Reva India News
ब्रेकिंग न्यूज़मंडला हमारा जिला

रेवा इडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मण्डला 13 जून 2023

मुख्यमंत्री कृषक ब्याजमाफी योजना 2023 कार्यक्रम

जिले के 16081 किसानों का लगभग 16 करोड़ 98 लाख का ब्याज माफ

किसान कल्याण महाकुंभ’ का राजगढ़ से हुआ सजीव प्रसारण

मण्डला 13 जून 2023

                मंगलवार को जिला मुख्यालय के जेल ग्राउंड में जिला स्तरीय मुख्यमंत्री कृषक ब्याजमाफी योजना 2023 कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान सांसद बुलंदशहर उत्तरप्रदेश भोला सिंह, मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में मंडला विधायक देवसिंह सैयाम, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, पूर्व विधायक निवास रामप्यारे कुलस्ते, सांसद प्रतिनिधि जयदत्त झा, भीष्म द्विवेदी, सुधीर कसार, अनुराग चौरसिया एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे। केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते मुख्यमंत्री कृषक ब्याजमाफी योजना के कार्यक्रम में वर्चुअली जुड़े। इस अवसर पर मोहनपुरा राजगढ़ में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम ’किसान कल्याण महाकुंभ’ का सजीव प्रसारण किया गया। प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केन्द्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह तथा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का संजीव संबोधन देखा एवं सुना गया। जीएमसीसीबी श्री कोरी से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री कृषक ब्याजमाफी योजना 2023 के अंतर्गत मंडला जिले के 16 हजार 81 किसानों का लगभग 16 करोड़ 98 लाख रू. का ब्याज माफ हुआ है।

जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा किसानों एवं गरीबों के हितों में चलाई जा रही विभिन्न योजना की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार किसानों की हितैषी सरकार है। इसी प्रकार सिचाई क्षेत्रों में वृद्धि के लिए भी दोनों ही सरकार सघन प्रयास कर रही है। सांसद भोलासिंह ने कहा कि केन्द्र एवं मध्यप्रदेश सरकार हर वर्ग के हर व्यक्ति के विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने गरीब, मजदूर एवं अन्य वर्गों के लिए चलाई जा रही केन्द्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। श्री भीष्म द्विवेदी ने अपने संबोधन में बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में अन्त्योदय की अवधारणा के तहत जनकल्याण का काम हो रहा है।

 

 

 

 

 

 

 

 

जनसुनवाई में पहुंचे 110 आवेदक

सबीना को ट्राईसाईकिल एवं विकराम को मिली बैसाखी

मण्डला 13 जून 2023

जिला योजना भवन में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने 110 आवेदकों की समस्याएं सुनी। जनसुनवाई में ग्राम केवलारी निवासी अनिल कुमार ने स्वास्थ्य उपचार हेतु सहायता राशि के लिए, ग्राम डिठौरी निवासी श्यामलाल ने वृद्धा पेंशन एवं राशन कार्ड बनवाने, ग्राम चरगांव निवासी धनीराम ने वनभूमि पट्टा दिलाने, ग्राम डुंगरिया निवासी समारू लाल मरावी ने गरीबी रेखा में नाम जुड़वाने, ग्राम पंचायत खुर्सीपार के निवासियों ने शासकीय भूमि का अतिक्रमण हटवाने, ग्राम खम्हरिया के पोषक ग्राम ककनु के निवासियों ने पानी की समस्या के संबंध में, नर्मदा जी वार्ड मंडला निवासी आशीष जसवानी ने आयुष्मान कार्ड बनवाने एवं इलाज हेतु आर्थिक सहायता, ग्राम खलौड़ी निवासी पार्वती बाई ने मुख्यमंत्री संबल योजना से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने आवेदकों की समस्याओं को सुनते हुए उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ रानी बाटड, अपर कलेक्टर मीना मसराम, एसडीएम पुष्पेन्द्र अहके, संयुक्त कलेक्टर श्री घोरमारे सहित संबंधित विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित थे।

