Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 28 जुलाई 2022

प्रत्येक नागरिक को हर घर तिरंगाअभियान से जोड़ें – हर्षिका सिंह

 

मण्डला 28 जुलाई 2022

            ’हर घर तिरंगा’ अभियान के संबंध में आयोजित बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को ’हर घर तिरंगा’ अभियान से जोड़ने का प्रयास करें। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम, समस्त एसडीएम तथा सभी विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सभी विभाग आपस में समन्वय कर ’हर घर तिरंगा’ अभियान के लिए वातावरण तैयार करें। सभी गतिविधियां तिरंगे की थीम पर आयोजित करें। प्रत्येक कार्यालय, चिकित्सालय, पोस्ट ऑफिस, उचित मूल्य दुकान, बैंक सहित सभी संस्थाओं तथा सार्वजनिक स्थानों पर अभियान से संबंधित फ्लैक्स-बैनर लगाए जाएं। साथ ही आमजनों को राष्ट्रीय ध्वज संहिता के संबंध में भी जानकारी दी जाए। स्थानीय निकायों के वाहनों में अभियान से संबंधित गाने तथा स्लोगन बजाए जाएं। स्थानीय भाषा में गाने तथा स्लोगन बनवाएं। हर वार्ड के लिए एक प्रभारी नियुक्त करें तथा वार्ड स्तर तक थीम आधारित प्रतियोगिता आयोजित करें। जिला शिक्षा अधिकारी विभिन्न क्षेत्रों में क्विज प्रतियोगिता आयोजित करें। उन्होने सभी गतिविधियों के लिए मुनादी तथा व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। दिव्यांगजनों को भी इस अभियान से जोड़ें। ऐतिहासिक स्थलों तथा नर्मदा नदी के किनारे भी ध्वज लगाने की योजना बनाएं।

 

जागरूकता के लिए होंगी ये गतिविधियाँ

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि ’हर घर तिरंगा’ अभियान के लिए माहौल तैयार करने के लिए 1 अगस्त को जिला तथा विकासखंड मुख्यालय में साईकिल रैली का आयोजन करें। साईकिल रैली में अधिकारी, कर्मचारी, स्वयंसेवी संगठन के प्रतिनिधि, जन अभियान परिषद, नेहरू युवा केन्द्र, खिलाड़ी, बैंकर्स, स्कूल तथा कॉलेज के विद्यार्थी आदि की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। साईकिल रैली के लिए उन्होंने वार्ड स्तर पर भी रूट निर्धारित करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि बड़ी पंचायतों में भी साईकिल रैली का आयोजन किया जाए। साईकिल रैली के बाद शपथ दिलाई जाएगी।

कलेक्टर ने कहा कि 2 अगस्त को पंचायत स्तर पर प्रभातफेरी का आयोजन किया जाए। इसी प्रकार 3 अगस्त को मानव श्रृंखला बनाकर लोगों को ’हर घर तिरंगा’ अभियान के संबंध में जानकारी दी जाए। 4 अगस्त को जिला मुख्यालय में मैराथन का आयोजन किया जाएगा। 5 अगस्त को तिरंगा वृक्षारोपण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 6 अगस्त को वनग्राम तथा बैगा टोलाओं में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 9 अगस्त को आदिवासी दिवस के कार्यक्रम को भी तिरंगे की थीम पर आयोजित करने का प्रयास करें। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि शासन की विभिन्न योजनाओं के अधिकारियों को जानकारी देने के लिए 8 अगस्त से अभियान चलाएं। इस दौरान जो लोग ध्वज नहीं ले पा रहे हैं, उन्हें ध्वज भी वितरित करें।

 

जिले को संपूर्ण साक्षर बनाने में सहभागी बनें

 

बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि ’निरक्षरता आजादी अभियान’ के अंतर्गत बड़ी संख्या में लोगों ने पढ़ना-लिखना सीखा है। जो लोग अब तक निरक्षर हैं उन्हें साक्षर बनाने के लिए अक्षरमित्रों का चिन्हांकन करें। कलेक्टर ने कहा कि कॉलेज के प्रोफेसर, शिक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्वयंसेवी कार्यकर्ता आदि को भी अक्षरमित्र के रूप में कार्य करने के लिए प्रेरित करें। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिलेवासियों से आव्हान किया है कि वे अपने परिवार तथा आस-पड़ोस के निरक्षर लोगों को अक्षरज्ञान कराकर जिले को संपूर्ण साक्षर बनाने में सहभागी बनें।

