Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला 17 दिसम्बर 2022

शिक्षा की नींव को मजबूत करने स्कूल पूर्व शिक्षा पर ध्यान देना आवश्यक – हर्षिका सिंह

कलेक्टर ने किया स्मार्ट आंगनवाड़ी केन्द्र भटियाटोला का शुभारंभ

मंडला 17 दिसम्बर 2022

आंगनबाड़ी जाने वाले बच्चों को गुणवत्तायुक्त प्री प्राइमरी एजुकेशन प्रदान करने के उद्देश्य से जिले के 10 आंगनवाड़ी केंद्रों को स्मार्ट केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। इन केंद्रों में टैबलेट एवं टीवी सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने नैनपुर विकासखंड के भटियाटोला में बनाए गए स्मार्ट आंगनवाड़ी केन्द्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणजनों को संबोधित करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में शिक्षा की नींव को मजबूत करने स्कूल पूर्व शिक्षा पर ध्यान देना आवश्यक है। इस दृष्टि से नवाचार के रूप में जिले के आंगनवाड़ी केन्द्रों को स्मार्ट केन्द्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि जिले में 2 आंगनवाड़ी केन्द्रों को स्मार्ट बनाकर नवाचार किया गया था जिसके बेहतर परिणाम मिलने पर 10 और आंगनवाड़ी केन्द्रों को स्मार्ट केन्द्र के रूप में विकसित किया गया है। इस अवसर पर कलेक्टर ने केन्द्र के निर्माण में मिलने वाले जनसहयोग के लिए संबंधितों को धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में जनपद सदस्य निशा उईके, सरपंच कमला उईके, परियोजना अधिकारी महिला बाल विकास श्वेता तड़वे, एसडीएम नैनपुर प्रियंका वर्मा सहित संबंधित उपस्थित रहे।

 

शिक्षा में होगा तकनीकि का उपयोग

 

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि स्मार्ट आंगनवाड़ी केन्द्रों में स्कूलपूर्व शिक्षा के लिए तकनीक का भी उपयोग किया जाएगा। इन केन्द्रों में प्राईवेट स्कूलों की तर्ज पर टैबलेट एवं टीवी सहित अन्य संसाधनों की उपलब्ध कराए जा रहे हैं। देखकर सीखने का अपना एक अलग महत्व होता है। इस संबंध में विशेषज्ञों द्वारा शिक्षा का मॉड्यूल तैयार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्री प्राईमरी एजुकेशन को बेहतर बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। आंगनवाड़ी में मिलने वाली यह शिक्षा प्राथमिक स्तर में सहायक बनेगी। कलेक्टर ने कहा कि इस संबंध में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण भी कराया जाएगा।

 

समुदाय की भागीदारी जरूरी

 

शुभारंभ अवसर पर उपस्थित ग्रामीणजनों को संबोधित करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि नवाचार के रूप में प्रशासन द्वारा आंगनवाड़ी केन्द्रों को स्मार्ट के रूप में विकसित किया गया है। आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि वे इन केन्द्रों के भवन तथा उपलब्ध सामग्री के रख-रखाव तथा सुरक्षा की जिम्मेदारी समुदाय को स्वीकार करनी चाहिए। पेसा एक्ट के तहत प्रावधानित समितियों का लाभ लेते हुए केन्द्र को और बेहतर बनाने का प्रयास करें।

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने की नवसाक्षरों से आत्मीय मुलाकात

 

