Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 22 नवम्बर 2022

जनसुनवाई में प्राप्त हुए 64 आवेदन

मण्डला 22 नवम्बर 2022

जिला योजना भवन में आयोजित जनसुनवाई में अपर कलेक्टर मीना मसराम ने आवेदकों की समस्याएं सुनी। जनसुनवाई में 64 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत किए। अपर कलेक्टर ने सभी आवेदकों की समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में एसीईओ एसएस मरावी, एसडीएम पुष्पेन्द्र अहके सहित संबंधित विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित थे।

जनसुनवाई में बूढ़ीमाई संगमघाट महाराजपुर निवासी नोखेलाल गिरी ने गरीबी रेखा में नाम दर्ज कराने, ग्राम पुरवा निवासी आशीष कछवाहा ने आर्थिक सहायता, फड़की माल कछार टोला निवासी अशोक बर्मन ने लाड़ली लक्ष्मी योजनांतर्गत राशि, ग्राम टिकरवारा निवासी प्रियंका चक्रवर्ती ने अनुग्रह राशि, ग्राम फूलसागर निवासी बीरन दास ने मजदूरी भुगतान के संबंध में तथा अन्य आवेदकों ने अलग-अलग समस्याओं के संबंध में आवदेन प्रस्तुत किए।

 

 

 

 

 

 

नरवाई प्रबंधन हेतु उन्नत कृषि यंत्र सुपर सीडर का प्रदर्शन

मण्डला 22 नवम्बर 2022

                सुपर सीडर पराली दहन की समस्या का यह एक यांत्रिकीय समाधान है। यह उपकरण हार्वेस्टर द्वारा छोड़े गये फसल अवशेषों की खेत में मल्चिंग कर देता है और साथ-साथ बोवनी भी कर देता है। नमी का संरक्षण, आर्गेनिक तत्वों की वृद्धि, समय पर बुआई, जुताई क्री लागत में कमी, अधिक एवं अतिरिक्त उपज तथा स्वस्थ खेत इसके परिणाम रूप में मिलते हैं। प्रायः देखा जा रहा है कि खरीफ फसलों की कटाई कार्य उपरांत फसल अवशेषों का निपटान करने हेतु खेत में ही फसल अवशेषों (नरवाई) का दहन किया जा रहा है जिससे प्रकृति एवं भूमि के स्वास्थय दोनों को ही भारी मात्रा में नुकसान होता है। इस समस्या को देखते हुए ग्राम निवारी वि.ख. नैनपुर में 22 नवंबर 2022 को कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा, उन्नत कृषि यंत्र सुपर सीडर का प्रदर्शन कराया, जिसमें सहायक कृषि यंत्री प्रियंका मेश्राम, उपयंत्री भावना मरावी, सहायक संचालक कृषि आर.डी. जाटव, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी मुकेश कुलस्ते एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी पंचशीला वरकडे उपस्थित रहे।

कृषि अभियांत्रिकी विभाग से सहायक कृषि यंत्री प्रियंका मेश्राम ने कृषि विभाग के संयुक्त तत्वाधान में किसानों को नरवाई प्रबंधन का महत्व बताया। सुपर सीडर मशीन द्वारा धान की कटाई उपरांत अवशेषों को बारीक कर मिट्टी में मिलाने और रबी फसल की बोवनी का काम एक साथ सुपर सीडर मशीन से किया जाता है। नरवाई को मिट्टी में मिलाने से पोषक तत्वों की कमी दूर होती है तो वहीं मजदूरों की लागत भी बचती है। सुपर सीडर यंत्र कृषि अभियांत्रिकी विभाग द्वारा ऑन डिमाण्ड श्रेणी में अनुदान पर उपलब्ध हैं। सरकार की ओर से सुपर सीडर पर 1 लाख 5 हजार रूपये अनुदान दिया जा रहा है। उपस्थित कृषकों द्वारा उक्त मशीन के प्रदर्शन की सराहना करते हुए मशीन खरीदने की बात कही।

 

 

 

 

 

 

