Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 9 सितम्बर 2022

मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत अधिक से अधिक हितग्राहियों को दें कल्याणकारी योजनाओं का लाभ

मुख्य सचिव ने वीसी में दिए निर्देश

 

मण्डला 9 सितम्बर 2022

            मुख्य सचिव मध्यप्रदेश शासन श्री इकबाल सिंह बैस ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी कलेक्टर एवं कमिश्नर की बैठक ली। बैठक में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत हितग्राही मूलक योजनाओं को चिन्हित कर पात्र हितग्राहियों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दें। उन्होंने कहा कि हितग्राहियों का योजनाओं के लाभ के लिए परीक्षण करें, साथ ही यह भी परीक्षण करें की एक व्यक्ति शासन की कितनी अधिक से अधिक कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हो सकता है। ऐसे व्यक्ति को सकारात्मक रूप से लाभ दें। श्री बैस ने कहा कि यह कार्य मिशन मोड पर करें तथा आवश्यक लाभों की जानकारी को ऑनलाईन पोर्टल पर भी अंकित करें।

मुख्य सचिव ने बैठक में हितग्राहियों से आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया उनके परीक्षण तथा हितग्राहियों को लाभ देने से संबंधित विस्तृत निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के तहत गरीब, दिव्यांग, वृद्ध एवं हर वर्ग तथा हर स्तर के पात्र व्यक्तियों को लाभ दिया जाना सुनिश्चित करें। बैठक में उन्होंने 17 तक सितंबर से 31 अक्टूबर तक कैंप लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंचायतों में भी शिविर लगाएं तथा योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करते हुए लाभ देना सुनिश्चित करें। जिला एनआइसी कक्ष में कलेक्टर हर्षिका सिंह, जिला पंचायत सीईओ रानी बटाड, एडीएम मीना मसराम, सहायक कलेक्टर अर्थ जैन एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

 

 

 

 

सड़क निर्माण में देरी एवं लापरवाही के चलते जीडीसीएल पर करें एफआईआर

कलेक्टर ने बैठक में दिए निर्देश

 

मण्डला 9 सितम्बर 2022

            कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मंडला-जबलपुर राजमार्ग एवं सड़क निर्माण से संबंधित अनेक बिन्दुओं पर संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने सड़क निर्माण से जुड़ी एजेंसिंयों एवं अधिकारियों से निर्माण कार्य में चल रही देरी एवं लापरवाही के जवाब मांगे। श्रीमती सिंह ने जनता को सड़क मार्ग से होने वाली परेशानी के चलते जीडीसीएल पर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम निवास को निर्देशित किया कि थानें में एफआईआर दर्ज कराने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने मंडला-जबलपुर राजमार्ग की गुणवत्ता एवं अन्य बिन्दुओं पर चर्चा करते हुए सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जाहिर की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि कंपनी के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करने अपने विभागीय स्तर पर पत्राचार करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा भी वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर कंपनी पर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में उन्होंने अक्टूबर के पूर्व चिरईडोंगरी-कान्हा के मार्ग की मरम्मत एवं अन्य बिन्दुओं को पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चिरईडोंगरी-कान्हा के सड़क मार्ग के चौंड़ीकरण के लिए शासन को प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा।

 

 

 

 

 

 

17 सितम्बर से 1 अक्टूबर तक आयोजित होंगे रक्तदान शिविर

बैठक में व्यवस्थाओं को पूरा करने के निर्देश

 