 

प्रत्येक नागरिक ध्वज दान करने आगे आएं

 

कलेक्टर ने ’हर घर तिरंगा’ अभियान से प्रत्येक घर एवं आम नागरिक को जोड़ने के लिए जिलेवासियों से अपील की है। उन्होंने अपने अपील में कहा है कि आजादी के 75वे वर्ष के अवसर पर मनाए जाने वाले इस राष्ट्रीय भावना से जुड़े कार्यक्रम में प्रत्येक नागरिक अपनी तरफ से ध्वज दान करने आगे आएं। उन्होंने कहा कि जिले के कोई भी व्यक्ति जो ’हर घर तिरंगा’ अभियान के लिए राष्ट्रीय ध्वज बनाकर दान करना चाहते हैं वे जिला स्तर पर कलेक्ट्रेट रोड स्थित जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में दान कर सकते हैं। इसी प्रकार पंचायत स्तर के व्यक्ति संबंधित क्षेत्र के जनपद पंचायत में संपर्क कर निर्धारित स्थानों पर ध्वज दान करने के लिए आगे आ सकते हैं। इसी प्रकार ’हर घर तिरंगा’ अभियान में अपनी ओर से ध्वज दान सहित किसी भी प्रकार के सहयोग करने के इच्छुक व्यक्ति भी संबंधित क्षेत्र के जनपद पंचायत या जिला मुख्यालय के जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय तथा सहायक आयुक्त आदिवासी विकास के कार्यालय में संपर्क कर सकता है।

 

 

 

 

 

 

15 अगस्त तक जिले को पूर्ण रूप से साक्षर बनाएँ – हर्षिका सिंह

निरक्षरता से आजादीअभियान की हुई समीक्षा

 

मण्डला 28 जुलाई 2022

            कलेक्टर हर्षिका सिंह ने ’निरक्षरता से आजादी अभियान’ के तहत जिले में संचालित साक्षरता सर्वे कार्य की समीक्षा की। उन्होंने सभी बीईओ, बीआरसी, सीईओ जनपद, सीएमओ नगरपालिका तथा सीडीपीओ को निर्देशित किया कि 15 अगस्त तक जिले को पूर्ण रूप से साक्षर बनाएं। उन्होंने सभी बीईओ एवं बीआरसी से क्षेत्रवार ’निरक्षरता से आजादी अभियान’ के तहत किए जा रहे सर्वे कार्य की स्थिति जानी। उन्होंने संबंधितों से सर्वे कार्य के दौरान बनाए गए साक्षर तथा शेष बचे व्यक्तियों की आंकड़ेवार जानकारी ली। उन्होंने कहा कि 1 अगस्त से शेष बचे निरक्षर व्यक्तियों की सघन स्तर पर कक्षाएं आयोजित करें। बैठक में एसी ट्राईबल, जिला कार्यक्रम अधिकारी, डीपीसी, एपीसी तथा वीसी के माध्यम से संबंधित उपस्थित थे।

कलेक्टर ने कहा कि ’निरक्षरता से आजादी अभियान’ की 1 अगस्त को पुनः समीक्षा की जाएगी। उन्होंने अभियान के अंतर्गत सर्वे कार्य की स्थिति तथा अब तक साक्षर बनाए गए व्यक्तियों के सत्यापन के लिए जिलाधिकारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी मैदानी भ्रमण कर वास्तविक स्थिति की पड़ताल करेंगे। उन्होंने स्कूल शिक्षा विभाग तथा महिला बाल विकास विभाग को भी मैदानी अमले के माध्यम से साक्षरता सर्वे कार्य का क्रॉस वेरीफिकेशन करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सीएमओ नगरपालिका को निर्देशित किया कि अपने क्षेत्र के स्लम एरिया एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के क्षेत्रों में भी सर्वे कार्य पूर्ण कराएं तथा समय-समय पर वेरीफिकेशन भी कराएं। श्रीमती सिंह ने कहा कि शेष निरक्षरों को पढ़ाने एवं घर-घर तक अभियान को पहुंचाने के लिए अक्षरसाथियों का चिन्हांकन करें। उन्होंने कहा कि अक्षरसाथी घर-घर जाकर छूटे हुए व्यक्तियों को साक्षर बनाएंगे तथा उनके परिजनों को भी प्रेरित करेंगे।

