कोविड की संभावित तीसरी लहर को रोकने जनभागीदारी आवश्यक – श्री चौहान
मुख्यमंत्री ने ली वीडियो कॉन्फ्रेसिंग में दिए निर्देश
मण्डला 24 दिसम्बर 2021
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों के मद्देनजर संबंधित मंत्रियों, प्रभारी मंत्रियों, कमिश्नर, कलेक्टर तथा एसपी को वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से संबोधित किया। बैठक में उन्होंने कहा कि प्रदेश में कोविड के प्रकरण बढ़ना चिंता का विषय है। सभी कलेक्टर कोविड की संभावित तीसरी लहर को रोकने के लिए अभी से समुचित तैयारी कर लें। श्री चौहान ने कहा कि सावधानी एवं इंतजाम रखते हुए कोविड के संक्रमण को बढ़ने से रोका जा सकता है। उन्होंने ओमीक्रोन के मामलों पर चर्चा करते हुए समुचित इंतजाम के जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोविड संक्रमण को रोकने और संक्रमित व्यक्तियों के उपचार की जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की है। अतः सभी इंतजाम पुख्ता करते हुए संक्रमण को रोकने के लिए प्रभावी उपाय करें। जिला एनआईसी कक्ष में कलेक्टर हर्षिका सिंह, पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, सीएचएचओ डॉ. श्रीनाथ सिंह एवं संबंधित उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड की दूसरी लहर के दौरान जनभागीदारी, जनप्रतिनिधियों एवं संकट प्रबंधन समिति के सदस्यों द्वारा सक्रिय सहयोग मिला है। अब पुनः संकट प्रबंधन समित के सदस्यों को सक्रिय करते हुए नए लोगों को जोड़कर सहयोग लेना है। श्री चौहान ने कहा कि धर्मगुरूओं, समाजसेवियों, एनजीओ भी कोविड की संभावित तीसरी लहर के प्रति आमजनों को जागरूक करने, कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने तथा सावधानी बरतने के लिए प्रेरित करें। पिछली बार भी कोरोना को हराने में जनसहयोग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अतः इस बार भी संक्रमण के प्रति जागरूकता एवं संक्रमण को रोकने जनभागीदारी आवश्यक है। श्री चौहान ने कलेक्टर एवं एसपी को निर्देशित किया कि आमजनों को मॉस्क पहनने, सोशल डिस्टेसिंग का पालन करने तथा अनावश्यक भीड़भाड़ वाले स्थानों पर न जाने की समझाईश दें। इस संबंध में जागरूकता अनाउंसमेंट भी कराएं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कोविड के वैक्सीनेशन से अब तक शेष रहने वाले व्यक्तियों को भी प्राथमिकता से टीकाकरण कराएं।

घर-घर दस्तक अभियान से पूर्ण करें वैक्सीनेशन
मुख्यमंत्री ने कहा कि वैक्सीनेशन संक्रमण से बचाने में कारगर है। आगामी दिनों में भी घर-घर दस्तक अभियान के माध्यम से बाकी बचे लोगों का वैक्सीनेशन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जितने भी शासकीय अधिकारी एवं कर्मचारी हैं सभी दोनों डोज लेना सुनिश्चित करें। यदि कोई व्यक्ति संक्रमित पाया जाता है तो उसकी कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग गंभीरता से करते हुए टेस्टिंग कराएं। श्री चौहाने ने टेस्टिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने अंतर्राज्जीय बस एवं रेलवे स्टेशनों आदि में भी लोगों की कोविड टेस्टिंग कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कोविड टेस्टिंग सेंटर को पुनः सक्रिय करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला स्तर पर वेंटीलेटर सहित सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। अस्पतालों में कोविड उपचार के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं करें। श्री चौहान ने ऑक्सीजन की व्यवस्था पर निर्देश देते हुए कहा कि अस्पतालों में ऑक्सीजन लाईन की व्यवस्था एवं अन्य जरूरी इंतजामों का मॉकड्रिल करें। साथ ही ऑक्सीजन की शुद्धता पर भी विशेष ध्यान दें। सभी अस्पतालों में बिजली उपलब्ध रहे। इसी प्रकार आगामी एक माह की मांग के अनुसार दवाईयों की उपलब्धता सुनिश्चित रहे। श्री चौहान ने कहा कि आवश्यकतानुसार प्राईवेट अस्पतालों का भी उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने प्राईवेट अस्पतालों के संचालकों के साथ बैठक करते हुए अस्पतालों की मैपिंग करने के निर्देश दिए।
अभ्यर्थियों को सुलभतापूर्वक अनुमति देने सिंगल विंडो सिस्टम बनाएं – हर्षिका सिंह
कलेक्टर ने प्रथम चरण विकासखण्डों के अधिकारियों की ली बैठक
मण्डला 24 दिसम्बर 2021
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने प्रथम चरण मंे शामिल निवास, नारायणगंज तथा बीजाडांडी के निर्वाचन अधिकारियों तथा पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि नाम वापस लेने की प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात अब अंतिम रूप से अभ्यर्थी निर्धारित हैं। अभ्यर्थियों द्वारा प्रचार-प्रसार एवं अन्य जरूरी कार्यों के लिए प्रशासन से अनुमति ली जानी है। तीनों विकासखण्ड के संबंधित अधिकारी अभ्यर्थियों को आवश्यक एवं सुलभतापूर्वक अनुमति देने सिंगल विंडो सिस्टम बनाएंगे तथा इसका प्रभावी रूप से क्रियान्वयन भी सुनिश्चित करेंगे। श्रीमती सिंह ने संबंधितों को निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों को रैली एवं प्रचार संबंधी अनुमति देने के लिए जिम्मेदार व्यक्ति की ड्यूटी लगाएं। अनुमति देने के लिए आवश्यक दस्तावेज एवं प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्रसारित करें तथा अभ्यर्थी से अनुमति के लिए आवेदन मिलने के 24 घण्टे के अंदर सुलभतापूर्वक नियमानुसार अनुमति प्रदान करें। बैठक में पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत, एडीएम मीना मसराम, जिला पंचायत सीईओ सुनील दुबे सहित संबंधित एसडीएम, सेक्टर अधिकारी, पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।

असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर कार्यवाही करें
जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती सिंह ने राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्रिटीकल एवं वल्नरेवल मतदान केन्द्रों का सतत रूप से भ्रमण करें। अपने भ्रमण के दौरान ग्रामीणों से बात करें। उन्होंने गांव के असामाजिक तत्वों के बारे में जानकारी लें। साथ ही मैदानी अमले के माध्यम से भी असामाजिक तत्वों एवं वर्तमान परिदृष्य का फीडबैक लें। श्रीमती सिंह ने कहा कि भ्रमण के दौरान किसी भी प्रकार की संवेदनशील जानकारी मिलने पर उनसे संबंधित असामाजिक तत्वों को चिन्हित करते हुए उन पर 107 (16) की कार्यवाही सुनिश्चित करें। राजस्व एवं पुलिस अधिकारी मैदानी स्तर पर लगातार संयुक्त भ्रमण जारी रखें। साथ ही समय-समय पर कोटवार एवं सचिवों की बैठक भी लें।
मतदान केन्द्रों में रहे पानी, शौचालय एवं बिजली अनिवार्य