मण्डला 9 सितम्बर 2022

            योजना भवन में जिले में कार्यरत स्वयंसेवी संस्थाओं, एनजीओ, रोटरी एवं अन्य सामाजिक संस्थाओं के साथ कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बैठक की। बैठक में उन्होंने बताया कि 17 सितम्बर से 1 अक्टूबर तक जिले में रक्तदान के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सीएमएचओ को निर्देशित किया कि रक्तदान शिविर के लिए आयोजन के लिए सोमवार तक कलेंडर जारी करें तथा इस संबंध में आवश्यक व्यवस्थाओं को भी पूरा करें। श्रीमती सिंह ने 17 सितम्बर 2022 को एक साथ रक्तदान शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बैठक में कहा कि जिले के लिए रक्तदान शिविरों का सतत रूप से आयोजन आवश्यक है। उन्होंने जिले में एनिमिया की स्थिति पर चर्चा करते हुए रक्तदान की उपयोगिता के बारे में बताया।

बैठक में कलेक्टर ने सिविल सर्जन से जिला चिकित्सालय में उपलब्ध रक्त युनिट, प्रतिदिन जरूरी रक्त यूनिट की जानकारी आदि के बारे में पूछा। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं को रक्त की विशेष तौर पर आवश्यकता होती है। उन्होंने जिले में स्किलसेल एनिमिया के मरीजों के लिए विशेष कैम्पों के आयोजन के बारे में भी बात की तथा इस संबंध में शासन स्तर से आवश्यक अनुमति पर भी चर्चा की। श्रीमती सिंह ने जिले के विशेष ब्लड ग्रुप वाले व्यक्तियों का चिन्हांकन करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के सभी नगरीय निकायों एवं पंचायतों में रक्तदान की आवश्यकता एवं महत्व के बारे में सघन प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। साथ ही लोगों को रक्तदान के लिए भी प्रेरित करें।

 

रक्तदान के लिए आगे आएं जिलेवासी

 

कलेक्टर ने बैठक में सभी जिलेवासियों, स्वयंसेवी संगठनों, एनजीओ, रोटरी, मीडिया प्रतिनिधियों से अपील की है कि रक्तदान के लिए आगे आएं। 17 सितम्बर से 1 अक्टूबर तक रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आमजन स्वेच्छा से रक्तदान करने आगे आएं। बैठक में रक्तदान के लिए बनाए गए पोर्टल के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई। कलेक्टर ने कहा कि 14 वर्ष से अधिक की आयु की सभी बालिकाओं की स्वास्थ्य जांच करें, फॉलोअप करें तथा रक्त की कमी होने पर उन्हें रक्त उपलब्ध कराएं।

 

 

 

 

 

 

 

नगरीय निकायों में प्राप्त हुए 12 नामांकन

 

मण्डला 9 सितम्बर 2022

            जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार मंडला ज़िले के सभी नगरीय निकायों में नामांकन प्राप्त करने की प्रक्रिया जारी है। 9 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक पार्षद पद के लिए नगरीय निकाय मंडला में कुल 5, नैनपुर में कुल 1, बम्हनी बंजर में 5 तथा निवास में 1 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। बिछिया नगरीय निकाय में 9 सितम्बर को दोपहर 3 बजे तक नामांकन की स्थिति निरंक है।

 

 

 

 

 

 

जिले का शैक्षणिक नवाचार प्रोजेक्ट नई उड़ान की सफलता

जेईई मेन्स में 6 विद्यार्थियों का चयन

कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में 20-25 प्रतिशत की वृद्धि

 

मण्डला 9 सितम्बर 2022

            जिला में शिक्षा गुणवत्ता बढ़ाने एवं प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कराने हेतु कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशन में स्कूल शिक्षा विभाग (समग्र शिक्षा अभियान) के माध्यम से प्रोजेक्ट नई उड़ान का आगाज किया गया। इसका उद्देश्य कोविड-19 कोरोना काल के समय में विद्यालय से दूर-दूराज के विद्यार्थियों को शिक्षा की मुख्य धारा से जोडे़ रखने एवं गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान करना था। इसके अन्तर्गत कक्षा 9 से 12 के विद्यार्थियों को जिला स्तर से तैयार किये गये नोट्स उपलब्ध कराये गये। साथ ही चलित प्रयोगशाला, चलित पुस्तकालय, साप्ताहिक क्विज, ई-विद्यालय एवं जिले के 100 आदिवासी विद्यार्थियों का चयन कर जिला, ब्लॉक स्तर पर निःशुल्क जेईई एवं नीट की कोचिंग जिले के विषय विशेषज्ञों द्वारा दी गई।

