हर मोहल्ला, हर घर तक पहुँचकर भरवाएं पात्र महिलाओं के फॉर्म – हर्षिका सिंह
कलेक्टर ने की लाड़ली बहना योजना की समीक्षा
मण्डला 10 मार्च 2023
कलेक्टर हर्षिका सिंह ने मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के क्रियान्वयन के संबंध में संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि शासन की यह एक महत्वाकांक्षी योजना है जिसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। ऑफलाईन फॉर्म भरवाने के लिए ग्राम, वार्डवार रणनीति बनाएं। हर मोहल्ला, हर घर तक पहुंच करते हुए प्रत्येक पात्र महिला का फॉर्म भरवाएं। कोई भी पात्र महिला योजना के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। वीडियो कॉन्फ्रेसिंग से संपन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास श्वेता तड़वे सहित संबंधित उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने कहा कि समग्र से चिन्हांकित महिलाओं का ई-केवाईसी कराएं। नवविवाहित महिलाओं का नाम समग्र से जोड़ने की कार्यवाही करें। यदि किसी महिला का बैंक खाता नहीं है तो तत्काल खाता खुलवाने की कार्यवाही करें। श्रीमती सिंह ने कहा कि सभी अधिकारी चैकलिस्ट का अध्ययन कर उसके अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित करें। फॉर्म भरवाने की कार्यवाही में जन अभियान परिषद, आजीविका परियोजना, जनसेवा मित्र, पेसा एक्ट के विकासखंड समन्वयक तथा स्वयंसेवी संगठनों का भी सहयोग प्राप्त करें।
महिला चौपाल का आयोजन करें
बैठक में कलेक्टर हर्षिका सिंह ने निर्देशित किया कि आमजन को मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के प्रावधानों से अवगत कराने के लिए ग्राम, वार्ड स्तर पर महिला चौपाल का आयोजन करें। चौपाल में योजना के तहत लगने वाले दस्तावेजों के संबंध में भी जानकारी उपलब्ध कराएं। हितग्राहियांे को जानकारी दें कि योजना के फॉर्म निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं, फॉर्म खरीदने की आवश्यकता नहीं है। कलेक्टर ने शिविर स्थल पर बैठने तथा पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने की उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा
मण्डला 10 मार्च 2023
उपार्जन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर हर्षिका सिंह ने कहा कि उपार्जन से संबंधित सभी आवश्यक तैयारियां समय से पहले पूर्ण करना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने कहा कि उपार्जन केन्द्र के निर्धारण में मापदंडों का पालन करें। किसानों के ऋण की पोर्टल पर एंट्री का कार्य जल्द पूर्ण करें। श्रीमती सिंह ने उपार्जन के लिए किए गए पंजीयन के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि उत्पादन के आधार पर बारदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करें। बारदानों में स्टेंसिल प्रिंट कराने पर गुणवत्ता का ध्यान रखें। श्रीमती सिंह ने संबंधित अधिकारियों से गेहूं के भंडारण के लिए स्थानों की उपलब्धता की भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि परिवहन की निविदा के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करें। बैठक में कलेक्टर ने उर्वरक के विक्रय तथा उपलब्धता की समीक्षा की। बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

13 से 31 मार्च तक बबैहा पुल पर समस्त प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित
कलेक्टर ने जारी किया आदेश
मण्डला 10 मार्च 2023
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट हर्षिका सिंह द्वारा बरेला-मंडला मार्ग पर बबैहा के निकट पुल को समस्त प्रकार के वाहनों के लिए 13 मार्च से 31 मार्च 2023 तक प्रतिबंधित कर दिया गया है। जारी आदेश के अनुसार प्रतिबंधित किए गए मध्यम मालयान एवं भारी मालयानों हेतु मंडला- फूलसागर- बबलिया- निवास- बरेला मार्ग का उपयोग करेंगे। इसी प्रकार 2 पहिया, 3 पहिया, 4 पहिया वाहनों एवं समस्त बसों तथा ज्वलनशील पदार्थों के टेंकर (पेट्रोल, डीजल, केरोसीन) हेतु मंडला -फूलसागर -बबलिया -नारायणगंज -बीजाडांडी -बरेला मार्ग का उपयोग किया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट हर्षिका सिंह ने मण्डला-जबलपुर राजमार्ग बंद करने के संबंध में कहा है कि मार्ग बंद करने से ज़िले की जनता एवं आमजनों को हुई असुविधा के लिए ज़िला प्रशासन की ओर से खेद है किंतु जनता की सुरक्षा की दृष्टि से भी यह अत्यंत आवश्यक है।

केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री का दौरा कार्यक्रम
मंडला 10 मार्च 2023
केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री फग्गनसिंह कुलस्ते के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 मार्च को प्रातः 8 बजे सिवनी से मंडला के लिए रवाना होंगे तथा प्रातः 10 बजे मंडला पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में भाग लेंगे। श्री कुलस्ते प्रातः 11 बजे मंडला से जेवरा के लिए रवाना होंगे एवं दोपहर 12 बजे जेवरा पहुंचकर स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होंगे। केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री रात्रि 9 बजे जेवरा से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