सबीना को मिली ट्राईसाईकिल, विकराम को बैसाखी

जनसुनवाई में ग्राम बहेलियाटोला मालीमोहगांव की अस्थिबाधित दिव्यांग सबीना ने अपनी समस्या से संबंधित आवेदन दिया। इसी प्रकार जनपद पंचायत नारायणगंज के अंतर्गत ग्राम सिकोसी के अस्थिबाधित दिव्यांग विकराम मरावी ने भी आवेदन दिया था। सामाजिक न्याय विभाग की ओर से समग्र अधिकारी पीयूष पांडे ने बताया कि दिव्यांग सबीना उईके को ट्राईसाईकिल तथा दिव्यांग विकराम मरावी को बैसाखी प्रदान की गई।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

नगर में विशेष साफ-सफाई अभियान

मण्डला 13 जून 2023

                मुख्य नगरपालिका अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्षा ऋतु के मद्देनजर नगर के सार्वजनिक नालों की एवं वार्डों की छोटी-बड़ी नालियों की विशेष साफ-सफाई का कार्य कराया जा रहा है। अभी तक सरदार पटैल वार्ड, स्वामी सीताराम वार्ड, सुभाष वार्ड, अंबेडकर वार्ड, तिलक वार्ड में नाला सफाई का कार्य किया जा चुका है। नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा के द्वारा आम लोगों से नगर में स्थित सार्वजनिक नाला, नालियों एवं खाई में कचरा न फैकने की अपील की गई है।

 

 

 

 

 

 

 

आईएफएमआईएस से संबंधित प्रशिक्षण आज

मण्डला 13 जून 2023

                जिला कोषालय अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार 2 जून 2023 को आईएफएमआईएस से संबन्धित विभिन्न मॉडयूल्स का प्रशिक्षण आयोजित किया गया था, जो कि अपरिहार्य कारण से स्थगित किया गया। उक्त प्रशिक्षण अब 14 जून 2023 को दोपहर 12 से 1 बजे तक जिला योजना भवन में आयोजित किया गया है। प्रशिक्षण में समस्त आहरण एवं संवितरण अधिकारी या अपने अधीनस्थ कर्मचारी जो आईएफएमआईएस सॉफ्टवेयर से संबन्धित कार्य संपादित करते हैं, को प्रशिक्षण में अनिवार्यतः सम्मिलित होने निर्देशित किया गया है।

 

 

 

 

 

 

 

 

खेल परिसर कालपी में खिलाड़ियों का चयन 14 एवं 15 को

प्रक्रिया में मध्यप्रदेश के सभी जिले के आदिवासी खिलाड़ी ले सकते हैं भाग

मण्डला 13 जून 2023

                सहायक आयुक्त जनजाति कार्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार कालपी शासकीय बालक क्रीडा परिसर कालपी मंडला में सत्र 2023-24 के लिए प्रक्रिया संचालित विधा हॉकी, हैंडवॉल एवं एथलेटिक्स के खिलाड़ियों की चयन 14 एवं 15 जून 2023 को आयोजित की गई है। इच्छुक खिलाड़ी के लिए 14 जून को प्रातः 7 बजे खेल परिसर कालपी में सभी दस्तावेजों की मूल प्रति एवं छायाप्रति, जन्म प्रमाण पत्र, समग्र आईडी, प्रोफाइल पंजीयन, बैंक पासबुक, आधार कार्ड, 2 पासपोर्ट साइज़ फोटो लाना अनिवार्य है। खिलाड़ियों का चयन मिनी जूनियर एवं सीनियर वर्ग में बैटरी टेस्ट के माध्यम से किया जायेगा। बैटरी टेस्ट के अंतर्गत 100 मीटर दौड़, सटल रन, सिटअप, स्टेंडिंग ब्रांड जम्प, अपर बॉडी, लम्बी कूद, 400 मीटर दौड़ के आधार पर चयन किया जायेगा। चयनित खिलाड़ियों को खेल परिसर में निःशुल्क शिक्षा आवास एवं भोजन व्यवस्था, खेल सामग्री, खेल गड़वेश, खेलने प्रतियोगिता भत्ता आदि सुविधायें प्रदान की जायेंगी। चयन प्रक्रिया में मध्यप्रदेश के सभी जिले के आदिवासी खिलाड़ी भाग ले सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

