Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 21 नवम्बर 2022

मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए राजनैतिक दलों का सहयोग आवश्यक – राजेश कौल

अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने ली निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण संबंधी बैठक

मण्डला 21 नवम्बर 2022

                अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजेश कौल ने फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 के संबंध में बैठक ली। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी मीना मसराम सहित संबंधित अधिकारी तथा समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के अध्यक्ष अथवा उनके प्रतिनिधि सम्मिलित हुए।

इस अवसर पर अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री कौल ने कहा कि फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण का कार्य 8 दिसंबर तक किया जा रहा है। मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी राजनैतिक दलों का सहयोग आवश्यक है। श्री कौल ने कहा कि मान्यता प्राप्त राजनैतिक दल मतदान केन्द्र स्थल पर स्थानीय व्यक्ति को बीएलए नियुक्त कर सकता है जिसे निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूची की प्रति निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती है। बीएलए मतदाता सूची का अध्ययन करें तथा आवश्यकतानुसार नाम जोड़ने, काटने तथा स्थानांतरित करने की कार्यवाही में बीएलओ को सहयोग प्रदान करें। उन्होंने मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों से आधार कलेक्शन के कार्य में भी सहयोग करने की अपील की। बैठक में श्री कौल ने गरूड़ ऐप, वीएचए हेल्पलाईन तथा टोल फ्री नंबर 1950 के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

पुनरीक्षण कार्य में सुपरवाईजर की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करें

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने दिए निर्देश

मण्डला 21 नवम्बर 2022

                निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजेश कौल ने कहा कि फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष पुनरीक्षण के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता प्रदान करें। उन्होंने कहा कि बीएलओ अपने क्षेत्र में व्यापक संपर्क करते हुए पात्रतानुसार मतदाताओं के नाम जोड़ने, काटने अथवा शिफ्ट करने की कार्यवाही करें। आवेदन प्राप्त होते ही उसे तत्काल गरूड़ ऐप पर अपलोड करें। रजिस्ट्रीकरण एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्रतिदिन कार्यालय छोड़ने के पूर्व पुनरीक्षण संबंधी कार्य को पूर्ण करें। बैठक में अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी मीना मसराम सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

श्री कौल ने कहा कि पुनरीक्षण कार्य में सुपरवाईजर की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करें। इनका व्हाट्सऐप ग्रुप तैयार करें। मॉनीटरिंग सिस्टम को मजबूत बनाएं। अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बीएलओ रजिस्टर वितरण के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बीएलओ प्रदाय किए गए रजिस्टर का ही उपयोग करें। मतदाता सूची का गंभीरता से अध्ययन करें तथा पात्रतानुसार नाम काटने एवं जोड़ने की कार्यवाही करें। मतदाता सूची में जो फोटो ठीक नहीं हैं उसे नियमानुसार बदलने की कार्यवाही करें। श्री कौल ने बताया कि मतदाता का नाम स्थानांतरित करने के लिए पावती की आवश्यकता नहीं है वह अपने इपिक नंबर के साथ फॉर्म-8 में आवेदन कर सकता है।

 

 

 

 

 

 

 

अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने किया मतदान केन्द्रों का निरीक्षण

मण्डला 21 नवम्बर 2022

                अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजेश कौल ने जिला मंडला के मतदान केंद्र कटरा, बिंझिया, उदयपुर, कुड़ामैली एवं टिकरिया का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 के संबंध में जानकारी ली। श्री कौल ने मतदान केन्द्रों में उपस्थित बीएलओ से प्रारूप 6, 7 एवं 8 के संबंध में जानकारी लेते हुए बीएलओ रजिस्टर में कार्य करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर मीना मसराम सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

जिला स्तरीय वनाधिकार समिति की बैठक 26 को

मण्डला 21 नवम्बर 2022

                अनुसूचित जनजाति और अन्य परंपरागत वन निवासी अधिनियम 2006 के तहत हेबीटेट राईट के संबंध में जिला स्तरीय वनाधिकार समिति की बैठक 26 नवंबर 2022 को प्रातः 11:30 बजे से गोलमेज सभाकक्ष में आयोजित की गई है। बैठक में संबंधितों को उपस्थित रहने का आग्रह किया गया है।

 

 

 

 

 

 