पेसा एक्ट के प्रावधानों की जानकारी देने होगा ग्रामसभाओं का आयोजन

मण्डला 22 नवम्बर 2022

                पेसा एक्ट के प्रावधानों से ग्रामीणजनों को अवगत कराने के उद्देश्य से 20 नवंबर से 3 दिसंबर तक चरणबद्ध रूप से विशेष ग्रामसभाओं का आयोजन किया जा रहा है। ग्रामसभाओं के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार पेसा एक्ट के प्रावधानों से अवगत कराने के लिए 23 नवंबर को बिछिया विकासखंड के धुतका, लुटिया, रेवथा, बीजेगांव, कछारी, अमझर, मगधा, जंगरिया एवं कन्हारीकला में ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा। निवास विकासखंड के हाथीतारा माल, आमादादर रैयत, हाथीतारा रैयत, गुदलड़े, तौरी, हरिसिघौरी रैयत, हरिसिंगौरी माल, कुसमी, थानमगांव, मलेहरी माल एवं रेडम में ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा। घुघरी विकासखंड के छतरपुर, टिकरिया, परसवाह, पिपरिया कला, भानपुर, लोधा, ईश्वरपुर, घुघरी, कूम्ही एवं इलाही में ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा। इसी प्रकार मवई विकासखंड के पंचायत मवई अतरिया, धनगांव माल, अंजनी, पिपरी रैयत, कोलमगहन, मझगांव, जमगांव, मेढा, घोंटा, नरहरगंज, खलौड़ी, चंदगांव, बर्रई, नंदराम, सारसडोली, भाड़ा, इन्द्री, अमवार, लालपुर, पखवार, मड़फा, चंदवारा रैयत, देवरीदादर, परसेल, टिकरिया, सोढ़ा, केवलारीकला एवं सिंघौरी में ग्रामसभा आयोजित की जाएंगी।

 

24 नवंबर को इन ग्रामों में होंगी ग्रामसभाएँ

 

पेसा एक्ट के प्रावधानों से अवगत कराने के लिए 24 नवंबर को बिछिया विकासखंड के बिसनपुरा, भावाजर, कुम्हर्रा, रतनपुर, सुरहेला, ठोंढा, डीलवारा, उमरवाडा, औरई माल, मानिकपुर माल एवं काताजर में ग्रामसभा का आयोजन किया जाएगा। मवई विकासखंड के पंचायत अतरिया, धनगांव माल, अंजनी, जमगांव, घोंटा, सारसडोली, अमवार, पखवार, मड़फा, चंदवारा रैयत एवं सोढ़ा में ग्रामसभा आयोजित की जाएंगी। घुघरी विकासखंड के कण्ड्रा, ढेंको, कठईडीह, सलवाह, सुरेहली, गरैयापाण्ड, जोगीलुढिया, खमतरा एवं नैझर में ग्रामसभा आयोजित की जाएंगी। निवास विकासखंड के जंगलिया, झालपानी, मोहपानी, लुहारी रैयत, बस्तरी, उमरिया, रौसर, बस्तरामाल, भीखमपुर, बिसनपुरा, सुखरीसग्रामपुर, खरखरा एवं जलधरा में ग्रामसभा आयोजित की जाएंगी।

 

 

 

 

नशामुक्ति अभियान के तहत 23 नवंबर से होंगी विविध गतिविधियाँ

मण्डला 22 नवम्बर 2022

                जिले में नशामुक्ति अभियान 23 नवंबर से विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में कलेक्टर हर्षिका सिंह द्वारा विस्तृत कार्यक्रम जारी किया गया है।

