शाला परिसर बेहतर बनाएं, गुणवत्तायुक्त शिक्षण सुनिश्चित करें – डॉ. सिडाना
कलेक्टर ने की शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा
मंडला 1 सितम्बर 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने शाला भवनों के मरम्मत कार्य तथा शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी शाला भवनों में स्वीकृत मरम्मत कार्यों को उचित गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा कराएं। शाला परिसर तथा शाला भवन को आकर्षक बनाएं। जिला योजना भवन में संपन्न हुई इस बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, डीईओ क्षमा सराफ सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि मरम्मत कार्य के लिए जो भी राशि प्रदान की गई है उसका समुचित उपयोग करते हुए शाला परिसर को बेहतर बनाएं। शाला भवन के मरम्मत कार्य संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कलेक्टर ने संबंधित बीईओ, बीआरसी, उपयंत्री तथा शाला शिक्षक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। डॉ. सिडाना ने कहा कि सभी शालाओं में बिजली, पानी, रेम्प, शौचालय आदि मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करें। जिन शालाओं के डिंªकिंग वाटर यूनिट खराब हैं, पीएचई से समन्वय कर जल्द सुधार कराएं। कलेक्टर ने कहा कि सभी बीईओ, बीआरसी, बीएसी तथा जनशिक्षक शालाओं की मॉनिटरिंग करें। पाठ्यक्रम समय पर पूरा कराएं। शिक्षण कार्य में सहायक शैक्षिक सामग्री का उपयोग कराएं। अध्यापन कार्य में गुणवत्ता का ध्यान रखें। कलेक्टर ने कहा कि शेष बचे नवीन शिक्षकों के वेतन भुगतान की कार्यवाही जल्द पूरी करें। उन्होंने इन शिक्षकों के वेतन भुगतान में विलंब होने पर संबंधित बीईओ का एक दिवस का वेतन काटने तथा शिक्षकों को वेतन जारी न होने तक उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने पुस्तक वितरण, नामांकन, शालाओं की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन आदि के संबंध में विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।

दिव्यांग बच्चों की जांच हेतु शिविर आयोजित करें
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने शालाओं में दर्ज विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की जांच के लिए जिला स्तर पर शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर में दिव्यांग विद्यार्थियों को पात्रतानुसार प्रमाण-पत्र जारी करने, दवाईयाँ वितरित करने, कृत्रिम अंग प्रदान करने तथा शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने की योजना तैयार करें। कलेक्टर ने कहा कि बच्चों के चिन्हांकन की कार्यवाही समय पर पूर्ण करें तथा विशेष आवश्यकता वाले प्रत्येक बच्चे को शिविर में लाना सुनिश्चित करें।

कलेक्टर ने किया सीडब्ल्यूएसएन छात्रावास का आकस्मिक निरीक्षण
मंडला 1 सितम्बर 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने माधोपुर बिछिया में संचालित सीडब्ल्यूएसएन छात्रावास का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास में स्टॉफ तथा बच्चों की उपस्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। कलेक्टर ने कहा कि संबंधित अधिकारी छात्रावास की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए व्यवस्थाओं में सुधार लाएं। बच्चों की आवश्यकताओं के अनुरूप भवन में व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने भवन की मरम्मत के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि छात्रावास भवन की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दें। खाद्यान्न सहित अन्य आवश्यक सामग्री पर्याप्त मात्रा में रखें। निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर रवि कुमार सिहाग, जिला शिक्षा अधिकारी क्षमा सराफ सहित संबंधित उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने किया पुरवा मार्ग का निरीक्षण
मंडला 1 सितम्बर 2023
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने रामबाग सकवाह से पुरवा मार्ग में चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कार्य को जल्द पूरा करें। गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान आवागमन सुचारू रूप से बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान सहायक कलेक्टर रवि कुमार सिहाग, एसीईओ जिला पंचायत क्षमा सराफ, ईईपीडब्ल्यूडी शारदा सिंह सहित संबंधित उपस्थित रहे।

