समाचार
विधानसभा आम निर्वाचन-2023
शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय से मतदान सामग्री का वितरण आज
कलेक्टर एवं एसपी ने लिया तैयारियों का जायजा
सुबह 5:30 बजे से होगा मूल आदेश का वितरण
मंडला 15 नवम्बर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के अंतर्गत 16 नवंबर को प्रातः 6 बजे से मतदान दलों को सामग्री का वितरण किया जाएगा। इस संबंध में शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना एवं पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने सामग्री वितरण स्थल का निरीक्षण करते हुए तैयारियों का जायजा लिया।
कलेक्टर डॉ. सलोनी सिडाना ने कहा कि सभी अधिकारी, कर्मचारी सौंपे गए दायित्वों का बेहतर निर्वहन करें। कार्ययोजना के अनुरूप सामग्री वितरण एवं वापसी का कार्य संपन्न कराएं। उन्होंने मूल आदेश वितरण, सामग्री वितरण काउंटर, सेक्टर अधिकारियों की बैठक व्यवस्था, भोजन व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, पार्किंग, स्वास्थ्य सुविधा, साउंड सिस्टम, शौचालय सहित अन्य तैयारियों की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा, सीईओ जिला पंचायत श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर एवं उपजिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र कुमार सिंह, संयुक्त कलेक्टर सीएल वर्मा, हुनेन्द्र घोरमारे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
सामग्री वितरण के लिए 47 काउंटर
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 में सामग्री वितरण के लिए शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में कुल 47 काउंटर बनाए गए हैं। बिछिया विधानसभा के लिए 17, निवास विधानसभा के लिए 16 तथा मंडला विधानसभा के लिए 14 काउंटर बनाए गए हैं। प्रत्येक विधानसभा में 2-2 रिजर्व काउंटर भी बनाए गए हैं। एक काउंटर से 2 सेक्टर की सामग्री का वितरण किया जाएगा। मतदान दलों को मूल आदेश वितरण के लिए प्रति विधानसभा 16 काउंटर बनाए गए हैं। मूल आदेश का वितरण 16 नवंबर को प्रातः 5:30 बजे से तथा मतदान सामग्री का वितरण प्रातः 6 बजे से किया जाएगा।
हेल्पडेस्क करेगा मतदानकर्मियों की सहायता
सामग्री वितरण स्थल शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में मतदानकर्मियों की सहायता के लिए हेल्पडेस्क स्थापित किया गया है जो मतदान दल के सदस्यों को आवश्यकतानुसार सहयोग प्रदान करेगा। मतदानकर्मियों की सुविधा की दृष्टि से पूरे परिसर में संकेतक लगाए गए हैं। बिछिया विधानसभा के संकेतकों में हरे रंग, निवास विधानसभा के संकेतकों में लाल रंग तथा मंडला विधानसभा के संकेतकों में नीले रंग का उपयोग किया गया है।
मतदानकर्मियों के लिए निःशुल्क भोजन की व्यवस्था
सामग्री वितरण एवं वापसी स्थल में मतदान दल के सभी सदस्यों सहित निर्वाचन कार्य में संलग्न सभी अधिकारी, कर्मचारियों के लिए जिला प्रशासन द्वारा भोजन की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। जानकारी के अनुसार मतदानकर्मियों को मतदान सामग्री प्राप्त करने के उपरांत 16 नवंबर की सुबह बस में ही भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इसी प्रकार सामग्री वापसी के समय 17 नवंबर की रात्रि में भी मतदान दल के सभी सदस्यों को निःशुल्क भोजन प्रदान किया जाएगा। कर्मचारियों की सुविधा की दृष्टि से पॉलीटेक्निक परिसर में पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, शौचालय आदि की भी समुचित व्यवस्था की गई है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, प्रत्येक वाहन में जीपीएस
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक मतदान दल के साथ पुलिस दल भी तैनात रहेगा। इसके साथ ही सेक्टर अधिकारी एवं मतदान दलों को लेकर जाने वाले प्रत्येक वाहनों में जीपीएस लगाया गया है। प्रत्येक वाहन की लोकेशन कंट्रोल रूम में ट्रेक की जाएगी। मतदान केन्द्रों में भी सुरक्षा के समुचित व्यवस्था की गई है।
945 मतदान दल एवं 113 रिजर्व दल
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 में मतदान कराने के लिए 945 मतदान दल गठित किए गए हैं। जानकारी के अनुसार बिछिया विधानसभा में 304, निवास विधानसभा में 321 एवं मंडला विधानसभा में 320 मतदान दल गठित किए गए हैं। इसी प्रकार जिले में कुल 113 दलों को रिजर्व में रखा गया है। बिछिया विधानसभा में 36, निवास में 39 एवं मंडला में 38 मतदान दलों को रिजर्व में रखा गया है।