 

 

 

 

 

हरियाली महोत्सव में प्रत्येक व्यक्ति एक पेड़ अवश्य लगाएँ

कलेक्टर ने वृक्षारोपण कर की अपील

 

मण्डला 28 जुलाई 2022

            प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार 28 जुलाई से 15 अगस्त तक हरियाली महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव के अंतर्गत प्रत्येक जिले में सघन रूप से वृक्षारोपण का कार्य सुनिश्चित किया जाएगा। 28 जुलाई से प्रारंभ हुए इस महोत्सव के उपलक्ष्य में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्षारोपण किया। उनके साथ एडीएम मीना मसराम तथा कलेक्ट्रेट कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने भी पौधा लगाया।

कलेक्टर ने वृक्षारोपण के पश्चात जिलेवासियों से आग्रह किया है कि 28 जुलाई से 15 अगस्त तक मनाए जाने वाले हरियाली महोत्सव में प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाएं। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति पेड़ लगाने के साथ-साथ उसकी समुचित देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए। श्रीमती सिंह ने अपनी अपील में कहा कि माँ नर्मदा के तटों पर भी वृक्षारोपण अवश्य करें। प्रत्येक व्यक्ति इस महोत्सव में वृक्षारोपण कर अपनी जिम्मेदारी निभाएं तथा आने वाली पीढ़ी के लिए हरा-भरा पर्यावरण सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी से कहा है कि वृक्षारोपण के पश्चात अंकुर योजना के तहत वायुदूत ऐप पर अपनी फोटो जरूर अपलोड करें।

 

 

 

 

 

जिले भर में हरियाली महोत्सव के शुभारंभ पर हुआ वृक्षारोपण

 

मण्डला 28 जुलाई 2022

            28 जुलाई से 15 अगस्त तक प्रदेश के साथ-साथ जिले में भी वृक्षारोपण के लिए हरियाली महोत्सव मनाया जा रहा है। कलेक्टर के निर्देशानुसार ग्रामीण विकास से जुड़े विभाग, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं रोजगारपरक कार्यों के दौरान वृक्षारोपण किया गया। मैदानी अमले ने भी अपने शासकीय परिसर एवं घरों में भी वृक्षारोपण किया। जन अभियान परिषद, स्व-सहायता समूह, आंगनवाड़ी अमले ने भी वृक्षारोपण कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसी के साथ-साथ समाजसेवी संस्थाओं ने भी हरियाली महोत्सव का प्रारंभ वृक्षारोपण कर किया।

 

 

 

 

 

सेवानिवृत्त शासकीय सेवकों को पीपीओ वितरण

 

