Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

25 मार्च से 5 अप्रैल के बीच जल अभिषेक अभियान होगा प्रारंभ कलेक्टर ने अभियान की तैयारियों के लिए दिए निर्देश

मण्डला 23 मार्च 2022

कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी जल अभिषेक अभियान हर्षिका सिंह ने 25 मार्च से 5 अप्रैल के बीच प्रारंभ हो रहे जल अभिषेक अभियान के संबंध में बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत ग्रामीण विकास से जुड़े सभी विभाग विस्तृत तैयारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जल अभिषेक अभियान के तहत जिला एवं जनपद स्तर पर जल संसद का आयोजन किया जाएगा। जिला जल संसद के आयोजन में प्रभारी मंत्री एवं प्रमुख जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। इसी प्रकार जनपद स्तर पर भी जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, जल संरक्षण से जुड़े संगठन एवं आमजन उपस्थित रहेंगे। श्रीमती सिंह ने कहा कि जल अभिषेक अभियान के तहत जल संरक्षण को जन अभियान बनाए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने जल संरक्षण के लिए जन भागीदारी, जागरूकता, प्रतियोगिताएं तथा सामुदायिक जल संरक्षण के तहत विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

 

10 अप्रैल से सभी पंचायतों में प्रारंभ होंगे जल संरक्षण कार्य

 

कलेक्टर ने बैठक में ग्रामीण विकास से जुड़े सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल अभिषेक अभियान के तहत जिले की अलग-अलग पंचायतों को जल उपलब्धता के आधार पर चिन्हित करें। ऐसी पंचायतों में स्थानीय ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं एनजीओ से चर्चा कर जल संरक्षण के लिए किए जा सकने वाले विभिन्न कार्यों को चिन्हित करें। 10 अप्रैल से जिले की सभी 486 पंचायतों में जल संरक्षण के कार्य प्रारंभ होंगे। उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर जल यात्राओं के आयोजन करने संबंधी निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जल यात्राओं में स्थानीय जनप्रतिनिधि, समाजसेवी तथा आमजनों को शामिल करते हुए जल संरक्षण संबंधी नारे, जल की महत्ता एवं जागरूकता से संबंधित प्रदर्शन करें।

 

जल संरक्षण के लिए आयोजित करें जल संवाद

 

श्रीमती सिंह ने कहा कि जल संरक्षण प्रत्येक व्यक्ति, परिवार एवं समाज से जुड़ा विषय है। जल अभिषेक अभियान के तहत जिले से लेकर ब्लॉक स्तर पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें। स्कूलों में विद्यार्थियों को जल संरक्षण के महत्व के बारे में बताते हुए अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित करें। इसी प्रकार पंचायत स्तर तक जल संरक्षण से जुड़े पोस्टर-बैनर, दीवार-लेखन एवं अन्य जागरूकता नवाचार प्रारंभ करें। कलेक्टर ने कहा कि जल संरक्षण के संबंध में अलग-अलग विचारों को आमंत्रित करने के लिए जल संवाद का कार्यक्रम भी आयोजित करें। इस कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों से उनके क्षेत्र में जल संरक्षण के लिए किए जा सकने वाले सुझावों को प्राप्त करें।

कलेक्टर ने बैठक में सभी सीईओ जनपद को निर्देशित किया कि मई माह के अंत तक जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को चिन्हित करते हुए उनमें जल संरक्षण के लिए प्रभावी कार्य भी प्रारंभ करें ताकि बारिश के पूर्व अधिक से अधिक जल संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने ’पुष्कर धरोहर समृद्धि अभियान’ की चर्चा करते हुए ऐसे स्थानों के जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के संबंध में प्रभावी रणनीति बनाते हुए परिणाम आधारित कार्य करें। कलेक्टर ने ईईआरईएस एवं पीओ मनरेगा को सभी पंचायतों में जल संरक्षण की संभावना एवं जल संरचनाओं की मरम्मत संबंधी निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, एसीईओ श्री मरावी, ईईआरईएस मनोज धुर्वे, पीओ मनरेगा सहित सभी संबंधित उपस्थित थे।

Related posts

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 4 अप्रैल 2023

Reva India News

कलेक्टर ने किया पीएम जनमन आवास का निरीक्षण

Reva India News

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने ’आनंद उत्सव 2025’ हेतु जिला स्तरीय समिति का गठन किया

Reva India News

Leave a Comment