मण्डला 29 अप्रैल 2022
माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आयोजित की जाने वाली हाईस्कूल एवं हायर सैकेण्डरी बोर्ड परीक्षा 2022 का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया है। मंडला जिले का परीक्षा परिणाम विगत वर्षों की तुलना में प्रसंशनीय रहा है। हाईस्कूल की प्रदेश स्तरीय प्रावीण्य सूची में निर्मला शाला की मेहर कुरैशी चौथे स्थान पर, सरस्वती स्कूल निवास की सुहानी दुबे आठवे, सरस्वती स्कूल बम्हनी बंजर की तन्मय चौरसिया एवं ज्ञानज्योति नैनपुर स्कूल की कुमारी प्रेक्षा राजपूत ने संयुक्त रूप से दसवां स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार हायर सैकेण्डरी बोर्ड परीक्षा में मानसी जैन निर्मला कन्या शाला मण्डला ने वाणिज्य संकाय में सातवां एवं जीवविज्ञान संकाय में सर्वोत्तम द्विवेदी ज्ञानज्योति नैनपुर ने पांचवा स्थान प्राप्त किया है।
मंडला जिले को हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में 77.84 प्रतिशत आने पर प्रदेश स्तरीय छठवीं रैंक तथा हायर सैकेण्डरी बोर्ड परीक्षा मे 84.78 प्रतिशत आने पर प्रदेश स्तरीय पांचवी रैंक प्राप्त हुई है। वर्ष 2020 में कक्षा दसवीं का परिणाम 51.66 प्रतिशत तथा हायर सैकेण्डरी का परीक्षा परिणाम 54.97 प्रतिशत रहा था। जिले में बोर्ड परीक्षा परिणाम बेहतर लाने के लिये कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में शिक्षा विभाग द्वारा ’प्रोजेक्ट नई उड़ान’ अन्तर्गत कठिन अंशों का सरलीकरण हेतु विशेष शिविर लगाये गये जिससे अधिकतर विद्यार्थियों ने लाभ प्राप्त किया। इसी प्रकार चलित प्रयोगशाला का आयोजन किया गया। साथ ही महत्वपूर्ण प्रश्नों के प्रश्नबैंक तैयार कराकर प्रत्येक विद्यार्थियों का वितरित किया गया। सभी विषयों का वाट्सऐप क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन भी कराया गया। परीक्षा परिणामों को बेहतर करने के लिए शिक्षा विभाग द्वारा लगातार विद्यालयों की सतत मॉनीटरिंग भी की गई थी।