मण्डला 28 जुलाई 2022

            कलेक्टर हर्षिका सिंह ने विगत माह में अलग-अलग कार्यालयों से सेवानिवृत हुए शासकीय सेवकों को पीपीओ वितरित किया। जिला पेंशन अधिकारी अखिलेश नेटी ने बताया कि विगत दिनों 26 शासकीय सेवक अलग-अलग विभागों से सेवानिवृत्त हुए। कलेक्टर ने पीपीओ वितरण के साथ सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारियों को उनके भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दी। पीपीओ वितरण के अवसर पर एडीएम मीना मसराम, सहायक पेंशन अधिकारी यशवंत डीके तथा राहुल चौरसिया, सहायक कोषालय अधिकारी श्री मर्सकोले, पेंशन कार्यालय से संबंधित एवं सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारियों के परिजन उपस्थित थे। सेवानिवृत्त होने वाले शासकीय कर्मचारियों में बीईओ मंडला कार्यालय से आशा मिश्रा, मीरा सरोते, राकेश कुमार दीक्षित, राजकुमार पटेल, रामकुमार पाठक तथा दहलसिंह तेकाम, वन विभाग से नाथुराम पटेल, बीईओ कार्यालय मवई से गोरेलाल मरावी, ट्राईबल विभाग से राकेश कुमार चौरसिया, पशुपालन एवं डेयरी विभाग से कृष्णकुमार शर्मा, कान्हा टाईगर रिजर्व से शारदा प्रसाद विश्वकर्मा तथा बत्तूलाल यादव, जनपद पंचायत मवई से मदन कुमार देशमुख, वन विभाग से हरीशचन्द्र जंघेला, बीईओ कार्यालय मोहगांव से पाना सिंह मलगाम, जिला योजना विभाग से दुर्जय सिंह धुर्वे, स्वास्थ्य विभाग से दिनेश कुमार चौरसिया तथा कमलेश कुमार पटेल, बीईओ नारायणगंज से तुलसीराम मरावी, बीईओ बिछिया से विजय कुमार पटेल, बीईओ निवास से सुरेश कुमार दुबे, वाणिज्यकर कार्यालय से रोशन लाल भलावी, पीएचई से सुखदेव मरकाम, महिला एवं बाल विकास विभाग से आशिमा झा, जनपद मंडला से टीकम प्रसाद डोंगरे तथा डीईओ कार्यालय से केडी दुबे शामिल है।

 

 

 

 

जन अभियान परिषद ने किया पौधारोपण अभियानका शुभारंभ

जनसहभागिता से जिले में रोपे जाएंगे 50 हजार पौधे

 

मण्डला 28 जुलाई 2022

            जिला समन्वयक म.प्र. जन अभियान परिषद मंडला ने बताया कि परिषद द्वारा गठित 876 ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम अंतर्गत अध्ययनरत 630 एमएसडब्ल्यू तथा बीएसडब्ल्यू की छात्र-छात्राएं, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, नर्मदा सेवा समितियों, प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य नागरिकों के सहयोग से माह जुलाई से सितंबर तक पौधारोपण अभियान चलाया जाएगा। प्रथम चरण में 28 जुलाई हरियाली अमावस्या, द्वितीय चरण में 15 अगस्त तक, तृतीय चरण में 15 अगस्त से 15 सितंबर तक जिले में पौधे रोपे जाएंगे। इन पौधों को ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति एवं अन्य समितियों ने स्वयं तैयार किए हैं, लघु नर्सरी बना कर पौधे लगाए जाएंगे। समितियों के द्वारा आम, जामुन, कटहल एवं अन्य वन औषधि की गुठली और पौधों को तैयार किया गया है। इस कार्य में प्रस्फुटन समिति, धार्मिक, सामाजिक एवं स्वैच्छिक संगठन सहयोग कर रहे हैं। पौधारोपण अभियान को सफल बनाने के लिए मध्यप्रदेश शासन ने अंकुर अभियान चलाया है। अभियान के अंतर्गत पौधों को रजिस्टर करने हेतु वायुदूत ऐप को डाउनलोड कर प्रथम फोटो को अपलोड किया जाएगा तथा 30 दिन बाद उसी स्थान से दोबारा फोटो अपलोड करने पर मुख्यमंत्री द्वारा प्रशंसा पत्र प्राप्त होगा। जन अभियान परिषद के द्वारा भी त्रिवेणी ऐप बनाकर अधिक से अधिक पौधों को रजिस्टर करने हेतु ऐप का उपयोग किया जा रहा है।

मंडला जिले के जिला समन्वयक राजेंद्र चौधरी ने बताया कि जिले के 9 ब्लॉकों में जन अभियान परिषद के सभी विकासखंडों में पदस्थ विकासखंड समन्वयक श्रीमती कीर्ति कुरील विकासखण्ड समन्वयक बिछिया, श्रीमती मंजुलता पाण्डेय विकासखण्ड समन्वयक बीजाडाण्डी, श्री अनिल कुमार मेहरा विकासखण्ड समन्वयक घुघरी, श्री संतोष कुमार झारिया विकासखण्ड समन्वयक मण्डला, श्री सुनील कुमार साहू विकासखण्ड समन्वयक मवई, श्रीमती सुशीला ठाकुर विकासखण्ड समन्वयक मोहगांव, श्रीमती रूचिका वैश विकासखण्ड समन्वयक नैनपुर, श्रीमती पुष्पा तेकाम विकासखण्ड समन्वयक नारायणगंज एवं श्री सूरज प्रसाद बर्मन विकासखण्ड समन्वयक निवास के सहयोग से सीएमसीएलडीपी अंतर्गत परामर्शदाताओं का सहयोग प्रस्फुटन, नवांकुर, एनजीओ नर्मदा सेवा समिति एवं अन्य के सहयोग से इस महान पौधारोपण अभियान को सफल बनाया जाएगा।

