मण्डला 10 जनवरी 2022
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने सीएम हेल्पलाइन, समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम तथा संबंधित विभागों के महत्वपूर्ण विषयों से संबंधित बैठक ली। बैठक में उन्होंने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी अधिकारी नियमित रूप से सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करें तथा संतुष्टि पूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि 19 जनवरी के पहले सभी अधिकारी अधिकतम संतुष्टि प्रतिशत के साथ शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने ऐसे विभागों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए जिनका संतुष्टि पूर्ण निराकरण प्रतिशत कम रहा। श्रीमती सिंह ने 300 दिवस से अधिक के प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि उनका निराकरण प्राथमिकता से सुनिश्चित करें। उन्होंने संबंधित विभागों से प्रकरणों के निराकरण के लिए की गई कार्यवाही के जवाब भी मांगे। कलेक्टर ने सहायक आयुक्त आदिवासी विकास,विद्युत विभाग, डब्ल्यूआरडी, कृषि सामान्य प्रशासन विभाग, माइनिंग नाम तथा संबंधित विभागों से सीएम हेल्पलाइन का निराकरण प्रतिशत की जानकारी लेते हुए जरूरी निर्देश भी दिए। बैठक में बीसी के माध्यम से एडीएम मीना मसराम, जिला पंचायत सीईओ सुनील दुबे तथा संबंधित विभागों के अधिकारी जुड़े हुए थे।
श्रीमती सिंह ने बैठक में निर्देशित किया कि सभी सीईओ जनपद अपनी जनपदवार समग्र के डाटा के आधार पर 15 से 18 वर्ष के बच्चों को चिन्हित कर सूची संधारित करें तथा स्वास्थ्य, महिला बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग से ऐसे बच्चों की जानकारी साझा करते हुए उनका टीकाकरण सुनिश्चित कराएं। कलेक्टर ने कहा कि स्कूल शिक्षा विभाग शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप स्कूलों का संचालन सुनिश्चित करें। उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शिक्षक एवं बच्चे मॉस्क का अनिवार्यता उपयोग सुनिश्चित करे, उल्लंघन की दशा में संबंधित प्राचार्य पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
श्रीमती सिंह ने उपार्जन कार्य की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों से जरूरी जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि पिंडरई क्षेत्र में अधिक यूरिया उपभोग की वास्तविक जानकारी ले तथा आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने जिले में किसानों के भुगतान की स्थिति, यूरिया की जनपदवार उपलब्धता तथा भंडारण के बारे में जानकारी लेते हुए जरूरी निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि मैपिंग की जानकारी लेते हुए हृदय नगर ट्रांसपोर्टेशन के कार्य को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि गुरुवार तक ट्रांसपोर्टेशन का 70 प्रतिशत से अधिक करें उन्होंने में मिलिंग एवं पीडीएस के कार्य में संलग्न वाहनों की आगामी 3 दिनों के लिए ट्रांसपोर्टेशन में संलग्न करने के निर्देश दिए।
आंगनवाड़ियों को बेहतर करने गोद लें अधिकारी
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देशानुसार सभी जिला अधिकारी अपने कार्यक्षेत्र के आंगनवाड़ी केंद्रों की स्थिति को बेहतर करने के लिए उन्हें गोद लेना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि अधिकारी ऐसे आंगनवाड़ी केंद्रों में जरूरी व्यवस्थाएं तथा कुपोषण की स्थिति को दूर करेंगे। कलेक्टर ने कहा कि जिन आंगनवाड़ियों को अधिकारियों द्वारा गोद लिया जाएगा उनमें गम्भीरतापूर्वक बेहतरी का कार्य सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को कुपोषित बच्चों एवं उनके अभिभावकों से भी मिलने के निर्देश दिए और कहा कि कुपोषित बच्चों के अभिभावकों की आर्थिक स्थिति जानते हुए उनकी यथासंभव मदद करें।
डिस्ट्रिक्ट कमांड कंट्रोल सेंटर की व्यवस्थाओं को करें दुरुस्त
कलेक्टर ने जिले में कोविड नियंत्रण के लिए पुनः प्रारंभ किए गए जिला स्तरीय कोविड कमांड कंट्रोल सेंटर की व्यवस्था को दुरूस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने डिस्ट्रिक्ट कंट्रोल कमांड सेंटर के प्रभारी अधिकारी से केंद्र की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि कंट्रोल सेंटर में साफ-सफाई एवं अन्य जरूरी व्यवस्थाएं पुख्ता रखें। साथ ही बिजली, पानी एवं अन्य व्यवस्थाओं की नियमित रूप से निगरानी भी करें।
बजट का करें शतप्रतिशत उपयोग
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके विभागों के विभिन्न हेड में उपलब्ध बजट का समय-सीमा में एवं शत-प्रतिशत रूप से उपयोग सुनिश्चित करें। उन्होंने स्वास्थ्य, आदिवासी कल्याण विभाग तथा संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि राशि का सदुपयोग करते हुए समय-सीमा में उपयोग करें। कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके कार्यालय में विगत 1 वर्ष के दौरान सेवानिवृत्त हुए शासकीय कर्मचारियों के पीपीओ जनरेट करें। उन्होंने जिला कोषालय अधिकारी ने इस संबंध में आंकड़े और जानकारी ली।
