क वालों को समारोहों में प्रवेश न दें। इस संबंध में उन्होंने एसडीएम तथा तहसीलदार को आकस्मिक निरीक्षण कर समुचित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि लोगों को बड़े कार्यक्रमों से बचने तथा भीड़ वाले स्थानों पर न जाने की सलाह दें। बंद कमरों की बजाए खुले में कार्यक्रम आयोजित करें।
सूदखोर तथा चिटफंड कंपनियों पर कार्यवाही करें
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि नियम विरूद्ध ब्याज वसूल रहे सूदखोरों तथा चिटफंड कंपनियों पर शिकंजा कसते हुए उन पर सख्त कार्यवाही करें। कलेक्टर ने इस संबंध में एसडीएम तथा कलेक्ट्रेट में ड्रॉप बॉक्स लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सूदखोरों तथा चिटफंड कंपनियों के खिलाफ संबंधित व्यक्ति ड्रॉप बॉक्स पर अपना आवेदन दे सकता है। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियांे को इस संबंध में प्राप्त होने वाले आवेदनों पर सर्वोच्च प्राथमिकता से कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
स्कूल, कॉलेजों में विकसित करें अंकुर उपवन
अंकुर योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि प्रत्येक स्कूल, कॉलेज तथा आंगनवाड़ी में अंकुर उपवन विकसित करें तथा वहां पर जन्मदिन, त्यौहार, पुण्यतिथि सहित अन्य विशेष अवसरों पर वृक्षारोपण कराएं। इसी प्रकार नगरीय निकायों में सार्वजनिक पार्कों पर भी अंकुर उपवन विकसित करें। उन्होंने कहा कि शासकीय अधिकारी, कर्मचारी एक-एक वृक्ष लगाते हुए उसकी फोटो अपलोड करें।
कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा वेतन रोकने के निर्देश
सीएम हेल्पलाईन, जनसुनवाई तथा टीएल के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि इन प्रकरणों का सर्वोच्च प्राथमिकता से निराकरण करें, अन्यथा की स्थिति में हर स्तर पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग तथा जननी सुरक्षा योजना से संबंधित प्रकरणों की संख्या अधिक होने के कारण कलेक्टर ने संबंधित जेएसओ तथा बीएमओ को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए अगले आदेश तक उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जल संबंधी शिकायतों का निराकरण होने तक लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सहायक यंत्री का वेतन रोकें। इसी प्रकार शहरी आजीविका परियोजना की समुचित प्रगति नहीं होने के कारण परियोजना अधिकारी का भी वेतन रोकें।
इन विषयों पर भी हुई चर्चा
बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सीएम राईस स्कूलों की समीक्षा करते हुए एसडीएम तथा तहसीलदारों को चैकलिस्ट अनुसार निरीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने सहायक आयुक्त जनजाति कार्यविभाग से शिक्षकों के संविलियन के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि प्राकृतिक प्रकोप के प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करें। सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों के निराकरण के लिए एसडीएम शिविर आयोजित करें। न्यायालय के प्रकरणों पर समय पर जवाब देते हुए एक प्रति कलेक्ट्रेट में उपलब्ध कराएं। उन्होंने आपकी सरकार आपके साथ, मुख्यमंत्री राशन आपके गांव, खाद तथा यूरिया की उपलब्धता तथा उपार्जन से जुड़े बिन्दुओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में टीएल के पत्रों की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने दिखाई फसल बीमा योजना के प्रचार रथ को हरी झंडी
मण्डला 2 दिसम्बर 2021