जिला मुख्यालय में यह कोचिंग सुबह 7 से 10 बजे तक संचालित की जाती थी, जिसमें चयनित छात्रों को फिजिक्स, केमेस्ट्री, बायो तथा मेथ्स के निर्धारित पाठ्यक्रम के आधार पर चैप्टरवार अध्यापन कार्य कराया गया। साथ ही प्रत्येक सप्ताह बहुविकल्पीय प्रश्नों को लेकर छात्रों की टेस्ट प्रेक्टिस कराई गई। यह कोचिंग लगातार माह अप्रैल से जून 2022 तक कुल 3 माह संचालित रही जिसका सुखद परिणाम यह रहा कि इस कोचिंग से 6 छात्रों शासकीय उत्कृुष्टि उमावि. मण्डला से प्रभात कुशराम-एमपी08002681 अंक-75.52, निलेश भलावी – एमपी01000417 अंक-75.53, अविनाश शाह मरकाम – एमपी08005104 अंक-57.84, विनीत धुर्वे – एमपी08002389 अंक-48.25, करन झारिया- एमपी08001822 अंक-82.9 एवं शास.उमावि. घुटास से गंगाराम पन्द्रे – एमपी08006278 अंक-58.32 ने क्वालिफाई मार्क से ज्यांदा अंक प्राप्त कर जेईई मेन्स की परीक्षा उत्तीर्ण कर जेईई एडवांस में शामिल हुए। चयनित छात्रों को जेईई मेन्स् के आधार पर ही अच्छे शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश मिलेगा।

इसी प्रकार वार्षिक परीक्षा के पूर्व विभिन्न विषयों में विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं के समाधान के लिए डाउट क्लियरिंग क्ला्सेस प्रत्ये्क विकासखण्ड में आयोजित की गई जिसमें कक्षा 10वीं एवं 12वीं के गणित, विज्ञान एवं अग्रेजी विषय के कठिन अंशों का अध्यापन कराया गया, जिसका परिणाम स्वरूप जिले के कक्षा 10वीं एवं 12वीं वार्षिक परीक्षा परिणामों में 26 प्रतिशत से 30 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। मण्डला जिले के वार्षिक परीक्षा परिणामों में वृद्धि तथा जेईई मेन्स परीक्षा में जिले के छात्रों के उत्तीर्ण होने पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने सभी विषय शिक्षकों एवं चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी है।

 

 

 

 

 

अतंर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर आयोजित हुआ विधिक साक्षरता शिविर

 

मण्डला 9 सितम्बर 2022

            जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर एवं प्रधान जिला न्यायाधीश एवं विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डला आर.एस. शर्मा के आदेशानुसार 8 सितम्बर 2022 को अतंर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर शासकीय कन्या परिसर आवासीय विद्यालय चटुआमार में विधिक जागरूता कार्यक्रम जिला न्यायाधीश/सचिव श्री डीआर कुमरे की प्रमुख उपस्थिति में आयोजित किया गया। शिविर में उपस्थित छात्राओं को जानकारी देते हुए श्री डीआर कुमरे ने कहा कि यूनेस्को द्वारा वर्ष 1967 से 8 सितंबर को अतंर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के रूप में मनाये जाने का निर्णय लिया गया था। उसी समय से 8 सितंबर की तिथि अतंर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के रूप में मनायी जाती हैं। इसका उद्देश्य शिक्षा तक प्रत्येक व्यक्ति तक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है। भारत के संविधान के मौलिक कर्तव्य के अनुच्छेद 21 के अतंर्गत शिक्षा को जीवन के अधिकार माना गया है। अनु. 21क में 14 वर्ष के बच्चों के लिए मुफ्त शिक्षा का अधिकार प्रदान किया गया। शिक्षा हमारे जीवन में अंधकार को दूर करने का माध्यम है और शिक्षा के माध्यम से ही हम अपने जीवन को और अधिक बेहतर बना सकते हैं शिक्षा और कानून एक दूसरे से जुड़ा हुआ है। शिक्षित व्यक्ति स्वयं अनुशासित जीवन जीता है और विधि का पालन करने लगता है। इसके साथ ही सचिव ने छात्राओं के प्रश्नों के उत्तर भी दिए। शिविर में जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री विजय कुमार खोब्रागड़े एवं स्कूल के प्रार्चाय शिवकुमार तंतूवाय और शिक्षकगण उपस्थित रहे।