लू-तापघात से बचने एडवायजरी

मण्डला 13 जून 2023

                गर्मी के दिनों में धूप में बाहर जाते समय हमेशा सफेद या हल्के रंग के ढीले सूती वस्त्रों का प्रयोग करें, भोजन करके एवं पानी पीकर ही बाहर निकलें। गर्मी के मौसम में गर्दन के पिछले भाग, कान व सिर को गमछे या तौलिए से ढ़क्कर ही धूप में निकलें, रंगीन चश्मे व छतरी का प्रयोग करें। गर्मी में हमेशा पानी अधिक मात्रा में पीयें एवं पेय पदार्थों का अधिक से अधिक मात्रा में सेवन करें, बाहर जाते समय अपने साथ पानी रखें। गर्मी के दिनों में बच्चों का विशेष ध्यान रखें, बच्चों को सिखायें कि जब भी उन्हें अधिक गर्मी महसूस हो तो वे तुरंत घर के अंदर आयें। गर्मी के दिनों में बुजुर्गों का भी विशेष ध्यान रखें, उन्हें धूप में घर से बाहर न निकलने देवें, समय-समय पर पानी पीने के लिए प्रेरित करें, सुपाच्य भोजन एवं तरल पदार्थों का सेवन कराएं। गर्मी के दिनों में ठंडे मौसमी फलों का सेवन करें। तीव्र धूप को अंदर आने से रोकें।

 

लू से बचाव के लिए क्या न करें

 

बिना भोजन किए बाहर ना निकलें। जहां तक संभव हो, ज्यादा समय तक धूप में खड़े होकर व्यायाम मेहनत व अन्य कार्य न करें, बहुत अधिक भीड़, गर्म घुटन भरे कमरों में न जायें, रेल, बस आदि की यात्रा गर्मी के मौसम में अत्यावश्यक होने पर ही करें। गर्भवती माता, बच्चों एवं बुजुर्गों को दिन के सबसे गर्म समय जैसे- दोपहर 12 से 4 बजे तक घर के बाहर की गतिविधियों में शामिल न होने दें। धूप में बच्चों और पालतू जानवरों को गाड़ी में अकेला न छोड़ें। धूप में नंगे पांव न चलें। चाय, कॉफी, अत्यधिक मीठे पदार्थ व गैस वाले पेय पदार्थों का सेवन न करें।

 

लू लगने के लक्षण

 

गर्म, लाल और सूखी त्वचा, शरीर का तापमान 40 सेल्सियस या 104 फेरेंनाइट, मितली या उल्टी आना, बहुत तेज सिर दर्द, मांसपेशियों में कमजोरी या ऐंठन, सांस फूलना या दिल की धड़कन तेज हो जाना। घबराहट होना, चक्कर आना, बेहोशी और हल्का सिरदर्द।

 

प्राथमिक उपचार इस प्रकार दिया जाये

 

रोगी को तुरंत छायादार जगह पर कपड़े ढ़ीले कर लिटा दें एवं हवा करें। रोगी के बेहोश होने की स्थिति में कोई भी भोज्य, पेय पदार्थ ना दें एवं तत्काल चिकित्सा सहायता प्राप्त करें। रोगी के होश में आने की दशा में उसे ठंडे पेय पदार्थ, जीवनरक्षक घोल, कच्चा आम का शर्बत (पना) आदि दें। रोगी के शरीर का ताप कम करने के लिए संभव हो तो उसे ठंडे पानी से स्नान कराएं या उसके शरीर पर ठंडे पानी की पट्टियाँ रखकर पूरे शरीर को ढक दें।

 

 

 

 

 

 

 

स्वास्थ्य, पेयजल एवं विद्युत समस्या के लिए कंट्रोल रूम दूरभाष नंबर 07642-251079

मण्डला 13 जून 2023

                ग्रीष्मकालीन सत्र 2023 जिला आपदा प्रबंधन के अंतर्गत जनसामान्य को लू-(तापघात) के प्रकोप से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं व पेयजल समस्याओं एवं विद्युत समस्याओं के संबंध में जनसामान्य से प्राप्त शिकायतों एवं उनके समुचित निराकरण हेतु कार्यालय कलेक्टर मण्डला के अधीक्षक कक्ष में जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जनसामान्य कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 07642-251079 पर संपर्क कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