जिले में पर्याप्त मात्रा में रासायनिक उर्वरक उपलब्ध

मण्डला 21 नवम्बर 2022

                रबी सीजन की तैयारियां किसानों द्वारा शुरू की जा चुकी है। इस वर्ष रबी सीजन के लिये 160.55 हजार हेक्टर में बोनी प्रस्तावित है। जिले में खाद की व्यवस्था देखते हुए डबल लॉक केन्द्रों में भीड़ नियंत्रण करने हेतु निजी विक्रेताओं के काउंटर लगाकर उर्वरक की पर्ची जारी कर खाद उपलब्ध कराया जा रहा है। जिले में पर्याप्त मात्रा में रासायनिक उर्वरक उपलब्ध है। उप संचालक कृषि मधु अली ने बताया कि जिले में 3272 मे. टन यूरिया, 1706 मे.टन डी.ए.पी., 1158 मे.टन एस.एस.पी., 174 मे. टन. पोटास एवं 1060 मे.टन एन.पी.के. काम्पलेक्स खाद उपलब्ध है। इसके साथ जिले में 30 से 40 निजी विक्रेताओं के यहां भी यूरिया, डी.ए.पी., एस.एस.पी. एवं एन.पी.के. काम्पलेक्स खाद उपलब्ध है। यहां से भी किसान अपनी आवश्यकतानुसार खाद प्राप्त कर सकते हैं। जिले के प्रमुख खाद विक्रेताओं की दुकानें इस प्रकार हैं- अयूष खाद बीज भण्डार नारायणगंज, जय मां दुर्गा कृषि केन्द्र नारायणगंज, मे. सिधार्थ एग्रो फर्मिंग नारायणगंज, मां अंबिका कृषि केन्द्र बिछिया, श्री सदगुरू ट्रेडिंग कम्पनी बिछिया, जितेन्द्र जायसवाल बिछिया, नितिन कुमार अग्रवाल अंजनिया, जंघेला कृषि सेवा केंद्र जहरमउ, मोहन ट्रेडर्स नैनपुर, मोहन कृषि सेवा केन्द्र पिंडरई, साहू ट्रेडर्स निवारी, सौरभ ट्रेडर्स निवारी, मंजू गुप्ता पुरवा, उत्तम ट्रेडर्स पेटेगांव, नारायणदास खंडेलवाल बम्हनी बंजर, मुकेश ट्रेडर्स पुरवा, राय कृषि सेवा केन्द्र मण्डला, सरस्वती कृषि केन्द्र मण्डला, सोनल ट्रेडर्स बंहनी बंजर, पांडे ट्रेडर्स बकौरी, पुरोहित ट्रेडर्स मण्डला, वंदना ट्रेडिंग कम्पनी कौरगांव, डहेरिया कृषि केन्द्र बंहनी बंजर, राजेन्द्र कुमार घुघरी, श्रीराम चौकसे घुघरी, अदित्यनारायण घुघरी, सदगुरू ट्रेडर्स घुटास जिले के सभी खाद डीलर्स एवं विक्रेताओं को निर्देशित किया गया है कि वे शासन द्वारा निर्धारित दर पर ही उर्वरक का विक्रय करें। खाद को निर्धारित दर से अधिक पर या बैल्क करते हुए विक्रय पाये जाने पर तत्काल प्रभाव से संबंधित विक्रेता का लाइसेंस निरस्त किया जायेगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

पेसा एक्ट के प्रावधानों की जानकारी देने होगा ग्रामसभाओं का आयोजन

मण्डला 21 नवम्बर 2022

                पेसा एक्ट के प्रावधानों से ग्रामीणजनों को अवगत कराने के उद्देश्य से 20 नवंबर से 3 दिसंबर तक चरणबद्ध रूप से विशेष ग्रामसभाओं का आयोजन किया जा रहा है। ग्रामसभाओं के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार 22 नवंबर को बिछिया विकासखंड के दरियागोंदी, जमुनिया, छीरपानी माल, डुंगरिया, नरेनीजर, खर्राझर, बघरौडी, सिमरिया वनग्राम, खामटीपुर, केवलारी, बगली, घटिया, कातामाल, आमाडोंगरी, ककैया, बोकर, पोंडी, कांसखेड़ा, मांद, बुंदेली, दुधारी एवं कन्हारी खुर्द में ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा। निवास विकासखंड के मनेरी, ताकवेली, कोहानी, भदारी, गडरा, भजिया, डाला, भलवारा, ग्वारा एवं हरदुली में ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा। घुघरी विकासखंड के साजपानी, दल्कागोपांगी, रेंहगी, भुडकुर, देवहारा, उर्वाही, कुसमी, बनिया, धोबावार, एरी एवं लाटो में ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार मवई विकासखंड के पंचायत मवई अतरिया, बसनी, धनगांव माल, अंजनी, पिपरी रैयत, कोलमगहन, पिपरी माल, मझगांव, जमगांव, मेढा, घोंटा, मोतीनाला, नरहरगंज, खलौड़ी, चंदगांव, भिमौरी, बांदरवाड़ी, मोहगांव, बर्रई, नंदराम, सारसडोली, भाड़ा, इन्द्री, अमवार, समनापुर, लालपुर, बीजा, पखवार, मड़फा, चंदवारा रैयत, घुटास, मुड़ियारिचका, देवरीदादर, परसाटोला, परसेल, छपरतला, टिकरिया, सोढ़ा, सहजपुरी, सकवाह, केवलारीकला, सुरजपुरा, हर्राटोला, नेवसा, मनोरी, सिंघौरी एवं दाढ़ी में ग्रामसभा आयोजित की जाएंगी।

 

23 नवंबर को इन ग्रामों में होंगी ग्रामसभाएँ

 