जानकारी के अनुसार जिले के समस्त विद्यालय एवं महाविद्यालयों में 23 नवंबर को प्रस्तुतिकरण, व्याख्यान एवं लघुकृत फिल्म का प्रदर्शन एवं विषय विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान किया जाएगा। 24 नवंबर को निबंध प्रतियोगिता एवं पाती अपनो के नाम, 25 नवंबर को चित्रकला प्रतियोगिता, 28 नवंबर को वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं नुक्कड़-नाटक तथा 29 नवंबर को बाल पेंटिंग एवं रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 30 नवंबर को पुरूस्कार वितरण किया जाएगा। इसी अवधि में योजना एवं आर्थिक सांख्यिकी विभाग (जन अभियान परिषद) द्वारा गांव, ब्लॉक स्तर पर, हॉट-बाजार एवं अन्य स्थानों पर नशामुक्ति अभियान के तहत जागरूकता व्याख्यान, नुक्कड़ नाटक एवं अन्य गतिविधियां की जाएंगी। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ग्रामसभाओं का आयोजन किया जाएगा। स्वच्छता मिशन के तहत अच्छे कार्य करने वाले स्वयंसेवी संगठनों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, मिनि कार्यकर्ताओं तथा शौर्यदल के माध्यम से रैलियों तथा अन्य गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले के साथ समन्वय कर नशे से ग्रस्त व्यक्तियों का उपचार कराना, आंगनवाड़ी मोबाईल एकता अभियान के लिए उपयोग की गतिविधियां की जाएंगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से गतिविधियों का आयोजन तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के मैदानी अमले के साथ समन्वय कर नशों से ग्रस्त व्यक्तियों का उपचार तथा तंबाखू निषेध 2003 का सक्रिय क्रियान्वयन किया जाएगा। गृह विभाग, आबकारी एवं पुलिस विभाग द्वारा नशों का धंधा करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही की आमजनों को जानकारी देना, विभाग के अमले द्वारा जहरीली शराब के विरूद्ध अभियान चलाकर कठोर कार्यवाही, नगर सुरक्षा समिति के माध्यम से अभियान का क्रियान्वयन तथा जेल में विरूद्ध व्यक्तियों के लिए कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। वन विभाग द्वारा ग्राम वन समिति के माध्यम से कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिला प्रशासन, जिला स्तरीय गठित समिति द्वारा सभी गतिविधियों की योजना बनाना एवं अभियान की नियमित समीक्षा, विभिन्न विभागों के अमले को विभिन्न स्तर पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसी प्रकार नशों, शराब की लत से मुक्त हुए 10 से 15 प्रभावी एवं जिम्मेदार व्यक्तियों का चयन एवं उनको व्याख्यान देने के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

राज्य स्तरीय वार्षिक जैवविविधता पुरस्कार के लिए नामांकन

मण्डला 22 नवम्बर 2022

                म.प्र. राज्य जैवविविधता बोर्ड द्वारा राज्य स्तरीय वार्षिक जैवविविधता पुरस्कार 2022 के लिए प्रविष्टियां जमा कराए जाने के लिए निर्देशित किया गया है कि राज्य स्तरीय वार्षिक जैवविविधता पुरस्कार 2022 योजना के अंतर्गत नामांकन प्रेषित करने की तिथि में वृद्धि करते हुए म.प्र. राज्य जैव विविधता बोर्ड द्वारा दि. 31 जनवरी 2023 तक निर्धारित किया गया है जिसके तहत म.प्र. राज्य जैव विविधता बोर्ड द्वारा प्रदेश में जैव विविधता संरक्षण को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से जैव विविधता संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे लोगों की पहचान कर उन्हें प्रोत्साहित कराए जाने के लिए विस्तृत जानकारी बोर्ड की वेबसाईट www.mpsbb.nic.in पर प्राप्त की जा सकती हैं।

 

 

 

 

 

 

 

कौशल उन्नयन प्रशिक्षण एवं उपकरण के लिए आवेदन आमंत्रित

मण्डला 22 नवम्बर 2022

                हाथकरघा एवं हस्तशिल्प क्षेत्रों के लिए कौशल एवं तकनीकी विकास योजना 2021 अंतर्गत मण्डला जिले के बुनकरों एवं शिल्पियों, स्व-सहायता समूहों, बुनकर सहकारी समितियों, मास्टर उद्यमियों से वर्ष 2022-23 हेतु कौशल उन्नयन प्रशिक्षण एवं उपकरण के लिए 30 नवंबर 2022 तक आवेदन पत्र आमंत्रित किये गए हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला ग्रामोद्योग अधिकारी जिला पंचायत मण्डला से सम्पर्क किया जा सकता है।