प्रशिक्षण में बताए गए राशन दुकान में बंटने वाले फोर्टिफाइड चावल के गुण
मण्डला 10 मार्च 2023
सरकारी राशन दुकानों में फोर्टिफाइड चावल दिया जाने लगा है। इसको लेकर लोगों में भ्रांतियों को दूर करने के लिए बिछिया एवं मवई में अनुविभाग स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बिछिया एवं मवई क्षेत्र की 127 राशन दुकान के विक्रेताओं और आमजनों को प्रशिक्षण में फोर्टिफाइड चावल को लेकर जानकारियां दी गई। खाद्य विभाग के जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि एनीमिया मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत भारत सरकार द्वारा आयरन की कमी से होने वाले एनीमिया के स्तर को कम करने के लिए फूड फोर्टीफिकेशन की प्रक्रिया को अपनाया जा रहा है। सभी सरकारी राशन दुकानों के माध्यम से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं में फोर्टिफाइड (पोषण युक्त) चावल का वितरण सभी जगह किया जा रहा है।
खास है चावल
न्यूट्रिशिन इंटरनेशल संस्था के संभागीय समन्वयक पवन मुदगल ने बताया कि चावल के दानों का आटा बनाकर उसमें आयरन, फोलिक एसिड और विटामिन बी-12 जैसे सूक्ष्म पोषक तत्व को मिलाकर चावल के आकार के दानों का निर्माण किया जाता है जो पूरी तरह चावल के आटे एवं पोषण तत्वों को मिलाकर बनाए जाते हैं। इसके बाद ग्राम सामान्य चावल में 10 ग्राम फोर्टिफाइड चावल (कर्नल) के दानों को मिलाकर 1 किलो फोर्टिफाइड चावल बनाया जाता है। फोर्टिफाइड चावल आयरन की कमी से होने वाले एनीमिया के स्तर को कम करने में सहायक होता है जो कि जनवरी माह से सभी राशन दुकानों के पात्र हितग्राहियों को वितरण किया जा रहा है। ऐसे चावल को पकाते समय झाग दिखता है जो कि फोर्टिफाइड चावल के कारण होता है। कार्यक्रम में विभाग के जिला आपूर्ति अधिकारी एवं संबंधित कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी रश्मि गौतम एवं पीतम डेहरिया ने भी तकनीकि जानकारियां दी।

हितग्राहियों को मिलेगा पोषणयुक्त फोर्टिफाइड चावल
मण्डला 10 मार्च 2023
अनीमिया मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत, भारत सरकार द्वारा आयरन की कमी से होने वाले अनीमिया के स्तर को कम करने के लिए फोर्टीफिकेशन की प्रक्रिया को अपनाया जा रहा है जिसमें खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अंतर्गत आने वाली सभी शासकीय उचित मूल्य की दुकानों माध्यम से सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को एवं कल्याणकारी योजनाओं में फोर्टीफाइड चावल का वितरण मध्यप्रदेश के सभी जिलों में किया जा रहा है। फोर्टीफाइड चावल का निर्माण चावल के दानों का आटा बनाकर उसमें आयरन, फोलिक एसिड, एवं विटामिन बी 12 जैसे सूक्ष्म पोषक तत्व को मिलाकर चावल के आकार के दानों का निर्माण कर किया जाता है जो पूर्णतः चावल के आटे एवं पोषण तत्वों को मिलाकर बनाये जाते हैं तत्पश्चात ग्राम सामान्य चावल में 10 ग्राम फोर्टीफाइड चावल (कर्नल) के दानों को मिलाकर 1 किलो फोर्टिफाइड चावल बनाया जाता है। फोर्टीफाइड चावल आयरन की कमी से होने वाले अनीमिया के स्तर को कम करने में सहायक होता है जो कि जनवरी माह से प्रदेश के सभी जिलों में हितग्राहियों को वितरण किया जा रहा है। अतः फोर्टीफाइड चावल सामान्य चावल ही है इससे जुड़ी किसी भी प्रकार की भ्रान्तियों में न पड़ें सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत उचित मूल्य दुकान के उपभोक्ताओं को उपलब्ध करवाए जा रहे फोर्टीफाइड (पोषक तत्व युक्त) चावल एवं नमक के महत्व तथा उपभोक्ताओं में जागरूकता लाने के उद्देश्य से शासकीय उचित मूल्य दुकान के विक्रेताओं का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण न्यूट्रीशन इंटरनेशनल के संभागीय प्रमुख पवन मुद्दगल द्वारा खाद्य विभाग के कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी पीतम डेहरिया एवं रश्मि गौतम के सहयोग से प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेन्टिसशिप मेला
मण्डला 10 मार्च 2023
शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था मंडला में प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेन्टिसशिप मेला का आयोजन 13 मार्च 2023 को प्रातः 10 बजे किया गया है। मेरे में 10वी, 12वी, आईटीआई डिप्लोमा एवं स्नातक उत्तीर्ण पुरुष एवं महिला अभ्यर्थी सम्मिलित हो सकते हैं जिनकी आयु 18 से 30 वर्ष एवं कंपनी के मापदंड के अनुसार हो। स्टाइपेण्ड शासन एवं कंपनी के नियमानुसार स्टाइपेन्ड एवं अन्य सुविधाएं प्राप्त होंगी।
मेले में भाग लेने के लिए लिंक https://forms.gle/nwHQJC4TnskPrj1x5 पर अपना रजिस्ट्रेशन कर आयोजन के दिन उक्त स्थान पर अपने समस्त मूल प्रमाण पत्रों एवं बायोडाटा, सीवी, रिज्यूम सहित 13 मार्च 2023 को प्रातः 10 बजे साक्षात्कार हेतु उपस्थित हो सकते हैं। अप्रेन्टिसशिप हेतु भर्ती, अप्रेन्टिसशिप नियमों एवं कंपनियों के शर्तों अनुसार की जाएगी। प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेन्टिसशिप मेला में प्रतिभागिता हेतु यात्रा भत्ता देय नहीं होगा।

