सीवरेज परियोजना कार्य में लापरवाही पर
कलेक्टर ने जारी किया कार्य एजेंसी को नोटिस
मण्डला 30 मई 2023
निरीक्षण के दौरान कार्य में लापरवाही पाए जाने पर कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने मंडला सीवरेज परियोजना की कार्य एजेंसी मेसर्स जयवरूड़ी इन्फ्राकॉन प्राईवेट लिमिटेड को नोटिस जारी किया है। कलेक्टर के निरीक्षण के दौरान कार्य की प्रगति संतोषजनक नहीं थी, रोड रिस्टोरेशन में लापरवाही पाई गई तथा पर्याप्त मात्रा में रॉ मटेरियल उपलब्ध नहीं था।
जारी नोटिस के अनुसार कलेक्टर डॉ. सिडाना के निरीक्षण के दौरान अम्बेडकर चौक बड़चौराहा से बैगा-बैगी चौक, नेहरू स्मारक से सहस्त्रधारा रोड, राजीव कॉलोनी रोड, लालीपुर तिराहा रोड, जिला चिकित्सालय से कचहरी मोहल्ला रोड तथा बिंझिया तिराहा से नेहरू स्मारक मार्गों पर सीवरेज पाईपलाईन बिछाने का कार्य पूर्ण पाया गया किन्तु उक्त सड़कों में रोड रिस्टोरेशन का कार्य पूर्ण नहीं किया गया। अनुबंध अनुसार अभी तक सारे कार्य पूर्ण हो जाने थे किंतु अभी भी लाईन तथा रोड रिस्टोरेशन का कार्य बाकी है। इसी तरह पंपिंग स्टेशन तथा चेंबर का कार्य भी बाकी है। कार्य की गति धीमी होने से आमजन को परेशानी हो रही है। एक जगह पर 15-15 दिन मटेरियल डम्प कर कार्य नहीं किया जाता। निरीक्षण के दौरान इंवेंटरी चैक की गई तो वहां पर कार्य पूर्ण करने हेतु पर्याप्त मात्रा में रॉ मटेरियल भी नहीं मिला। निरीक्षण दिनांक को कार्यस्थलों पर केवल 78 लेवर उपस्थित थी जबकि कार्य एजेंसी द्वारा रिर्पोटेड 120 थी, अनुबंध के अनुसार 250 होनी चाहिए थी। कलेक्टर ने कार्य एजेंसी मेसर्स जयवरूड़ी इन्फ्राकॉन प्राईवेट लिमिटेड के परियोजना प्रबंधक को 7 दिवस में बिन्दुवार उत्तर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

अपर कलेक्टर ने सुनी 101 आवेदकों की समस्या
मण्डला 30 मई 2023
जिला योजना भवन में सम्पन्न हुई जनसुनवाई में अपर कलेक्टर मीना मसराम ने आवेदकों की समस्याएं सुनी। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से संबंधित आवेदनों का सर्वोच्च प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करें। जनसुनवाई में 101 आवेदकों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किये। इस अवसर पर एसीईओ जिला पंचायत एसएस मरावी, एसडीएम मण्डला पुष्पेन्द्र अहके सहित संबंधित उपस्थित थे।

सम्पन्न हुई जनसुनवाई में ग्राम पंचायत देवरी निवासी गणेश प्रसाद ने वृद्धा पेंशन एवं राशन कार्ड बनवाने के संबंध में, हाउसिंग बोर्ड कालोनी मण्डला निवासी समलू प्रसाद श्रीवास ने बिजली सप्लाई की खुली तार को सुरक्षित करने के संबंध में, ग्राम देवरीदादर निवासी चैतू सिंह ने आर्थिक सहायता के संबंध में, ग्राम पड़रिया बिछिया निवासी रंजीत यादव ने सहायता राशि से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भण्डारण में संलिप्त 2 वाहन जब्त