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रचार के लिए 2 प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये रथ गाँव-गाँव जाकर प्रधानमंत्री फसल बीमा के बारे में लोगों जानकारी देंगे। प्रचार रथ 30 दिसम्बर तक जिले के समस्त विकासखण्डों में भ्रमण करेगा। इस अवसर पर अपर कलेक्टर मीना मसराम, उप संचालक कृषि संग्राम सिंह मरावी, जिला अग्रणी बैंक अमित केसरी, एसएडीओ जेआर गजेन्द्र, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, अनुविभागीय कृषि अधिकारी मधु अली सहित संबंधित उपस्थित रहे।

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री कुलस्ते का दौरा कार्यक्रम
मण्डला 2 दिसम्बर 2021
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते 4 दिसम्बर को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते 4 दिसम्बर को 2:30 बजे डिंडौरी से रवाना होकर 4:30 बजे मंडला पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वे सायं 7 बजे मंडला से रवाना होकर 8:15 बजे बीजाडांडी पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेने के उपरांत रात्रि 9 बजे जेवरा के लिए प्रस्थान करेंगे। केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री 5 दिसम्बर को प्रातः 8 बजे जेवरा से सिवनी के लिए रवाना होंगे।
दिव्यांगजनों में भी बेहतर क्षमताएं, आवश्यकता है अवसर प्रदान करने की
दिव्यांगों के साथ “कैरियर की बात” कार्यशाला का आयोजन
मण्डला 2 दिसम्बर 2021
विश्व दिव्यांग दिवस 2021 के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए कैरियर मार्गदर्शन एवं स्वरोजगार कार्यशाला का आयोजन जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान मण्डला सभागृह में आयोजित किया गया। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने विद्यार्थियों से बात करते हुए आत्मबल को बढ़ाने और स्वरूचि अनुसार कैरियर का चुनाव करने हेतु विद्यार्थियों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा दिव्यांगों को समान अधिकार व समान अवसर प्रदान किये गए हैं। दो दिवसीय कार्यक्रम के माध्यम से दिव्यांगजनों को प्रतिभा उन्नयन का अवसर प्रदान किया गया है। कलेक्टर ने कहा कि दिव्यांगजनों में भी बेहतर क्षमताएं होती हैं, आवश्यकता है उन्हें अवसर प्रदान करते हुए प्रोत्साहित करने की। इस तरह के आयोजनों से समाज में व्याप्त मानसिकता को बदलने का प्रयास किया जा रहा है। सभी शासकीय भवनों में रैम्प सहित अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। कलेक्टर ने कहा कि सामाजिक न्याय विभाग में दिव्यांगजनांे के लिए विशेष जनसुनवाई कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। उन्होंने दृष्टिबाधितों के लिए बनाई गई ई-लायब्रेरी का लाभ लेने तथा रोजगार कार्यालय में पंजीयन कराने का आव्हान किया।
यह आयोजन कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी समग्र शिक्षा अभियान जिला शिक्षा केंद्र, सामाजिक न्याय विभाग एवं रोजगार कार्यालय के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया गया। इस आयोजन में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत एस.एस. मरावी, जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता बर्वे, प्राचार्य डाइट के.एस. सूर्याम, जिला रोजगार अधिकारी सैयाम, एपीसी समग्र शिक्षा अभियान मुकेश पांडे, एपीसी के.