पेसा एक्ट के प्रावधानों से अवगत कराने के लिए 23 नवंबर को बिछिया विकासखंड के धुतका, लुटिया, रेवथा, बीजेगांव, कछारी, अमझर, मगधा, जंगरिया एवं कन्हारीकला में ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा। निवास विकासखंड के हाथीतारा माल, आमादादर रैयत, हाथीतारा रैयत, गुदलड़े, तौरी, हरिसिघौरी रैयत, हरिसिंगौरी माल, कुसमी, थानमगांव, मलेहरी माल एवं रेडम में ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा। घुघरी विकासखंड के छतरपुर, टिकरिया, परसवाह, पिपरिया कला, भानपुर, लोधा, ईश्वरपुर, घुघरी, कूम्ही एवं इलाही में ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार मवई विकासखंड के पंचायत मवई अतरिया, धनगांव माल, अंजनी, पिपरी रैयत, कोलमगहन, मझगांव, जमगांव, मेढा, घोंटा, नरहरगंज, खलौड़ी, चंदगांव, बर्रई, नंदराम, सारसडोली, भाड़ा, इन्द्री, अमवार, लालपुर, पखवार, मड़फा, चंदवारा रैयत, देवरीदादर, परसेल, टिकरिया, सोढ़ा, केवलारीकला एवं सिंघौरी में ग्रामसभा आयोजित की जाएंगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

फसल अवशेषों को न जलाएं, उसका प्रबंधन कर भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ाएं

मण्डला 21 नवम्बर 2022

                जिले में धान फसल की कटाई का कार्य प्रारंभ हो चुका है। प्रायः यह देखा जाता है, कि किसान फसल काटने के पश्चात् आगामी फसल के लिये खेत तैयार करने और अपनी सुविधा के लिये खेत में आग लगाकर तने के डंठल व फसल अवशेष को नष्ट कर देते हैं। जबकि नरवाई जलाने से विभिन्न तरह के नुकसान होने की परिस्थिति निर्मित होती है। जिले के सभी किसानों से अपील है कि फसल अवशेषों (नरवाई) को नहीं जलायें और इसका प्रबंधन करते हुये उसे रोटावेटर एवं अन्य कृषि यंत्रों के माध्यम से भूमि में मिलाकर भूमि के जीवांश पदार्थ की मात्रा में वृद्धि कर भूमि की उर्वरा शक्ति को बढ़ायें।

प्रदूषण एक्ट 1981 की धारा 19 (1) के तहत् फसल अवशेषों को जलाये जाने पर व्यक्ति व निकाय को पर्यावरण क्षतिपूर्ति राशि नेशनल ग्रीन ट्रिव्यूनल को निम्नानुसार देय करना होगा। 2 एकड़ से कम भूमि स्वामी, निकाय 2500 रूपये। 2 एकड़ से अधिक एवं 5 एकड़ से कम भूमि स्वामी, निकाय 5 हजार रूपये। 5 एकड़ से अधिक भूमि स्वामी, निकाय 15 हजार रूपये।

उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंडला द्वारा बताया गया कि नरवाई में आग लगाने से खेत की मिट्टी में प्राकृतिक रूप से पाए जाने वाले लाभकारी सूक्ष्म जीव नष्ट हो जाते हैं जससे भूमि की उर्वरा शक्ति धीरे-धीरे नष्ट हो जाती है और उत्पादन में कमी आ जाती है। खेत में पड़े फसलों के अवशेष जैसे- भूसा, डंठल, कड़वी सड़ने के बाद भूमि को प्राकृतिक रूप से उपजाऊ बनाते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने वालों का किया गया जुर्माना

मण्डला 21 नवम्बर 2022

                संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास म.प्र. भोपाल के निर्देशानुसार नगर पालिका सीमा क्षेत्रांतर्गत सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलीथीन के प्रतिबंध हेतु अधिसूचना का प्रकाशन करने के साथ ही “नो सिंगल यूज नो पॉलीथीन अभियान” अलोक जैन क्षेत्री अधिकारी म.प्र. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड मध्यप्रदेश जबलपुर एवं गजानंद नाफडे मुख्य न.पा. अधिकारी के मार्गदर्शन में 21 नवंबर 2022 को सुपर मार्केट, हागगंज बाजार, फल विक्रेताओं एवं किराना दुकानों में जाकर व्यापारियों को नो सिंगल यूज नो पॉलीथीन, डिस्पोजल का उपयोग एवं भंडारण न करने की समझाईश दी गई। साथ ही व्यापारियों के प्रतीकात्मक चालान की कार्यवाही की गई जिसमें 1800 रूपये का चालान काटा गया। नगर पालिका परिषद मंडला के द्वारा नगरवासियों एवं व्यापारियों से अपील की गई है की नो सिंगल यूज नो पॉलीथीन का उपयोग एवं भंडारण न करें। साथ ही बाजार आते समय कपड़े के थैले का उपयोग करें।

Related posts

अवैध शराब पर कार्यवाही, महुआ लाहन नष्ट की गई

Reva India News

23 कोरोना मरीज डिस्चार्ज हुए

Reva India News

राजस्व सचिव विवेक पोरवाल ने भूमि रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण के संबंध में बैठक की  

Reva India News

Leave a Comment