Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 1 अप्रैल 2022

स्वच्छता के लिए दौड़ा मंडला

कलेक्टर ने हरी झंडी दिखाकर साईकिल रैली को रवाना किया

 

मंडला 1 अप्रैल 2022

स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के तहत शहर एवं जिले के नगरीय निकायों को साफ-सुथरा रखने एवं स्वच्छता का संदेश देने के लिए विगत 2 सप्ताह से अनेक जागरूकता गतिविधियों का आयोजन हो रहा है। इसी क्रम में 1 अप्रैल को स्वच्छता का संदेश देने एवं शहरवासियों को जागरूक करने के उद्देश्य से साईकिल रैली का आयोजन किया गया। सायरन बजने के पश्चात प्रात 7:30 बजे कलेक्टर आवास से प्रारंभ हुई इस रैली को कलेक्टर हर्षिका सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में स्कूली बच्चे, स्काउट गाईड छात्र, आमजन एवं खिलाड़ी शामिल हुए। साईकिल रैली मुख्यालय के प्रमुख चौराहों एवं मार्गों से गुजरती हुई स्टेडियम ग्राउंड में समाप्त हुई। इससे पूर्व प्रातः 6 बजे सायरन के साथ शहर भर में साफ-सफाई का एकसाथ कार्य शुरू हुआ। इस दौरान स्कूल शिक्षा विभाग, जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग, नगरपालिका एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

 

स्टेडियम में प्लास्टिक प्रतिबंध के लिए ली गई शपथ

 

नगरपालिका अध्यक्ष पूर्णिमा शुक्ला ने महात्मा गांधी स्टेडियम में प्रातः 9 बजे उपस्थित आमजनों, छात्र-छात्रओं, स्काउट गाईड के बच्चे एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। स्वच्छता शपथ के तहत सभी ने प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने तथा शासन प्रशासन द्वारा प्लास्टिक प्रतिबंध के लिए जारी नियमों के पालन की शपथ ली। इस अवसर पर कलेक्टर हर्षिका सिंह, सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, एडीएम मीना मसराम, एसडीएम मंडला पुष्पेन्द्र अहके, जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी रविन्द्र ठाकुर, पीओ डूडा श्री कुर्वेती सहित संबंधित उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने किया वार्डों में सफाई का निरीक्षण

गंदगी फैलाने वालों एवं डस्टबिन का उपयोग नहीं करने पर जुर्माने के निर्देश

 

मंडला 1 अप्रैल 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 के तहत जिला मुख्यालय के श्रीराम वार्ड, आजाद वार्ड सहित शहर के प्रमुख चौराहों एवं मार्गों का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नगरपालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि कचरा वाले स्थानों पर अनिवार्यतः डस्टबिन रखें। उन्होंने कहा कि डस्टबिन का उपयोग नहीं करने वाले एवं कचरे को अन्यत्र फेकने वालों पर जुर्माने की कार्यवाही करें। कलेक्टर ने कहा कि ऐसे स्थानों की सफाई करते हुए इन स्थानों पर वृक्षारोपण करें एवं दीवारों पर पैंटिंग सहित जागरूकता संदेश का लेखन करें। श्रीमती सिंह ने बड़ी खाई एवं नालियों के कचरे को उचित रूप से प्रबंधित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संगम घाट का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए घाट पर समुचित इंतजाम सुनिश्चित करते हुए कचरा संग्रहण एवं पूजन सामग्री के उचित निपटान के लिए व्यवस्था बनाएं। निरीक्षण के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष पूर्णिमा शुक्ला, सहायक कलेक्टर अग्रिम कुमार, एसडीएम पुष्पेन्द्र अहके, पीओ डूडा श्री कुर्वेती एवं संबंधित उपस्थित थे।

 

पॉलीथिन में कचरा एवं खाद्य सामग्री न फेकें

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने शहरवासियों से अपील की है कि पॉलीथिन एवं कचरा एवं खाद्य सामग्री न फेकें। उन्होंने कहा है कि पॉलीथिन में फेकी गई खाद्य सामग्री को गाय एवं अन्य जानवरों द्वारा उपयोग कर लिया जाता है जो कि उनके स्वास्थ्य अत्यंत हानिकारक है। हम सभी शहरवासी साफ-सफाई सुनिश्चित करने के साथ-साथ पॉलीथिन एवं अन्य प्रकार की प्लास्टिक में खाद्य सामग्री नहीं फेकने का भी संकल्प लें ताकि गाय एवं अन्य जानवर सुरक्षित रह सकें। उन्होंने समाजसेवियों एवं वार्डवासियों से चर्चा करते हुए प्लास्टिक थैलियों का उपयोग नहीं करने की समझाईश दी। उन्होंने कहा कि पार्षदगण एवं समाजसेवी अपने स्तर पर भी पॉलीथिन में खाद्य सामग्री न फेकने के लिए जागरूक करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