आरडी कॉलेज में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

 

9 सितम्बर 2022 को रानी दुर्गावती महाविद्यालय मण्डला में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला न्यायाधीश/सचिव श्री डी.आर. कुमरे उपस्थित रहे। श्री कुमरे ने उपस्थित छात्राओं को संबोधित किया। उन्होनें कहा की भारत के संविधान ने जहां हमें मौलिक अधिकार प्रदान किए हैं जब कर्तव्य का पालन करते है तो अधिकार स्वयं ही प्राप्त हो जाते हैं इसलिए अधिकारी से अधिक कर्तव्य पालन पर ध्यान होना चाहिए। सचिव महोदय ने छात्राओं को यातायात नियम, बीमा कानून, पॉक्सो एक्ट आदि की भी जानकारी दी। इस अवसर पर विधिक सहायता अधिकारी श्री विजय कुमार खोब्रागड़े ने निःशुल्क विधिक सहायता योजना एवं अन्य योजना के बारे में जानकारी प्रदान की।

 

 

 

 

 

ईव्हीएम मशीनों के रेंडमाईजेशन एवं कमिशनिंग के लिए कार्यक्रम

 

मण्डला 9 सितम्बर 2022

            नगरीय निकायों के आम निर्वाचन 2022 हेतु जिले के सभी नगरीय निकायों के लिए ईव्हीएम मशीनों के रेंडमाईजेशन एवं कमिशनिंग के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई है। इस संबंध में जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार डीईओ रेंडमाईजेशन 20 सितम्बर 2022 को अपरान्ह 4 बजे तथा आरओ रेंडमाईजेशन 21 सितम्बर को पूर्वान्ह 11 बजे से कलेक्ट्रेट के गोलमेज सभाकक्ष में किया जाएगा।

जारी आदेश के अनुसार निकायवार कमिशनिंग के तहत नगर परिषद निवास के लिए ईव्हीएम की कमिशनिंग 22 सितम्बर को पूर्वान्ह 10 बजे से सायं 5 बजे तक शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय निवास में की जाएगी। इसी प्रकार नगर परिषद भुआबिछिया के लिए ईव्हीएम की कमिशनिंग 22 सितम्बर को पूर्वान्ह 10 बजे से सायं 5 बजे तक कन्या शिक्षा परिसर पड़रिया बिछिया में की जाएगी। नगर परिषद बम्हनी बंजर के लिए ईव्हीएम की कमिशनिंग 23 सितम्बर को पूर्वान्ह 10 बजे से सायं 5 बजे तक शासकीय कन्या हाईस्कूल बम्हनी में की जाएगी। नगरपालिका परिषद नैनपुर के लिए ईव्हीएम की कमिशनिंग 23 सितम्बर को पूर्वान्ह 10 बजे से सायं 5 बजे तक शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय नैनपुर में की जाएगी। इसी प्रकार नगरपालिका परिषद मंडला के लिए ईव्हीएम की कमिशनिंग 24 सितम्बर को पूर्वान्ह 10 बजे से सायं 5 बजे तक एकलव्य आदर्श शासकीय विद्यालय अचली सेमरखापा में की जाएगी। रेंडमाईजेशन एवं कमिशनिंग कार्य के दौरान मान्यता प्राप्त राजनैतिक दल के अध्यक्ष अथवा उनके अधिकृत प्रतिनिधि उपस्थित रह सकते हैं।