90 मतदान दलों में सभी सदस्य महिलाएं
17 नवंबर को होने वाले विधानसभा निर्वाचन के लिए जिले में कुल 90 पिंक बूथ बनाए गए हैं। इन केन्द्रों में मतदान दल में सभी महिला सदस्य हैं। जिले की बिछिया, निवास एवं मंडला विधानसभा प्रत्येक में 30-30 पिंक बूथ बनाए गए हैं। मतदान दलों में शामिल महिला अधिकारियों में मतदान को लेकर खासा उत्साह है। पिंक बूथों में महिला दलों के आवास एवं सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए प्रशासन द्वारा समुचित इंतजाम किए गए हैं।

मतदान अधिकार के साथ-साथ कर्तव्य भी – डॉ. सिडाना
कलेक्टर ने की जिलेवासियों से मतदान करने की अपील
मंडला 15 नवम्बर 2023
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. सलोनी सिडाना ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि 17 नवम्बर को जिले में होने वाले विधानसभा आम निर्वाचन के तहत् स्वतंत्र एवं निर्भीक होकर अपने मताधिकार का उपयोग करें। मतदान हमारा अधिकार के साथ-साथ दायित्व भी है, इसलिए प्रत्येक मतदाता को अपने घर से निकलकर नजदीकि मतदान केन्द्र में अपना मत अवश्य देना है। मतदान का समय प्रातः 7 बजे से शाम 6 बजे तक का नियत किया गया है। मतदान प्रक्रिया को सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने हेतु आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
समाचार
लोकतंत्र के महापर्व के लिए मतदान केन्द्र तैयार
गौंडी पेंटिंग से सजाए गए केन्द्र
मंडला 15 नवम्बर 2023
लोकतंत्र के महापर्व के रूप में विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के लिए मतदान केन्द्रों को आकर्षक रूप से सुसज्जित किया गया है। मवई, बिछिया एवं नैनपुर सहित अन्य क्षेत्र के मतदान केन्द्रों में मनमोहक गोंड़ी पेंटिंग की गई है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के सभी मतदान केन्द्रों में बिजली, पानी, रैम्प, फर्नीचर एवं शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। मतदान केन्द्रों को आकर्षक रूप से तैयार करने के लिए संबंधित विभाग एवं बीएलओ के साथ-साथ स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक अपनी सहभागिता की है। मतदान कक्ष में मतदाताओं के प्रवेश एवं निर्गम के लिए पृथक-पृथक दरवाजे की व्यवस्था की गई है। साथ ही सभी मतदान केन्द्रों में मतदाता जागरूकता से संबंधित नारे का लेखन किया गया है।
मतदान दलों का होगा स्वागत
जिले में निर्वाचन को लेकर खासा उत्साह है। बीएलओ तथा मतदाता जागरूकता समूह के सदस्य लोगों को अनिवार्य एवं नैतिक मतदान के लिए प्रेरित कर रहे हैं। मतदान दल के सदस्यों को अतिथि के रूप में मानते हुए स्थानीय लोग उनका स्वागत करेंगे। मतदान दलों के आवास के लिए केन्द्रों में बेहतर व्यवस्था बनाई गई है। मतदान दलों के लिए बाल्टी, मग, टूथपेस्ट, साबुन, हेंकी, हेंडवॉस, तेल, कंघी, टॉर्च आदि की व्यवस्था की गई है। स्थानीय महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा मतदान दल के सदस्यों के लिए चाय, नास्ता एवं भोजन की समुचित व्यवस्था की जा रही है।

समाचार
विधानसभा आम निर्वाचन-2023
मुख्यालय पहुँचे मतदान दल
ठहरने एवं भोजन की व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन का जताया आभार
मंडला 15 नवम्बर 2023
विधानसभा आम निर्वाचन-2023 को निर्विघ्न रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुरूवार को मतदान दलों को शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज मंडला परिसर से मतदान सामग्री वितरित की जाएगी। इसके लिए बुधवार को ही मतदान दल के कर्मचारियांे को विभिन्न विकासखंडों से जिला प्रशासन द्वारा लगाए गए वाहनों से जिला मुख्यालय लाया गया है। जिला मुख्यालय के विभिन्न छात्रावासों में महिला एवं पुरूष कर्मचारियों के लिए पृथक-पृथक जनपदवार आवास एवं भोजन की व्यवस्था की गई है। मंडला पहुंचे मतदान दल के सदस्यों ने उनके आवास एवं भोजन के लिए की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए जिला प्रशासन के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। सभी छात्रावासों में मतदानकर्मियों की व्यवस्था के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए। गुरूवार की सुबह 6 बजे से मतदान दलों को मतदान सामग्री का वितरण किया जाएगा। साथ ही साथ पोलिंग पार्टी को ले जाने वाले वाहन में ही उनके भोजन के पैकेट्स भी उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार पॉलीटेक्निक कॉलेज मंडला, छात्रावास भवन क्रं. 