Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 12 दिसम्बर 2022

भू-अधिकार वितरण में लापरवाही पर पटवारी होंगे जिम्मेदार – हर्षिका सिंह

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर के निर्देश

 

मंडला 12 दिसम्बर 2022

समय-सीमा एवं विभागीय समन्वय समिति की बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री भू-अधिकार वितरण योजना के तहत प्रत्येक पात्र हितग्राहियों को भूमि का वंटन सुनिश्चित करें। किसी भी पात्र हितग्राही के वंचित रहने पर संबंधित पटवारी पर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि निरस्त किए गए आवेदनों की पुनः जांच करें। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम, एसीईओ जिला पंचायत एसएस मरावी, समस्त एसडीएम सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि समस्त एसडीएम आवश्यक कार्यवाही कर वितरण हेतु भू-अधिकार पत्रक तैयार करें। राजस्व अधिकारी अपने मूल कार्यों का गंभीरता से निर्वहन करें। सीमांकन तथा अविवादित बंटवारे के प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करें। कलेक्टर ने स्वामित्व योजना तथा मुख्यमंत्री भू-अधिकार योजना पर समुचित प्रगति नहीं होने पर सभी एसडीएम को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने निर्देशित किया कि कृषि के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करें। केनाल लाईनिंग का कार्य 31 दिसंबर तक पूर्ण करें अन्यथा की स्थिति में कार्य निरस्त करने की कार्यवाही करें। इस संबंध में सीईओ जनपद सतत मॉनीटरिंग करते हुए फीडबैक देवें। मतदाता सूची के पुनरीक्षण के तहत प्राप्त आवेदनों की निर्धारित समयावधि में एंट्री पूर्ण करें। सामुदायिक स्वच्छता परिसरों की सफाई पर विशेष ध्यान दें। इनका संचालन स्व-सहायता समूह अथवा पंचायतों के माध्यम से कराएं। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि जमीनों के क्रय-विक्रय में नियमों का अक्षरशः पालन करें। अवैध कॉलोनियों में भू-खण्डों की रजिस्ट्री पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए उनके विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।

कलेक्टर ने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारी, कर्मचारियों के स्वत्वों के भुगतान पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस संबंध में कार्यालय स्तर पर शिविर आयोजित कर प्रकरणों का निराकरण करें। उन्होंने टीएल बैठक में नियमित रूप से पीपीओ वितरण कराने के भी निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि नर्मदा नदी के किनारे बसे ग्रामों में सिंचाई के लिए प्रस्ताव तैयार करें। स्मार्ट आंगनवाड़ी केन्द्रों की कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण मॉड्यूल तैयार करें। प्रशिक्षण के साथ एक्सपोजर विजिट भी कराएं। राजस्व अर्जित करने वाले विभाग लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करें। धान उपार्जन पर गुणवत्ता का ध्यान रखें एवं परिवहन की गति बढ़ाएं। जर्जर शाला भवनों तथा आंगनवाड़ी केन्द्रों की सूची प्रस्तुत करें। कलेक्टर ने 15 दिसंबर से 15 जनवरी तक महिला स्वास्थ्य के संबंध में आयोजित होने वाले विभिन्न गतिविधियों के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने निर्देशित किया कि आयुष्मान पंजीयन के लिए नगरीय क्षेत्रों में एक सप्ताह तक वार्ड स्तर पर शिविर लगाएं तथा आवश्यकतानुसार घर-घर जाकर पात्र हितग्राहियों के पंजीयन करें। शेष बचे विद्यार्थियों के जाति प्रमाण-पत्र बनाने की कार्यवाही पूर्ण करें तथा प्रत्येक शनिवार को बाल सभा का आयोजन कर जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में वितरण कराएं।

बैठक में बिना अनुमति अनुपस्थित रहने पर कलेक्टर ने जिला आबकारी अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में मनरेगा, खाद की उपलब्धता, स्वरोजगार योजना, कौशल विकास, आधार अपडेशन, आहार अनुदान, अवमानना प्रकरण, एसएचजी क्रेडिट लिंकेज, पीडीएस वितरण, केसीसी, पेसा एक्ट के क्रियान्वयन एवं समिति गठन, जल चौपाल, प्रधानमंत्री आवास, स्वच्छ भारत मिशन, स्वनिधि योजना आदि के संबंध में विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए गए।