रोजगारमूलक योजनाओं में सकारात्मक रूख अपनाएं बैंकर्स – डॉ. सिडाना
डीएलसीसी की बैठक संपन्न
मंडला 1 सितम्बर 2023
डीएलसीसी की बैठक में कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि रोजगारमूलक योजनाओं के प्रकरणों में बैंकर्स सकारात्मक रूख अपनाते हुए उन्हें नियमानुसार स्वीकृति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के अनुरूप स्वरोजगार संबंधी योजनाओं के तहत प्राप्त प्रकरणों को स्वीकृति प्रदान करते हुए उनमें ऋण वितरण की कार्यवाही सुनिश्चित करें। संबंधित विभागों के अधिकारी प्रकरणों का लगातार फॉलोअप करें तथा आवश्यकतानुसार दस्तावेजीकरण में सहयोग प्रदान करें। विभागीय अधिकारी युवाओं को प्रेरित करते हुए उन्हें स्वरोजगार संबंधी योजनाओं से लाभान्वित करें। डॉ. सिडाना ने रोजगार मेला आयोजित करने के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सीईओ जिला पंचायत को स्वरोजगार योजनाओं के संबंध में विकासखंडवार, ब्रांचवार समीक्षा कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को भी स्वरोजगार योजनाओं संबंधी लक्ष्य आवंटित करें। बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, एसएचजी लिंकेज, किसान क्रेडिट कार्ड, स्वनिधि योजना, आचार्य विद्यासागर योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, उद्यम क्रांति योजना आदि के संबंध में विस्तार से समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, जिला प्रबंधक नाबार्ड दीपकपाल, एलडीएम सुजय कुमार सहित संबंधित उपस्थित रहे।

ईव्हीएम का प्रदर्शन, जिज्ञासाओं का समाधान
मण्डला 1 सितम्बर 2023
स्वीप गतिविधि अंतर्गत मोहगांव विकासखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं को एकत्र कर ईव्हीएम मशीन का प्रदर्शन किया गया जिसमें मतदाताओं ने बेझिझक मॉकपॉल कर मशीन से मतदान करने का तरीका सीखा। मॉकपॉल के दौरान उपस्थित मतदाताओं को व्हीव्हीपेट की पर्ची दिखाते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। ईवीएम प्रदर्शन के साथ-साथ उपस्थित मतदाताओं को निष्पक्ष मतदान के लिए शपथ दिलाकर प्रेरित किया गया।

सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजनान्तर्गत कार्यशाला संपन्न
मंडला 1 सितम्बर 2023
उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण विभाग, मण्डला अंतर्गत प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजनान्तर्गत एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रचार-प्रसार कार्यशाला का आयोजन कृषि विज्ञान केन्द्र सभागार में किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमलेश तेकाम, जिला पंचायत सदस्य शैलेष मिश्रा द्वारा दीप प्रज्जलन कर किया गया। कार्यशाला में समस्त विकासखण्डों से आये कृषक/उद्यमी युवा बेरोजगारों ने कार्यशाला में भाग लिया जिसमें सुजय कुमार अग्रणी जिला लीड बैंक प्रबंधक, दीपकपाल जिला प्रबंधक नाबार्ड माया रामटेके, डॉ आर. के. अहिरवार एवं डॉ प्रणय भारती उपस्थित रहे। सहायक संचालक उद्यान एन.एल. शरणागत ने योजना का संक्षिप्तीकरण प्रस्तुत किया व योजना का प्रस्तुतिकरण अभिनब बर्मन ग्रा.उ.वि.अधि., सुजय कुमार अग्रणी लीड बैंक प्रबंधक बैंक संबंधी जानकारी, दीपकपाल जिला प्रबंधक नाबार्ड द्वारा एफपीओ/एसएचजी का योजना से अभिसरण पर प्रकाश डाला, माया रामटेके, सहायक संचालक कृषि ने एग्रीकल्चर इन्फ्रास्ट्रेक्चर फंड पर चर्चा की। डॉ आर. के. अहिरवार वैज्ञानिक मोटे अनाज के संबंध में जानकारी दी।