 

 

 

 

 

 

 

 

डाकघर में आयोजित किया गया बचत मेला

मण्डला 22 नवम्बर 2022

                20 नवंबर 2022 को बचत मेला का आयोजन प्रधान डाकघर मण्डला के प्रांगण में किया गया। इस अवसर पर सहायक संभागीय प्रबंधक डाक पीएलआई अभिषेक चौबे ने कहा कि भारतीय डाक विभाग का सबसे महत्वपूर्ण अंग ग्रामीण क्षेत्रों के शाखा डाकघर है। शाखा डाकघरों के माध्यम से डाक विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ ग्रामीण क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचती हैं और अब ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के जीवन को और अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से वित्तीय साक्षरता को बढावा देने सुकन्या समृद्धि, पीपीएफ, आरडी 1450 रूपए में लखपती, पीएलआई, आरपीएलआई जैसे योजनाओं से ग्रामीण लोगों को अधिक से अधिक जोड़ने का प्रयास भारतीय डाक विभाग कर रही है। उन्होंने ग्रामीण डाकसेवक कर्मचारियों का आव्हान किया कि वे डाक विभाग द्वारा चलाए जा रहे हर-घर बचत खाता अभियान के अंतर्गत घर-घर जाकर डाक विभाग कि बचत योजना जैसे सुकन्या, पीपीएफ आरडी तथा भारत सरकार की इण्यिा पोस्ट पैमेंट बैंक द्वारा मात्र 399 रु में 10 लाख का दुर्घटना बीमा एवं प्रीमीयम एआउंट खोलें ताकि ग्रामीणजन वित्तीय रूप से मजबूत होकर उन्नति कर सके। कार्यक्रम के दौरान डाक विभाग की विभिन्न योजनाओं को आमजन तक अधिक से अधिक पहुँचाने हेतु कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया।

 

राहुल केशरवानी का निधन

मंडला 22 नंबवर नभाप्र. विगत माह दीवाली की शाम ग्राम देवदरा झंडा चौक निवासी राहुल पिता राकेश केशरवानी सड़क हादसे का शिकार हो गया था। इस हादसे में राहुल गंभीर घायल हुआ। जिसे उपचार के लिए जबलपुर रैफर कर दिया गया था। जहां राहुल का उपचार विगत माह से लगातार जारी था। उपचार के दौरान राहुल की हालत नाजुक बनी हुई थी। चिकित्सकों की बहुत कोशिशों के बावजूद राहुल को नहीं बचाया जा सका और राहुल अपने परिवार को अकेला छोड़ पंचतत्व में विलीन हो गया। जिसके बाद राहुल के शव को मंडला वापस लाया गया। आज बुधवार को देवदरा मुक्तिधाम में दोपहर 03 बजे राहुल का अंतिम संस्कार किया जाएगा।  राहुल के देहांत से परिजनों में दुख का पहाड़ टूट गया है।
बता दे कि राहुल जिला मुख्यालय स्थित निर्मला सीनियर सेकेण्डरी स्कूल मंडला में शिक्षक के पद पर पदस्थ थे।  इनके पंचतत्व में विलीन की खबर लगते ही शाला परिवार में मायूसी छा गई। शाला परिवार ने ईश्वर से मृत आत्मा की शांति प्रदान करने एवं उनके परिवार को दुख सहन करने शक्ति देने प्रार्थना की है। शाला प्राचार्य ने आज 23 नबंवर को विद्यालय में शोकावकाश घोषित किया है।

Related posts

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 30 मई 2023

Reva India News

जिला योजना अधिकारी सीएम हेल्पलाईन के निराकरण में 97.39 वेटेज स्कोर के लिए प्रशस्ति पत्र से सम्मानित

Reva India News

भारतीय जागृति मिशन ने राष्ट्रपति के नाम सोपा ज्ञापन

Reva India News

Leave a Comment