श्रीमती सिंह ने निर्देशित किया कि सभी सेक्टर अधिकारी लगातार अपने क्षेत्र का भ्रमण करे। आमजनों से बात करें तथा भ्रमण के दौरान प्राप्त होने वाला फीडबैक संबंधित एसडीएम, तहसीलदार एवं पुलिस अधिकारियों से साझा करें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने क्षेत्र के मतदान केन्द्रों में पानी, बिजली, शौचालय तथा साफ-सफाई सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने स्कूलों में बनाए गए मतदान केन्द्रों में बिजली सहित अन्य व्यवस्थाओं की मॉनीटरिंग के लिए डीपीसी, एसी ट्राईबल एवं डीईओ को नोडल बनाया।
मतदान दलों के लिए रात्रि विश्राम एवं अलाव की व्यवस्था करें
कलेक्टर ने कहा कि प्रथम चरण का निर्वाचन 6 जनवरी को निवास, नारायणगंज एवं बीजाडांडी में किया जाएगा। ऐसे में मतदान दलों के लिए सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदान दलों के ठहरने, रात्रि विश्राम करने, पानी एवं भोजन की व्यवस्था अनिवार्यतः करें। साथ ही गरम पानी तथा ठंड से बचने के लिए अलाव की व्यवस्था भी सुनिश्चित करें। श्रीमती सिंह ने मतदान दलों के स्वास्थ्य परीक्षण तथा कोविड प्रोटोकॉल सामग्री के लिए जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान दलों के परिवहन के लिए भी यातायात व्यवस्था सुनिश्चित रखने की बात कही। उन्हांेने आरटीओ को रूटप्लॉन के अनुसार बसों एवं अन्य साधनों की व्यवस्था सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए।
अवैध शराब परिवहन पर करें कड़ी कार्यवाही
श्रीमती सिंह ने आबकारी, राजस्व एवं पुलिस विभाग को निर्देशित किया कि अवैध शराब के परिवहन एवं विक्रय पर लगातार कार्यवाही जारी रखें। उन्होंने कहा कि संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत भी संबंधित विभाग कार्यवाही करे। कलेक्टर ने सेक्टर अधिकारियों से उनके क्षेत्र के क्रिटीकल एवं वल्नरेवल केन्द्रों की केन्द्रवार जानकारी ली। उन्होंने नेटवर्क शेडो एरिया के बारे में भी जरूरी चर्चा की। उन्होंने पीडब्ल्यूडी को आवश्यक स्थानों पर जरूरी बेरीकेटिंग तथा पीआईयू को मतगणना से संबंधित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि संबंधित अधिकारी ईव्हीएम की कमिशनिंग सहित अन्य परिवहन गंभीरता से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विकासखण्डों में मुख्यालय स्तर पर महिला बूथ तथा आदर्श बूथ बनाए जाएं। उन्होंने ईव्हीएम के परिचय एवं उसकी कार्यप्रणाली की जानकारी के लिए ईव्हीएम का प्रदर्शन करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक ब्लॉक में कंट्रोल रूम बनाएं। कलेक्टर ने 27 दिसम्बर तथा 3 जनवरी को मतदाता जागरूकता से संबंधित विशेष गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने कहा कि पुलिस एवं राजस्व अधिकारी संयुक्त रूप से भ्रमण प्रारंभ करें। पुलिस अधिकारी वाहन चैकिंग एवं अप्राधिकृत नंबर प्लेटों को हटाने की कार्यवाही करें। साथ ही असामाजिक तत्वों को चिन्हित करते हुए स्पॉट बाउंडओर करना सुनिश्चित करें। एसपी श्री राजपूत ने कहा कि सभी अधिकारी आपस में समन्वय बनाकर रखें तथा निर्वाचन के लिए सभी तैयारियां समयपूर्व पूर्ण करें।
जनजाति बाहुल्य जिलों में कार्य करने संवेदनशीलता आवश्यक – हर्षिका सिंह
कलेक्टर ने प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों को किया संबोधित
मण्डला 24 दिसम्बर 2021