आर्थिक सहायता स्वीकृत
मंडला 1 सितम्बर 2023
निवास तहसील अंतर्गत प्राकृतिक आपदा से घायल होने पर अनुविभागीय अधिकारी न्यायालय से पीड़ित को आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित व्यक्ति भूपत सिंह ग्राम भरद्वारा माल, थाना निवास आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया था जिससे उसका एक अंग पूरी तरह से क्षति हो गया है। 40 प्रतिशत की शारीरिक क्षति होने के कारण अनुविभागीय अधिकारी राजस्व निवास द्वारा पीड़ित को कुल 59100 रूपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत किए जाने हेतु अनुशंसा की गई है।

कार्यालयों में आंतरिक परिवाद समिति गठित करने के निर्देश
मंडला 1 सितम्बर 2023
संचालनालय महिला सशक्तिकरण के निर्देशानुसार समस्त शासकीय एवं अशासकीय कार्यालयों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए आंतरिक परिवाद समिति गठित की जानी है। महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न (निवारण प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम 2013 के अंतर्गत धारा 4 के अनुसार ऐसा कार्यस्थल जहां 10 या 10 से अधिक कर्मी कार्यरत हैं, वहां आंतरिक समिति के गठन का प्रावधान है। जारी निर्देश के अनुसार जिले के समस्त विभागीय अधिकारियों के नियंत्रणाधीन समस्त शासकीय, अशासकीय/प्रायवेट कार्यालयों जैसे- मॉल, दुकान, बैंक, उद्योग में आंतरिक परिवाद समिति का गठन किया जाए। प्रत्येक कार्यालय में आंतरिक परिवाद समिति के सदस्यों के फोन नं. सहित आदेश का डिस्प्ले बोर्ड भी लगाया जाए।

अवैध शराब विक्रय पर छापामार कार्यवाही
मंडला 1 सितम्बर 2023
आबकारी टीम द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध मदिरा निर्माण, विक्रय, संग्रहण एवं परिवहन करने वालों के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए कारीकोन, मढ़ई, खापा रैयत एवं शहर से लगे महाराजपुर, बिंझिया क्षेत्र में संदिग्ध स्थानों एवं मकानों की तलाशी पर 82 लीटर हाथ से बनी महुआ शराब तथा महुआ शराब बनाने के लिए प्रयुक्त किये जाने वाले लगभग 850 किलो ग्राम महुआ लाहन जप्त किया गया। इस अपराध में संलिप्त 11 व्यक्तियों के विरूद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 (1) क एवं च के अन्तर्गत न्यायालयीन मामला दर्ज किया गया है। उक्त कार्यवाही में आबकारी बल के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। जिले में शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कड़ी नजर रखते हुए अवैध शराब के विनिर्माण, संग्रहण, परिवहन व विक्रय की रोकथाम हेतु निरंतर गश्त एवं प्रतिबंधात्मक कार्यवाही जारी रहेगी।

पटवारियों ने हाथों में मेंहदी लगाकर किया प्रदर्शन
.सरकार का कराया ध्यान आकर्षण –
मण्डला। प्रदेश के पटवारी इन दिनों अपनी मांगो को लेकर अनिश्चितकालीन हडताल धरना प्रदर्शन पर है और हर दिन नए-नए प्रदर्शन कर सरकार का ध्यान आकर्षण करा रहे हंै। शुक्रवार को मप्र पटवारी संघ की महिला पटवारियों के द्वारा सभी पटवारियों के हाथों में मेंहदी लगाकर 2800 रूपए का ग्रेड पे की मांग की है। पटवारी वर्ग का यह प्रदर्शन 28 अगस्त से सर्किट हाउस के सामने रानी दुर्गावती स्मारक के नीचे किया जा रहा है। पटवारियों का कहना है कि 2100 ग्रेड पे से 2800 किया जाए। जबकि जिला सहित प्रदेश के पटवारी अपनी 5 सूत्रीय मांगो को लेकर 25 वर्षो से सरकार से आवेदन निवेदन कर रहे है बावजूद पटवारियों की मांग को दरकिनार किया जा रहा है।