 

प्रत्येक शालाओं में अधोसंरचना एवं मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाएं – डॉ. सिडाना

कलेक्टर ने की आदिम जाति कल्याण विभाग के शाला भवन के मरम्मत कार्यों की समीक्षा

 

मण्डला 13 जून 2023

                कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने आदिम जाति कल्याण विभाग के तहत शाला भवन, सीएम राईज स्कूल एवं छात्रावास भवनों में किए जा रहे मरम्मत कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्हांेने निर्देशित किया कि नवीन शिक्षा सत्र प्रारंभ होने के पूर्व सभी शालाओं में मरम्मत का कार्य प्राक्कलन के अनुसार पूर्ण कराएं।

                शालावार मरम्मत कार्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि सभी प्राचार्य प्राक्कलन का अध्ययन करें तथा उसके अनुसार वाटरप्रूफिंग, फर्श, दीवार मरम्मत, दरवाजा, खिड़की, शौचालय एवं विद्युतीकरण आदि के कार्य पूर्ण कराएं। प्रत्येक शालाओं में अधोसंरचना एवं मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाएं। उन्होंने बच्चों के उपलब्धि स्तर को बेहतर बनाने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि दायित्वों का बेहतर निर्वहन करने वाले 3 प्राचार्यों को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। बैठक में सहायक आयुक्त जनजाति कार्यविभाग सहित संबंधित उपस्थित रहे।

कार्य पूर्ण कराने व्यक्तिगत रूचि लें प्राचार्य

 

                कलेक्टर डॉ. सिडाना ने कहा कि संबंधित शाला के प्राचार्य व्यक्तिगत रूचि लेते हुए मरम्मत कार्य को उचित गुणवत्ता के साथ जल्द से जल्द पूर्ण कराएं। विद्यालय को अपना समझते हुए कार्य पर नजर रखें तथा समय-समय पर कार्य की गुणवत्ता तथा प्रगति के संबंध में अपना फीडबैक दें। कलेक्टर ने सहायक आयुक्त को मरम्मत कार्य के प्राक्कलन, स्वीकृत राशि तथा कार्य एजेंसी से संबंधित जानकारी साझा करने के निर्देश दिए।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

लापरवाही एवं उदासीनता बरतने पर उपयंत्री निलंबित

कमिश्नर जबलपुर ने जारी किए आदेश

 

मण्डला 13 जून 2023

                कलेक्टर कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना द्वारा 7 जून 2023 को मंडला विकासखंड के अंतर्गत सागर पंचायत के निरीक्षण के दौरान सीएम राईज स्कूल परिसर में चल रहे निर्माण/मरम्मत की गुणवत्ता निम्न श्रेणी की पाई गई। साथ ही निर्माण कार्य में उपयोग की जा रही सामग्री तथा चल रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता का डीके बेडिया उपयंत्री जनजाति कार्यविभाग द्वारा निरीक्षण भी नहीं करना पाया गया। कार्य की प्रगति भी अत्यंत धीमी पाई गई। कलेक्टर मंडला ने कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने एवं उच्चाधिकारियों के आदेश की अव्हेलना किए जाने के फलस्वरूप कमिश्नर जबलपुर संभाग को उपयंत्री श्री बेडिया के निलंबन संबंधी प्रस्ताव भेजा था।

                कमिश्नर, जबलपुर संभाग द्वारा कलेक्टर मंडला से प्राप्त प्रस्ताव के आधार पर उपयंत्री डीके बेडिया को शासकीय कर्तव्य के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरतना पाया। कमिश्नर, जबलपुर संभाग ने उपयंत्री श्री बेडिया को शासकीय कार्य के प्रति लापरवाही एवं उदासीनता बरतने के फलस्वरूप म.प्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम-1966 के नियम-9 के प्रावधानों के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। निलंबन अवधि में श्री बेडिया का मुख्यालय कलेक्टर कार्यालय, मंडला नियत किया गया है। इन्हें जीवन निर्वाह भत्ते की नियमानुसार पात्रता होगी।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