 

 

 

 

 

मीडिया मेनेजमेंट एवं पेड न्यूज निगरानी के लिए ड्यूटी तय

 

मण्डला 9 सितम्बर 2022

            अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2022 को सुचारू रूप से संपादित कराने के लिए सहायक संचालक सूचना एवं प्रकाशन अधिकारी आशीष कोटांगले को मीडिया मेनेजमेंट एवं पेड न्यूज के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। नगरीय निकायों के आम निर्वाचन 2022 में निर्वाचन के दौरान प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक्स मीडिया के संभावित दुरूपयोग एवं पेड न्यूज पर नियंत्रण के लिए एम.सी.एम.सी. कमेटी का गठन किया गया है। जारी आदेश के तहत नोडल अधिकारी की सहायता के लिए सहायकों को नियुक्त किया गया है। नगरीय निकाय मण्डला के लिए तहसीलदार देवीप्रसाद चक्रवर्ती, राजस्व निरीक्षक अजय श्रीवास्तव तथा उपयंत्री जयप्रकाश डहेरिया को सहायक नियुक्त किया गया है।

इसी प्रकार नगरीय निकाय नैनपुर के लिए तहसीलदार कमलेशराम नीरज, राजस्व निरीक्षक देवेन्द्र तेकाम तथा उपयंत्री अभिलाष, नगरीय निकाय बिछिया के लिए तहसीलदार कमल चंद सिंहसार, राजस्व निरीक्षक हीरालाल उइके तथा उपंयत्री एच.आर. कुरैशी, नगरीय निकाय निवास के लिए तहसीलदार राकेश खम्परिया, राजस्व निरीक्षक शेलेष गौर तथा उपयंत्री रोजिया डोगंरे, नगरीय निकाय बम्हनी बंजर के लिए नायब तहसीलदार अजेन्द्र नाथ प्रजापति, राजस्व निरीक्षक मिथलेश झारिया तथा उपयंत्री शिल्पा मेश्राम को सहायक नियुक्त किया गया है।

 

 

 

 

 

नगरीय निकाय निर्वाचन के लिए कंट्रोल रूम स्थापित

 

मण्डला 9 सितम्बर 2022

            नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2022 को सुचारू रूप से संपादित कराने के लिए संयुक्त कलेक्टर व्ही.के. कर्ण (मो.न. 8717980633) मण्डला को कलेक्ट्रेट मण्डला के अधीक्षक कक्ष क्रमांक 21 में स्थापित जिला कन्ट्रोल रूम (दूरभाष क्र.-07642-251079) स्थापित किया गया है। कंट्रोल रूम के लिए नोडल अधिकारी हीरालाल तिवारी, सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख शाखा मण्डला (मो.नं. 9826058991) को बनाया गया है। उनके सहयोग के लिए शासकीय सेवकों की ड्यूटी तक तत्काल प्रभाव से शिफ्टवार डयूटी लगा दी गई है। रिजर्व दल में कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय छन्नू लाल अरगेती अनुरेखक की नियुक्त किया गया है।

अपर कलेक्टर ने कहा है कि कन्ट्रोल रूम के माध्यम से निर्वाचन के दौरान मतदान कर्मियों के प्रकरणों का निराकरण उप जिला निर्वाचन को प्रस्तुत करें। निर्वाचन के दौरान सरकारी अधिकारी एवं कर्मचारियों के अवकाश संबधी प्रकरणों का निराकरण भी कन्ट्रोल रूम प्रभारी के माध्यम से उप जिला निर्वाचन अधिकारी के द्वारा कराया जाना सुनिश्चित किया जाएगा।