प्लास्टिक का उपयोग न करें, स्वयं एवं परिवार को भी जागरूक करें – हर्षिका सिंह

कलेक्टर ने बच्चों की कार्यशाला में कही बात

 

मंडला 1 अप्रैल 2022

स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 को ध्यान में रखते हुए ज्ञानदीप हायर सेकेंडरी स्कूल, निर्मला हायर सेकेंडरी स्कूल एवं रानी अवंती बाई हायर सेकेंडरी स्कूल सहित अन्य स्कूलों में स्वच्छता प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ज्ञानदीप स्कूल में लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए छात्र छात्राओं को स्वच्छता का महत्व बतलाया। उन्होंने विद्यार्थियों से आव्हान किया कि वे अपने परिवार तथा आस-पड़ोस के लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग ना करने की समझाइश दें। प्लास्टिक एवं पॉलीथिन का उपयोग कम से कम करें। स्वयं जागरूक रहते हुए अपने परिवार एवं आसपास के व्यक्तियों को भी जागरूक करें। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से प्लास्टिक से होने वाले नुकसान पर चर्चा करते हुए कहा कि सभी बाजार जाते समय अपने साथ पेपर बैग या जूट बैग जरूर लेकर जाएं तथा इसे अपनी आदत में शामिल करें। ज्ञानदीप स्कूल में छात्र-छात्राओं एवं स्व-सहायता समूह की दीदियों द्वारा पेपर बैग, जूट बैग एवं प्लास्टिक थैलियों के अन्य विकल्प भी प्रदर्शित किए गए। यह कार्यशाला विद्यार्थियों को प्लास्टिक का बैग उपयोग नहीं करने एवं इसके स्थान पर पेपर बैग, जूट बैग तथा अन्य पर्यावरण हितैषी विकल्पों के बारे में चर्चा एवं प्रशिक्षण के लिए आयोजित की गई थी।

 

 

 

 

 

 

परीक्षा को समस्या नहीं बल्कि जीवन का महत्वपूर्ण अवसर मानें – श्री मोदी

परीक्षा पे चर्चाकार्यक्रम के संबोधन में पीएम ने किया संवाद

 

मंडला 1 अप्रैल 2022

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सजीव प्रसारण के माध्यम से ’परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों से सजीव संवाद किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को परीक्षा के दौरान होने वाले तनाव से दूर रहने एवं परीक्षा का जीवन में महत्व के संबंध में प्रेरणादायी संबोधन दिया। श्री मोदी ने कहा कि विद्यार्थी परीक्षा का समस्या नहीं बल्कि महत्वपूर्ण अवसर के रूप में मानें तथा इस अवसर का उपयोग करते हुए जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित रहें। कलेक्टर हर्षिका सिंह पदमी स्थित नवोदय विद्यालय में पहुंचकर विद्यार्थियों के साथ प्रधानमंत्री श्री मोदी के ’परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम को सुना। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान सकारात्मक एवं तनावमुक्त रहने की समझाईश दी।

 

विद्यालय का किया निरीक्षण

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने इस दौरान नवोदय विद्यालय परिसर का निरीक्षण भी किया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया कि कक्षाओं, गलियारों एवं अन्य स्थानों पर साफ-सफाई सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने विद्यालय द्वारा आयोजित की जाने वाली परीक्षाओं एवं अन्य गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर आयोजन करें। कलेक्टर ने विद्यालय की प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम पुष्पेन्द्र अहके, जिला शिक्षा अधिकारी सुनीता बर्वे सहित संबंधित उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने किया ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण

 

मण्डला 1 अप्रैल 2022

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हर्षिका सिंह ने पॉलिटेक्निक कॉलेज मंडला स्थित ईवीएम एवं वीवीपेट वेयरहाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाऊस की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से वेयर हाऊस के निरीक्षण के दौरान आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर मीना मसराम, निर्वाचन शाखा से सीके तिवारी, राजनैतिक दल के सदस्य सहित निर्वाचन से संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