यात्री प्रतिक्षालय को अनधिकृत रूप से तोड़ने की कोशिश

नायब तहसीलदार ने टीआई को लिखा पत्र

 

मण्डला 13 जून 2023

                नायब तहसीलदार बीजाडांडी से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम घोंटा, ग्राम पंचायत खम्हेरखेड़ा पटवारी हल्का नंबर-6 रा.नि.मं. बीजाडांडी के खूंटापड़ाव जबलपुर से मंडला एनएच-30 के किनारे बसे यात्री प्रतिक्षालय को जनपद पंचायत बीजाडांडी उपाध्यक्ष विजेन्द्र यादव एवं जनपद सदस्य राजेन्द्र पट्टा द्वारा बिना सक्षम अधिकारी के अनुमति के डिस्मेंटल करने की कोशिश की गई जिसे स्थानीय प्रशासन द्वारा मौके पर रोका गया। नायब तहसीलदार द्वारा इस संबंध में थाना प्रभारी बीजाडांडी को सूचना देते हुए नियमानुसार कार्यवाही करने पत्र लिखा गया।

 

 

 

 

 

 

राज्य पोषित योजनान्तर्गत उद्यानिकी कृषक प्रशिक्षण सह भ्रमण दल रवाना

 

मण्डला 13 जून 2023

                सहायक संचालक उद्यान से प्राप्त जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2023-24 की कार्ययोजना के अंतर्गत राज्य के भीतर कृषक प्रशिक्षण सह भ्रमण हेतु कृषकों के दल को हरी झंडी दिखाकर जिला कार्यालय मण्डला से रवाना किया गया। उद्यानिकी के उच्च तकनीकों का अवलोकन करने एवं प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु 30 कृषकों के दल को जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय जबलपुर रवाना किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. संजय कुशराम एवं नवीन गिरी गोस्वामी महाराज एवं संबंधित उपस्थित रहे।

                प्राप्त जानकारी अनुसार राज्य के भीतर 3 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम अंतर्गत कृषकों का दल अभिनव बर्मन एवं उमेश बोपचे, ग्रामीण उद्यान विस्तार अधिकारी के नेतृत्व में 15 जून 2023 तक के लिए संयुक्त संचालक उद्यान जबलपुर के मार्गदर्शन में जवाहर लाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय जबलपुर में प्रशिक्षण कराकर तकनीकी ज्ञानवर्धन कराया जाएगा।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

विश्व रक्तदाता दिवस का आयोजन आज

 

मण्डला 13 जून 2023

                मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी ने जिले के जनसमुदाय एवं स्वयंसेवी संघ रक्तदाताओं के लोगों से अपील की है कि 14 जून विश्व रक्तदाता दिवस में अधिक से अधिक रक्त दान करें। रक्त जीवन दान देता है, रक्तदान महादान होता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा इस दिन को रक्तदान दिवस के रूप में घोषित किया है। इसलिए 14 जून को विश्व रक्तदान दिवस का आयोजन किया जाता है। वर्ष 2004 में विश्व स्वास्थ्य संगठन अंतर्राष्ट्रीय रेडक्रॉस संघ व रेडकीसेंट ने 14 जून को वार्षिक तौर पर रक्तदान दिवस पहली बार मनाकर इसकी शुरूआत की। कई लोग स्वस्थ होते हुए भी रक्तदान करने से डरते हैं क्योंकि उनके मन में इससे जुड़ी कई भ्रांतियां होती हैं। एक औसत व्यक्ति के शरीर में 10 यूनिट यानि 5 से 6 लीटर रक्त होता है। एक व्यक्ति जब रक्तदान करता है तो शरीर में 3 महिने के अंदर रक्त की पूर्ति हो जाती है। जरूरतमंद जैसे- गर्भवती माता, सिकिल-सेल, एक्सिडेंट ऑपरेशन के समय, गम्भीर एनिमिया केसेस को लगाया जाता है जिससे उनको पुनः जीवनदान मिल जाता है। जिला चिकित्सालय मण्डला में रक्तदान किया जा सकता है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