 

विभागीय अधिकारी अपनी ग्रेडिंग सुधारें

 

सीएम हेल्पलाईन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि वन, आयुष एवं श्रम विभाग सहित सी एवं डी श्रेणी के विभाग अपनी ग्रेडिंग सुधारें। प्रकरणों के संतुष्टिपूर्वक निराकरण का प्रयास करें। फोर्सक्लोज न करें। उन्होंने सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों के निराकरण की कमजोर प्रगति पर तहसीलदार मंडला एवं नायब तहसीलदार मंडला पर नाराजगी व्यक्त की। कलेक्टर ने प्रकरणों में निर्धारित समयावधि जवाब प्रस्तुत नहीं करने वाले अधिकारियों पर कार्यवाही हेतु नस्ती प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि फोर्सक्लोज किए गए प्रकरणों की समीक्षा कर उनमें समुचित कार्यवाही करें। नीतिगत मामलों में केवल पत्र लिखकर औपचारिकता न करें, वरिष्ठ कार्यालयों से समन्वय कर प्रकरणों को निराकृत कराएं।

 

स्वास्थ्य अमला अपनी जिम्मेदारियां निभाए

 

स्वास्थ्य विभाग के तहत संचालित गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि स्वास्थ्य विभाग का अमला अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर निर्वहन करें। मरीजों को समुचित उपचार प्रदान करें। जननी सुरक्षा सहित अन्य योजनाओं पर हितग्राहियों को समय पर भुगतान करें। जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं में सुधार लाएं। सीटी स्केन सहित अन्य जो भी जांचे, सुविधाएं निःशुल्क हैं उनकी जानकारी चस्पा करें। चिकित्सालय की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दें। खराब हो चुकी सामग्रियों के अपलेखन की कार्यवाही करें। कलेक्टर ने उपस्थित अधिकारियों से टीबी मरीजों के लिए निक्षयमित्र बनने का आव्हान किया।

 

सहायक आयुक्त और डीपीसी का वेतन होल्ड

 

शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा विद्यार्थियों तथा शिक्षकों की शतप्रतिशत उपस्थिति ऑनलाईन ऐप पर सुनिश्चित करें। ऑनलाईन उपस्थिति दर्ज नहीं कराने वाले शिक्षकों का वेतन रोकें। सहायक आयुक्त तथा डीपीसी दैनिक मॉनीटरिंग करें तथा उपस्थिति संबंधी शालावार जानकारी प्रतिदिन सुबह 11 बजे अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। कलेक्टर ने शतप्रतिशत उपस्थिति ऑनलाईन ऐप पर दर्ज होने तक सहायक आयुक्त और डीपीसी का वेतन रोकने के निर्देश दिए। 10 दिसंबर को प्राथमिक शालाओं में ली गई परीक्षा के परिणामों का विश्लेषण कर विद्यार्थियों तथा शालाओं की ग्रेडिंग कर 15 दिसंबर तक रिपोर्ट प्रस्तुत करें। श्रेष्ठ शालाओं को पुरूस्कृत करने के लिए प्रस्ताव आमंत्रित करें।

 

 

 

 

 

 

 

आत्मा गवर्निंग बोर्ड की बैठक संपन्न

 

मंडला 12 दिसम्बर 2022

आत्मा गवर्निंग बोर्ड की बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि आत्मा योजना में प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत जीरो बजट पर जैविक खेती विषय पर प्रशिक्षण करावें। रेशम पालन के क्षेत्र में एवं पशुपालन विभाग के पशुपालक कृषकों को भी लाभान्वित करें।  इस संबंध में उन्होंने संबंधित विभाग को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