के. उपाध्याय की उपस्थिति रही। आयोजन में जिला केरियर काउंसलर अखिलेश उपाध्याय, अनुपम श्रीवास्तव, आनन्द मसीह, हेमन्त खरे, कृति सिंघई, गायत्री शुक्ला ने दिव्यांग विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। मोटिवेशनल वीडियो एवं पीपीटी के माध्यम से काउंसलिंग को रुचिकर बनाया गया। एडीपीसी मुकेश पांडेय द्वारा जिला स्तर पर चलाये जा रहे कैरियर की बात आपके साथ कैरियर गतिविधि की जानकारी दी गई। कैरियर काउन्सलर अखिलेश उपाध्याय ने विश्व के सफल दिव्यांगों की सफलता की कहानी बताते हुए विद्यार्थियों को संकल्प पथ पर अडिग रहने व केरियर के विभिन्न आयामों के विषय में जानकारी दी। कैरियर मार्गदर्शन हेतु स्कूल शिक्षा विभाग के एमपी एसपायर पोर्टल पर लॉगिन होने एवं उपलब्ध जानकारियों के विषय में बताया। अनुपम श्रीवास्तव ने नई शिक्षा नीति के फायदों को बताते हुए विषय चयन प्रक्रिया से अवगत कराया व प्रेरक प्रसंगों पर बात की गई। आनंद मसीह द्वारा केरियर के अलग-अलग क्षेत्रो में जाने हेतु मार्गदर्शन दिया गया। हेमन्त खरे द्वारा दिव्यांगता को ताकत में बदलने के तरीकों को बताया गया। कृति सिंघई ने स्किल डेवलपमेंट विभाग द्वारा दिव्यांगों के लिये चलाई जा रही योजनाओं से अवगत कराया। जनपद पंचायत मण्डला से पीयूष पांडेय एवं उक्त योजनाओं की जानकारी दी। गायत्री शुक्ला द्वारा उमंग किशोर कार्यक्रम के माध्यम से दिव्यांगजनों को मिलने वाले लाभ से अवगत कराया गया। आयोजन में विद्यार्थियो से वन-टू-वन चर्चा कर उनकी जिज्ञासाओं को जानकर समाधान किया गया। विद्यार्थियों से उनकी व्यक्तिगत जानकारी का फॉर्म भराया गया जिससे उन्हें रुचि व योग्यतानुसार केरियर मार्गदर्शन दिया जा सके। आयोजन स्थल में कोविड वेक्सीनेशन की टीम उपलब्ध रही। कार्यक्रम का संचालन जिला केरियर काउन्सलर अखिलेश उपाध्याय द्वारा किया गया। आभार के.के. उपाध्याय द्वारा किया गया। इस आयोजन में सभी विकासखण्डों से आए हुए दिव्यांग विद्यार्थी व शिक्षक उपस्थित रहे।

राशन आपके ग्राम योजना के तहत 6 ग्रामों में खाद्यान्न वितरित
मण्डला 2 दिसम्बर 2021
मुख्यमंत्री राशन आपके ग्राम योजना के तहत् 2 दिसम्बर को जिले के 6 ग्रामों में पात्र हितग्राहियों को उनके ग्राम में ही खाद्यान्न का वितरण किया गया। जिला आपूर्ति अधिकारी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार गुरूवार 2 दिसम्बर को फोंक में 93, भड़िया वनग्राम में 40, खुकसर में 8, दरियागोंदी में 7, कन्हारीखुर्द में 7 तथा दिलवारा वनग्राम में 102 पात्र हितग्राहियों को खाद्यान्न का वितरण किया गया।

कलेक्टर ने ली रिसॉर्ट संचालकों की बैठक
मण्डला 2 दिसम्बर 2021
वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से रिसॉर्ट संचालकों की बैठक लेते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि वे कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराने में प्रशासन का सहयोग करें। कलेक्टर ने कहा कि रिसॉर्ट तथा होटलों में उन्हीं लोगों को प्रवेश दिया जाए जिन्होंने वैक्सीनेशन करा लिया है अथवा 72 घण्टे पहले उनकी आरटीपीसीआर जांच निगेटिव आई हो। निर्देशों के उल्लंघन की स्थिति में रिसॉर्ट तथा होटल मालिक जिम्मेदार होंगे।
श्रीमती सिंह ने निर्देशित किया कि जो भी विदेशी पर्यटक आते हैं उनका आरटीपीसीआर जांच कराते हुए तत्काल सूचना संबंधित एसडीएम तथा थाने में उपलब्ध कराएं। स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं के लिए सीएमएचओ के संपर्क में रहें। रिसॉर्ट में आयोजित होने वाली पार्टियों में भी सोशल डिस्टेसिंग का पालन कराएं। कलेक्टर ने कहा कि रिसॉर्ट का स्टॉफ स्वयं मॉस्क लगाएं तथा आने वाले पर्यटकों को भी मॉस्क लगाने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने रिसॉर्ट संचालकों से आव्हान किया कि वे सावधानी बरतते हुए जिम्मेदारी से कार्य संपादित करें।