 

 

 

 

आज जिला चिकित्सालय में श्रवण बाधित दिव्यांग शिविर

 

मण्डला 28 जुलाई 2022

            सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक ने बताया कि जिला चिकित्सालय में 29 जुलाई 2022 को श्रवण बाधित दिव्यांगजनों की जांच एवं प्रमाण पत्र के लिए शिविर का आयोजन किया जायेगा। शिविर में डॉ. अमित अग्रवाल, ईएनटी विशेषज्ञ, जिला चिकित्सालय विक्टोरिया अस्पताल जबलपुर के द्वारा सेवायें प्रदाय की जायेंगी। शिविर में ऐसे दिव्यांगजन जिनके नवीन श्रवण बाधित दिव्यांगजन बनना है, पुराने प्रमाण पत्रों का नवीनीकरण होना है, वे आधार कार्ड, समग्र आई.डी. की छायाप्रति, दो पासपोर्ट साईज फोटो, पुराना दिव्यांग प्रमाण पत्र यदि उपलब्ध हो तो जिला चिकित्सालय मण्डला में 29 जुलाई 2022 को उपस्थित हों ताकि जांच उपरांत दिव्यांग प्रमाण पत्र एवं यूडीआईडी की कार्यवाही की जा सके।

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 28 जुलाई 2022

            जिले में इस वर्ष एक जून से 28 जुलाई के दौरान 547.9 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 489.9 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 58 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है।

अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 28 जुलाई को बिछिया में 6 मि.मी., निवास में 6.4 मि.मी., घुघरी में 6.5 मि.मी. तथा नारायणगंज में 11.7 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई। इस प्रकार जिले में 28 जुलाई को 5.1 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

1 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुआ

 

मण्डला 28 जुलाई 2022

            जिले के कोविड संक्रमित मरीजों के द्वारा कोरोना को हराकर स्वस्थ होने एवं घर जाने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में 27 जुलाई की शाम 3 बजे से 28 जुलाई की शाम 3 बजे तक जिले में 1 कोरोना मरीज ने कोरोना को हराकर अपने घर लौटा है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वस्थ हुए मरीजों को कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की समझाईश दी गई है।

 

 

 

 

फसल बीमा प्रीमियम जमा करने की अंतिम तिथि 31

 

मण्डला 28 जुलाई 2022

            उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास ने बताया कि फसलों को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान व जोखिमों की भरपाई के लिए भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना संचालित है जिससे ऋणी एवं अऋणी दोनों ही प्रकार के किसान अपनी अधिसूचित फसलों के लिए बीमा 31 जुलाई 2022 तक करा सकते हैं। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनांतर्गत खरीफ मौसम 2022 हेतु अधिसूचित पटवारी हल्का अंतर्गत किसानों की अधिसूचित फसलों का बीमा कराने के लिए बैंकों द्वारा प्रीमियम का भुगतान किये जाने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2022 निर्धारित की गई है। बैंक द्वारा बीमित किसानों की प्रविष्टि हेतु भारत सरकार के फसल बीमा पोर्टल पर बैंकों द्वारा समय सीमा में प्रविष्टि किया जाना आवश्यक है। इस संबंध में उप संचालक कृषि द्वारा बताया गया है कि यदि किसी कृषकों द्वारा गत वर्ष बोई गई फसलों में किसी भी प्रकार का परिवर्तन किया गया है तो किसान द्वारा संबंधित बैंक से सम्पर्क कर बीमांकन की अंतिम तिथि के दो दिन पूर्व अर्थात 29 जुलाई 2022 तक बोई गई वास्तविक फसल की जानकारी बैंक को उपलब्ध कराया जाना अनिवार्य है। किसानों की सुविधा को देखते हुये प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना खरीफ मौसम 2022 के अंतर्गत प्रदेश में नेशनल क्रॉप इंश्योरेंस पोर्टल पर भू-अभिलेख एकीकरण का कार्य किया जा रहा है।