श्रीमती सिंह ने कहा कि एक्सपोजर विजिट में जैविक खेती को प्राथमिता के आधार पर कृषकों का चिन्हांकन कर मल्टीलेयर फार्मिंग, औषधी पौधे पर भ्रमण कराएं। किसानों के चयन में पारदर्शिता रखें। एलाइड विभागों के प्रदर्शन के लक्ष्यों के पूर्ति मछली पालन विभाग पंगेसियस प्रजाति के मछली पालन पर प्रदर्शन एवं उद्यानिकी अन्तर्गत औषधी पौधे पर कार्य करें। आजीविका समूहों में महिला बाल विकास से संम्पर्क कर कुपोषण बच्चों का चिन्हांकन कर उनके यहां किचन गार्डन हेतु राशि प्रदाय करें। सीडमनी में आजीविका महिला समूहों को विशेष गतिविधियों हेतु राशि दिया जावें। कोदो-कुटकी के ड्राई प्रोड्क्टस पर एक्टिव होकर कार्य करें एवं जिला स्तर पर मीलेट पार्लर पर रणनीति बनायें। कलेक्टर ने कहा कि वर्ष 2022-23 आत्मा कृषक पुरस्कार के अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त कर समूह पुरस्कार में कोदो-कुटकी की गतिविधि कर रहे समूहों को चिन्हांकित कर पुरस्कार हेतु कार्यवाही करें।

 

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने किया शिक्षिका अर्चना मौर्यवी का सम्मान

 

मंडला 12 दिसम्बर 2022

शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर प्राथमिक शाला औघटखपरी में पदस्थ शिक्षिका अर्चना मौर्यवी को कलेक्टर हर्षिका सिंह ने किया समय-सीमा की बैठक में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। कलेक्टर ने शाला स्तर पर अर्चना मौर्यवी द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक शाला औघटखपरी व्यवस्थित पाई गई। साथ ही बच्चों का उपलब्धि स्तर संतोषजनक रहा। शाला शिक्षकों द्वारा बच्चों की कठिन अवधारणाओं को सरल करने के लिए सहायक शैक्षिक सामग्रियों का भी निर्माण एवं उपयोग किया जा रहा है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर मीना मसराम, समस्त एसडीएम तथा सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर को लेपल पिन लगाकर झंडा दिवस के टोकन वितरण प्रारंभ

 

मंडला 12 दिसम्बर 2022

प्रति वर्षानुसार 7 दिसंबर 2022 को पूरे देश में भारतीय सेना के गौरवपूर्ण इतिहास को प्रदर्शित करने के लिये शस्त्र सेना झण्डा दिवस मनाया जाता है। 7 दिसंबर का दिन सेनाओं के सर्वाेच्च बलिदान और साहस के लिये स्मरण करते हैं। झण्डा दिवस के पावन अवसर पर सशस्त्र सेना ध्वजों की बिक्री से एकत्रित राशि से देश सेवा एवं रक्षा में शहीद हुये सैनिकों के परिवार एवं उनके आश्रितों के कल्याण हेतु उपयोग में लाई जाती है। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी जबलपुर विंग कमाण्डर पंकज कुमार के निर्देशानुसार कलेक्टर हर्षिका सिंह, अपर कलेक्टर एवं सहायक आयुक्त आदिवासी विकास मण्डला को उनके कार्यालय जाकर सशस्त्र सेना झण्डा दिवस का लेपल पिन लगाकर समस्त सेना झंडा दिवस के टोकन, ध्वजों का वितरण करने का कार्य आरंभ किया गया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

महाविद्यालय में किया गया भारतीय भाषा उत्सव का आयोजन

 

मंडला 12 दिसम्बर 2022

शासकीय महाविद्यालय अंजनिया में “चिन्नास्वामी सुब्रमणयम भारती’’ के जन्म जयंती को भारतीय भाषा उत्सव दिवस के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में साहित्य क्लब प्रभारी राजकुमार सिंगौर द्वारा चिन्नास्वामी सुब्रमणयम भारती के संपूर्ण जीवन चरित्र पर प्रकाश डाला गया एवं अपनी मातृभाषा के साथ-साथ पड़ोसी भाषाओं को भी सहजता, सरलता और आनंद के साथ अपनाने हेतु विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में रोहिणी प्रसाद शुक्ला द्वारा मिले सुर मेरा तुम्हारा का उल्लेख करते हुए भाषाई सौहार्द स्थापित करने के संबंध में विचार प्रकट किए गए एवं “चिन्नास्वामी सुब्रमणयम भारती’’ के गीतों का गायन भी किया गया।

डॉक्टर गोविंद सिंह दांगी द्वारा ठेट बुंदेली शब्दों के माध्यम से मनोरंजक वार्तालाप और गीतों को प्रस्तुत किया गया। डॉ. विजय मौर्य ने कहा कि हमें विभिन्न भाषाओं का ज्ञान होना चाहिए क्योंकि इससे रोजगार प्राप्ति का क्षेत्र विस्तृत हो जाता है। इस अवसर पर डॉ. घनश्याम झरिया, विजित मेश्राम ने भी अपने-अपने विचार प्रकट किए। विद्यार्थी विश्वनाथ यादव द्वारा स्वरचित कविता का वाचन किया गया।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