 

 

 

 

जिले की औसत वर्षा की जानकारी

 

मण्डला 9 सितम्बर 2022

            जिले में इस वर्ष एक जून से 9 सितम्बर के दौरान 1202.8 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है जबकि इसी अवधि तक गत वर्ष 767.8 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई थी। इस प्रकार गत् वर्ष की तुलना में इस वर्ष 435 मिलीमीटर अधिक वर्षा दर्ज की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख से प्राप्त जानकारी के अनुसार 9 सितम्बर को मंडला में 39 मि.मी., निवास में 23 मि.मी., घुघरी में 7.6 मि.मी., नारायणगंज में 7.3 मि.मी. वर्षा दर्ज की गई है। इस प्रकार जिले में 9 सितम्बर को 12.8 मिमी. औसत वर्षा दर्ज की गई है।

 

 

 

 

 

 

आज मनाया जाएगा आत्महत्या निषेध दिवस

 

मण्डला 9 सितम्बर 2022

            10 सितंबर 2022 को विश्व आत्महत्या निषेध दिवस 2022 मनाया जाएगा। यह कार्यक्रम जिले में राज्य आनंद संस्थान के जिला संपर्क व्यक्ति आनंदम सहयोगी, मास्टर ट्रेनर डिस्ट्रिक प्रोग्राम लीडर एवं आनंद क्लब के माध्यम से आयोजित किया जाएगा।

इस संबंध में सहायक आयुक्त सह नोडल अधिकारी आनंद विभाग ने बताया कि आत्महत्या निषेध दिवस के तहत कॉलेज, स्कूल में विद्यार्थियों के साथ विषय पर चर्चा, रेस तथा आत्महत्या रोकथाम को प्रदर्शित करने वाले स्लोगन व पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। गतिविधियों में सहभागिता के लिए आनंद संस्थान के डिप्लॉयएड, मास्टर ट्रेनर, आनंदम सहयोगी एवं आनन्दकों द्वारा कार्यक्रम के स्वरूप के आधार पर इनमें विद्यार्थी, गृहणी, व्यवसायी, वृद्ध, स्वैच्छिक संस्थाएं, युवा वर्ग, काउंसलर, समाजसेवी, मोटीवेशनल, स्पीकर्स, शिक्षाविद, बुद्धिजीवी वर्ग को प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

17 सितम्बर से 3 चरणों में आयोजित होंगे हितलाभ वितरण कैम्प – हर्षिका सिंह

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने की विभिन्न विषयों की समीक्षा

 

मण्डला 9 सितम्बर 2022

            योजना भवन में समय-सीमा बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाईन, मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान, स्वामित्व योजना, जाति प्रमाण पत्र, पीडीएस वितरण सहित विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी सीईओ जनपद 17 सितम्बर से 31 अक्टूबर तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का पात्र हितग्राहियों को लाभ देने के लिए सघन स्तर पर सर्वे कार्य जल्द पूरा करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि 12 सितम्बर तक सर्वे कार्य को गंभीरता से पूरा करें। उन्होंने सीईओ जनपदों को निर्देशित किया कि सक्रिय होकर 13 से 14 सितम्बर के बीच प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों के साथ समन्वय करते हुए, पात्रता का परीक्षण करें तथा 17 सितम्बर से हितलाभ वितरण का कार्यक्रम आयोजित करें। बैठक में सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, एडीएम मीना मसराम, सहायक कलेक्टर अर्थ जैन, एसीईओ श्री मरावी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

