Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 11 दिसम्बर 2022

प्राथमिक शालाओं में लीं गईं टेस्ट परीक्षाएं

प्रोजेक्ट नन्ही उड़ान के तहत विद्यार्थियों और शालाओं की होगी ग्रेडिंग

 

मंडला 11 दिसम्बर 2022

प्राथमिक शालाओं को अकादमिक सहयोग प्रदान करने तथा विद्यार्थियों के उपलब्धि स्तर को बढ़ाने की दृष्टि से मंडला जिले में प्रोजेक्ट ’नन्ही उड़ान’ संचालित किया जा रहा है। वर्तमान स्तर का आंकलन करने कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार शनिवार को जिले के सभी प्राथमिक शालाओं में जिला स्तर से तैयार किए गए प्रश्नपत्र के आधार पर परीक्षाएं आयोजित की गई। उत्तरपुस्तिकाआंे की जांच अन्य शाला के शिक्षकों द्वारा की जाएगी। शिक्षकों द्वारा किए गए मूल्यांकन का प्रतिपरीक्षण जिला स्तर से नियुक्त अधिकारियों द्वारा किया जाएगा। इस परीक्षा परिणाम के आधार पर विद्यार्थियों तथा शालाओं की ग्रेडिंग की जाएगी।

इस संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार टेस्ट परीक्षा के परिणाम के आधार पर विद्यार्थियों तथा स्कूलों की ग्रेडिंग की जाएगी। कुल 15 अंकों में से 10 से अधिक नंबर पाने वाले विद्यार्थी ए ग्रेड, 6 से 10 तक अंक पाने वाले बी ग्रेड तथा 0 से 5 अंक तक पाने वाले विद्यार्थी सी ग्रेड पाएंगे। इसी प्रकार ए ग्रेड पाने वाले बच्चों की संख्या 80 प्रतिशत से अधिक होने पर स्कूल को ए ग्रेड, 50 से 80 प्रतिशत तक होने में स्कूल को बी ग्रेड तथा 50 प्रतिशत से कम होने पर स्कूल को सी ग्रेड प्रदान किया जाएगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

रेशम की साड़ियों पर पैंटिंग से बढ़ रही आमदनी

गोंडी कलाकृति को प्रोत्साहित करने जिला प्रशासन ने किया नवाचार

 

मंडला 11 दिसम्बर 2022

गोंडी कला गोंडवाना काल की प्रसिद्ध चित्र कला है, जो मंडला एवं डिंडोरी ज़िले में गोंड जनजाति द्वारा बनाई जाती है। गोंडी पेंटिंग राज्य प्रशासन द्वारा मंडला ज़िले के लिए एक जिला एक उत्पाद में भी चयनित की गई है। गोंडी कला एवं रेशम को प्रोत्साहित करने की पहली पहल 2020 में कलेक्टर हर्षिका सिंह द्वारा ली गई और रेशम की साड़ियों पर पेंटिंग का नवाचार चालू किया गया। इन साड़ियों की मंडला से बाहर मार्केट में अच्छी प्रतिक्रिया मिली, और रेशम बुनकर एवं गोंडी कलाकारों को आय का स्त्रोत मिला। इसके पश्चात अगस्त 2022 में कलेक्टर हर्षिका सिंह के मार्गदर्शन में ज़िले में पदस्थ महात्मा गाँधी नेशनल फ़ेलो, कृति सिंघई द्वारा नवाचार चालू किया गया, जिसमें व्यापार और पर्यटकों की दृष्टि से गोंडी पेंटिंग से छोटे-छोटे आइटम डिज़ाइन किए गए, जो सस्ते एवं आकर्षक हों।