मुख्यमंत्री कौशल कमाई योजनांतर्गत प्रशिक्षण प्रदाताओं का पंजीयन प्रारंभ

 

मण्डला 13 जून 2023

                महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र से प्राप्त जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश शासन के कौशल विकास विभाग के माध्यम से मुख्यमंत्री कौशल कमाई योजना प्रारंभ की गई है। राज्यशासन द्वारा औपचारिक शिक्षा प्राप्त युवाओं को पंजीकतम औद्योगिक एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में On-The-Job-Training की सुविधा देने हेतु मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना प्रारंभ की गई है। योजना का मुख्य उद्देश्य युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाकर उन्हे शासन की ओर से स्टायफण्ड उपलब्ध कराना तथा उन्हें भविष्य के लिए प्रशिक्षण दिलाकर बेहतर कमाई हेतु तैयार करना है। योजना हेतु आवेदक की आयु कम से कम 18 तथा अधिकतम 29 वर्ष होनी चाहिए तथा आवेदक मध्यप्रदेश का मूल निवासी हो एवं आवेदक की शैक्षणिक योग्यता 12वीं उत्तीर्ण, आईटीआई उत्तीर्ण, उच्च रहेगी। योजना के अंतर्गत भाग लेने हेतु प्रतिष्ठानों, उद्योगों के संबंध में अवगत कराया कि उनके पास पेन एवं जीएसटी पंजीयन उपलब्ध होना चाहिए। प्रतिष्ठान अपने कुल कार्यबल का 15 प्रतिशत युवाओं को प्रशिक्षण दे सकते हैं। योजना अंतर्गत स्टायफण्ड की राशि 8000 से 10000 के बीच होगी। (कोर्स के हिसाब से) जिसमें 25 प्रतिशत राशि प्रतिष्ठान द्वारा तथा 75 प्रतिशत राशि शासन द्वारा खाते में डाली जाएगी। प्रशिक्षण के उपरांत मध्यप्रदेश राज्य कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड द्वारा प्रमाण पत्र दिया जाएगा।

                प्रशिक्षण प्रदाताओं का मध्यप्रदेश राज्य कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड में पंजीयन 7 जून 2023 से प्रारंभ हो चुका है। इच्छुक उद्योगपति, प्रतिष्ठान मालिक, व्यापारीगण अपना पंजीयन http://ssdm.mp.gov.in पर कर सकते हैं, जो कि 7 जून 2023 से प्रारंभ हो चुका है। प्रतिष्ठान को किसी प्रकार की कठिनाई/समस्या आने पर वे एन0के0 वास्कले, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के मोबाईल क्रमांक 9826210115 अथवा बार0एस0 वरकडे, प्राचार्य, आईटीआई मण्डला से मोबाईल क्रमांक 9407494351 से पर संपर्क कर सकते हैं।

 

 

 

 

 