मण्डला 30 मई 2023
खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भण्डारण पर प्रभावी रोकथाम हेतु कलेक्टर के निर्देशानुसार खनिज विभाग मण्डला द्वारा खनिजों के अवैध उत्खनन, अवैध परिवहन तथा अवैध भण्डारण के विरुद्ध सतत् रूप से कार्यवाहियाँॅ की जा रही हैं। इसी परिप्रेक्ष्य में विभिन्न प्राप्त शिकायतों के आधार पर 30 मई 2023 की रात्रि को तहसील मण्डला अन्तर्गत खनिज रेत के 2 ट्रेक्टर वाहन क्रमांक क्रमशः पावर ट्रेक बिना नंबर नीला रंग एवं महिन्द्रा बिना नंबर लाल रंग को खनिज विभाग द्वारा अवैध उत्खनन, परिवहन की गतिविधि में संलिप्त पाए जाने के कारण जब्त किया गया। उक्त संलिप्त दोनों वाहनों को जब्त कर शासकीय अभिरक्षा में थाना प्रभारी कोतवाली मण्डला की सुपुर्दगी में दिया गया। दोनों वाहनों के विरूद्ध म०प्र० खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम 2022 के प्रावधानों के तहत् प्रकरण दर्ज कर कलेक्टर न्यायालय प्रेषित किया जा रहा है।

1963 नवीन किसान क्रेडिट कार्ड बनाये गये
मण्डला 30 मई 2023
म.प्र. शासन द्वारा मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान 2.0 सम्पूर्ण प्रदेश में पुनः चालू किया गया है, जिसमें कलेक्टर एवं प्रशासक डॉ. सलोनी सिडाना के निर्देशन में जिले की समितियों द्वारा जिले के कृषकों से लगातार सम्पर्क कर 1963 नवीन किसान क्रेडिट कार्ड बनाये गये हैं। साथ ही 29930 कृषकों की वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिये रूपये 368.75 करोड़ की साख सीमा का नवीनीकरण किया गया है।
मुख्यमंत्री कृषक ब्याज माफी योजना 2023 में भी मण्डला जिले के 12631 कृषकों द्वारा ब्याज माफी हेतु आवदेन किये गये हैं, जिसमें से 12556 कृषकों का डेटा पंच किया जा चुका है, जिसमें 12.84 करोड़ रूपये कृषकों को ब्याज के रूप में माफ होगा तथा कृषक डिफाल्टर की श्रेणी से बाहर हो जाएंगे।

पुष्पेन्द्र अहके को अनुविभागीय अधिकारी (रा.) बिछिया का अतिरिक्त प्रभार
मण्डला 30 मई 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने अनुविभागीय अधिकारी (रा.) बिछिया सुश्री सर्जना यादव के अवकाश में होने के फलस्वरूप अनुविभागीय अधिकारी (रा.) मण्डला पुष्पेन्द्र अहके को अपने कार्य के साथ-साथ आगामी आदेश पर्यन्त अनुविभागीय अधिकारी (रा.) बिछिया का कार्य संपादित करने आदेशित किया है।

विश्व तम्बाकू एवं धूम्रपान निषेध दिवस का आयोजन आज
मण्डला 30 मई 2023
मद्यपान तथा मादक पदार्थों, नशीली दवाईयां, शराब एवं विभिन्न प्रकार के नशे से होने वाले दुष्परिणामों से समाज, युवाओं को अवगत कराने, नशामुक्ति के लिये जनजागृति कार्यक्रम तथा ’विश्व तम्बाकू निषेध दिवस’ का आयोजन 31 मई 2023 को किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य समाज, युवाओं एवं बच्चों को तम्बाकू से बने उत्पादों के सेवन से होने वाली गंभीर बिमारियों जैसे- कैंसर, टी.व्ही., हृदय रोग आदि से बचाव करने के लिये जनजागृति लाना है। वर्तमान में प्रदेश स्तर पर भी नशामुक्ति अभियान का कियान्वयन किया जा रहा है। कार्यक्रम आयोजन के लिये स्वास्थ्य, शिक्षा, पुलिस, उच्च शिक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग एवं जन अभियान परिषद, प्रजापति ब्रम्हाकुमारीज, गायत्री परिवार तथा स्वैच्छिक संस्थाएं, धार्मिक संस्थाओं की सहभागिता भी सुनिश्चित किया जाना है।