पंजीयन के समय कृषक की भूमि धारित संबंधित जानकारी भू-अभिलेख के आधार पर पोर्टल में ड्रॉपडाउन पर उपलब्ध हो सकेगी जिससे बीमाकर्ता द्वारा संगत खसरा नम्बर का चयन कर धारित भूमि का बीमा किया जा सकेगा। किसानों की सुविधा को देखते हुये पंजीयन के दौरान खसरा नम्बर तथा बीमित भूमि के क्षेत्रफल की सही-सही जानकारी बैंक द्वारा एनसीआईपी पोर्टल पर दर्ज किया जाना है जिससे किसानों को समय पर सही बीमा पॉलिसी जारी की जा सके। सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देशित किया गया है ऋणी एवं अऋणी कृषकों का फसल बीमा निर्धारित समयावधि में किया जाना सुनिश्चित किया जाये।

 

 

 

पी.एम. किसान योजनांतर्गत 31 जुलाई ई.के.वाई.सी. कराने की अंतिम तिथि

 

मण्डला 28 जुलाई 2022

            अपर कलेक्टर से प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश शासन राजस्व विभाग भोपाल एवं आयुक्त भू-अभिलेख म.प्र द्वारा आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस में दिए गए के निर्देशानुसार पी.एम. किसान योजना हेतु ई.के.वाई.सी. आधार वेस्ड भुगतान हेतु 31 जुलाई 2022 तक अभियान चलाने के निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने बताया कि 31 जुलाई 2022 ई.के.वाई.सी. कराने की अंतिम तिथि है इसके बाद ई.के.वाई.सी. से लंबित कृषक प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की अगली किश्त प्राप्त नहीं कर पायेंगे। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत हितग्राहियों को वर्ष में कुल 6000 रूपये की राशि हस्तांतरित की जाती है। अब तक 11 किस्तों का लाभ हितग्राहियों को प्राप्त हो चुका है। माह जुलाई 2022 के उपरांत 12वी किस्त आधार से बैंक खाता में उन हितग्राहियों को प्रदान की जायेगी जिनके द्वारा ई.के.वाई.सी की कार्यवाही पूर्ण की जा चुकी है। वर्तमान में जिले में पी.एम. किसान योजना के हितग्राहियों का ई.के.वाई.सी का कार्य मात्र 52 प्रतिशत ही पूर्ण हो सका है। इस हेतु हितग्राहियों की 12वी किश्त के भुगतान के लिये पी.एम. किसान पोर्टल पर ई.के.वाई.सी एवं आधार से बैंक खाता लिंकिंग की कार्यवाही अनिवार्य रूप से माह 31 जुलाई 2022 में अभियान चलाकर करें।

जिला मंडला अंतर्गत पी.एम.किसान योजना के तहत लाभान्वित हितग्राहियों के ई.के.वाई.सी एवं आधार से बैंक खाता लिंकिंग की कार्यवाही अभियान चलाकर 31 जुलाई 2022 तक कार्य पूर्ण करने हेतु पटवारियों को आदेशित करें। सर्वाधिक लम्बित ग्रामों को चिहिन्त कर स्थानीय सी.एस.सी. सेन्टर से वहाँ कार्यशाला आयोजित की जायें। उक्त कार्य का पर्यवेक्षण एवं समयावधि मे पूर्ण करने हेतु अनुभाग स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी एवं तहसील स्तर पर तहसीलदार को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाता है, जो प्रतिदिन की प्रगति से कलेक्टर कार्यालय को अवगत करायेंगे। उक्त कार्य को सर्वाेच्च प्राथमिकता से पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।

 

 

 

 

 

अनुदान पर सिंचाई यंत्र क्रय करने 4 अगस्त तक ऑनलाईन आवेदन आमंत्रित

 