भारतीय प्रशासनिक सेवा के 18 प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी जिले के भ्रमण पर हैं। सभी अधिकारी 22 से 26 दिसम्बर तक जिले की जनजाति, सामाजिक, सांस्कृतिक, प्रशासनिक तथा भौगोलिक परिस्थितियों का अध्ययन करने के लिए पहुँचे हैं। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने खटिया स्थित ईको सेंटर में प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जनजाति बाहुल्य जिले में काम करना चुनौतीपूर्ण है। साथ ही ऐसे क्षेत्र में काम करने के लिए संवेदनशीलता अत्यंत आवश्यक है। श्रीमती सिंह ने बताया कि जनजातीय लोग सरल एवं सच्चे हृदय के होते हैं। शासन के अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने तथा जनजातीय लोगों के समस्याओं के निराकरण के लिए उनका विश्वास जीतना आवश्यक होता है। कलेक्टर ने मंडला जिले की भौगोलिक, सांस्कृतिक, सामाजिक, ऐतिहासिक विशेषताओं के बारे में बताया। उन्होंने मंडला से मिले जीवाश्म के बारे में भी विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विजय तेकाम, एसडीएम सुलेखा उईके, रंजीत गुप्ता एवं संबंधित उपस्थित थे।
कलेक्टर श्रीमती हर्षिका सिंह ने प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों को जिला प्रशासन द्वारा किए गए विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने हेबीटेट राईट्स का वितरण, सामुदायिक वनाधिकार पट्टा, विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में बताया। श्रीमती सिंह ने जनजातीय क्षेत्रों में कार्य के दौरान आने वाली विभिन्न चुनौतियों के बारे में भी बताया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कोविड वैक्सीनेशन तथा कोविड प्रोटोकॉल के पालन के लिए प्रशासन द्वारा बनाई गई रणनीति को भी साझा किया। श्रीमती सिंह ने एससी, एसटी एक्ट, कोदो-कुटकी तिहार, एक जिला एक उत्पाद, दीदी केफे तथा अन्य जिला प्रशासन के नवाचारों एवं कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने जनजातीय विभाग की संरचना, जनजातीय जिलों में शैक्षणिक योजनाएं तथा वनाधिकार से संबंधित पावरप्वाईंट प्रेजेन्टेशन के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी।
कोरोना संक्रमण की रोकथाम एवं बचाव के लिए नवीन दिशा-निर्देश जारी
जिला दण्डाधिकारी ने जारी किए आदेश
मण्डला 24 दिसम्बर 2021
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी हर्षिका सिंह ने म.प्र. शासन गृह विभाग से प्राप्त निर्देशों के परिपालन में दण्ड प्रकिया संहिता 1973 की धारा 144 में प्रदत्त शक्तियों को प्रयोग में लाते हुए नवीन दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जो अग्रिम आदेश पर्यंन्त तत्काल प्रभाव से प्रभावशील होंगे। जारी आदेश के तहत सम्पूर्ण मण्डला जिले में रात्रि 11 बजे से प्रातः 5 बजे तक नाईट कर्फ्यू रहेगा। किन्तु अन्य राज्यों एवं जिलों से तथा जिले के भीतर माल तथा सेवाओं एवं यात्रियों का आवागमन बाधित नहीं होगा। औद्योगिक गतिविधियों का संचालन नाईट कर्फ्यू के प्रतिबंधों से मुक्त रहेगा। समस्त सिनेमा हॉल, मल्टीप्लैक्स, थियेटर, जिम, कोचिंग क्लासेस, स्वीमिंग पूल, क्लब, स्टेडियम में 18 वर्ष से अधिक आयु के केवल उन लोगों को ही प्रवेश की अनुमति रहेगी जिन्होंने कोविड-19 के दोनों टीके लगवाये हैं। समस्त शासकीय सेवकों से अपेक्षा है कि वह कोविड-19 टीके की दोनों डोज लें। समस्त