छात्राएं आत्मबल के साथ लक्ष्य की ओर कदम बढ़ाएं

बीजाडांडी एवं नारायणगंज छात्रावासों में कैरियर मार्गदर्शन कार्यशाला संपन्न

 

मंडला 12 दिसम्बर 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशन में समग्र शिक्षा अभियान द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास बीजाडांडी एवं नारायणगंज में कैरियर मार्गदर्शन कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिला केरियर काउंसलर अखिलेश उपाध्याय, जीवन कौशल मास्टर ट्रेनर गायत्री शुक्ला, कृति सिंघई जिला पंचायत मण्डला व सीसीएलई फेलो सिधेश्वर गांधी ने बालिकाओं का मार्गदर्शन किया। एपीसी मुकेश पांडेय द्वारा गतिविधियों के संबंध मे राज्य स्तर के निर्देशों से अवगत कराया गया। कृति सिंघई द्वारा स्वरोजगार, अध्ययन के आयाम, उद्यमिता विकास के  सम्बंध में जानकारी प्रदान की गई। अखिलेश उपाध्याय द्वारा प्रोजेक्ट नई उड़ान अंतर्गत केरियर की बात आपके साथ केरियर कार्यक्रम द्वारा की गई गतिविधियों का उल्लेख करते हुए आईसी एसजीपीएस केरियर पोर्टल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बताया गया। कक्षा दसवीं उपरांत विषय चयन व सेल्फ इंटरेस्ट अनालिसेस से छात्राओं को परिचित कराया। वन टू वन चर्चा कर बालिकाओं की केरियर जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। गायत्री शुक्ला द्वारा  उमंग किशोर कार्यक्रम अंतर्गत तनाव से मुक्ति, जीवन के नैतिक मूल्यों, किशोरावस्था में मानसिक शारीरिक बदलाव व सावधानियों से एक्टिविटी कराकर अवगत कराया गया। सिधेश्वर गांधी ने मेन्टल हेल्थ व सीसीएलई  एक्टिवटी द्वारा जीवन से जुड़े सहज सिधान्तांे से अवगत कराते हुए बताया कि हम स्वयं को कभी कम न आंकें। सुखद व आनन्दमय वातावरण में बालिकाओं को मिले अनुभवों ने उनके अंदर उत्साह व सकारात्मकता का संचार किया। छात्राओं ने शैक्षिक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये। इस अवसर पर संबंधित विद्यालय के प्राचार्य व छात्रावास अधीक्षक उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

जिला स्तरीय युवा मंडल अवार्ड के लिये आवेदन आमंत्रित

 

मंडला 12 दिसम्बर 2022

नेहरू युवा केन्द्र मंडला (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार) के द्वारा जिले में युवा गतिविधियांे स्वच्छता, बेटी बचाओ बेटी पढाओ, पर्यावरण संरक्षण, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण, परिवार कल्याण, खेलकूद, सांस्कृतिक व अन्य तरह की सामाजिक रचनात्मक एवं शासन की योजनाओं के प्रचार प्रसार के कार्य किये हैं। ऐसे युवा मंडल, महिला मंडल जो कि नेहरू युवा केन्द्र संगठन की वेबसाईड में पंजीकृत हैं। साथ ही सोसायटी रजिस्टेªशन अधिनियम के तहत पंजीकृत हैं वे इस योजना में पात्र होंगे।

आवेदन का प्रारूप कार्यालय समय में कार्यालय जिला युवा अधिकारी नेहरू युवा केन्द्र नेहरू स्मारक के पास शकुन जंघेला के मकान में जवाहर वार्ड मंडला से प्राप्त कर सकते हैं। आवेदक युवा मंडल आवेदन के साथ बतौर साक्ष्य के रूप में न्यूजपेपर कटिंग्स, फोटोग्राफ्स, प्रमाण पत्र तथा किये गये कार्याें का गतिविधिवार स्वच्छ हस्तलिखित अथवा टायपिंग करके आवेदन के साथ संलग्न कर 25 दिसंबर 2022 तक जमा करें। जिला युवा मंडल अवार्ड का मूल्यांकन आधार वर्ष 2021-22 होगा। पुरूष्कार की राशि पच्चीस हजार रू. है। जिला स्तर पर चयनोपरांत मूल प्रविष्ठि को राज्य स्तर के लिये अग्रेषित किया जायेगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की बैठक आज