इस नवाचार के अंतर्गत कलाकारों के साथ कार्यशाला आयोजित की गई, ताकि उनके नज़रिये से उनकी दिक्क़तों को समझा जाए और उसके अनुसार कार्ययोजना तैयार की जाए। इस नवाचार का नाबार्ड एवं सहयोगी संस्था ग्रामीण विकास एवं महिला उत्थान संस्था द्वारा कार्यान्वयन किया गया, जिसमें ग्राम पंचायत धनपुरी माल, नैनपुर में 30 महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण पश्चात सितम्बर 2022 में कृति सिंघई द्वारा प्रशिक्षुओं के साथ व्यापारिक सूझ-बूझ, मार्केट की समझ, पर्यटक ग्राहक पसंद इत्यादि बिंदुओं पर चर्चा की गई एवं “टार्गेट मार्केट” के अनुसार गोंडी पेंटिंग आइटम बनाए जाने का सुझाव दिया गया। चर्चा में 4-5 आइटम जैसे पोस्टकार्ड, रूमाल, लोटा, फ्रिज मैग्नेट, इत्यादि प्रशिक्षुओं द्वारा बनाए जाने का निर्णय लिया गया, जो अक्टूबर में “हथकरधा एवं हस्तशिल्प प्रदर्शनी” में प्रस्तुत किए गए। ज़िले स्तर पर प्रदर्शनी में जब इन प्रोडक्ट का प्रदर्शन हुआ तो जनसामान्य द्वारा इन्हें बहुत पसंद किया गया।

कलेक्टर के निर्देशानुसार प्रोडक्ट प्रमोशन हेतु शहर के प्रमुख स्थान जैसे कलेक्ट्रेट रोड, रपटा घाट, कलादीर्घा एवं विभिन्न कार्यक्रम जैसे म.प्र. गौरव दिवस, ज़िला गौरव दिवस इत्यादि में स्टॉल्ज़ लगाए गए। समूह द्वारा नवम्बर माह में जबलपुर में नाबार्ड द्वारा आयोजित 15-दिवसीय प्रदर्शनी में भाग लिया गया। स्टॉल को प्रेज़ेंटेशन और बिक्री के लिए पुरस्कृत किया गया। समूह द्वारा ऑनलाइन ऑर्डज़ व्हाट्सऐप और इंस्टाग्राम के माध्यम से भी लिए जा है और हाल ही में भोपाल, नोएडा, जोधपुर, पटना, श्रीनगर जैसे महानगरों में ऑर्डर पोस्ट द्वारा भेजे गए हैं। जनवरी 2023 को एजीएनएफ के माध्यम से आईआईएम अहमदाबाद में इन कलाकृतियों का विक्रय किया जाना प्रस्तावित है। पिछले महीने समूह द्वारा 70 से 80 हजार तक का सामान विक्रय किया जा चुका है एवं इस प्रकार के आइटम की प्रसिद्धि देखकर मंडला के अन्य क्षेत्रों के गोंडी कलाकारों ने इस प्रतिक्रिया में जुड़ने की इच्छा ज़ाहिर की है, जिसमें ग्राम औरई एवं दुधारी से कलाकार पोस्टकार्ड इत्यादि आइटम बनाना प्रारम्भ कर चुके हैं। इन कलाकृतियों को ऑनलाइन विक्रय हेतु अमेजन पर लिस्ट करवाने कि प्रक्रिया भी प्रगतिरत है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

4 लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत

 

मंडला 11 दिसम्बर 2022

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम सिलपुरी निवासी फूलवती बाई की सर्पदंश से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मंडला द्वारा मृतक के निकटतम वारसान को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। मृतक के निकटतम वारसान आवेदक रामकेश यादव को कुल 4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

विद्युत बिल संबंधी समस्याओं की सुनवाई आज

 

