Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

सभी विभाग बारिश के पूर्व की अपनी जिम्मेदारियाँ पूरी करें – हर्षिका सिंह आपदा प्रबंधन की बैठक में कलेक्टर के निर्देश

मण्डला 23 मई 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने आपदा प्रबंधन एवं आगामी बारिश के पूर्व की तैयारियों के संबंध में जरूरी बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि सभी विभाग बारिश के पूर्व के अपने दायित्वों को पूरा करें। उन्होंने नगरपालिका, जल संसाधन विभाग, होमगार्डस, पीएचई, बिजली एवं अन्य विभागों को उनके दायित्वों के संबंध में जरूरी निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि जिले में बारिश के दौरान संवेदनशील स्थानों को चिन्हित करें। इन स्थलों पर शासन के निर्देशानुसार सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के पूर्व नालियों की सफाई, अनावश्यक गड्ढे भराव आदि की कार्यवाही पूरी करें। इसी प्रकार बारिश के दौरान साफ पानी एवं अन्य जरूरी इंतजाम पुख्ता करें। बैठक में एडीएम मीना मसराम, सभी एसडीएम, एडिशनल एसपी श्री कंवर, एसीईओ श्री मरावी एवं संबंधित उपस्थित थे।

बांधों की मरम्मत एवं मेंटेनेन्स के कार्य पूर्ण करें

 

कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग को निर्देशित किया कि जिले की सभी बांधों का परीक्षण करें। उनमें आवश्यक मरम्मत एवं मेंन्टेनेन्स का कार्य तत्काल पूरा करें। कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग को निर्देशित किया कि बांधों के निचले क्षेत्रों में पानी छोड़ने के पूर्व सूचना देने की प्रभावी व्यवस्था बनाएं। उन्होंने मटियारी बांध के निचले क्षेत्रों में अनाउंसमेंट एवं मुनादी आदि के लिए समन्वय बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि बारिश के पूर्व के मैंन्टेनेन्स कार्य पूरा करें। साथ ही मवई एवं बिछिया में बिजली संबंधी समस्या के लिए इमरजेंसी टीम की भी तैनाती करें।

कलेक्टर ने होमगार्डस को निर्देशित किया कि घुघरी एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में बारिश के दौरान अपने अमले की तैनाती करें। उन्होंने कहा कि होमगार्डस आपदा प्रबंधन से संबंधित मॉकड्रिल करें। इसी प्रकार बोर्ड्स, रस्सियाँ एवं राहत संबंधी जरूरी सामग्री की व्यवस्था पुख्ता रखें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित गोताखोरों की सूची संधारित की जाए तथा संबंधित विभागों से इनको साझा करें। श्रीमती सिंह ने स्वास्थ्य विभाग को बारिश के दौरान सर्पदंशरोधी दवाएँ, इमरजेंसी दवाओं की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मैदानी अमला बारिश के दौरान फील्ड में रहे। कलेक्टर ने उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं को भी बारिश के दौरान पशु हानि से बचाव एवं पशु चिकित्सा के लिए जरूरी दवाएं रखने के निर्देश दिए।

श्रीमती सिंह ने पीएचई विभाग को निर्देशित किया कि बारिश के दौरान पेयजल की टेस्टिंग करें। इसी प्रकार क्लोरीन एवं ब्लीचिंग बाउडर जैसी आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में रखें। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान पेयजल की समस्या न रहे। कलेक्टर ने शासन को प्रतिदिन रिपोर्ट भेजने डिस्ट्रिक्ट कमांड सेंटर प्रारंभ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर भी बाढ़ नियंत्रण एवं वर्षा की जानकारी के लिए कंट्रोल रूम बनाएं एवं उसमें ड्यूटी लगाएं। कलेक्टर ने संवेदनशील स्थानों, घाटों एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक अमले की तैनाती के साथ-साथ संकेतक लगाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को बारिश के दौरान होने वाली फसल नुकसानी एवं जनहानि का तत्काल आंकलन कर नियमानुसार राहत दिलाने के निर्देश दिए।

Related posts

आज से प्रारंभ होगा गेहूँ उपार्जन के लिए पंजीयन

Reva India News

एक कदम मानव सेवा की ओर– मानव सेवा की कार्यक्रम में शामिल हुए विधायक डॉ अशोक मर्सकोले-

Reva India News

धान उपार्जन कार्य हेतु उपार्जन केन्द्रों पर दल का गठन किया गया

Reva India News

Leave a Comment