नवीन मतदाताओं सहित वंचित लोगों का वैक्सीनेशन पूर्ण करें
समीक्षा बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देश
मण्डला 2 दिसम्बर 2021
कोविड वैक्सीनेशन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि वैक्सीनेशन के लक्ष्य की पूर्ति के लिए सभी विभाग समन्वय करते हुए पूरी क्षमता से कार्य करें। उन्होंने कहा कि मैदानी अमला वातावरण तैयार करते हुए लोगों को टीकाकरण केन्द्र तक मोबीलाईज्ड करें। मंडला, घुघरी, मवई तथा बीजाडांडी में अतिरिक्त प्रयास करने की आवश्यकता है।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निकायवार लक्ष्य निर्धारित करते हुए कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक, पटवारी, कोटवार तथा स्व-सहायता समूह की दीदियां अपने परिवारजन तथा आस-पड़ोस के लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करते हुए उन्हें केन्द्र तक भेजना सुनिश्चित करें। आवश्यकतानुसार मोबाईल टीम का उपयोग करें। मनरेगा सहित अन्य कार्यस्थलों में भी वैक्सीनेशन कराएं। शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत् लाभ लेने वाले हितग्राहियों का भी चिन्हांकन कर टीकाकरण करें। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके नवीन मतदाता जिनका अब तक प्रथम अथवा द्वितीय वैक्सीनेशन नहीं हुआ है उन्हें भी पात्रतानुसार वैक्सीन लगाएं। नवीन मतदाताओं का वैक्सीनेशन 2 दिवस में पूर्ण करते हुए इस आशय का प्रमाण पत्र स्टेनो शाखा में प्रस्तुत करें। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक केन्द्रों में प्रातः 6 बजे तक वैक्सीनेशन की उपलब्धता सुनिश्चित करें। साथ ही टीकाकरण की ऑनलाईन एंट्री पूर्ण कराएं। सभी वैक्सीनेटर सुबह 7 बजे तक निर्धारित टीकाकरण केन्द्र में पहुंच जाना चाहिए। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से इस बैठक में संबंधित विभागों के जिला, अनुविभाग तथा विकासखण्ड स्तर के अधिकारी सम्मिलित हुए।

विश्व विकलांग दिवस पर आज होंगे विविध आयोजन
मण्डला 2 दिसम्बर 2021
विश्व विकलांग दिवस के अवसर पर 3 दिसम्बर को विविध आयोजन किए जाएंगे। इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार 3 दिसम्बर को प्रातः 11 बजे से स्टेडियम ग्राऊँड में दिव्यांगजनों की खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इस प्रतियोगिता में विकासखण्ड स्तर पर चयनित प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। सायं 4 बजे से झंकार भवन में दिव्यांगजनों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। जनसामान्य से इन कार्यक्रमों में उपस्थिति का आग्रह किया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने किया ई.वी.एम. वेयरहाउस का निरीक्षण
मण्डला 2 दिसम्बर 2021
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने पॉलिटेक्निक कॉलेज मंडला स्थित ईवीएम एवं वीवीपेट वेयरहाउस का निरीक्षण। इस दौरान उन्होंने वेयरहाऊस की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से वेयर हाऊस के निरीक्षण के दौरान आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान प्राचार्य आर.के. परोहा तथा निर्वाचन शाखा से सीके तिवारी सहित संबंधित उपस्थित रहे।

पॉलीटेक्निक के छात्राओं का हुआ वैक्सीनेशन
मण्डला 2 दिसम्बर 2021