मंडला 17 दिसम्बर 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने भटियाटोला में नवसाक्षरों से आत्मीय मुलाकात करते हुए कहा कि शिक्षा का जीवन में बहुत महत्व होता है, शिक्षा से जीवन स्तर में सुधार आता है। उन्होंने नवसाक्षरों से आग्रह किया कि वे आगे भी पढ़ना-लिखना जारी रखें। बैंक में अंगूठा लगाने के बजाए हस्ताक्षर करें। इस अवसर पर कलेक्टर ने नवसाक्षरों से पुस्तकें पढ़वाई तथा शब्द लिखवाए।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने नवसाक्षरों से कहा कि वे लगातार प्रयास करें और वाक्य लिखने का प्रयास करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि साक्षर हुए व्यक्तियों को वित्तीय रूप से साक्षर करने का भी प्रयास किया जाएगा। श्रीमती सिंह ने नवसाक्षरों से साक्षरता के संबंध में अनुभव भी पूछे। इस दौरान कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास श्वेता तड़वे, एसडीएम नैनपुर प्रियंका वर्मा, एपीसी हीरेन्द्र वर्मा एवं केके उपाध्याय सहित संबंधित उपस्थित रहे।

 

हरिलाल ने अंग्रेजी में लिखा अपना नाम

 

नवसाक्षरों से मुलाकात के दौरान सभी नवसाक्षरों ने स्लेट में अपना नाम तथा बोले गए शब्द लिखे। अभियान के तहत साक्षर हुए 65 वर्षीय हरिलाल ने कलेक्टर हर्षिका सिंह को अंग्रेजी में अपना नाम लिखकर दिखाया। हरिलाल ने बताया कि उसे पढ़ना-लिखना नहीं आता था। अक्षरमित्र और रिश्ते में उसकी नातिन विंध्या यादव ने उसे पूरी मेहनत से पढ़ाया जिसके कारण वह थोड़ी-बहुत हिन्दी लिख-पढ़ लेता है तथा अंग्रेजी में अपना नाम भी लिख लेता है। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने अक्षरमित्रों द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए विंध्या यादव, सुखमारी बिंझवार एवं रूबी यादव को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया।

 

 

 

बच्चों ने किए हल किए गणित के प्रश्न, कलेक्टर ने की सराहना

 

मंडला 17 दिसम्बर 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने नैनपुर विकासखंड के प्राथमिक शाला भटियाटोला का निरीक्षण करते हुए शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं से उनके पाठ्यक्रम के अनुरूप प्रश्न किए। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से ब्लेकबोर्ड पर गणित के प्रश्न हल करवाए। बच्चों द्वारा प्रश्न हल किए जाने पर कलेक्टर ने शिक्षकों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने बच्चों की उपस्थिति, सहायक शैक्षिक सामग्री, पुस्तक वितरण, मध्यान्ह भोजन, पेयजल, बिजली, शौचालय आदि के संबंध में भी विस्तार से जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम नैनपुर प्रियंका वर्मा, एपीसी हीरेन्द्र वर्मा, केके उपाध्याय, बीआरसी दिलीप शरणागत सहित संबंधित उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

कलेक्टर ने ग्रामीणों को दी पेसा एक्ट के प्रावधानों की जानकारी

 

मण्डला 17 दिसंबर 2022

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जनपद पंचायत नैनपुर के ग्राम भटियाटोला में भ्रमण के दौरान में उपस्थित ग्रामीणों को पेसा एक्ट के प्रावधानों की जानकारी दी। कलेक्टर ने कहा कि पेसा एक्ट के तहत ग्रामसभा को अनेक शक्तियाँ प्रदान की गई हैं, जो ग्रामसभा को सशक्त बनाएंगी। जल, जंगल और जमीन से संबंधित अधिकार भी ग्रामसभा को प्रदान किए गए हैं।

कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि पेसा अधिनियम के माध्यम से जनजातियों को सशक्त और समर्थ बनाने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामसभा में ऐसे लोगों को शामिल किया जाएगा जिनका नाम संबंधित पंचायत क्षेत्र की मतदाता सूची में शामिल हो। टोला, मजरा के मतदाताओं की मंशा के अनुरूप एक से अधिक ग्रामसभाओं का भी गठन किया जा सकेगा। श्रीमती सिंह ने ग्रामसभा के गठन हेतु प्रस्ताव की प्रक्रिया, अध्यक्ष के चयन एवं ग्रामसभा के सम्मिलन के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक ग्रामसभा के लिए पृथक से खाता खोला जाएगा जिसके संचालन के लिए ग्रामसभा अपने सदस्यों में से 2 सदस्यों का चयन करेगी जिनमें कम से कम एक महिला होगी। इन सदस्यों में कोई भी सदस्य ग्राम पंचायत का सरपंच, उपसरपंच, पंच या उनके परिवार का सदस्य नहीं होगा। उन्होंने पेसा एक्ट के तहत गठित होने वाले शांति एवं विवाद निवारण समिति के संबंध में भी जानकारी दी। श्रीमती सिंह ने बताया कि ग्रामसभा किसानों की आर्थिक स्थिति के अनुसार कृषि हेतु योजनाएं बनाएगी। पटवारी एवं बीटगार्ड विभाग के वित्तीय वर्ष के प्रथम सप्ताह में वर्ष में एक बार ग्रामसभा को अद्यतन राजस्व एवं वन अभिलेख उपलब्ध कराएंगे। कलेक्टर ने ग्रामीणों को भू-अर्जन के परामर्श, पुर्नव्यवस्थापन के लिए जनसुनवाई, जल संसाधनों का प्रबंधन, सिंचाई प्रबंधन, मत्स्य पालन, खान और खनिज, वनोपज, साहूकारी, हितग्राहियों का चिन्हांकन तथा मादक पदार्थ नियंत्रण आदि के संबंध में किए गए प्रावधानांे से अवगत कराया। इस दौरान एसडीएम नैनपुर प्रियंका वर्मा सहित संबंधित उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

अतिथि शिक्षक नियुक्ति में अनियमित्ता पाए जाने पर

शासकीय हाईस्कूल मलवाथर के प्रभारी प्राचार्य की एक वेतनवृद्धि रोकी गई

 

मंडला 17 दिसम्बर 2022

अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति में अनियमित्ता पाए जाने पर सहायक आयुक्त आदिवासी विकास ने रतन सिंह तेकाम माध्यमिक शिक्षक एवं प्रभारी प्राचार्य शासकीय हाईस्कूल मलवाथर की एक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकते हुए उन्हें भविष्य के लिए सचेत किया है।

जानकारी के अनुसार उन्नत प्राथमिक शाला मथैया टोला मलवाथर में पालक शिक्षक संघ की बैठक में तैयार किए गए पैनल के अनुसार सरल क्रमांक-8 में दर्ज वंदना मिश्रा को आमंत्रित किया जाना था, जिसे आमंत्रित नहीं किया जाकर अवैधानिक रूप से नवीन पैनल तैयार कर अंकित कुमार धनंजय का अतिथि शिक्षक के रूप में चयन किया गया जो जांच में नियुक्ति प्रक्रिया के विपरीत पाया गया है। इस संबंध में रतन सिंह तेकाम माध्यमिक शिक्षक एवं प्रभारी प्राचार्य शासकीय हाईस्कूल मलवाथर को दोषी पाया गया है जिस पर सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग द्वारा उनकी एक वेतनवृद्धि असंचयी प्रभाव से रोकते हुए भविष्य के लिए सचेत किया गया है।

साथ ही सहायक आयुक्त द्वारा उक्त पैनल को तत्काल प्रभाव से निरस्त करते हुए पालक शिक्षक संघ की बैठक आयोजित कर नियमानुसार अतिथि शिक्षक की नियुक्ति करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

4 लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत

मंडला 17 दिसम्बर 2022

            प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम डोभी निवासी सुखीराम की आकाशीय बिजली गिरने से मृत्यु होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास द्वारा मृतक के निकटतम वारसान आवेदक मंगनिया बाई को कुल 4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह राशि संबंधित के बैंक खाते में जमा करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 

 

गोंडी पेंटिंग को बढ़ावा देने के लिए कलेक्टर ने ली चित्रकारों की बैठक

 