2, भवन क्रं. 3, बालक छात्रावास कटरा, सीनियर आदिवासी बालक छात्रावास मंडला, आदिवासी बालक छात्रावास कटरा, शासकीय सेवक संस्थान बालक छात्रावास कटरा, आदिवासी उत्कृष्ट बालक छात्रावास मंडला, जूनियर बालक छात्रावास मंडला, सीनियर बालक छात्रावास मंडला, एकलव्य आवासीय विद्यालय मंडला में पुरूष कर्मचारियों के लिए व्यवस्था की गई। इसी प्रकार महिला मतदानकर्मियों के लिए कन्या सीनियर आदिवासी छात्रावास मंडला, उत्कृष्ट कन्या सीनियर आदिवासी छात्रावास मंडला, शासकीय सेवक संतान कन्या छात्रावास मंडला, आदिवासी कन्या आश्रम शाला मंडला, अनुसूचित जाति कन्या महाविद्यालयीन छात्रावास मंडला, आदिवासी कन्या महाविद्यालयीन छात्रास मंडला, अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास मंडला, कन्या शिक्षा परिषद चटुआमार में व्यवस्था की गई है। मतदान दलों के कर्मचारियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जिला मुख्यालय के अलग-अलग छात्रावासों में उनके रूकने एवं भोजन की व्यवस्था की गई है।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
समाचार
अन्य जिलों में रहने वाले शासकीय सेवक आज भी कर सकेंगे डाक मतपत्र से मतदान
मंडला 15 नवम्बर 2023
विधानसभा निर्वाचन कार्य में लगे ऐसे शासकीय सेवक जो अन्य जिलों के मतदाता है लेकिन शासकीय सेवा मंडला जिले में कर रहे हैं, वे गुरूवार 16 नवंबर को भी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रं. 2 में बने फेसिलिटी सेंटर पर डाक मतपत्र से मतदान कर सकेंगे। अन्य जिलों के रहने वाले शासकीय सेवक इस फेसिलिटी सेंटर पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक डाक मतपत्र से अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। इन मतदाताओं को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी मतदान परिचय पत्र की मूल प्रति या अन्य पहचान पत्र एवं डयूटी आदेश साथ में लाना होगा।

समाचार
विधानसभा आम निर्वाचन-2023
1017 लीटर शराब जब्त
मंडला 15 नवंबर 2023
विधानसभा निर्वाचन 2023 से संबंधित सी-विजिल मोबाईल ऐप के इलेक्शन सीजर मैनेंजमेंट सिस्टम (ईएसएमएस) द्वारा आबकारी विभाग एवं एएसएसटी टीम के माध्यम से आज 1017 लीटर शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 9 हजार 250 रूपए है। जिला कॉन्टेक्ट सेल के एनजीआरएस पोर्टल के माध्यम से भी अब तक 180 शिकायत दर्ज की गई हैं जिनका निराकरण भी कर दिया गया है। इस तरह जिले के चारों तरफ चैकपोस्ट के माध्यम से एफएसटी एवं एसएसटी टीम द्वारा सतत निरीक्षण/निगरानी का कार्य किया जा रहा है।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
समाचार
मतदान दिवस 17 नवम्बर को सवैतनिक अवकाश घोषित
मंडला 15 नवम्बर 2023
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निजी औधोगिक संस्थानों एवं राजकीय उपक्रमों के ऐसे नियोजित कामगार जो मध्यप्रदेश राज्य के मतदाता हैं, उन्हें मतदान हेतु नियत मतदान दिवस को सवैतनिक अवकाश की पात्रता होगी। इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी मंडला द्वारा मतदान दिवस 17 नवंबर को जिले के निजी औधोगिक संस्थानों एवं राजकीय उपक्रमों में नियोजित कामगारों को सवैतनिक अवकाश प्रदान किया गया है।

विधानसभा आम निर्वाचन-2023
समाचार
16 व 17 को अखबारों में प्रकाशित होने वाले विज्ञापनों का प्रमाणन कराना होगा
मंडला 15 नवम्बर 2023
मतदान के 48 घंटे पहले प्रकाशित होने वाले विज्ञापनों को पूर्व प्रमाणित कराना होगा। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्देश भी जारी किए गए हैं। मध्यप्रदेश में विधानसभा निर्वाचन 2023 के लिए एक ही चरण में 17 नवंबर को मतदान प्रक्रिया संपन्न होगी। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रिंट मीडिया में मतदान की तिथि 17 नवम्बर व मतदान से पूर्व दिवस 16 नवंबर को प्रकाशित होने वाले राजनैतिक विज्ञापनों के पूर्व प्रमाणन के लिए समय सीमा तय कर दी है। प्रिंट मीडिया में प्रकाशन के लिए विज्ञापनों को पूर्व प्रमाणन के लिए आवेदकों को विज्ञापन के प्रकाशित होने की प्रस्तावित तिथि से दो दिन पहले मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मॉनिटरिंग कमेटी को आवेदन देकर प्री सर्टिफिकेशन कराना होगा।