शासन द्वारा पॉलीटेक्निक महाविद्यालय मण्डला में सम्पूर्ण मध्यप्रदेश की अनुसूचित जनजाति की छात्राओं के लिए एकलव्य योजनांतर्गत निःशुल्क आवासीय व्यवस्था के साथ डिप्लोमा पाठ्यकम संचालित है। वर्तमान में छात्रावास में विभिन्न जिलों की छात्राएँ निवासरत हैं, जिन्होंने अपने निवास स्थान वेक्सीन का प्रथम डोज प्राप्त किया था, किन्तु द्वितीय डोज नहीं प्राप्त किया है उनके लिए और ऐसी छात्राएँ जिनकी आयु 18 वर्ष से उपर है और वैक्सीन नहीं हुआ है उन सभी के लिए जिला प्रशासन द्वारा पहल कर पॉलीटेक्निक केम्पस में केम्प विगत दिवस लगाया गया। इस केम्प में दोनों प्रकार की वेक्सीन के 165 डोज लगाये गए। संस्था में कार्यरत कर्मचारियों ने भी अवसर का लाभ लेते हुए अपना वेक्सीनेशन कराया। अपर कलेक्टर मीना मसराम की पहल पर टीकाकरण अधिकारी डॉ. वाई.के. झारिया एवं सहयोगी भाग्यश्री तुरकर तथा इन्द्रा रावत द्वारा टीका लगाया गया।
पॉलीटेक्निक में विश्व एड्स दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम संपन्न
मण्डला 2 दिसम्बर 2021
विश्व एड्स दिवस के अवसर पर पॉलीटेक्निक महाविद्यालय मण्डला में विगत दिवस जनजागरूकता अभियान चलाया गया। एड्स महामारी एवं उससे होने वाली विभिन्न प्रकार की बीमारियों पर सभी छात्राओं को जागरूक किया गया। कार्यकम में जिला एड्स नियंत्रण समिति एवं राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन समिति मण्डला ने अपने-अपने प्रतिनिधियों के माध्यम से एड्स के लक्षण, उपचार एवं बचाव को विस्तृत रूप से समझाया गया। संस्था प्रमुख आर.के. परोहा ने छात्राओं को एड्स जैसी महामारी के प्रति सजग एवं दैनिक दिनचर्या में स्वच्छता के महत्व को बताया। लैब टेक्निीशियन आईसीटीसी चित्रांश वर्मा ने छात्राओं को बताया कि एड्स कैसे फैलता है एवं उसके रोकथाम के लिए क्या सावधानियों बरतनी होती है। जिला समन्वयक अभिषेक दुबे ने एचआईव्ही वायरस एड्स के प्रकार, रोकथाम के लिए उपयोग में आने वाली दवाईयों एवं जाँच आदि विभिन्न विषयों पर जानकारी दी गयी। विजय खोबरागडे, विधिक सहायता मण्डला ने यौन उत्पीड़न, अपराध, साईबर काईम और उनसे बचाव तथा निःशुल्क विधिक सहायता के बारे छात्राओं को बताया गया। इस कार्यकम में क्षय रोग उन्मूलन के श्री मुकुल द्वारा टीबी एवं उनसे होने वाली प्रभाव, जाँच, कारण एवं निदान पर चर्चा की गयी। आलोक एवं सुमित सहारे द्वारा छात्राओं को एड्स दिवस एवं टीवी के संबंध में जानकारी दी गई।

’विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय मण्डला में होगा विशेष शिविर का आयोजन’
मण्डला 2 दिसम्बर 2021
कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार 3 दिसंबर 2021 को विश्व विकलांग दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय मण्डला में शिविर आयोजित कर दिव्यांगजनों की जांच की जाएगी तथा उनके प्रमाण पत्र एवं उनके यूडीआईडी जारी करने की कार्यवाही की जायेगी। शिविर में संबंधित विधा के विशेषज्ञ चिकित्सक उपस्थित रहेंगे। ऐसे दिव्यांगजन जिनके प्रमाण पत्र नहीं बने हैं अथवा जिनका नवीनीकरण किया जाना है, वे आधार कार्ड, समग्र आईडी की छायाप्रति, तीन फोटो, पुराना दिव्यांग प्रमाण पत्र (यदि उपलब्ध हो) लेकर जिला चिकित्सालय मण्डला में उपस्थित होकर शिविर का लाभ उठा सकते हैं। उक्त शिविर में नेत्र एवं श्रवण बाधित संबंधी दिव्यांगजनों को छोड़कर शेष दिव्यांगजनो की जांच एवं प्रमाण पत्र की कार्यवाही की जायेगी।
कलेक्टर ने की बैंक आधारित योजनाओं की समीक्षा
मण्डला 2 दिसम्बर 2021