            कलेक्टर ने बैठक में हितलाभ वितरण के लिए प्राप्त आवेदनों के परीक्षण, विभागीय समन्वय, एक से अधिक योजनाओं का लाभ देने पात्रता परीक्षण आदि विषयों पर योजनावार निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैगा क्षेत्रों में गंभीरता से लाभ प्रदान करना सुनिश्चित करें। इसी प्रकार केसीसी, जीवन-ज्योति योजना, मुद्रा, अटल पेंशन योजना आदि के संबंध में भी विस्तृत निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत पात्र बच्चियों का चिन्हांकन कर उन्हें लाभान्वित करें, कोई भी पात्र बच्ची योजना के लाभ से वंचित न रहें। इसी प्रकार किसान कल्याण योजना के तहत शेष बचे किसानों को भी लाभान्वित करें। ग्रामीण पथ विक्रेता योजना के तहत आवेदन प्राप्त करें। उज्ज्वला योजना से छूटे लोगों का पोर्टल पर पंजीयन कराएं। विभिन्न योजना के तहत हितग्राहियों के पेंशन तथा स्कूली छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का वितरण समय पर करें। कृत्रिम अंग वितरण के लिए पात्रतानुसार लोगों का चिन्हांकन करें। कलेक्टर ने आहार अनुदान योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर प्रत्येक पात्र हितग्राही को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शतप्रतिशत किसानों, मछुआरे तथा पशुपालकों के केसीसी बनाएं। सुनिश्चित करें कि राशन आपके गांव योजना के तहत खाद्यान्न की गाड़ी प्रत्येक गांव तक पहुंचे। सरपंच तथा सतर्कता समिति से प्रमाणीकरण के बाद ही जरूरी भुगतान करें। उन्होंने खाद्य शिविर के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जो बच्चे स्कूल नहीं आ रहे हैं अथवा कम आ रहे हैं उनके घर-घर जाकर बच्चों एवं पालकों को प्रेरित करें।

 

3 चरणों में आयोजित करें कैम्प

 

            कलेक्टर ने बैठक में निर्देशित किया कि 17 सितम्बर से सघन स्तर पर हितलाभ वितरण कार्यक्रम आयोजित करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मैदानी अमले के माध्यम से योजनाओं की जानकारी एवं आवेदन प्राप्त करने के लिए प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने कहा कि 17 सितम्बर को सभी क्लस्टर पंचायतों में कैम्प आयोजित किए जाएंगे तथा लाभ वितरण किया जाएगा। श्रीमती सिंह ने कहा कि 3 चरणों में हितलाभ वितरण सुनिश्चित करें। पहले चरण के अंतर्गत 17 से 30 सितम्बर तक हर पंचायत में कैम्प लगाएं। इन शिविरों के लिए कार्यक्रम को जारी करें। इसी प्रकार द्वितीय चरण के अंतर्गत 1 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक हितलाभ कैम्प आयोजित करें तथा अंतिम चरण 15 अक्टूबर से प्रारंभ करते हुए 31 अक्टूबर तक जारी रखें। उन्होंने कहा कि इस दौरान प्राप्त होने वाले आवेदन, प्रदान किए गए हितलाभ आदि की जानकारी पोर्टल पर एंट्री करें।

 

आयुष्मान पंजीयन के लिए स्कूलों में लगाएं शिविर

 

            बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि आयुष्मान पंजीयन के लिए शाला स्तर पर शिविरों का आयोजन करें। स्कूल शिक्षा विभाग नोडल के रूप में कार्य करें। शिविर आयोजन के लिए संबंधित एसडीएम लीड रोल निभाएं। शिविरों को सफल बनाने के लिए सीईओ जनपद, महिला बाल विकास अमला तथा रोजगार सहायक सहयोग करें। उन्होंने शिविरों के तारीखवार कार्यक्रम जारी कर उसका प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

Related posts

*श्री सत्य साईं बाबा दिव्य रथयात्रा का मण्डला के ग्राम मांद के झिगराघाट में हुआ भव्य स्वागत, ग्रामवासियों ने किए स्वामी के चरणों के किये दर्शन* 

Reva India News

कलेक्टर ने ली राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक

Reva India News

जिले में 1 कोरोना केस मिला

Reva India News

Leave a Comment