मंडला 17 दिसम्बर 2022

                गोंडी पैंटिंग के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जिला योजना भवन में चित्रकारों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि गोंडी कला प्राचीन काल से मंडला ज़िले की पहचान रही है और इसको एक ज़िला एक उत्पाद योजना के अंतर्गत मंडला ज़िले के लिए चयनित भी किया गया है, परंतु ज़िले में बहुत ही कम कलाकार रह गए है जो अच्छे स्तर पर इस कला को आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत है और ज़िले में गोंडी कला लुप्त होने कि स्थिति में है।

                श्रीमती सिंह ने कहा कि गोंडी पैंटिंग को पुर्नजीवित करने के लिए योजनाबद्ध कार्य करना आवश्यक है। बैठक में ज़िले में गोंडी पेंटिंग का पुनरुद्धार करने हेतु कार्ययोजना बनाने पर चर्चा की गई। कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि कॉटन के कपड़ों पर गोंडी पेंटिंग का कार्य प्रारम्भ कराएं। गोंडी पेंटिंग के उत्पादों के स्टॉल लगवाएं। उन्होंने उत्पाद विविधिकरण के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में विभिन्न विभागों जैसे हथकरघा, रेशम, आजीविका मिशन, नाबार्ड, एमजीएन फेलो तथा चित्रकला में रूचि रखने वाले विद्यार्थी सम्मलित हुए।

 

गोंडी पेंटिंग पर कार्यशाला आज से

 

                कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि नये साल में ज़िले की गोंडी पेंटिंग “ब्रांड” के प्रमोशन के उद्देश्य से 18 दिसंबर से रज़ा फ़ाउंडेशन भवन, रपटा घाट पर गोंडी पेंटिंग कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है जिसमें ज़िले के विभिन्न कलाकार गोंडी कला से जुड़ने के उद्देश्य से प्रशिक्षण दिया जाएगा। उत्पाद विविधिकरण के उद्देश्य से विभिन्न उत्पाद जैसे पोस्टकार्ड, ग्रीटिंग कार्ड, पॉट्स, फ़ोन कवर, पेपर वेट, रूमाल आदि भी कलाकारों द्वारा बनाए जाएगें। कलेक्टर ने ज़िले के कलाकारों से इस मुहिम से जुड़ने कार्यशाला में सहभागिता का आग्रह किया है। बैठक में ब्रांडिंग, मार्केटिंग, मास्टर ट्रेनर के चिन्हांकन तथा गोंडी पेंटिंग क्लस्टर के निर्माण के संबंध में भी चर्चा की गई।

 

कलेक्टर ने किया आयुष्मान शिविर का निरीक्षण

 

मंडला 17 दिसम्बर 2022

                कलेक्टर हर्षिका सिंह ने नैनपुर विकासखंड के मुगदरा ग्राम में लगाए गए आयुष्मान पंजीयन शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक परिवार तक पहुंच करें तथा पंजीयन से छूटे हुए लोगों का चिन्हांकन कर उनकी सूची बनाएं तथा उनके पंजीयन की कार्यवाही पूर्ण करें।

                कलेक्टर ने निर्देशित किया कि कोई भी पात्र व्यक्ति आयुष्मान पंजीयन से वंचित नहीं रहना चाहिए। शिविर के दौरान ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड से मिलने वाले लाभों के संबंध में भी जानकारी दें। इस दौरान एसडीएम प्रियंका वर्मा सहित संबंधित उपस्थित रहे।

 

 

 

 

 

 

 

आयुष्मान पंजीयन के लिए होगा डोर-टू-डोर सर्वे

 

मंडला 17 दिसम्बर 2022

                कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार आयुष्मान कार्ड हेतु पात्र हितग्राहियों के पंजीयन के लिए मंडला नगरपालिका क्षेत्र में 31 दिसंबर तक डोर-टू-डोर सर्वे किया जाएगा। इस संबंध में मुख्य नगरपालिका अधिकारी द्वारा कर्मचारियों की वार्डवार ड्यूटी लगाई गई है। नियुक्त कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि प्रतिदिन 100 आयुष्मान कार्ड का पंजीयन कर शाम 5 बजे कार्यालय में रिपोर्ट देना सुनिश्चित करें। कार्य के प्रति लापरवाही बरतने पर संबंधित के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी।