 

मंडला 12 दिसम्बर 2022

फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2023 कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में समाविष्ट तीनों विधानसभा क्षेत्र बिछिया, निवास एवं मंडला के संबंध में 13 दिसंबर 2022 को दोपहर 2 बजे जिला निर्वाचन कार्यालय में बैठक आयोजित की गई है। अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बैठक में सभी संबंधितों को उपस्थित होने का आग्रह किया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

एजूकेशन पोर्टल पर मर्ज हुई शालाओं के शिक्षकों की ट्रांसफर रिक्वेस्ट एंकर शाला में दर्ज करें

 

मंडला 12 दिसम्बर 2022

राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल के निर्देशानुसार जिला के समस्त शासकीय शालाओं के शिक्षकों एवं छात्रों की शाला प्रभारी के द्वारा एम शिक्षा ऐप के माध्यम से प्रतिदिवस की उपस्थिति दर्ज की जानी है, किन्तु जिला की मर्ज हुए शासकीय शालाओं के शिक्षकों की जानकारी उनकी एंकर शाला में प्रदर्शित न होने के कारण उनकी एम शिक्षा मित्र पर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नही हो पा रही है। जिस हेतु कलेक्टर द्वारा समस्त आहरण अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि एजूकेशन पोर्टल पर मर्ज हुए शालाओं के शिक्षकों की ट्रांसफर रिक्वेस्ट उनकी एंकर शाला में दर्ज कराते हुए सूची जिला शिक्षा केन्द्र मण्डला में उपलब्ध करावें। ताकि एम शिक्षा ऐप में मण्डला की स्थिति को सुदृढ़ किया जा सके। इसी क्रम में रिटायर अथवा मृत शिक्षकों को एजूकेशन पोर्टल आहरण संवितरण अधिकारी द्वारा हटाने हेतु ’स्टॉप सैलरी’ परमानेंट शिक्षक पोर्टल पर प्रदर्शित ना हो।

 

 

 

 

 

 

जिला न्यायालय में अधिवक्ता एवं अधिवक्ता लिपिकों के कम्प्यूटर स्किल इनहॉन्समेंट प्रशिक्षण आयोजित

 

मंडला 12 दिसम्बर 2022

मध्यप्रदेश राज्य न्यायिक अकादमी मध्यप्रदेश, जबलपुर के निर्देशन में एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के आदेशानुसार न्यायालय मंडला, निवास, नैनपुर, बिछिया के अधिवक्ताओं एवं अधिवक्ता लिपिकों की कम्प्यूटर स्क्लि इन्हॉन्समेंट प्रोग्राम की 2 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला जिला न्यायालय में आयोजित हुई जिसमें न्यायालय में संचालित होने वाली समस्त डिजिटल प्रक्रिया एवं न्यायालय नागरिक सेवा केंद्र में अधिवक्ताओं, पक्षकारों एवं आम जनता को मिलने वाली समस्त डिजिटली सेवाओं की विस्तृत जानकारी देकर प्रशिक्षित कर उनके न्यायालयीन कौशल में अभिवृद्धि किया गया।

उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश माननीय आर0एस0 शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायाधीश राजीव आप्टे के विशेष आतिथ्य में जिला न्यायाधीश एवं कम्प्यूटर प्रभारी के0के0 निनामा एवं सुभाष सुनहरे की अध्यक्षता में जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष श्री रामेश्वर झारिया एवं सचिव श्री इमित्याज अख्तर के आतिथ्य में समस्त न्यायाधीश एवं समस्त अधिवक्तागणों की गरिमामयी उपस्थिति में कार्यशाला में मा्ननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मंडला श्री आर0एस0 शर्मा, एवं न्यायाधीश शालू सिरोही चौकसे, रवि चौकसे, फातिमा अली तथा नीरज ताम्रकार जे0एस0ए0 ओमप्रकाश जंघेला डी0एस0ए0 द्वारा प्रशिक्षण प्रदाय किया गया।

 

 

 

 

 