बैंक आधारित योजनाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सकारात्मक रूख अपनाते हुए बैंकर्स हितग्राहियों को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग तथा बैंकर्स आपस में समन्वय कर समय-सीमा में शासन की योजनाओं के तहत निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करें। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुनील कुमार दुबे, डीडीएम नाबार्ड अखिलेश वर्मा, अग्रणी बैंक प्रबंधक अमित केसरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी तथा विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे।
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि स्व-सहायता समूह की बैंक लिंकेज की कार्यवाही जल्द से जल्द पूर्ण करें। समूह को पात्रतानुसार ऋण स्वीकृत कर वितरित करें। इस संबंध में उन्होंने शाखावार समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। नगरीय तथा ग्रामीण पथ विक्रेता योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निकायवार लक्ष्य के अनुरूप प्रकरण तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय अमला दस्तावेजीकरण में सहयोग प्रदान करें। इस संबंध में उन्होंने कैम्प लगाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में समुचित प्रगति नहीं आने पर संबंधितों के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी। योजना के तहत जिन लोगों ने एक वर्ष के अंदर राशि वापस जमा की है उन्हें नियमानुसार पुनः लाभ दिलाने का प्रयास करें। बैंकों से संबंधित सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देशित किया कि एक सप्ताह के अंदर सभी प्रकरणों का समुचित निराकरण सुनिश्चित करें। बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने पशुपालन, मत्स्य तथा उद्यानिकी विभाग की समीक्षा करते हुए प्रत्येक पात्र हितग्राहियों के किसान क्रेडिट कार्ड बनाने के निर्देश दिए। उद्यानिकी विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने संबन्धित अधिकारियों को प्रधान मंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना अंतर्गत लक्ष्य के अनुरूप आवेदन बैंको में जमा कराने हेतु निर्देशित किया। कलेक्टर ने बैठक में अनुपस्थित रहने वाले ग्रामीण आजीविका परियोजना के विकासखण्ड मैनेजरों का एक-एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने किया संभाव्यतायुक्त ऋण योजना (पीएलपी) का विमोचन
मण्डला 2 दिसम्बर 2021
राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) द्वारा वर्ष 2022-23 के लिए मंडला जिले हेतु, भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा निर्धारित प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्र में ऋण वितरण के दिशानिर्देशों के अनुसार, कृषि ऋण, कृषि अधोसंरचना, कृषि सहायक गतिविधियों, सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्यमियों, आवास, आदि हेतु तैयार की गई संभाव्यतायुक्त ऋण योजना (पीएलपी) का विमोचन कलेक्टर हर्षिका सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार दुबे, अग्रणी बैंक प्रबंधक अमित केसरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बैंकर्स उपस्थित रहे।
संभाव्यतायुक्त ऋण योजना के संबंध में जानकारी देते हुए नाबार्ड डीडीएम अखिलेश वर्मा ने बताया कि वर्ष 2022-23 में प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्रों के लिए कुल 2301.92 करोड़ की संभाव्यक्ता का आंकलन किया गया है, जो कि वर्ष 2021-22 के 2119.76 करोड़ रुपए के मुक़ाबले 8.59 प्रतिशत अधिक है। कुल ऋण योजना में कृषि क्षेत्र हेतु 82 प्रतिशत, सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्योग हेतु 11 प्रतिशत तथा अन्य प्राथमिकता प्राप्त क्षेत्रों हेतु 7 प्रतिशत की संभाव्यक्ता का आंकलन किया गया है।