मण्डला 28 जुलाई 2022

            खरीफ वर्ष 2022-23 में संचालनालय किसान कल्याण तथा कृषि विकास म.प्र. भोपाल के ई-कृषि यंत्र पोर्टल पर वेबसाईट लिंक कइजण्उचकंहमण्वतह में किसानों से सिंचाई यंत्रो के लिए ऑनलाइन अनुदान हेतु आवेदन आमंत्रित किये गये हैं। उपसंचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास ने बताया कि ऑनलाईन आवेदन 27 जुलाई से 4 अगस्त 2022 तक प्रस्तुत किए जा सकते हैं। ई-कृषि पोर्टल अंतर्गत ऑनलाइन आवेदन बायोमैट्रिक पद्धति द्वारा प्राप्त किये जा रहे हैं। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन एवं राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन एवं राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजनाओं अंतर्गत मण्डला जिले में कृषक अनुदान पर स्प्रिंकलर सेट, पाईप लाईन, पंपसेट के लिए आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। ई-कृषि यंत्र अनुदान के अंतर्गत समस्त कृषक वर्ग को विभिन्न यंत्रों के अनुसार सब्सिडी दी जाती है, जैसे कि पाईप लाईन एवं पंप सेट में समस्त वर्गाें के कृषकों को जोत श्रेणी अन्य एवं लघु, सीमान्त के कृषकों को 50 प्रतिशत तक का अनुदान दिया जाता है एवं स्प्रिंकलर सेट से जोत श्रेणी अन्य के कृषकों को 45 प्रतिशत तक एवं सीमान्त कृषकों के लिए 55 प्रतिशत तक का अनुदान दिया जाता है। प्राप्त आवेदनों में से लक्ष्यों के विरूद्ध लॉटरी ऑनलाईन सम्पादित की जाएगी।

 

 

 

 

नैनपुर में आयोजित हुआ उज्ज्वल भारत-उज्ज्वल भविष्य कार्यक्रम

 

मण्डला 28 जुलाई 2022

            गुरूवार को तहसील नैनपुर के सामुदायिक भवन में ’उज्जवल भारत-उज्जवल भविष्य’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मण्डला विधायक देवसिंह सैयाम, अतिथि अपर महाप्रबंधक एनटीपीसी गाडरवाड़ा धनंजय श्रीखंडे एवं अधीक्षण अभियंता मप्र विद्युत मण्डल मण्डला केके सोनबाने रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के तैल्यचित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वालित कर किया गया। कार्यक्रम में ’उज्जवल भारत-उज्जवल भविष्य’ पर फिल्म का प्रसारण किया गया। इस अवसर पर बैगा नृत्य दल द्वारा मनमोहक प्रस्तुति दी गई एवं वहीं बम्हनी नुक्कड़ टीम द्वारा बिजली की उपलब्धता पर नाट्य मंच किया गया। अतिथियों ने बैगा नृत्य दल टीम, नुक्कड़़ नाटक टीम का स्मृति चिन्ह एवं तुलसी पौधे से सम्मान किया गया। नैनपुर में आयोजित कार्यक्रम में डीईएमपीईबी शरद बिसेन, सीएमओ नगरपालिका दिनेश बाघमारे, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पत्रकारगण संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय आमजन शामिल थे।

 

30 को मंडला में होगा कार्यक्रम

 

30 जुलाई को मंडला में ’उज्ज्वल भारत-उज्ज्वल भविष्य’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम झंकार भवन में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में देश एवं प्रदेश में विद्युत साथ ही नुक्कड़-नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से उपभोक्ता अधिकारों के बारे में बताया जाएगा। मण्डला में आयोजित कार्यक्रम में केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री फग्गनसिंह कुलस्ते मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम का आयोजन एन.टी.पी.सी. गाडरवाड़ा द्वारा म.प्र.वि.मं. एवं स्थानीय जिला प्रशासन के सहयोग से किया जा रहा है।

Related posts

केंद्र प्रायोजित 10 हजार एफपीओ के गठन एवं प्रोत्साहन योजना मवई एवं बीजाडांडी ब्लॉक के किसान उत्पादक संगठन कर रहे सराहनीय कार्य

Reva India News

तहसीलदार मंडला श्री हिमांशु भलावी ने किया खैरी के मतदान केंद्रों का निरीक्षण

Reva India News

पीएमईजीपी योजना के अंतर्गत जागरुकता शिविर 26 नवंबर को

Reva India News

Leave a Comment