टीम गठित कर करें सीमांकन से संबंधित प्रकरणों का निराकरण – हर्षिका सिंह

कलेक्टर ने की राजस्व विभाग के सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों की समीक्षा

 

मंडला 13 दिसम्बर 2022

                राजस्व विभाग के सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी प्रत्येक प्रकरणों का गंभीरता से अध्ययन कर उसका निर्धारित समयावधि में आवश्यक निराकरण करें। प्रकरणवार समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि 100 दिवस से अधिक समय से लंबित प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता में निराकृत करें। किसी भी प्रकरण को फोर्सक्लोज न करें। बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम, समस्त एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।

                श्रीमती सिंह ने सीमांकन से संबंधित कोई भी प्रकरण लंबित न रहे। टीम गठित कर सीमांकन से संबंधित प्रकरणों का निराकरण कराएं तथा पोर्टल पर समुचित जवाब प्रस्तुत करें। सीमांकन से संबंधित फोर्सक्लोज किए गए प्रकरणों की पुनः जांच कर आवश्यक कार्यवाही करें। उन्होंने भविष्यात्मक शब्दों का उपयोग न करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि भू-अधिकार वितरण से संबंधित आवश्यक कार्यवाहियां समय-सीमा में पूर्ण करें। कोई भी पात्र हितग्राही न छूटे। स्वामित्व योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने नक्शों के सत्यापन की कार्यवाही जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने कहा कि ई-गवर्नेंस मैनेजर से समन्वय कर पटवारियों की आईडी बनवाएं तथा कैम्प लगाकर ई-केवाईसी की कार्यवाही पूर्ण करें। आधार सीडिंग के कार्य में गति लाने के लिए सभी एसडीएम पटवारीवार समीक्षा करें। राजस्व अधिकारी उपार्जन केन्द्रों का सतत निरीक्षण करें तथा परिवहन की गति को बढ़ाएं। इसी प्रकार पीडीएस दुकानों का निरीक्षण करते हुए शतप्रतिशत वितरण सुनिश्चित करें। शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाएं। विभिन्न न्यायालयों से पारित आदेशों का पालन सुनिश्चित करें। बैठक में कलेक्टर ने राजस्व वसूली, आरसीएमएस पोर्टल तथा अन्य राजस्व से संबंधित विषयों पर चर्चा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

 

 

नवज्योति स्पोर्ट्स ने जीती महिला कबड्डी प्रतियोगिता

 

मंडला 12 दिसम्बर 2022

                अमरशहीद बिरसा मुंडा जी की स्मृति में आयोजित पूर्व राज्यसभा सांसद कप महिला प्रो कबड्डी एवं कुश्ती प्रतियोगिता स्थानीय पुलिस लाईन ग्राउंड में संपन्न हुई। इस अवसर पर कलेक्टर हर्षिका सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया तथा टॉस कराकर फाईनल मैच प्रारंभ कराया।

                कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन से जिले की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त होंगे। इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद संपतिया उईके ने कहा कि जिले में खेल के क्षेत्र में अनेक प्रतिभाशाली बालिकाएं हैं जिन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रतियोगिता में सहभागिता करने वाले खिलाड़ी निकट भविष्य में जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य संदीप सिंह, पूर्व नगरपालिका उपाध्यक्ष नरेश कछवाहा, शशि पटेल, वंदना अवस्थी, डॉ. रश्मि वाजपेयी सहित संबंधित उपस्थित रहे।

 

महिला कबड्डी पर नवज्योति बनी विजेता

 

                पूर्व राज्यसभा सांसद कप का फाईनल मैच नवज्योति स्पोर्ट्स क्लब मंडला तथा बीजाडांडी के मध्य खेला गया जिसमें नवज्योति स्‍पोर्टस क्लब ने विजेता रही। इसी प्रकार कुश्ती में आस्था यादव एवं नम्रता बिलैया विजेता बनीं। सफल प्रतिभागियों को नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, पूर्व राज्यसभा सांसद संपतिया उईके सहित मंचासीन अतिथियों द्वारा पुरूस्कृत किया गया।

 

 

Related posts

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पद्मविभूषण श्री अमिताभ बच्चन को जन्मदिन की दी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं  

Reva India News

4 लाख रूपए की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत

Reva India News

कॉलेज चलो अभियान का शुभारंभ

Reva India News

Leave a Comment