विभागाध्यक्ष, कार्यालय प्रमुख ऐसे शासकीय सेवकों के नाम सूचीबद्ध करेंगे जिनके द्वारा दोनों टीके नहीं लगाये गये हैं तथा उन्हें दोनो टीके लगवाना सुनिश्चित करें। समस्त स्कूलों, कॉलेजों, होस्टलों में कार्यरत प्राचार्य, शिक्षक, संचालक, स्टॉफ तथा अध्ययनरत 18 वर्ष से अधिक आयु के छात्र-छात्राओं से अपेक्षा है कि वे कोविड-19 के टीके की दोनो डोज लें। ऐसे स्टॉफ, कर्मियों, छात्र-छात्राओं जिनके द्वारा दोनों टीके नहीं लगाए गए हैं उन्हें दोनों टीके लगवाना प्राचार्य, संचालक सुनिश्चित करें। समस्त मार्केट प्लेस एवं मॉल के दुकानदारों तथा मेलों में दुकान लगाने वाले दुकानदारों से अपेक्षा है कि वे कोविड-19 टीके की दोनों डोज लें। जिन दुकानदारों द्वारा दोनों टीके नहीं लगाए गये हैं उन्हें दोनो टीके लगवाना मार्केट एसोसियेशन, मॉल प्रबन्धन, मेला आयोजक सुनिश्चित करें। समस्त सिनेमाहाल, मल्टीप्लैक्स, थिएटर, जिम, कोचिंग क्लासेस, स्वीमिंग पूल स्टाफ को दोनों टीके लगवाना आवश्यक होगा। हॉस्पिटल, नर्सिंग होम्स, मेडिकल दुकानें नाईट कर्फ्यू के दौरान खुली रहेंगी। कोविड उपयुक्त व्यवहार जैसे मॉस्क का उपयोग, सोशल डिस्टेंसिंग आदि का पालन सुनिश्चित कराया जाये। जिले के समस्त अनुविभागीय दण्डाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार (कार्यपालिक दण्डाधिकारी), मुख्य नगरपालिका अधिकारी नगरपालिका परिषद, नगर पंचायत को आदेशित किया गया है कि मॉस्क नहीं लगाने वाले व्यक्तियों पर नियमानुसार जुर्माना वसूली की कार्यवाही की जाये।
आदेश के उल्लंघन पर भारतीय दण्ड संहिता 1860 की धारा 188 व अन्य प्रासंगिक धाराओं तथा आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 51 से 60 के प्रावधानों के तहत आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।

द्वितीय रेंडमाईजेशन संपन्न
मण्डला 24 दिसम्बर 2021
कलेक्ट्रेट परिसर के गोलमेज सभाकक्ष में ईव्हीएम का द्वितीय रेंडमाईजेशन संपन्न हुआ। प्रथम रेंडमाईजेशन 21 दिसम्बर को किया गया था। द्वितीय रेंडमाईजेशन में मतदान केन्द्रवार बीयू एवं सीयू का रेंडमाईजेशन किया गया। इस दौरान कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह, प्रेक्षक श्री शैलेन्द्र खरे, एडीएम मीना मसराम, जिला कोषालय अधिकारी अखिलेश नेटी, ईईआरईएस मनोज धुर्वे, एसडीएम शिवाली सिंह, तहसीलदार अनिल जैन, प्रभारी तहसीलदार राकेश खम्परिया एवं संबंधित उपस्थित थे।

सेक्टर अधिकारियों का प्रशिक्षण संपन्न
मण्डला 24 दिसम्बर 2021
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार मंडला जिले में 3 चरणों में त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन संपन्न होंगे। प्रथम चरण का मतदान 6 जनवरी को किया जाएगा। प्रथम चरण के अंतर्गत निवास, बीजाडांडी तथा नारायणगंज के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा सेक्टर अधिकारियों की नियुक्ति कर दी गई है। सेक्टर अधिकारियों का द्वितीय प्रशिक्षण योजना भवन में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा सेक्टर अधिकारियों को उनके दायित्व, निर्वाचन प्रक्रिया, आवश्यक सूचनाओं को भेजना तथा अन्य प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान ईव्हीएम मशीन की कार्यप्रणाली, कमिशनिंग की प्रक्रिया के बारे में बताया गया तथा मास्टर ट्रेनर्स द्वारा सेक्टर अधिकारियों को आवश्यक जानकारी दी गई।