मिलीभगत से परिवारिक जमीन को कराया अपने नाम और कर दी प्लाटिंग
पीडि़त ने की शिकायत

मण्डला। पीडि़त राजू ठाकुर निवासी ग्राम बिंझिया ने बताया कि ग्राम पंचायत बिंझिया में पटवारी हल्का नंबर 28 राजस्व निरीक्षक मण्डल मण्डला 5/22 तहसील वा जिला मण्डला स्थित भूमि खसरा नंबर 104/1 क  1 रकवा 1.491 हेक्टयर भूमि खानदानी पैतृक सम्पत्ति है। जिस पर परिवारिक सदस्य और पूर्व में ग्राम पंचायत बिंझिया में पदस्थ रहे सचिव अमरीक ठाकुर ने गलत तरीके से सम्पूर्ण जमीन को अपने नाम कराकर जमीन को बेंचने की प्रक्रिया कर डाली लगभग 5 एकड़ जमीन में से ढाई एकड़ जमीन बेची जा चुकी है बेसकीमती जमीन को पटवारी की मिलीभगत से बेचा गया है। वारसानों के बिना नाम चढ़े और फौती कटे मिलीभगत से पंचायतीय सचिव ने अपने नाम जमीन करा ली और जमीन को लगातार बेंच रहा है और पीडि़त न्यायालय के चक्कर काट रहा है। जहां से अब तक न तो खसरे में सुधार हुआ है और न ही पीडि़त को स्टे मिल पाया है। वहीं सचिव पर पीडि़त को धमकी देने के आरोप भी लगे हैं। इस पूरे मामले में सचिव ने कारनामा जब किया जब वह ग्राम पंचायत बिझिंया में सैटिंग से पदस्थ हुआ और अपनी पदस्थापना के दौरान उसने जमीन को अपने नाम करा लिया। यहां तक की मृतकों के मृत्यु प्रमाण पत्र में भी जालसाजी की गई है। पीडि़त ने बताया कि मेरे आजा जीवनलाल के पिता धनुवा उर्फ धनसिंह के नाम पर रिकार्ड में दर्ज रही है। अनावेदक अमरीक मेरा चचेरा भाई होने से उस पर मेरा विश्वास रहा अमरीक दशोदा की मृत्यु के समय ग्राम पंचायत बिझिया में सचिव के रूप में पदस्थ रहा और अपने प्रभाव के कारण अनावेदक तत्कालीन पटवारी अनिल श्रीवास के साथ सांठ गांठ कर मेरी खानदानी जमीन हड़पने के आशय से कूटरचित दस्तावेज एवं झूठी जानकारी देकर मेरी पैतृक भूमि पर अपना अकेला नाम दर्ज करवा लिया जिसमें अनावेदक  ने बिना जांच किए अनावेदक को लाभ पहुंचाने के आशय से उसका पूरा सहयोग किया। काबिज भी रहे लेकिन सरकारी रिकार्ड में बंटवारा नहीं हो सका था। अमरीक द्वारा मुझे विश्वास दिलाया जाता रहा कि रिकार्ड में सबका शामिल शरीक नाम दर्ज करवाया लिया तथा इस संबंध में मुझे या मेरे भाई बहिन को कोई जानकारी नहीं दी यहां तक कि अमरीक के अन्य भाई बहिन का भी पैतृक संपत्ति में फौती दर्ज कर नाम दर्ज नहीं हुआ है। जबकि दशोदा की मृत्योपरांत फौती दर्ज कर सभी वारसानों का नाम दर्ज होना था किंतु अमरीक का अकेला नाम कैसे दर्ज किया गया जांच का विषय है। इस तरह अनावेदक का उक्त भूमि पर अकेला नाम दर्ज होने का अनुचित लाभ लेकर मेरे हक हिस्से की पैतृक भूमि खसरा नंबर 104/1 क/1 में से 0.700 हेक्टयर भूमि पंजीकृत विकयपत्र 12.08.2014 में अमरीक द्वारा किसी अन्य व्यक्ति की फोटो लगाकर फर्जी एवं गैरकानूनी तरीके से अनावेदक  कुलदीप राय के नाम पर विक्रयपत्र पंजीकृत कराया गया है जिसमें उक्त अमरीक के छायाचित्र के स्थान पर अन्य व्यक्ति का छायाचित्र चस्पा है तथा जिससे स्पष्ट है कि उक्त पंजीकृत विकयपत्र फर्जी है तथा अनावेदक 2 व 3 द्वारा उक्त फर्जी विक्रय पत्र में अनावेदक क्र.1 का सहयोग किया गया है क्योंकि आज भी मौंके पर उक्त अनावेदक द्वारा कब्जा प्राप्त नहीं किया गया है।

Related posts

रेवा इंडिया न्यूज़ मुख्य समाचार मंडला, 20 फरवरी 2026

Reva India News

फोस्टर केयर हेतु देखरेख और संरक्षण के लिए दिशा-निर्देश जारी

Reva India News

बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर मैरिज गार्डन संचालकों एवं डीजे ऑपरेटर संघ की बैठक संपन्न

Reva India News

Leave a Comment