मंडला 11 दिसम्बर 2022

मण्डला वृत्त में जिला स्तरीय विद्युत शिकायत निवारण फोरम का गठन किया गया है। फोरम की बैठक व सुनवाई प्रत्येक माह की 10 तारीख को प्रातः 11 बजे वृत्त कार्यालय मण्डला में आयोजित की जानी है। माह की 10 तारीख को अवकाश होने की दशा में 12 दिसंबर 2022 को बैठक व सुनवाई का आयोजन किया जाएगा जिसमें विद्युत उपभोक्ता अपनी बिल सम्बन्धी समस्याओं का त्वरित निराकरण करा सकेंगे। बैठक व सुनवाई में ऐसे उपभोक्ता जिनकी बिल सम्बन्धी समस्याओं का निराकरण सम्बन्धित कार्यालय से न हुआ हो और वे असंतुष्ठ हों तो सुनवाई में अपनी समस्या रखने हेतु लिखित आवेदन के साथ एक पुराना बिल संलग्न कर सुनवाई में उपस्थित होकर अपनी समस्या का निराकरण करा सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

आत्मा गवर्निंग बोर्ड की बैठक आज

 

मंडला 11 दिसम्बर 2022

परियोजना संचालक आत्मा समिति सह सदस्य, सचिव आत्मा गवर्निंग बोर्ड से प्राप्त जानकारी के अनुसार आत्मा गवर्निंग बोर्ड की बैठक 12 दिसंबर 2022 दिन सोमवार को शाम 4 बजे आयोजित की गई है। जिला योजना भवन में आयोजित इस बैठक में संबंधित अधिकारियों को विभागीय जानकारी के साथ स्वयं उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

समाचार

पूर्व राज्यसभा सांसद कप महिला प्रो कबड्डी एवं महिला कुश्ती प्रतियोगिता प्रारंभ

30 टीमों ने की सहभागिता

आज होंगे सेमी फाईनल एवं फाईनल मैच

 

मंडला। अमरशहीद बिरसामुंडा की स्मृति में पूर्व राज्यसभा सांसद कप भव्य महिला प्रो कबड्डी एवं महिला कुश्ती प्रतियोगिता का 2 दिवसीय आयोजन आज पुलिस लाईन ग्राउंड पर प्रारंभ हुआ। प्रथम दिवस रविवार को महिला प्रो कबड्डी प्रतियोगिता के प्रथम एवं द्वितीय राऊँड के मैच खेले गए। प्रतियोगिता में 30 टीमों ने हिस्सा लिया है।

प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद संपतिया उईके ने कहा कि प्रतियोगिता के माध्यम से कबड्डी एवं कुश्ती में रूचि रखने वाली महिलाओं को मंच देने का प्रयास किया जा रहा है। खुशी की बात है कि राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने वाली बालिकाओं के साथ-साथ गृहणियां भी इस प्रतियोगिता में सहभागिता कर रही हैं। नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा सहित अन्य वक्ताओं ने पूर्व राज्यसभा सांसद संपतिया उईके द्वारा किए जा रहे आयोजन की सराहना करते हुए इसे आगामी वर्षों में भी जारी रखने का आव्हान किया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष अखिलेश कछवाहा, सांसद प्रतिनिधि प्रफुल्ल मिश्रा एवं जयदत्त झा, शिक्षाविद रश्मि वाजपेयी, प्रदेश महिला मोर्चा मंत्री शशि पटेल, शिखा श्रीवास्तव, उमा यादव, प्रवीर तिवारी, वीसी कुड़ोपा, सचिन शर्मा, सुनील मिश्रा, खेल अधिकारी रविन्द्र ठाकुर आदि उपस्थित रहे। सोमवार को कबड्डी प्रतियोगिता के सेमी फाईनल एवं फाईनल मैच खेले जाएंगे। साथ ही महिलाओं की कुश्ती प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। निर्णायक एवं स्कोरर की भूमिका में जमुना उईके, रामा परते, करूणा मर्सकोले, पंकज उसराठे, शशांक मिश्रा, त्रिलोक डोंगरे, कृष्णा भलावी आदि का सराहनीय सहयोग रहा।

 

 

 

Related posts

नगर पालिका उपचुनाव के लिए किया गया ईवीएम का रेंडमाईजेशन

Reva India News

जिला स्तरीय वनाधिकार समिति की बैठक 3 जनवरी को होगी

Reva India News

पेयजल समस्या के लिए कंट्रोल रूम स्थापित

Reva India News

Leave a Comment