केन्द्रीय विद्यालय में 16 स्क्रीनों से किया गया परीक्षा पे चर्चाकार्यक्रम का सजीव प्रसारण

 

मंडला 1 अप्रैल 2022

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार सुबह 11 बजे से नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में “परीक्षा पे चर्चा” कार्यक्रम के तहत छात्र-छात्राओं से बातचीत की। पीएम मोदी इस कार्यक्रम के जरिए छात्रों के मन में परीक्षा को लेकर व्याप्त भय और तनाव को दूर करने की कोशिश करते हैं। छात्रों से संवाद करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि ’यह मेरा बहुत पसंदीदा कार्यक्रम है’ लेकिन कोरोना के कारण आप साथियों से मिल नहीं पाया। छात्रों के प्रश्न के उत्तर देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा- त्यौहारों के बीच में एग्जाम भी होते हैं, इस वजह से छात्र त्यौहारों का मजा नहीं ले पाते, लेकिन अगर एग्जाम को ही त्यौहार बना दें तो उसमें कई रंग भर जाते हैं। खेल के संबंध में उन्होंने कहा खेले बिना कोई खिल नहीं सकता, खेल से ही अपने प्रतिद्वंदी की चुनौती का सामना करना हम सीखते हैं। किताबों में, जो हम पढ़ते हैं, उसे आसानी से खेल के मैदान में सीखा जा सकता है। सोशल मीडिया और मोबाइल गेमिंग के एडिक्शन से बचने के लिए उन्होंने बच्चों को बताया कि जितना मजा मोबाइल के अंदर घुसने में है, उतना ही मजा खुद के अंदर घुसने में है, ऑनलाइन या ऑफलाइन रहने के बजाय कुछ देर इनर लाइन भी रहे। इस प्रकार उन्होंने एकाग्रता पर जोर दिया। विद्यालय प्राचार्य उपेन्द्र कुमार के नेतृत्व में केंद्रीय विद्यालय मंडला में भी परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के लाइव प्रसारण की समुचित व्यवस्था की गई थी। लगभग 692 छात्रों एवं अभिभावकों व सभी शिक्षकों ने अलग-अलग कक्षाओं में लगी 16 स्क्रीन के माध्यम से इस कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

परीक्षा पर चर्चाकार्यक्रम का देखा गया सीधा प्रसारण

 

मंडला 1 अप्रैल 2022

रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विद्यार्थियों से ’परीक्षा पर चर्चा’ कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। आरडी कॉलेज में विद्यार्थियों के अभिभावकों एवं शिक्षक उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने परीक्षा के समय होने वाले तनाव से बचने के लिए प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए उदाहरणों को सुना। कार्यक्रम में डॉ. विजेन्द्र चौरसिया, डॉ. बी.टेम्भरे, डॉ. एस.एस. ज्योतिषी, डॉ. अनीता झारिया, डॉ. सीमा धुर्वे, डॉ. अर्जुन सिंह बघेल, डॉ. गुलबहार खान, कृष्णा सरैया एवं विद्यार्थियों के अभिभावक एवं शिक्षक उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने ली हाउसिंग बोर्ड की बैठक

 

मंडला 1 अप्रैल 2022

हाउसिंग बोर्ड के पुनर्घनत्वीकरण के संबंध में आयोजित बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने भूमि का बेहतर उपयोग करते हुए शासकीय कार्यालय एवं आवासीय भवनों की योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्ययोजना में जिला कार्यालय तथा अधिकारी कर्मचारियों के लिए सुविधाओं की बढ़ोत्तरी का विशेष ध्यान रखें। संयुक्त जिला कलेक्टर कार्यालय ने विभिन्न विभागों को स्थान देकर आमजनों को सुविधा प्रदान करने का प्रयास करें। जनसामान्य को शासकीय कार्य से अलग-अलग कार्यालय न जाना पड़े। उन्होंने पुनर्घत्वीकरण योजना के तहत मंडला में नवीन संयुक्त कलेक्ट्रेट कार्यालय भवन, लोक निर्माण विभाग के उपसंभाग कार्यालय, ऑडीटोरियम भवन, जीएडी के विभिन्न प्रकार के आवासीय भवनों के निर्माण के संबंध में विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने अपर कलेक्टर मीना मसराम को कलेक्ट्रेट भवन के निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। इसी प्रकार ऑडीटोरियम के लिए स्थल चिन्हित करने हेतु तहसीलदार मंडला को निर्देशित किया। बैठक में विभिन्न रेस्टहाउस सहित अन्य परिसंपत्तियों के निर्माण के संबंध में भी चर्चा की गई।