झंकार भवन में आयोजित हुआ राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस
मण्डला 24 दिसम्बर 2021
राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस 2021 का कार्यक्रम प्रसन्न कुमार दुबे, पूर्व सदस्य जिला उपभोक्ता फोरम जिला मण्डला एवं अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत महाकौशल प्रांत के उपाध्यक्ष के मुख्य अतिथ्य में मंडला जिला मुख्यालय के झंकार भवन में आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम शासन के निर्देशानुसार ’’उपभोक्ता अपने अधिकारों को जाने’’ थीम पर आधारित था। कार्यक्रम में सर्वप्रथम जिला आपूर्ति अधिकारी टीकाराम अहिरवार द्वारा राष्ट्रीय उपभोक्ता दिवस के उददेश्य पर एवं उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019 के नवीन प्रावधानों से उपभोक्ताओं को अवगत कराया गया। तत्पश्चात समस्त विभागीय अधिकारियों के द्वारा अपने-अपने विभाग से संबंधित विषयों पर उपभोक्ता जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गई। कार्यक्रम में उपस्थित उभोक्ताओं को उनके अधिकारों एवं अधिकारों के हनन होने पर कानूनी प्रक्रिया के बारे में भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि प्रसन्न कुमार दुबे द्वारा उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के नवीन प्रावधानों की बारीकियों संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। उन्होंने उपभोक्ता फोरम से जुड़े अनुभवों को उपस्थित उपभोक्ताओं से साझा भी किया। कार्यक्रम में विशेष रूप से खाद्य सुरक्षा अधिकारी मण्डला, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम जिला विपणन अधिकारी नापतौल विभाग जिला प्रबंधक अग्रणी बैंक मण्डला, सहकारिता विभाग, साई नाथ पेट्रोल पंप के संचालक एवं मण्डला गैस एजेंसी के संचालक आदि उपस्थित रहे।

पीएम किसान योजना के हितग्राही केवाईसी कराएँ
मण्डला 24 दिसम्बर 2021
अधीक्षक भू-अभिलेख ने बताया कि पी.एम.किसान योजना के हितग्राहियों हेतु ई.के.वाई.सी की सुविधा पी.एम. किसान पोर्टल पर फार्मर कॉनर एवं पी.एम. किसान एप पर निःशुल्क उपलब्ध कराई गयी है। इस सुविधा के माध्यम से आधार लिंक मोबाईल पर ओटीपी के माध्यम से ई.के.वाई.सी की कार्यवाही पूर्ण की जा सकती है। उक्त के अतिरिक्त सी.एस.सी केन्द्रों के माध्यम से भी ई.के.वाई.सी की कार्यवाही हितग्राही द्वारा ओटीपी व बायोमेट्रिक से भी पूर्ण की जा सकती है। सी.एस.सी केन्द्र के माध्यम से ई.के.वाई.सी की दर 15 रूपये निर्धारित की गई है। ई.के.वाई.सी की कार्यवाही 31 मार्च 2022 तक पूर्ण करने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यक्ता है।
न.पा. द्वारा 25 दिसम्बर को आयोजित होंगे विविध कार्यक्रम
मण्डला 24 दिसम्बर 2021
प्राप्त जानकारी के अनुसार 25 दिसम्बर को नगरपालिका परिषद मंडला द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रातः 9:30 बजे से 10:30 बजे तक ’’दौड़ेगा मध्यप्रदेश-जीतेगा मध्यप्रदेश’’ प्लॉग रन सह स्वच्छता अभियान आयोजित होगा। नगरपालिका के टाउनहॉल में प्रातः 11 बजे से 1 बजे तक प्रेरणा सम्मान कार्यक्रम तथा दोपहर 1 से 2 बजे तक स्वच्छता योगदान के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। नगरपालिका परिषद में उक्त कार्यक्रम में भागीदारी के लिए अपील की है।