 

कलेक्टर ने की जल-जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा

 

मंडला 17 दिसम्बर 2022

                कलेक्टर हर्षिका सिंह ने जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों की गति बढ़ाते हुए लक्ष्य के अनुरूप घरेलू कनेक्शन सुनिश्चित करें। प्रतिमाह कम से कम 4 हजार से अधिक कनेक्शन करते हुए उनकी ऑनलाईन फीडिंग करें। इस संबंध में विकासखंडवार मासिक लक्ष्य निर्धारित करें। कोई भी ग्राम, टोला योजना से वंचित नहीं रहना चाहिए।

                श्रीमती सिंह ने ग्रामवार समीक्षा करते हुए कहा कि जो योजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं उनके नियमानुसार हस्तांतरण की कार्यवाही करें। स्कूल तथा आंगनवाड़ियों में 31 दिसंबर तक पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करें। विद्युत संबंधी कारणों के लिए विभाग से समन्वय करें। कलेक्टर ने शतप्रतिशत कनेक्शन वाले ग्रामों की समीक्षा के दौरान क्रॉसचैक करने के निर्देश दिए। सामूहिक पेयजल योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कनेक्शन सहित अन्य मैदानी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के तहत जिले के 7 विकासखंड लाभान्वित होने हैं इसलिए आवश्यक कार्यवाही समय पर पूर्ण करते हुए कार्यों को जल्द से जल्द प्रारंभ कराने का प्रयास करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि पानी चौपाल का आयोजन कर लोगों को जल संरक्षण के लिए प्रेरित करें।

 

 

 

 

 

 

 

शिशु एवं मातृ मृत्यु दर नियंत्रित करने जागरूकता अभियान चलाएं

समीक्षा बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देश

 

मंडला 17 दिसम्बर 2022

                शिशु एवं मातृ मृत्यु दर की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने इस संबंध में जागरूकता अभियान संचालित करने कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास के अधिकारी इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट तैयार करते हुए निदानात्मक कार्यवाही प्रस्तावित करें।

                श्रीमती सिंह ने कहा कि महिलाओं का शारीरिक रूप से कमजोर होना, खानपान एवं पोषण आहार में कमी तथा टीकाकरण आदि के प्रति गंभीर न होना चिंता का विषय है। मातृ एवं शिशु मृत्यु को रोकने के लिए प्रशासन के विभिन्न विभागों के साथ-साथ जनसामान्य का भी सहयोग प्राप्त करना आवश्यक है। इस संबंध में उन्होंने वातावरण तैयार करने की बात कही। उन्होंने निर्देशित किया कि स्कूल तथा कॉलेज के विद्यार्थी, स्व-सहायता समूह की दीदियां आदि की काउंसलिंग करें। आंगनवाड़ी केन्द्र स्तर पर गर्भवती महिलाओं के पति, सास एवं शिशु आदि की सूची तैयार करें तथा उन्हें उनकी भूमिकाओं के संबंध में अवगत कराएं। गर्भवती महिलाओं को खानपान, सफाई, टीकाकरण आदि के संबंध में जानकारी प्रदान करें। कलेक्टर ने मास्टर ट्रेनर के रूप में एएनएम, स्व-सहायता समूह की दीदियां तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास के मैदानी अमले को प्रशिक्षित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किशोरी बालिकाओं की काउंसलिंग तथा स्व सहायता समूहों के सदस्यों की कार्यशाला आयोजित करें। इस संबंध में उन्होंने बैगा सहित अन्य समुदायों के प्रमुखों का सहयोग प्राप्त करने की भी बात कही।

समिति गठित करने के निर्देश

 

                कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि मातृ एवं शिशु मृत्यु को रोकने के लिए जिला एवं आंगनवाड़ी स्तर पर समिति का गठन करें। उन्होंने जिला स्तर के समिति में कलेक्टर, सीईओ जिला पंचायत, सीएमएचो, सहायक आयुक्त, जिला शिक्षा अधिकारी, सभी कॉलेज एवं आईटीआई के प्राचार्य, समन्वयक जन अभियान परिषद, प्रबंधक ग्रामीण आजीविका परियोजना सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को सम्मिलित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मातृ एवं शिशु मृत्यु को रोकना एक चुनौतीपूर्ण कार्य है जिसके लिए सम्मिलित प्रयासों की आवश्यकता है। श्रीमती सिंह ने आंगनवाड़ी स्तर में गठित की जाने वाले समिति के संबंध में जानकारी दी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

आयुष्मान पंजीयन के लिए घर-घर होगा सर्वे

कलेक्टर ने की जिलेवासियों से सर्वे दल को सहयोग करने की अपील

 

मंडला 17 दिसम्बर 2022

                आयुष्मान कार्ड पंजीयन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति का आयुष्मान पंजीयन सुनिश्चित करें। संबंधित विभाग इस कार्य को सर्वाेच्च प्राथमिकता प्रदान करते हुए 31 दिसम्बर तक पूर्ण कराएं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि घर-घर सर्वे कराते हुए प्रत्येक पात्र व्यक्ति का आयुष्मान पंजीयन सुनिश्चित करें। श्रीमती सिंह ने जनसामान्य से आग्रह किया है कि वे सर्वे दल को आवश्यक सहयोग प्रदान करते हुए अपना आयुष्मान पंजीयन कराएं।

                कलेक्टर ने निर्देशित किया कि आंगनवाड़ी से जुड़े सभी बच्चों तथा हाईस्कूल तथा हायरसेकंडरी स्कूल में अध्ययनरत विद्यार्थियों का शत प्रतिशत पंजीयन करें। उन्हांेने 31 दिसम्बर 2022 तक शेष बचे लोगों को चिन्हित कर उनके आयुष्मान पंजीयन की कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए। श्रीमती सिंह ने जिला आपूर्ति अधिकारी निर्देशित किया कि पीडीएस सेल्समैन की आईडी बनवाएं तथा उचित मूल्य दुकानों में आने वाले हितग्राहियों के पंजीयन कराएं। इसी प्रकार उपार्जन केन्द्र में आने वाले किसानों का भी पंजीयन करें। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व इस कार्य के लिए जिम्मेदारी निभाते हुए सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। समस्त एसडीएम अपने क्षेत्रांतर्गत जनपद पंचायत के सीईओ, बीएमओ, बीईओ, बीआरसी, जेएसओ तथा सीडीपीओ की बैठक आयोजित कर नियमित समीक्षा करें तथा समुचित प्रगति लाना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि पंजीयन के लिए नगरीय क्षेत्रों में मोबाईल टीम के माध्यम से वार्डवार शिविर आयोजित करें। श्रीमति सिंह ने एसीईओ जिला पंचायत को निर्देशित किया कि मोहगांव क्षेत्र की मॉनिटरिंग करते हुए पंजीयन के कार्य को समयसीमा में पूर्ण कराएं।

Related posts

4 लाख रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत

Reva India News

नाम निर्देशन पत्र 8 जुलाई को अपरान्ह 3 बजे तक प्राप्त किये जायेंगे पंच का निर्वाचन मतपेटी एवं सरपंच का निर्वाचन ईव्हीएम से होगा नाम निर्देशन पत्र की प्रक्रिया संबंधित जनपद पंचायत के कार्यालय में होगी

Reva India News

बड़ी खैरी समूह नल-जल योजना अंतर्गत पेयजल प्रदाय अस्थायी रूप से बाधित मंडला, 6 फरवरी 2026

Reva India News

Leave a Comment