 

 

 

 

कलेक्टर ने दिए महाराजपुर में तीरंदाजी प्रशिक्षण केन्द्र बनाने के निर्देश

 

मंडला 1 अप्रैल 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने महाराजपुर के खेल मैदान का निरीक्षण करते हुए इस मैदान पर तीरंदाजी प्रशिक्षण केन्द्र विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस संबंध में विशेषज्ञों से सलाह लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर क्रियान्वित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि तीरंदाजी प्रशिक्षण केन्द्र में सुरक्षा से संबंधित समुचित प्रबंध प्रस्तावित करें। उन्होंने तहसीलदार मंडला तथा जिला खेल अधिकारी को भूमि आवंटन के संबंध में आवश्यक कार्यवाही एक सप्ताह में पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम मंडला पुष्पेन्द्र अहके, तहसीलदार देवीप्रसाद चक्रवर्ती, जिला खेल अधिकारी रविन्द्र ठाकुर सहित संबंधित उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री कुलस्ते का दौरा कार्यक्रम

 

मण्डला 1 अप्रैल 2022

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते का 2 अप्रैल 2022 को जिला मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री कुलस्ते 2 अप्रैल को 10:20 बजे जबलपुर से मंडला पहुंचेंगे एवं चेटी चण्ड महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद श्री कुलस्ते 11 बजे आदि महोत्सव के संदर्भ में जिला प्रशासन के अधिकारियों की बैठक लेंगे। श्री कुलस्ते 12 बजे मंडला से जिला डिंडौरी के लिए प्रस्थान करेंगे। राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते 7 बजे शहपुरा से जेवरा पहुंचेंगे एवं रात्रि विश्राम करेंगे। 3 अप्रैल को केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते 10:45 बजे जेवरा से मेहंदवानी जिला डिंडौरी के लिए रवाना होंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव का आगमन 3 को

 

मण्डला 1 अप्रैल 2022

म.प्र. शासन के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव का 3 अप्रैल 2022 दिन रविवार को जिला मंडला आगमन हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव 3 अप्रैल को प्रातः 9 बजे जबलपुर से रवाना होंगे तथा 10:30 बजे जेवरा पहुंचकर केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गन सिंह कुलस्ते से सौजन्य भेंट करेंगे। शिक्षा मंत्री 10:45 बजे जेवरा से मेहंदवानी के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

अमजद खाँ एक वर्ष के लिए जिलाबदर

 

मण्डला 1 अप्रैल 2022

आपराधिक गतिविधियों में लगातार संलग्न रहने के कारण कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी हर्षिका सिंह द्वारा अमजद खाँ पिता आशिक अली निवासी ईदगाह कालोनी मंडला थाना मंडला उम्र 38 वर्ष को एक वर्ष की अवधि के लिए जिला मंडला तथा उसकी सीमा से सम्बद्ध मध्यप्रदेश राज्य के राजस्व जिले जबलपुर, डिंडौरी, बालाघाट एवं सिवनी की सीमाओं से एक वर्ष की कालावधि के लिए बाहर जाने का आदेश दिया गया है। यह कार्यवाही पुलिस अधीक्षक मंडला द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रतिवेदन के आधार पर की गई है। निर्बन्ध आदेश की अवधि में अमजद खाँ जिस-जिस थाना क्षेत्र में निवास अथवा आवागमन करेंगे, अपने आने तथा प्रस्थान करने की सूचना देंगे तथा प्रत्येक दिन दोपहर 12 बजे क्षेत्राधिकार वाले थाना में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं की अन्तिम चयन सूची जारी

 

मण्डला 1 अप्रैल 2022

जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग मंडला द्वारा परियोजना घुघरी, मंडला, मोहगांव एवं मवई आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं की अंतिम चयन सूची जारी की गई है। जारी सूची के अनुसार परियोजना घुघरी अंतर्गत ग्राम पंचायत सिघनपुरी के ग्राम पददीकोना में कार्यकर्ता के लिए फुलिया मरकाम एवं प्रतीक्षा सूची में चंद्रकली धुर्वे,