25 को आरओ एवं एआरओ का होगा प्रशिक्षण
मण्डला 24 दिसम्बर 2021
अपर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारी एवं कर्मचारियों के निर्वाचन संबंधी प्रशिक्षण के आदेश जारी कर दिए हैं। जारी आदेश के तहत जिला निर्वाचन कार्यालय के माध्यम से त्रि-स्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2021-22 के अंतर्गत विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 25 दिसम्बर को प्रातः 11 बजे से जिला योजना भवन में रिटर्निंग ऑफीसर एवं सहायक रिटर्निंग ऑफसर का प्रशिक्षण आयोजित किया गया है जिसमें जिले के समस्त रिटर्निंग ऑफीसर एवं सहायक रिटर्निंग ऑफीसर शामिल होंगे। इसी क्रम में निवास जनपद पंचायत में 25 एवं 26 दिसम्बर को प्रातः 10 बजे से ईव्हीएम कमिशनिंग का प्रशिक्षण आयोजित किया गया है जिसमें पीआईयू, आरईएस के समस्त स्टॉफ एवं रिटर्निंग ऑफीसर तथा सहायक रिटर्निंग ऑफीसर सम्मिलित होंगे। जनपद पंचायत नारायणगंज में 27 एवं 28 दिसम्बर को प्रातः 10 बजे से ईव्हीएम कमिशनिंग का प्रशिक्षण आयोजित किया गया है जिसमें पीआईयू, आरईएस के समस्त स्टॉफ एवं रिटर्निंग ऑफीसर तथा सहायक रिटर्निंग ऑफीसर सम्मिलित होंगे। जनपद पंचायत बीजाडांडी में 29 एवं 30 दिसम्बर को प्रातः 10 बजे से ईव्हीएम कमिशनिंग का प्रशिक्षण आयोजित किया गया है जिसमें पीआईयू, आरईएस के समस्त स्टॉफ एवं रिटर्निंग ऑफीसर तथा सहायक रिटर्निंग ऑफीसर सम्मिलित होंगे।
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री का दौरा कार्यक्रम
मण्डला 24 दिसम्बर 2021
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते का 25 दिसम्बर को मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते 25 दिसम्बर को रात्रि 8 बजे जबलपुर से रवाना होंगे तथा रात्रि 9 बजे जेवरा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे।
आर्थिक सहायता स्वीकृत
मण्डला 24 दिसम्बर 2021
कार्यालय कलेक्टर के आदेशानुसार घायल मनीषा, निवासी ग्राम बसनिया तथा नानबाई निवास ग्राम लपटी, रूकमणी बाई निवासी ग्राम मुरता एवं रजनी निवासी ग्राम दानीटोला आकाशीय बिजली गिरने से घायल होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बिछिया द्वारा हर एक घायलों को 4 हजार 300 रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।
11543 किसानों से 621602.48 क्विंटल धान की खरीदी
मण्डला 24 दिसम्बर 2021
जिला आपूर्ति अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में जिले में 24 दिसम्बर 2021 तक जिले के 67 उपार्जन केन्द्र स्थापित की गई है। आज दिनांक तक 11543 किसानों से 621602.48 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। जिला आपूर्ति अधिकारी ने कोविड संक्रमण के चलते किसानों से अनुरोध किया है कि वे विक्रय एस.एम.एस. प्राप्त होने पर ही उपज लेकर उपार्जन केन्द्र पर आएं तथा सभी कृषक फसल को साफ कर एफएक्यू मापदण्ड के अनुरूप ही उपार्जन केन्द्र पर आएं। ताकि फसल विक्रय के समय किसी भी प्रकार की परेशानी से बचाया जा सके। एस.एम.एस. प्राप्त न होने की स्थिति में फसल तैयार होने की जानकारी उपार्जन केन्द्र को दें। ताकि उन्हें विक्रय हेतु एस.एम.एस. भेजा जा सके। उन्होंने उपार्जन केन्द्र पर कोविड-19 से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियाँ बरतने का भी आग्रह किया है।