वर्ष 2023 के लिये विश्व स्वास्थ्य संगठन की थीम ’हमें भोजन की आवश्यकता है, तम्बाकू की नहीं’ पर आधारित 31 मई 2023 ’विश्व तम्बाकू निषेध दिवस’ के सफल आयोजन के लिये स्थानीय स्तर को जोड़कर नशामुक्ति के लिये जनजागृति के वृहद कार्यक्रमों का आयोजन कराया जाएगा। इस अवसर पर जिले के स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत संचालित तम्बाकू नियंत्रण केन्द्र द्वारा तम्बाकू उत्पादों के सेवन से होने वाली गंभीर बिमारियों पर आधारित पोस्टर प्रदर्शनी लगाई जाएगी। समरकेम्पों में प्रतियोगिताएं चित्रकला, निबंध, लेखन, भाषण, रंगौली आदि। मैराथन, प्रभातफेरी, नुक्कड नाटक, गीत, संगीत के कार्यक्रम। तम्बाकू सेवन के दुष्परिणामों पर आधारित वॉलपैंटिंग। विद्यालय, महाविद्यालयों के 100 मीटर दायरे की पान, गुटका दुकान के संचालन पर प्रतिबंध। शासकीय, सार्वजनिक स्थलों के आसपास बैनर द्वारा नशामुक्ति के संदेश का प्रचार-प्रसार। मानव श्रृंखला, पम्पलेट वितरण, हस्ताक्षर अभियान। राष्ट्रीय नशामुक्ति हेल्पलाईन नंबर 14446 का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए हैं।

समस्त आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को प्रशिक्षण 2 को
मण्डला 30 मई 2023
आईएफएमआईएस सॉफ्टवेयर में आ रही कठिनाईयों (माड्यूल ओटीसी चालान वेब पोर्टल, पेय फिक्सेशन, पेंशन प्रकरण, एनपीएस, हेररकी बनाना) के समाधान हेतु प्रशिक्षण का आयोजन किया गया है। समस्त आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को प्रशिक्षण दिये जाने हेतु प्रशिक्षण का आयोजन जिला योजना भवन सभाकक्ष मण्डला में 2 जून 2023 (शुक्रवार) को दोपहर 2 बजे से 5 तक किया जाएगा।

कन्या शिक्षा परिसर चटुआमार में प्रवेश 3 जून तक
मण्डला 30 मई 2023
विशिष्ट आवासीय विद्यालय में कन्या शिक्षा परिसर चटुआमार में एसटी विकलांग संवर्ग की 5वी उत्तीर्ण 2 छात्राओं को वर्तमान सत्र की कक्षा 6वी में प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश की अंतिम तिथि 3 जून 2023 निर्धारित की गई है।

जिला स्तरीय सर्तकता एवं मॉनिटरिंग समिति की बैठक 2 को
मण्डला 30 मई 2023
सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग ने बताया कि जिला स्तरीय सतर्कता एवं मॉनीटरिंग समिति की बैठक कलेक्टर की अध्यक्षता में 2 जून 2023 को दोपहर 3:30 बजे जिला योजना भवन मंडला में आयोजित की गई है।

आज आयुष स्वास्थ्य शिविर नारायणगंज एवं नैनपुर में
मण्डला 30 मई 2023
जिला आयुष अधिकारी ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणगंज एवं पुराना सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र नैनपुर में 31 मई 2023 को आयुष मेला स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर के लिए अधिकारी, कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है।

कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव आज
मण्डला 30 मई 2023
शासकीय आईटीआई मंडला में 31 मई 2023 को प्रातः 10:30 बजे से कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया है। केम्पस ड्राईव में व्ही.ई कमर्शियल भोपाल एवं पीथमपुर प्लांट के लिए किया जायेगा। 12वी पास एवं टर्नर, मशीनिष्ट, फिटर, वेल्डर, डीजल मैकेनिक, मोटर मैकेनिक, ट्रेक्टर मैकेनिक, इलेक्ट्रीशियन एवं मैकेनिकल ग्रुप के आईटीआई उत्तीर्ण प्रशिक्षनार्थी प्लेसमेंट ड्राईव में सम्मिलित हो सकते हैं। चयनित 12वी पास अभ्यर्थियों को 9650 रूपए एवं आईटीआई पास अभ्यर्थियों को 10507 रु. प्रतिमाह स्टाइपेंड, कैंटीन एवं अन्य सुविधायें कंपनी द्वारा दिए जायेंगे। इच्छुक अभ्यर्थी उक्त दिनांक को अपने मूल दस्तावेज एवं रेज्यूम के साथ उपस्थित होवें।

स्व-रोजगार के लिए प्रशिक्षण हेतु ऑनलाईन आवेदन की अंतिम तिथि आज
मण्डला 30 मई 2023
मध्यप्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड भोपाल द्वारा संचालित कौशल विकास कार्यक्रम योजना अन्तर्गत वर्ष 2023-24 के लिए जिले में स्वयं का रोजगार स्थापित करने के उद्देश्य से मण्डला के लिए 25 प्रशिक्षणार्थियों का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षणार्थियों को जिला स्तर पर ही प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। बोर्ड द्वारा विभिन्न रोजगारन्मुखी व्यवसायों जैसे- फैशन डिजाईनिंग, बेसिक सिलाई गारमेंट, लेदर गुड्स, बेकरी, फूड प्रोसेसिंग फल एवं सब्जी (आचार, पापड़, मसाले एवं अन्य), कम्प्यूटर हार्डवेयर रिपेयरिंग, कम्प्यूटर एकाउण्ट विथ टेली, घरेलू उपकरण मरम्मत, इलेक्ट्रीशियन, प्लम्बर, राजमिस्त्री, दोना पत्तल, टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर, मरम्मत, ट्रेक्टर रिपेयरिंग, कम्प्यूटर ऑपरेटर कारपेंटर, मोबाईल रिपेयरिंग, जिक-जेक मशीन इम्ब्रोइडरी, जरी जरदोसी, विडियोग्राफी फोटोग्राफी, मोटर वाइरिंग, मेनुअल ज्वेलरी डिजाईन, अगरवत्ती निर्माण, रिटेल सेल एसोसिएट आदि में प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु आवेदन ऑनलाईन 31 मई 2023 तक आमंत्रित किये गए हैं। कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु ऑनलाईन आवेदन बोर्ड की विभागीय वेबसाईट http://crisponlineservices.com/Services/khadi/User_Registration_khadi.aspx पर किया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए प्रबंधक, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड, जिला पंचायत मण्डला मोबाईल नम्बर- 8959500194 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

घर-घर जाकर बताया जल का महत्व
गाँव के लोगों ने लिया जल बचाव का संकल्प
मण्डला 30 मई 2023
मंडला जिले के नैनपुर विकासखंड के ग्राम भालीवाड़ा में जल-जीवन मिशन के अंतर्गत जल संरक्षण को लेकर समझाईश दी जा रही है। गांव में पानी की समस्या हमेशा से बनी रही है जिसे दृष्टिगत रखते हुए जल संरक्षण के लिए जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार भालीवाड़ा में लोगों को पानी का सदुपयोग करने तथा उसकी प्रत्येक बूंद को बचाने के लिए घर-घर संपर्क कर समझाईश दी जा रही है। इस कार्य में ग्राम के स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा वरिष्ठजनों का भी सहयोग प्राप्त किया जा रहा है। अभियान के दौरान ग्रामवासियों को जल है तो कल है और जल ही जीवन है, हम इसे अनावश्यक बर्बाद नहीं करेंगे का संकल्प दिलाया जा रहा है।