ग्राम चुरिया में सहायिका के लिए यशवंती एवं प्रतीक्षा सूची में बृहस्पति नेताम, परियोजना मंडला अंतर्गत स्वामी सीताराम वार्ड मंडला में सहायिका के लिए निधि ब्रम्हे एवं प्रतीक्षा में अनुराधा बैरागी, परियोजना मोहगाँव अंतर्गत ग्राम मुनू में कार्यकर्ता के लिए सरिता भारतीया एवं प्रतीक्षा में रीना भारतीया, ग्राम पंचायत रयगांव के ग्राम सालीवाड़ा में कार्यकर्ता के लिए अंजू मार्को एवं प्रतीक्षा में शकुनलता मरकाम, परियोजना मवई अंतर्गत ग्राम नयगवामाल में सहायिका के लिए सरस्वती डिबरिया एवं प्रतीक्षा में अहिल्या बाई, ग्राम पंचायत नरहरगंज के ग्राम खुदराही में कार्यकर्ता के लिए वेणीलता यादव एवं प्रतीक्षा में अनामिका यादव एवं ग्राम पंचायत सिंघोरी के ग्राम गोरखपुर में कार्यकर्ता के लिए राजेश्वरी कुंजाम एवं प्रतीक्षा में अमलेश्वरी धुर्वे का चयन किया गया है।

अधिकृत सूची महिला एवं बाल विकास के जिला तथा संबंधित परियोजना कार्यालय में देखी जा सकती है। जारी अन्तिम चयन के विरूद्ध दावा एवं आपत्ति कार्यालयीन कार्य दिवस में सूची प्रकाशन से 10 दिवस के भीतर प्रस्तुत कर सकते हैं। निर्धारित अवधि के पश्चात् प्राप्त आपत्तियों पर कोई विचार नहीं किया जायेगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

सुबह 7:15 से दोपहर 2:15 तक संचालित होंगे आँगनवाड़ी केन्द्र

 

मंडला 1 अप्रैल 2022

ग्रीष्मकाल के दौरान स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप आंगनवाड़ी केन्द्रों में आने वाले बच्चों के स्वास्थ्य एवं उनकी सुविधा को देखते हुए आंगनवाड़ी केन्द्रों के संचालन का समय सुबह 7:15 से दोपहर 2:15 तक निर्धारित किया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास द्वारा जारी आदेश में आँगनवाड़ी केन्द्र खुलने का समय 7:15 से 2:15 तक, बच्चों के लिए 7:30 से 11:30 तक, नाश्ते का समय 8 से 8:30 तक, भोजन 10 से 10:30 तक, रिकार्ड संधारण 11 से 12 तक एवं कार्यकर्ता का समय एवं अन्य कार्य 12 से 2:15 तक सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

1 कोरोना पॉजीटिव केस

 

मण्डला 1 अप्रैल 2022

31 मार्च की शाम 3 बजे से 1 अप्रैल की शाम 3 बजे तक जिले में कोरोना का 1 संक्रमित मरीज मिला है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गुमटी निवासी 12 वर्षीय बालिका की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजीटिव प्राप्त हुई है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने संक्रमित के संपर्क में आए व्यक्तियों की सघन कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि संपर्क में आए व्यक्तियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उनकी कोरोना जाँच तत्काल सुनिश्चित करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

5 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुए

 

मण्डला 1 अप्रैल 2022

जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 31 मार्च की शाम 3 बजे से 1 अप्रैल की शाम 3 बजे तक जिले में 5 कोरोना मरीजों ने कोरोना को हराकर अपने घर लौटे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

अनुदान सहायता स्वीकृत

 

मण्डला 1 अप्रैल 2022

कार्यालय कलेक्टर से प्राप्त जानकारी के अनुसार सरिता ग्राम बुधनवारा निवासी को आकाशीय बिजली (गाज) गिरने तथा प्राकृतिक विपत्ति के कारण घायल होने पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बिछिया द्वारा आर्थिक राहत अनुदान सहायता राशि कुल 12 हजार 700 रूपए स्वीकृत किया गया है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

Related posts

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 2 सितम्बर 2022

Reva India News

माहिष्मती गौ सेवा रक्तदान संगठन

Reva India News

युवा संगम मेला 19 अगस्त को

Reva India News

Leave a Comment