दृष्टि बाधित बच्चों को प्रशिक्षण के बाद शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हेतु सहयोगी उपकरण वितरित
मण्डला 12 फरवरी 2023
जिला मुख्यालय में लेप्रा सोसाइटी (साइट सेवर्स इंडिया) के समावेशी शिक्षा परियोजना के अंतर्गत शिक्षा विभाग के सर्व शिक्षा अभियान व समग्र शिक्षा अभियान के संयुक्त तत्वाधान में मंडला जिले के 9 विकासखंडों की शासकीय शालाओं में कक्षा 1 से 12 तक अध्यनरत दिव्यांग बच्चों के लिए 6 दिवसीय रहवासी प्रशिक्षण कार्यशाला का होटल आशीर्वाद में 7 फरवरी से 12 फरवरी तक आयोजन किया गया। इस 6 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला में कक्षा 1 से 3 में अध्यनरत बच्चों को ब्रेल प्रशिक्षण, कक्षा 4 से 5 में अध्यनरत बच्चों को डेजी प्लेयर प्रशिक्षण, कक्षा 6 से 8 में अध्यनरत बच्चों को स्मार्ट फोन प्रशिक्षण व कक्षा 9 से 12 में अध्यनरत बच्चों को लैपटॉप पर प्रशिक्षण के साथ उन्हें उपकरण के विषय में विस्तृत जानकारी देकर उपकरण वितरित भी किए गए। इस कार्यशाला को आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को आज की टेक्नोलॉजी के युग में तकनीकी शिक्षा के साथ उनके उपयुक्त सहायक उपकरणों में प्रशिक्षित करते हुए उन्हें समाज की मुख्य धारा से जोड़ना था जिससे बच्चों का कौशल विकास हो सके। इस प्रशिक्षण कार्यशाला के अंतिम दिवस पर मुख्य अतिथि जिला शिक्षा केंद्र के एपीसी के.के. उपाध्याय एवं हीरेंद्र वर्मा द्वारा बच्चों को उपकरण वितरित किया गया। इस कार्यशाला में डेजी प्लेयर व स्मार्ट फोन प्रशिक्षण हेतु विशेष प्रशिक्षक के रूप में भोपाल संतोष खरे व ब्रेल प्रशिक्षण हेतु दिल्ली संदेश कपूर उपस्थित रहे।

कुपोषण से मुक्त हुई कोमल
मण्डला 12 फरवरी 2023
मवई विकासखण्ड के ग्राम पिपरीमाल निवासी प्रियंका आर्मो की पुत्री कोमल जन्म के कुछ दिनों से लगातार बिमार रहती थी। कोमल की स्थिति देखकर उसके माता-पिता बहुत परेशान थे। प्रियंका आर्मो शासकीय चिकित्सालय पहुंचकर कोमल को शिशु रोग विशेषज्ञ को दिखाया। कोमल को चिकित्सक द्वारा पोषण पुनर्वास केन्द्र में भर्ती कर उपचार प्रारम्भ किया और आवश्यक जांचें करवाई गई। जांच में पाया गया कि कोमल कुपोषण का शिकार हो गई है।
कोमल की माता प्रियंका कहती है कि अब चिकित्सक द्वारा कोमल को पोषण पुनर्वास केन्द्र से डिस्चार्ज कर दिया गया है। चिकित्सक द्वारा कोमल को नियमित रूप से पौष्टिक पोषण आहार देने की समझाईश दी गई। कोमल के डिस्चार्ज होने के बाद उसके स्वास्थ्य में सुधार की स्थिति जानने के लिये आंगनवाड़ी कार्यकर्ता द्वारा नियमित रूप से फॉलोअप भी किया गया। प्रियंका आर्मो बताती है कि मुझे मेरी बेटी के इलाज में लगने वाले खर्च की बहुत चिन्ता थी, परन्तु चिकित्सालय में संचालित पोषण पुनर्वास केन्द्र पर लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत निःशुल्क सेवाएं मिली। इस योजना के लिए मैं जिला प्रशासन एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को धन्यवाद करता हूं।

अन्नू ने टीबी से जीती जंग
मण्डला 12 फरवरी 2023
प्रधानमंत्री टीबी मुक्त अभियान के अंतर्गत क्षय रोगियों को सामुदायिक सहायता प्रदान करने निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, अशासकीय संगठनों, विशिष्ट व्यक्ति, शासकीय एवं निजी संस्थानों को ’निक्षय मित्र’ बनाया गया है। इनकी सहायता से क्षय रोगियों को फूड बास्केट पोषण सहायता, जांच एवं उपचार सहायता तथा व्यावसायिक सहायता प्रदान के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र निवास के ग्राम आमाडोंगरी में टीबी मरीज अन्नू मरावी को फूड बास्केट पोषण आहार दिया गया। अन्नू का इलाज 21 अक्टूबर से प्रारंभ किया गया था उस वक्त इनका वजन 33 कि.ग्रा. था। बेहतर इलाज, जांच और सेवाओं से अन्नू की हालत में काफी सुधार हुआ। अन्नू का कहना है कि मैं जल्द ही स्वस्थ होकर पहले जैसे अपने काम पर जा सकूंगा। अन्नू मरावी ने अन्य लोगों को टीबी जैसी गंभीर बीमारी से लड़ने प्रेरित किया।