राजस्व के काम हो रहे प्रभावित
मप्र पटवारी संघ के जिला अध्यक्ष गीतेन्द्र गीतू बैरागी ने बताया कि पटवारियों के हडताल में चले जाने से राजस्व के समस्त कार्य प्रभावित हो रहे है। जिले के राजस्व कार्यालय में पीएम एवं सीएम किसानों का सत्यापन, जाति प्रमाण पत्र, भू-स्वामित्व योजना का कार्य, धारणा अधिकार पटटा के कार्य, सीएम हेल्पलाईन निराकरण के कार्य, व्हीआईपी प्रोटोकॉल डियूटी, फसलो की गिरदावरी, मुख्यमंत्री भू-अधिकार योजना सहित अनेक योजना के कार्य नही होने से लोग परेशान हो रहे है। गिरदावरी न होने से किसान फसलों का पंजीयन भी नही करा पायेंगे और न ही उन्हें शासकीय निर्धारित समर्थन मूल्य की प्राप्ति हो पाएगी।

पांच सूत्रीय मांगो को लेकर कर रहे प्रदर्शन
पटवारी वर्ग अपनी पांच सूत्री मांगो को लेकर अनिश्चितकालीन हडताल पर बैठी है। उनकी मांग है कि मध्यप्रदेश में लगभग 19000 पटवारी पदस्थ हैं मध्यप्रदेश में पटवारियों को वर्ष 1998 में निर्धारित किये गए वेतनमान के अनुसार ही वर्तमान वर्ष 2023 में वेतन दिया जा रहा है। भत्तो में बढोत्तरी नही की गई है, आवास भत्ता मात्र 258 रूपए दिया जा रहा है। यात्रा भत्ता 300 रूपए दिया जा रहा है। पटवारी संघ ने आवास भत्ते में 3 हजार रूपए यात्रा भत्ते में 2000 हजार बढोत्तरी करने की मांग की है। विगत 25 वर्षों में प्रदेश के पटवारियों के वेतनमान में कोई वृद्धि नहीं की गई हैं जबकि पटवारियों से पूरे सेवाकाल में कार्य लेने वाले राजस्व विभाग एवं उसकी पद स्थापना वाले भू अभिलेख विभाग के सभी पदोन्नत पदोंए राजस्व निरीक्षक, नायब तहसीदार, सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख, तहसीलदार, अधीक्षक भू-अभिलेख, के वेतनमान में कई बार वृद्धि की गई।

कई बार मुख्यमंत्री सहित राष्ट्रपति के नाम सौंप चुकें है ज्ञापन
मप्र पटवारी संघ द्वारा विगत 25 वर्षों में कई बार मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री सहित राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंप चुकें है लेकिन आज भी उनकी समस्याओं का निराकरण नही हो पाया है जिससे परेशान हो कर मजबूर पटवारी वर्ग अनिश्चितकाली हड़ताल में बैठ गया है। पटवारी वर्ग का कहना है कि उनकी मांगो पर सरकार ध्यान नही देती तो उग्र प्रदर्शन पटवारियों के द्वारा किया जाएगा। क्योकि पटवारी इस बार आर या पार की लडाई करने का मन बनाए बैंठे है।

मिश्रा बने भाजपा सदस्यता प्रदेश प्रभारी
मण्डला। भारतीय जनता पार्टी स्वयंसेवी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक द्वारा प्रफुल्ल मिश्रा को भाजपा सदस्यता अभियान का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है। प्रदेश संयोजक राम रघुवंशी ने जानकारी दी है कि विगत दिनों प्रकोष्ठ की वर्चुअल बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बी डी शर्मा एवं रजनीश अग्रवाल का मार्ग दर्शन मिला। बैठक में सर्व सम्मति से सदस्यता अभियान का प्रदेश प्रभारी एवं सह प्रभारी की नियुक्ति की गई है। जिसमें मंडला के प्रफुल्ल मिश्रा को भाजपा सदस्यता अभियान का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है। भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री प्रफुल्ल मिश्रा पार्टी के विभिन्न दायित्वों का निर्वाहन कर चुके हैं। वे दो बार जनपद के उपाध्यक्ष भी रहे हैं। वर्तमान में वे जिला योजना समिति में केंद्रीय मंत्री एवं स्थानीय सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते के सांसद प्रतिनिधि हैं। प्रफुल्ल मिश्रा के भाजपा सदस्य्ता प्रदेश प्रभारी नियुक्त किये जाने पर सभी शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।