लम्बित प्रकरणों के निराकरण के लिए पेंशन शिविर आज से
मंडला 12 फरवरी 2023
कलेक्टर हर्षिका सिंह के निर्देशानुसार कार्यालयों में लंबित पेंशन प्रकरणों के निराकरण के लिए 13 फरवरी से 17 फरवरी 2023 तक जिला पेंशन कार्यालय मण्डला में पेंशन शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर में पेंशन प्रकरणों में लगाई गई पूर्व आपत्ति प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से सायं 4 बजे तक लंबित पेंशन प्रकरण प्रस्तुत कर सकते हैं।

राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग का आज मंडला आगमन
मण्डला 12 फरवरी 2023
राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग नई दिल्ली सदस्य अनंता नायक का 13 फरवरी 2023 को मंडला हो रहा है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार श्री नायक 13 फरवरी को दोपहर 3:15 बजे जबलपुर से मंडला के लिए रवाना होंगे तथा शाम 5 बजे मंडला पहुंचेंगे एवं शाम 5:30 बजे ट्राईवल्स लीडर्स की बैठक लेंगे तथा सर्किटहाउस में रात्रि विश्राम करेंगे। श्री नायक 14 फरवरी 2023 को दोपहर 12 बजे जिला अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे तथा दोपहर 2 बजे भोजन कार्यक्रम एवं शाम 4 बजे मंडला से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

मप्र पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष बनें गीतेन्द्र बैरागी जमकर हुई आतिबाजी
मण्डला। रविवार को जिला पटवारी संघ के चुनाव कराए गए जिसमें अध्यक्ष पद में पटवारी गीतेन्द्र गीतू बैरागी चुने गए हैं। इस चुनाव में जमकर गहमा गहमी देखी गई। बता दें कि श्री बैरागी लंबे समय से पटवारियों के लिए कार्य करते आ रहे है वे पहले भी पटवारी संघ के अध्यक्ष रह चुकें है इसके पूर्व वे पटवारी संघ के संभागीय अध्यक्ष भी थे सहज, सरल और काम के प्रति गंभीर श्री बैरागी के कार्यकाल में अनेक धरना प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपे गए हैं पटवारियों की जनहितकारी मांगों को लेकर सदा लडऩे वाले श्री बैरागी पर जिले के सैकड़ो पटवारियों ने विश्वास जताते हुए उन्हें पुन: जिला अध्यक्ष की कमान सौंपी है। उनके अध्यक्ष चुने जाने पर पटवारी संघ में हर्ष हैं। सैकड़ो की संख्या में पटवारी मतदान करने निर्वाचन स्थल पहुंचे मिली जानकारी के अनुसार दीपक धुवारे सहायक निर्वाचन अधिकारी जिला अध्यक्ष निर्वाचन मप्र पटवारी संघ, विजय बिसेन सहायक निर्वाचन अधिकारी जिला अध्यक्ष निर्वाचन मप्र पटवारी संघ, अरूण विस्नवार सहायक निर्वाचन अधिकारी जिला अध्यक्ष निर्वाचन मप्र पटवारी संघ ने मध्यप्रदेश पटवारी संघ पंजीयन क्र. 3473 दिनांक 12.11.23 के संविधान के द्वारा प्रदत्त अधिकारों के अन्तर्गत मध्यप्रदेश पटवारी संघ जिला शाखा मण्डला के जिला अध्यक्ष पद के निर्वाचन हेतु जारी अधिसूचना दिनांक 13/01/2023 अनुसार दिनांक 12 फरवरी को जिला अध्यक्ष मध्यप्रदेश पटवारी संघ जिला शाखा मण्डला के निर्वाचन की प्रक्रिया स्थान रोहित खाना खजाना स्टेट बैंक कालोनी के सामने जबलपुर रोड मण्डला के सभा ग्रह पर संपन्न की गई। जिला अध्यक्ष के रूप में गीतेन्द्र बैरागी पटवारी को जिला शाखा मण्डला के पटवारियों द्वारा निर्विरोध निर्वाचित किया गया। जिन्हें निर्विरोध निर्वाचित होने पर नियमानुसार 3 वर्ष के लिए मध्यप्रदेश पटवारी संघ जिला शाखा मण्डला का जिला अध्यक्ष घोषित किया गया है।

